ग़ज़ा में युद्धविराम को लेकर चल रही बातचीत पर क़तर ने क्या कहा?

क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने कहा कि मिस्र में चल रही बातचीत का उद्देश्य ग़ज़ा शांति योजना को एक ‘व्यावहारिक समझौते’ में बदलना और ‘ठोस सहमतियों’ तक पहुंचना है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और इफ़्तेख़ार अली

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ग़ज़ा में युद्धविराम को लेकर चल रही बातचीत पर क़तर ने क्या कहा?

    क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी

    इमेज स्रोत, APTN

    क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने कहा कि मिस्र में चल रही बातचीत का उद्देश्य ग़ज़ा शांति योजना को एक ‘व्यावहारिक समझौते’ में बदलना और ‘ठोस सहमतियों’ तक पहुंचना है.

    दोहा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान माजिद अल-अंसारी ने कहा कि इसराइल और हमास के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाते हुए क़तर यह सुनिश्चित करना चाहता है कि युद्ध पूरी तरह समाप्त हो.

    उन्होंने कहा कि हमास और इसराइल को ऐसी स्थितियों का सामना करना पड़ सकता है, जिनसे वे खुश नहीं होंगे, क्योंकि कुछ ऐसे बिंदु हो सकते हैं जो किसी भी पक्ष के लिए पूरी तरह स्वीकार्य न हों.

    अल-अंसारी के मुताबिक़, सभी पक्ष इस समय प्रस्तावित शांति योजना के अलग-अलग बिंदुओं पर अपनी राय रख रहे हैं.

    मिस्र में इसराइल और हमास के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 20-सूत्रीय शांति योजना पर बातचीत चल रही है.

    ग़ज़ा में युद्धविराम को लेकर हो रही इस वार्ता में अमेरिका, क़तर और मिस्र मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं.

  3. बिलासपुर में बस हादसे में हुई 15 मौतों पर पीएम मोदी ने किया मुआवज़े का एलान

    हिमाचल के बिलासपुर में बस हादसा

    इमेज स्रोत, Himachal Pradesh CM office

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने बिलासपुर बस हादसे पर दुख जताया है

    हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में लैंडस्लाइड की चपेट में बस के आने से हुई 15 मौतों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है.

    साथ ही हादसे के मृतकों और घायलों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मुआवज़े की भी घोषणा की है.

    प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए एक्स पोस्ट में लिखा है, "हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुए हादसे में हुई जनहानि से दुखी हूं. इस मुश्किल घड़ी में हादसे से प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं."

    "पीएमएनआरएफ से हर मृतक के परिवार को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये का मुआवज़ा दिया जाएगा."

    इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस हादसे पर दुख जताया है.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, हिमाचल के बिलासपुर में लैंडस्लाइड की चपेट में बस, 10 लोगों की मौत

    हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में बड़ा हादसा

    इमेज स्रोत, SukhuSukhvinder/X

    हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन की चपेट में एक बस आ गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस पर दुख जताया है और इससे जुड़ी जानकारी दी है.

    घटना की जानकारी देते हुए सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “बिलासपुर ज़िले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बालूघाट के पास हुए भीषण भूस्खलन की ख़बर ने मन को भीतर तक झकझोर दिया है.”

    उन्होंने कहा, “इस भारी भूस्खलन में एक प्राइवेट बस के चपेट में आने से 10 लोगों के निधन का दुखद समाचार मिला है और कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है.”

    हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. सीएम ने कहा कि अधिकारियों को पूरी मशीनरी लगाने के निर्देश दिए गए हैं.

    मुख्यमंत्री ने कहा, “इस कठिन घड़ी में मैं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हूं.”

