You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इसराइल का यमन की राजधानी सना पर हमला, कहा- हूतियों के ठिकानों को निशाना बनाया

इसराइली सेना ने कहा है कि उसने हूती विद्रोहियों के मिसाइल और ड्रोन हमलों के जवाब में यमन में हूतियों के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. इसराइल का यमन की राजधानी सना पर हमला, कहा- हूतियों के ठिकानों को निशाना बनाया

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने हूती विद्रोहियों के मिसाइल और ड्रोन हमलों के जवाब में यमन में हूतियों के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं.

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ ने एक्स पर पोस्ट कर यमन की राजधानी सना में हमला करने की जानकारी दी है.

    इसराइली सेना ने कहा कि उसने सना में उन ठिकानों को निशाना बनाया, जिनका इस्तेमाल हूती विद्रोही कर रहे थे.

    इन ठिकानों में वह सैन्य क्षेत्र शामिल है जहां राष्ट्रपति भवन स्थित है, कई पॉवर प्लांट और फ़्यूल स्टोर करने वाली एक जगह भी शामिल है.

    इसराइली सेना का कहना है कि ईरान समर्थित हूती विद्रोही नागरिक ढांचों का इस्तेमाल अपनी 'आतंकी' गतिविधियों के लिए कर रहे हैं.

  3. राजस्थान: भारी बारिश के कारण कई ज़िलों में बाढ़ जैसे हालात, कई जगह रेड अलर्ट, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के कई इलाक़ों में बीते चौबीस घंटे से ज़्यादा समय से हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं.

    जयपुर, सवाई माधोपुर, कोटा, बूंदी समेत प्रदेश के अधिकतर ज़िलों में मानसून सक्रिय बना हुआ है. भारी बारिश को देखते हुए अभी तक 13 ज़िलों में स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं.

    जयपुर, दौसा, नागौर, डीडवाना-कुचामन और टोंक ज़िले के कलेक्टरों ने आदेश जारी कर दो दिन के अवकाश की घोषणा की है. जबकि, सीकर, अजमेर, कोटपूतली-बहरोड़, सिरोही, बूंदी, भीलवाड़ा, उदयपुर और सवाई माधोपुर ज़िलों में सोमवार को सभी स्कूलों को बंद करने की घोषणा की गई है.

    आने वाले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना

    मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बीबीसी से फ़ोन पर बताया, "बीते 36 घंटों में दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश हुई है. यहां कोटा, बूंदी और बारां ज़िलों में सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई है."

    "पूर्वी राजस्थान में भी कई जगह भारी बारिश दर्ज की गई है. आने वाले कुछ दिनों तक राजस्थान के कई इलाक़ों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है."

    22 अगस्त को सबसे अधिक 100 मिलीमीटर बारिश सवाई माधोपुर ज़िले में दर्ज की गई. 23 अगस्त को सबसे अधिक 502 मिलीमीटर बारिश नैनवा में दर्ज की गई. वहीं 24 अगस्त को प्रदेश में सबसे अधिक 285 मिलीमीटर बारिश दौसा ज़िले में दर्ज की गई है.

    मौसम विभाग ने कोटा और बूंदी में रेड अलर्ट जारी किया है. बारां, झालावाड़, टोंक भीलवाड़ा, अजमेर, नागौर और पाली ज़िले में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

    चार बच्चों की मौत

    भारी बारिश के कारण कई ज़िलों में हादसे हुए, जिसके कारण काफ़ी नुकसान भी हुआ है. बूंदी ज़िले में भारी बारिश के कारण स्टेट हाइवे क्षतिग्रस्त हो गया.

    नागौर, कोटा, बांदीकुई में मकान ढह गए. उदयपुर में पानी में उतरे चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई.

    सवाई माधोपुर में भारी बारिश के कारण कई इलाक़ों से संपर्क टूट गया है. यहां बचाव कार्य जारी है. कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और जवाहर सिंह बेढम ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया.

  4. जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात, हाई अलर्ट, माजिद जहांगीर, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर से

    जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में नदियां और नाले उफान पर हैं.

    जम्मू के कठुआ-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पुल को नुकसान पहुंचा है. वीडियो फ़ुटेज और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि इस पुल का एक हिस्सा नीचे दब गया है.

