You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इसराइल का यमन की राजधानी सना पर हमला, कहा- हूतियों के ठिकानों को निशाना बनाया

इसराइली सेना ने कहा है कि उसने हूती विद्रोहियों के मिसाइल और ड्रोन हमलों के जवाब में यमन में हूतियों के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और सुरभि गुप्ता

  1. ग़ज़ा पर तुर्की की प्रथम महिला ने मेलानिया ट्रंप को लिखा पत्र, उनसे यह मांग की

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन की पत्नी और देश की प्रथम महिला एमीन अर्दोआन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप को पत्र लिखा है.

    इस पत्र में उन्होंने मेलानिया ट्रंप से इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से संपर्क कर ग़ज़ा में बच्चों की दुर्दशा का मुद्दा उठाने का आग्रह किया है.

    अंकारा में अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी.

    एमीन अर्दोआन ने अपने पत्र में लिखा कि उन्हें प्रेरणा उस समय मिली जब मेलानिया ट्रंप ने इस महीने की शुरुआत में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन और रूस के बच्चों को लेकर पत्र भेजा था.

    उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि आपने 648 यूक्रेनी बच्चों के लिए जो संवेदनशीलता दिखाई है, वही ग़ज़ा के लिए भी दिखाई जाएगी.”

    तुर्की के राष्ट्रपति कार्यालय से जारी किए गए इस पत्र पर फ़िलहाल व्हाइट हाउस ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    एमीन अर्दोआन ने आगे लिखा, “इन दिनों, जब दुनिया एक सामूहिक चेतना में है और फ़लस्तीन की मान्यता एक वैश्विक इच्छा बन गई है, मेरा मानना है कि ग़ज़ा की ओर से आपका आह्वान फ़लस्तीनी लोगों के प्रति एक ऐतिहासिक ज़िम्मेदारी को पूरा करेगा.”

    एक वैश्विक भूख निगरानी संस्था ने शुक्रवार को निर्धारित किया कि ग़ज़ा सिटी और आसपास के क्षेत्र आधिकारिक तौर पर अकाल की चपेट में हैं और आने वाले समय में यह स्थिति और बिगड़ सकती है.

    इस रिपोर्ट के बाद इसराइल पर फ़लस्तीनी क्षेत्रों में और अधिक सहायता पहुंचाने का दबाव बढ़ा है.

    हालांकि, इसराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इस रिपोर्ट को “सरासर झूठ” बताते हुए ख़ारिज कर दिया और कहा कि इसराइल की नीति “भुखमरी रोकने की है, न कि भुखमरी पैदा करने की.”

    यह युद्ध 7 अक्तूबर 2023 को तब शुरू हुआ, जब हमास ने दक्षिणी इसराइल में 1,200 लोगों की हत्या कर दी थी और लगभग 250 लोगों को बंधक बना लिया था.

    ग़ज़ा के स्वास्थ्य अधिकारियों का दावा है कि अब तक इसराइली सैन्य अभियान में 62,000 से अधिक फ़लस्तीनी मारे गए हैं, जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं.

  2. उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने बताया, किम जोंग-उन की निगरानी में हुए नए मिसाइल टेस्ट, जैक बर्जेस, बीबीसी न्यूज़

    उत्तर कोरिया ने शनिवार को दो नई वायु रक्षा मिसाइलों का परीक्षण किया.

    सरकारी मीडिया के अनुसार, यह परीक्षण देश के नेता किम जोंग-उन की निगरानी में किया गया.

    कोरियाई सेंट्रल न्यूज़ एजेंसी (केसीएनए) ने बिना तकनीकी विवरण साझा किए कहा कि इन हथियारों में ‘बेहतरीन युद्ध क्षमता’ है और इनमें ‘विशेष तकनीक’ का उपयोग किया गया है.

    एजेंसी ने दावा किया कि परीक्षण ने यह साबित किया कि दोनों मिसाइलें ड्रोन और क्रूज़ मिसाइलों सहित विभिन्न हवाई लक्ष्यों को नष्ट करने में सक्षम हैं.

    यह मिसाइल परीक्षण ऐसे समय हुआ जब दक्षिण कोरिया ने मंगलवार को सीमा पार करने वाले उत्तर कोरियाई सैनिकों पर चेतावनी स्वरूप गोलियां चलाई थीं.

    योनहाप एजेंसी के अनुसार, लगभग 30 उत्तर कोरियाई सैनिक असैन्यीकृत क्षेत्र (डीएमज़ेड) को कुछ देर के लिए पार कर गए थे.

    संयुक्त राष्ट्र कमान ने इस घटना की पुष्टि की है.