  5. एआई को लेकर दुनिया के सबसे बड़े यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट ने उठाए ये सवाल

    मिस्टर बीस्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मिस्टर बीस्ट का असल नाम जिमी डोनाल्डसन है

    दुनिया के सबसे बड़े यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट ने कहा है कि जेनरेटिव आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) की तेज़ प्रगति 'डराने वाली' है, ख़ासकर उन लाखों क्रिएटर्स के लिए जो 'कंटेंट बनाकर अपनी रोज़ी-रोटी कमा' रहे हैं.

    पिछले कुछ सालों में ऐसे एआई टूल्स ने तेज़ी से विकास किया है जो सिर्फ़ टेक्स्ट प्रॉम्प्ट से पूरी तरह तैयार वीडियो बना सकते हैं.

    इनमें सबसे नया टूल ओपनएआई का सोरा है, जिसे पिछले हफ़्ते लॉन्च किया गया था.

    यह टूल इस वजह से चर्चा में है क्योंकि इससे लोग बहुत आसानी से कॉपीराइटेड किरदारों और सामग्री की नकल कर सकते हैं.

    सोशल मीडिया पर मिस्टर बीस्ट ने पूछा, "जब एआई वीडियो सामान्य वीडियो जितने अच्छे हो जाएंगे, तो हमारे जैसे लोगों का क्या होगा?"

    एआई के नौकरी बाज़ार पर असर को लेकर डर पहले से ही व्यापक है, लेकिन क्रिएटिव क्षेत्रों में यह चिंता और भी गहरी है.

    फ़िल्म और वीडियो गेम उद्योगों में तो एआई के इस्तेमाल को लेकर बड़े पैमाने पर हड़तालें और विरोध प्रदर्शन भी हो चुके हैं.

  6. पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति पुतिन के बीच फ़ोन पर हुई बातचीत

    पीएम मोदी और पुतिन की मुलाक़ात

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन में आयोजित शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ टेलीफ़ोन पर बातचीत की.

    पीएम ऑफ़िस की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को उनके 73वें जन्मदिन पर बधाई दी .

    बयान में साथ ही कहा गया, "इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-रूस के द्विपक्षीय एजेंडे की प्रगति की समीक्षा की और विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई."

    बयान के मुताबिक़, पीएम मोदी ने कहा कि वह दिसंबर में होने वाले 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति पुतिन का भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं.

  7. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर: मोहम्मद शाहिद और संदीप राय के साथ

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  8. ग़ज़ा में युद्धविराम के लिए मिस्र में चल रही बातचीत में क्या सहमति बनी?, रुश्दी अबुअलूफ़, ग़ज़ा संवाददाता

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Majdi Fathi/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में युद्धविराम को लेकर चल रही वार्ता में अमेरिका, क़तर और मिस्र मध्यस्थ की भूमिका में हैं

    एक वरिष्ठ फ़लस्तीनी सूत्र ने बीबीसी को बताया कि मध्यस्थों ने मिस्र में चल रही वार्ताओं के एजेंडा और मैकेनिज्म पर हमास और इसराइल दोनों के साथ समझौता कर लिया है.

    सूत्र के मुताबिक़, इन चर्चाओं को पांच बिंदुओं के ढांचे में आगे बढ़ाया जाएगा.

    वह पांच बिंदु इस तरह हैं-

    • युद्ध ख़त्म करना: ग़ज़ा पट्टी के सभी हिस्सों में पूरा और स्थायी संघर्षविराम स्थापित करना.
    • कै़दियों और बंधकों का आदान-प्रदान: सभी बचे हुए इसराइली बंधकों और सैकड़ों फ़लस्तीनी कै़दियों के बड़े पैमाने पर आदान-प्रदान पर बातचीत.
    • ग़ज़ा से इसराइल की वापसी: इसराइल चरणबद्ध तरीके़ से ग़ज़ा से वापसी करेगा और इस बात की गारंटी देगा कि ग़ज़ा पर फिर से कोई और आक्रमक हमला न करे.
    • मानवीय सहायता पहुंचाना: अंतरराष्ट्रीय निगरानी में मदद का लगातार प्रवेश सुनिश्चित करना.
    • युद्ध के बाद का शासन: लड़ाई रुकने के बाद ग़ज़ा के भविष्य के प्रशासन और सुरक्षा पर चर्चा.
  9. मध्य प्रदेश: कफ़ सिरप से छिंदवाड़ा में अब तक 16 बच्चों की मौत, अधिकारी ने क्या बताया?