    लगातार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं.

    एक बचाव अभियान के तहत जम्मू के एक कॉलेज के 40 से अधिक छात्रों को निकाल कर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया. इस अभियान में एनडीआरएफ़ और जम्मू-कश्मीर पुलिस शामिल थी.

    ख़राब मौसम के चलते प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों और लैंडस्लाइड के ख़तरों वाली जगहों पर जाने से बचने को कहा है.

    मौसम विभाग ने 27 अगस्त तक जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में भारी बारिश, बादल फटने और लैंडस्लाइड की चेतावनी जारी की है.

    रविवार को बारिश के कारण जम्मू में आम जनजीवन प्रभावित हुआ. जम्मू के कई इलाकों में लोगों के घर में पानी भर गया.

    हाल ही में जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ और कठुआ में बादल फटने से 60 से अधिक लोगों की मौत हुई थी.

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है.

  5. आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई बोले- अमेरिका के आगे नहीं झुकेगा ईरान

    ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई ने कहा है कि अमेरिका के साथ मौजूदा स्थिति का 'समाधान नहीं' है. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि ईरान अमेरिका के दबाव के आगे कभी नहीं झुकेगा.

    ख़ामेनेई का ये बयान ऐसे समय आया है, जब पश्चिमी ताक़तों के साथ ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर टकराव जारी है.

    इसराइल और अमेरिका ने जून में ईरान की न्यूक्लियर साइटों पर बमबारी की थी. इसके बाद ईरान ने अमेरिका के साथ अपनी परमाणु वार्ता को निलंबित कर दिया था.

    ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर ईरान और यूरोप के नेता अगले हफ़्ते मुलाक़ात करने वाले हैं. हालांकि इस बैठक में अमेरिका शामिल नहीं होगा.

    फ़्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान वापस परमाणु वार्ता के लिए तैयार नहीं होता है, तो वे उसके ख़िलाफ़ संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंधों को फिर से लागू किया जा सकता है.

  6. पाकिस्तान के विदेश मंत्री के बांग्लादेश दौरे में उठा 1971 की जंग के लिए माफ़ी का मुद्दा

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार की बांग्लादेश यात्रा में 1971 के युद्ध के लिए माफ़ी की मांग का मुद्दा उठा.

    बीते 13 सालों में किसी पाकिस्तानी विदेश मंत्री का बांग्लादेश का ये पहला दौरा है.

    शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर ढाका पहुंचे डार ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के विदेश मामलों के सलाहकार एम तौहीद हुसैन से मुलाक़ात की.

    हुसैन ने पत्रकारों से कहा, "हमने अनसुलझे मुद्दे जैसे 1971 के लिए माफ़ी का मामला उठाया है."

    उन्होंने कहा, "54 साल पुराने मुद्दों को एक ही दिन में हल होने की उम्मीद करना ग़लत होगा. दोनों देशों ने इन मुद्दों पर अपने-अपने पक्ष रखे हैं."

    वहीं डार ने कहा, "1971 से जुड़े लंबित मुद्दों को दो बार सुलझाया जा चुका है. पहली बार 1974 में और दूसरी बार जब साल 2000 में तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ बांग्लादेश दौरे पर आए थे."

    बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार ने कहा कि दोनों देशों के बीच एक समझौता और पांच सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं.

    उनके मुताबिक़, दोनों देशों ने इस बात पर सहमति जताई है कि द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए ऐतिहासिक मुद्दों का समाधान बातचीत के ज़रिए करना होगा.

    इस यात्रा में इसहाक़ डार ने छात्र आंदोलन की पार्टी नेशनल सिटिज़न्स पार्टी (एनसीपी) के नेताओं से भी मुलाक़ात की. इसी छात्र आंदोलन के कारण शेख़ हसीना की सरकार का पतन हुआ था.

  7. म्यांमार: 125 साल पुराने ऐतिहासिक पुल का एक हिस्सा ढहा

    म्यांमार से मिल रही खबरों के अनुसार, यहां के शान राज्य में एक ऐतिहासिक गोटेइक पुल बारूदी सुरंगों के कारण आंशिक रूप से नष्ट हो गया है.

