कनाडा के पीएम कार्नी ने ट्रंप को दिया भारत-पाकिस्तान में युद्धविराम कराने का श्रेय

इमेज स्रोत, Getty Images
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भारत और पाकिस्तान के बीच "शांति" लाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ़ की है.
मंगलवार को ओवल ऑफ़िस में ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान मार्क कार्नी ने ट्रंप को "बदलाव लाने वाला राष्ट्रपति" क़रार दिया.
कार्नी ने कहा, "आप बदलाव लाने वाले राष्ट्रपति हैं... अर्थव्यवस्था में बदलाव, नेटो साझेदारों के रक्षा खर्च के लिए अभूतपूर्व प्रतिबद्धता, भारत और पाकिस्तान से लेकर अज़रबैजान और आर्मीनिया तक शांति की दिशा में प्रयास और आतंक की शक्ति के तौर पर ईरान को कमज़ोर करना, ये सब आपके नेतृत्व में संभव हुआ है."
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष ख़त्म कराने का दावा करते हैं.
वहीं भारत ने कई बार कहा है कि पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के साथ छिड़ा संघर्ष दोनों पक्षों की सहमति से ख़त्म हुआ था. इसमें तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं थी.