    छिंदवाड़ा के अतिरिक्त कलेक्टर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, छिंदवाड़ा के अतिरिक्त कलेक्टर ने कहा है कि नागपुर में अभी भी पांच बच्चे गंभीर हालत में भर्ती हैं

    मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कफ़ सिरप से हुई मौतों का आंकड़ा बढ़कर अब 16 हो गया है.

    छिंदवाड़ा के अतिरिक्त कलेक्टर धीरेंद्र सिंह ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में यह जानकारी दी है. उनका कहना है कि 'आज भी 2 साल की एक बच्ची की मौत की ख़बर है, जिसे मिलाकर अब कुल 16 बच्चे हो गए हैं.'

    साथ ही उन्होंने कहा कि अभी भी पांच बच्चे नागपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनकी हालात गंभीर हैं.

    पिछले हफ़्ते मध्य प्रदेश सरकार ने 1 अक्तूबर को तमिलनाडु सरकार को पत्र लिखकर दवा निर्माता के ख़िलाफ़ जांच करने के लिए कहा था.

    इसके बाद तमिलनाडु के ड्रग कंट्रोल विभाग ने जांच में श्रीसन फ़ार्मास्युटिकल्स में बन रही कोल्ड्रिफ़ कफ़ सिरप के "मिलावटी" होने की पुष्टि की थी.

    संबंधित कहानियां:

  10. बिहार चुनावों की तारीख़ों के एलान पर आज का कार्टून

    बीबीसी कार्टून
  11. चीफ़ जस्टिस बीआर गवई की माँ ने कहा- 'किसी को भी अराजकता फैलाने का अधिकार नहीं'

    सुप्रीम कोर्ट के चीफ़ जस्टिस बीआर गवई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हमला करने वाले वकील राकेश किशोर को बार कौंसिल ऑफ़ इंडिया ने निलंबित कर दिया है

    सुप्रीम कोर्ट के चीफ़ जस्टिस बीआर गवई पर सोमवार को हमले की कोशिश हुई है. अब इस पर उनकी माँ कमल ताई गवई ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने देश को एक समावेशी संविधान दिया. उन्होंने इस संविधान के केंद्र में जनता को रखा और इसे उन्हीं के हाथों में सौंपा."

    कमल ताई गवई ने कहा, "इस संविधान का मूल भाव है,'जीओ और जीने दो'. लेकिन इस देश में किसी को भी क़ानून अपने हाथ में लेने या अराजकता फैलाने का अधिकार नहीं है."

    उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि वह अपने मतभेदों को शांति और संवैधानिक तरीक़ों से सुलझाएं.

    कोर्ट में मौजूद वकील अनस तनवीर ने बीबीसी संवाददाता उमंग पोद्दार से घटना की पुष्टि की है.

    घटना के बारे में जानकारी देते हुए अनस तनवीर ने बताया, "सुप्रीम कोर्ट में उस समय थोड़ी देर के लिए अफ़रा-तफ़री मच गई जब एक वकील ने चीफ़ जस्टिस पर हमला करने की कोशिश की. इसके बाद बाहर निकाले जाने के दौरान वकील ने कहा- सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान."

    अनस तनवीर का कहना है कि इस घटनाक्रम के दौरान जस्टिस गवई शांत रहे और सुनवाई जारी रखी.

  12. हरियाणा के सीनियर पुलिसकर्मी चंडीगढ़ स्थित अपने घर में मृत पाए गए, पुलिस ने क्या बताया?