    ऐसा बताया जा रहा है कि गोटेइक पुल का दस मीटर हिस्सा ढह गया है.

    यह मांडले शहर से लगभग सौ किलोमीटर दूर उस इलाके़ में स्थित है जहां सेना तैनात है और विद्रोही सक्रिय हैं.

    साल 1900 में जब यह पुल खुला था, तब यह दुनिया का सबसे बड़ा रेलवे ट्रेसल पुल था. इसके लिए स्टील के पुर्जे अमेरिका के पेंसिल्वेनिया से बनकर आए थे.

    ट्रेसल ब्रिज कई छोटे-छोटे हिस्सों से बना होता है, ये हिस्से रेल लाइन के लिए इस्तेमाल होने वाले फ्रेम पर टिके होते हैं.

  8. चेतेश्वर पुजारा ने संन्यास की घोषणा के बाद कहा, अब तक का सफर बहुत बढ़िया रहा

    क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट से संन्यास का ऐलान करने के बाद चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात रही.

    चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि 2010 में उन्हें पहली बार भारतीय टीम के लिए खेलने का मौक़ा मिला था.

    अपने अब तक के सफर को यादगार बताते हुए उन्होंने कहा, "भारतीय टीम का इतने साल तक प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है. अब तक का जो सफर रहा है, वो बहुत ही बढ़िया रहा."

    पुजारा ने कहा, "इस सफर में काफी लोगों का योगदान रहा है- मेरा परिवार, मेरे कोच, टीम के सदस्य और सपोर्ट स्टाफ, जिनके साथ मैंने काम किया. आज के दिन सबको धन्यवाद कहना चाहूंगा."

  9. यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस पर ज़ेलेंस्की ने पोस्ट की ट्रंप की चिट्ठी

    यूक्रेन रविवार को स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस मौक़े पर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि उनके सहयोगियों की मदद से यूक्रेन में स्थायी शांति स्थापित होगी.

    ज़ेलेंस्की ने कहा, "यूक्रेन पीड़ित नहीं, बल्कि एक फ़ाइटर है."

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित दुनिया के कई नेताओं ने यूक्रेन को उसकी स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है.

    ज़ेलेंस्की ने एक्स पर एक पत्र पोस्ट किया है, जिसमें ट्रंप की ओर से कहा गया है कि यूक्रेन के साहस ने कई लोगों को प्रेरित किया है और वह बातचीत के ज़रिए रूस-यूक्रेन युद्ध के समाधान का समर्थन करते हैं.

    वहीं ज़ेलेंस्की ने ट्रंप को धन्यवाद देते हुए लिखा, "यूक्रेन की स्वतंत्रता दिवस पर आपकी हार्दिक बधाई के लिए धन्यवाद. हमारा मानना ​​है कि साथ मिलकर काम करके, हम इस युद्ध को समाप्त कर सकते हैं."

  10. ग्रेटर नोएडा: पत्नी की हत्या के अभियुक्त को पैर में लगी गोली, पुलिस ने क्या बताया

    उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक महिला की मौत का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार महिला के पति और पति के परिवार पर उनकी हत्या का आरोप लगा है.

    ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस (एडीसीपी) सुधीर कुमार ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "21 अगस्त 2025 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपने परिवार के साथ मिलकर अपनी पत्नी को जलाकर उनकी हत्या कर दी है."

    एडीसीपी ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा रजिस्टर कर मृतका के पति और अभियुक्त विपिन को गिरफ़्तार किया था.

    उनके मुताबिक़ इस मामले में जिस ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल किया गया था, उसकी बोतलें रिकवर करने के दौरान अभियुक्त ने भागने की कोशिश की.

    एडीसीपी सुधीर कुमार ने कहा, "अभियुक्त ने दरोगा की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया. पुलिस ने अभियुक्त को घेरा, तो उसने पुलिस पर फ़ायर किया. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो अभियुक्त के पैर में लगी."

    पुलिस के मुताबिक़ अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं अभियुक्त ने खुद पर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है.

  11. विपक्ष के 'वोट चोरी' के आरोप पर बीजेपी ने क्या कहा

    वरिष्ठ बीजेपी नेता और पटना साहिब से सांसद रवि शंकर प्रसाद ने रविवार को बिहार के पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की.

    इस दौरान उन्होंने विपक्ष की ओर से बीजेपी और चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब दिया.

    विपक्ष के 'वोट चोरी' के आरोप पर रवि शंकर प्रसाद ने कहा, "राहुल गांधी और तेजस्वी यादव रोज़ झूठे और बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं."

    उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को 37 और कांग्रेस को 6 सीटें मिली थीं, वहीं बीजेपी को विपक्षी गठबंधन से कम 33 सीटें मिली थीं.

    रवि शंकर प्रसाद ने कहा, "उस समय आप खुश थे. जब आपके पक्ष में जनता वोट दे, तो चुनाव आयोग ठीक और जब आपको वोट न मिले, तो चुनाव आयोग ख़राब."

  12. अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  13. राहुल गांधी बोले- इलेक्शन कमीशन, इलेक्शन कमिश्नर और बीजेपी के बीच में पार्टनरशिप है

    बिहार में चल रही ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को अररिया में संयुक्त प्रेस वार्ता में चुनाव आयोग पर पक्षपाती रवैये का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा, "इलेक्शन कमीशन, इलेक्शन कमिश्नर और बीजेपी के बीच में पार्टनरशिप है."

    राहुल गांधी ने कहा कि जब उन्होंने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न) को लेकर शिकायत की, तो उनसे शपथ पत्र (एफ़िडेविट) मांगा गया.

    उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन बाद अनुराग ठाकुर ने भी इसी तरह की प्रेस कॉन्फ़्रेंस की थी, लेकिन उनसे कोई शपथ पत्र नहीं मांगा गया.

    राहुल गांधी ने कहा, "हम दोनों ने एक ही बात कही, लेकिन मुझसे तुरंत एफ़िडेविट मांगा गया और अनुराग ठाकुर से आज तक नहीं. इससे साफ़ है कि चुनाव आयोग किसके साथ खड़ा है."

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया, "बिहार में एसआईआर संस्थागत चोरी करने का तरीक़ा है. लाखों वोटर के नाम कट गए. विपक्ष शिकायत कर रहा है लेकिन बीजेपी कोई शिकायत नहीं कर रही है क्योंकि इनके बीच में पार्टनरशिप है."

    चुनाव आयोग ने शिकायत को लेकर मांगा था एफ़िडेविट

    राहुल गांधी के आरोप पर चुनाव आयोग ने कहा था कि अगर आप संबंधित इलाक़े के वोटर नहीं हैं तो आपको शपथ पत्र देना होगा.

    मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा था, "जहां आप गड़बड़ी की बात कर रहे हैं और आप उस विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक नहीं है तो क़ानून के मुताबिक़ आपको शपथ पत्र देना होगा."

    "आप गवाह के तौर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफ़िसर को आपको एक शपथ देनी होगी और वह शपथ जिस व्यक्ति के ख़िलाफ़ आपने शिकायत की है, उसके सामने दर्ज करानी होगी."

    उन्होंने बताया कि यह क़ानून कई साल पुराना है और सबके लिए समान तरह से लागू है.

  14. रूस का आरोप- यूक्रेन ने परमाणु स्थल पर किया हमला

    रूसी अधिकारियों ने बताया है कि रूस के पश्चिमी कुर्स्क में एक परमाणु ऊर्जा संयंत्र में लगी आग को बुझा दिया गया है और वायु रक्षा प्रणाली ने एक यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया है.

    मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर प्लांट के अकाउंट से की गई पोस्ट में कहा गया कि ड्रोन के गिरते ही उसमें विस्फोट हो गया और एक ट्रांसफ़ॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन विकिरण का स्तर सामान्य था और कोई हताहत नहीं हुआ.

    यह घटना ऐसे समय में हुई है जब यूक्रेन 24 अगस्त को अपना स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, जिसे 1991 में सोवियत संघ से देश की स्वतंत्रता की घोषणा का प्रतीक माना जाता है.

    संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने बार-बार रूस और यूक्रेन दोनों से युद्ध के दौरान परमाणु प्रतिष्ठानों के आसपास अधिकतम संयम बरतने का आह्वान किया है.