    चंडीगढ़ एसएसपी कंवरदीप कौर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, चंडीगढ़ एसएसपी कंवरदीप कौर ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है

    हरियाणा पुलिस के एक सीनियर ऑफ़िसर मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित अपने घर में मृत पाए गए.

    अधिकारियों के मुताबिक़, पुलिस को आशंका है कि वाई पूरन कुमार ने आत्महत्या की है.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, 2001 बैच के अधिकारी वाई पूरन कुमार इस समय रोहतक के सुनारिया स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) के पद पर तैनात थे.

    इस मामले पर चंडीगढ़ एसएसपी कंवरदीप कौर ने पत्रकारों से कहा, "हमें एक शूटिंग की जानकारी मिली थी. यहां पर एक रिपोर्टेड सुसाइड हुआ है और हमें एक डेड बॉडी मिली है."

    उन्होंने कहा, "डेड बॉडी की पहचान वाई पूरन कुमार के रूप में हुई है. अभी जांच चल रही है."

  13. तीन वैज्ञानिकों को मिला फ़िजिक्स में नोबेल, जानिए उन्होंने क्या किया था

    नोबेल पुरस्कार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़िजिक्स क्षेत्र में तीन लोगों को नोबेल पुरस्कार दिया गया है

    फ़िजिक्स क्षेत्र में मिलने वाले नोबेल पुरस्कार के विजेताओं का एलान कर दिया गया है. इसमें तीन नाम शामिल हैं.

    यह पुरस्कार वैज्ञानिक जॉन क्लार्क, माइकल डेवोरेट, जॉन मार्टिनिस को मिला है.

    स्वीडन की रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ़ साइंसेज ने मंगलवार को इसकी घोषणा की.

    उन्हें यह पुरस्कार बिजली के सर्किट में बड़े पैमाने पर क्वांटम टनलिंग और ऊर्जा के स्तरों की खोज के लिए मिला है.

    पुरस्कार के संस्थापक अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि 10 दिसंबर को एक समारोह में औपचारिक रूप से उन्हें यह पुरस्कार दिया जाएगा.

    तीनों विजेताओं को 11 मिलियन स्वीडिश क्रोनर (भारतीय रुपये में क़रीब 10.5 करोड़) की पुरस्कार राशि मिलेगी.

  14. अल्बानिया में जज की अदालत में सुनवाई के दौरान गोली मारकर हत्या

    अल्बानिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यह गोलीबारी सोमवार को तिराना की अपील कोर्ट में सुनवाई के दौरान हुई

    अल्बानिया की राजधानी तिराना में अदालत में सुनवाई के दौरान हुई फायरिंग में एक जज की मौत हो गई.

    अधिकारियों के मुताबिक़, जज अस्ट्रिट कलाहा को गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया पर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

    संपत्ति विवाद से जुड़ी इस सुनवाई में शामिल एक पिता-पुत्र भी गोलीबारी में घायल हुए, लेकिन उनकी हालत ख़तरे से बाहर है.

    पुलिस ने 30 वर्षीय एक संदिग्ध को गिरफ़्तार किया है. स्थानीय मीडिया के मुताबिक़ उसका नाम एल्विस श्केम्बी है.

    अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा ने जज के निधन पर दुख जताया और गोली चलाने वाले के ख़िलाफ़ सख़्त क़ानूनी कार्रवाई करने की मांग की.

  15. पाकिस्तान: विस्फोट से जाफ़र एक्सप्रेस पटरी से उतरी, कई घायल, रियाज़ सोहेल, बीबीसी उर्दू

    ज़ाफ़र एक्सप्रेस ट्रेन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कुछ महीने पहले भी जाफ़र एक्सप्रेस ट्रेन पर हमला हुआ था (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के सिंध प्रांत में विस्फोट की घटना हुई है, जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं. सिंध के शिकारपुर ज़िले में विस्फोट के कारण जाफ़र एक्सप्रेस के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे कम से कम सात यात्री घायल हो गए हैं.