    यूक्रेन ने कुर्स्क में परमाणु स्थल पर हमले के संबंध में रूस के आरोप पर कोई टिप्पणी नहीं की है. यह वह क्षेत्र है जहां पिछले साल यूक्रेनी सैनिकों ने रूसियों के ख़िलाफ़ अप्रत्याशित सैन्य आक्रमण किया था.

  15. तेजस्वी यादव को सीएम पद का उम्मीदवार बनाने को लेकर क्या बोले राहुल गांधी

    बिहार में चल रही ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान विपक्षी गठबंधन ने रविवार को अररिया में संयुक्त प्रेस वार्ता की.

    इस मौक़े पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, सीपीआई (एम-एल) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी पार्टी नेता मुकेश सहनी सहित गठबंधन के अन्य नेता मौजूद रहे.

    इस प्रेस वार्ता में राहुल गांधी से एक संवाददाता ने सवाल किया, "तेजस्वी यादव ने चुनाव जीतने पर आपको देश का प्रधानमंत्री बनाने का ऐलान किया है तो बिहार में परिणाम आने के बाद कांग्रेस पार्टी तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने को लेकर अपना रुख़ साफ़ क्यों नहीं करती है?"

    इसका जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा, "बहुत अच्छे तरीक़े से एक पार्टनरशिप बनी है. सारी पार्टियां एक साथ जुड़कर काम कर रही हैं. कोई टेंशन नहीं है और परस्पर सम्मान है."

    उन्होंने कहा, "एक दूसरे की मदद हो रही है तो मज़ा भी आ रहा है. वैचारिक और राजनीतिक रूप से हम जुड़े हुए हैं. बहुत अच्छा परिणाम आएगा लेकिन वोट चोरी को रोकना है."

  16. बिहार एसआईआर पर चुनाव आयोग के दावे पर योगेंद्र यादव ने अब यह उठाया सवाल

    बिहार में स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) की ड्राफ़्ट सूची आने के बाद से ​चुनाव आयोग लगातार सुर्ख़ियों में है.

    बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के हवाले से चुनाव आयोग ने 24 अगस्त को प्रेस नोट जारी कर कहा है कि 98.2 फ़ीसदी मतदाताओं ने अपने दस्तावेज़ जमा करा दिए हैं.

    बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के दावे को लेकर अब राजनीतिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव ने तथ्यों की जांच की अपील कर दी है.

    योगेंद्र यादव ने चुनाव आयोग के इस दावे को लेकर एक्स पर लिखा है, "चुनाव आयोग ने अभी यह असाधारण दावा जारी किया है, बिहार में 98.2 फ़ीसदी मतदाताओं ने पहले ही अपने दस्तावेज़ जमा कर दिए हैं."

    "कृपया इस दावे को किसी भी गाँव मोहल्ले या बीएलओ से चेक करें. सच रिप्लाई में लिखें."

    योगेंद्र यादव ने इस तथ्य की जांच के लिए सभी मीडियाकर्मियों और नागरिकों को आमंत्रित किया है.

    उन्होंने लिखा है कि कृपया किसी भी गांव, किसी भी वार्ड में जांच करें, किसी भी बीएलओ से पूछें और यहां उत्तर में रिपोर्ट करें.

  17. राजनाथ सिंह ने कहा- शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष में मानवता के प्रतिनिधि के तौर पर गए थे

    इंडियन एयर फ़ोर्स स्पेस कॉन्फ़्रेंस में रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन से लौटे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और गगनयान मिशन में शामिल ग्रुप कैप्टन पीवी नायर, ग्रुप कैप्टन अजीत कृष्णन और ग्रुप कैप्टन अंगद प्रताप को सम्मानित किया.

    इस मौक़े पर रक्षा मंत्री ने कहा कि शुभांशु शुक्ला जब अंतरिक्ष में गए तब वह सिर्फ़ सैन्य बलों या भारत का ही नहीं बल्कि पूरी मानवता का प्रतिनिधित्व कर रहे थे.

    राजनाथ सिंह ने कहा कि सिविल सेक्टर को शुभांशु शुक्ला का यह योगदान इतिहास में दर्ज किया जाएगा.

    उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में जाकर शुभांशु शुक्ला ने खेती भी की क्योंकि वो किसान परिवार से आते हैं और भारत एक कृषि प्रधान देश है, उनका अनुभव आगे के मिशन में भी काम आएगा.

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह केवल विज्ञान की विजय नहीं बल्कि विश्वास और साहस की गूंज है.

    इस मौके पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और वायुसेना प्रमुख एयर मार्शल एपी सिंह भी मौजूद रहे.

  18. डीआरडीओ ने किया इस एयर डिफ़ेंस सिस्टम का पहला सफल परीक्षण

    रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने शनिवार को ओडिशा के तट पर एकीकृत वायु रक्षा प्रणाली (इंटीग्रेटेड एयर डिफ़ेंस वेपन सिस्टम, आईएडीडब्ल्यूएस) का पहला सफल परीक्षण किया.

    अधिकारियों के अनुसार, इस वेपन सिस्टम में सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें, कम दूरी की मिसाइलें और एक उच्च शक्ति वाला लेज़र हथियार शामिल हैं.

    इस प्रणाली को हवाई ख़तरों जैसे दुश्मन के लड़ाकू विमान, ड्रोन और क्रूज़ मिसाइलों से सुरक्षा के लिए विकसित किया गया है.

    रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने वायु रक्षा प्रणाली के सफल परीक्षण पर डीआरडीओ को बधाई दी है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा है, "इससे दुश्मन के हवाई ख़तरों से निपटने में मदद मिलेगी और यह देश की रक्षा पंक्ति को और मज़बूत करेगा."

  19. ग़ज़ा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई की मांग पर इसराइल में प्रदर्शन

    ग़ज़ा में युद्धविराम समझौते की मांग को लेकर इसराइल में शनिवार को हज़ारों लोग सड़कों पर उतर आए.

    कई शहरों में हुई इस प्रदर्शन रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया.

    प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सेना द्वारा ग़ज़ा सिटी पर क़ब्ज़े की योजना बाक़ी बचे बंधकों की ज़िंदगी को ख़तरे में डाल सकती है.

    इसराइल के पूर्व रक्षा मंत्री बेनी गैंट्ज़ ने बंधकों की रिहाई को प्राथमिकता देते हुए एक अस्थायी राष्ट्रीय एकता वाली सरकार बनाने का आह्वान किया है.

    प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू का गठबंधन फ़िलहाल उन अति-दक्षिणपंथी सदस्यों पर टिका है जो युद्ध समाप्त करने के लिए हमास के साथ किसी भी समझौते का विरोध कर रहे हैं.

    इस बीच, ग़ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में इसराइली हमलों और कुपोषण के चलते 60 से अधिक मौतें दर्ज की गई हैं.

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने ग़ज़ा की स्थिति को "मानवता की विफलता" बताया और तत्काल युद्धविराम, सभी बंधकों की रिहाई, और मानवीय पहुंच सुनिश्चित करने का आह्वान किया है.

  20. तेजस्वी यादव पर एफ़आईआर के सवाल पर यह बोले केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय

    बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के ख़िलाफ़ महाराष्ट्र में दर्ज एफ़आईआर पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "तेजस्वी यादव हमेशा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं. इससे बिहार की जनता को बहुत ठेस पहुंचती है."

    "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से बिहार में ढाई से तीन करोड़ लोग ग़रीबी से बाहर आए हैं. ग़रीबी मिटाने वाले प्रधानमंत्री को भ्रष्टाचार में लिप्त कोई नेता अपशब्द कहे तो ग़रीबों को ठेस पहुंचना स्वाभाविक है."

    राय ने कहा, "तेजस्वी यादव बार-बार कह रहे हैं कि हम अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देंगे, लेकिन लोग इस पर हंस रहे हैं. सत्ता में रहते हुए उन्होंने सिर्फ़ अपराध और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है."

    उन्होंने कहा कि "बिहार की जनता जानती है कि भ्रष्टाचार और अपराध आरजेडी और तेजस्वी यादव की नीति और नीयत में है."

    "बिहार की जनता विकास पर भरोसा करने लगी है ऐसे में 'घमंडिया गठबंधन' का सफ़ाया हो जाएगा."