    जानकारी के मुताबिक़, जाफ़र एक्सप्रेस रावलपिंडी से क्वेटा जा रही थी. जब ट्रेन सुल्तान कोट के पास पहुंची तो विस्फोट के कारण उसके पांच डिब्बे पटरी से उतर गए.

    शिकारपुर के डिप्टी कमिश्नर शकील अब्रु ने कहा कि जाफ़र एक्सप्रेस पर आईईडी की मदद से हमला किया गया.

    उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी में पुष्टि हुई है कि विस्फोट में सात यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    कुछ यात्रियों ने बताया कि विस्फोट के बाद गोलीबारी भी हुई है. हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है.

    इससे पहले भी इस ट्रेन पर हो चुका है हमला

    पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में 11 मार्च को जब क्वेटा से पेशावर जाने वाली नौ बोगियों वाली यात्री ट्रेन जाफर एक्सप्रेस पर हमला हुआ था, तब ट्रेन में 400 से अधिक यात्री सवार थे.

    पाकिस्तान का कहना था कि जाफ़र एक्सप्रेस पर हमले में 21 पैसेंजर और चार सैनिकों की मौत हुई है.

  16. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  17. लालू यादव की सोशल मीडिया पोस्ट पर सम्राट चौधरी बोले- '14 तारीख़ को पता चल जाएगा'

    सम्राट चौधरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता एनडीए के साथ खड़ी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की सोशल मीडिया पोस्ट पर राज्य के उप-मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने प्रतिक्रिया दी है.

    मंगलवार को लालू यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, "छह और ग्यारह, एनडीए नौ दो ग्यारह!"

    बिहार में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं. पहले चरण का मतदान छह नवंबर को, जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है. चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को आएंगे.

    लालू यादव की पोस्ट पर सम्राट चौधरी ने कहा, "लालू जी कितनी भी कोशिश कर लें, बिहार की जनता एनडीए के साथ खड़ी है."

    उन्होंने कहा, "लालू जी को 14 तारीख़ (नवंबर) को पता चल जाएगा कि बच्चा, बच्चा ही रहता है. 14 को बच्चा (बाल) दिवस है, पता चल जाएगा."

    संबंधित कहानियां:

  18. बंगाल में बीजेपी नेताओं पर 'हमले' के मामले में राज्यपाल बोले- '24 घंटे में दोषी नहीं पकड़े गए तो...'

    सीवी आनंद बोस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने पुलिस पर ज़िम्मेदारी नहीं निभाने का आरोप लगाया

    पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने राज्य में बीजेपी के नेताओं पर 'हमले' को लेकर कहा कि 'दोषियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई' की जाएगी.

    राज्यपाल ने कहा, "जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों- सांसद और विधायक पर हमला कायरतापूर्ण और चौंकाने वाला है. यह लोकतंत्र में कभी नहीं होना चाहिए था."

    उन्होंने कहा, "बंगाल जैसे राज्य में ऐसा नहीं होना चाहिए था. यह बहुत चौंकाने वाली बात है कि यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ. पुलिस का काम है कि वह संविधान और क़ानून का शासन बनाए रखे. लेकिन वे अपनी ज़िम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं."

    राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा, "यह एक बहुत ही दुखद स्थिति है. दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाएगी. मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि 24 घंटे के भीतर दोषी पकड़े जाएं. वरना गंभीर कार्रवाई की जाएगी."

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी के विधायक शंकर घोष ने सोमवार को आरोप लगाया था कि वह उत्तर बंगाल के नागराकाटा में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान उन पर और मालदा (उत्तर) के सांसद खगेन मुर्मू पर भीड़ ने हमला कर दिया.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में क़ानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाया, तो वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन पर मामले के 'राजनीतिकरण' का आरोप लगाया.

    संबंधित कहानियां:

  19. तेजस्वी यादव और इंडिया गठबंधन के सीएम कैंडिडेट के सवाल पर कांग्रेस नेता ने ये कहा

    उदित राज

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, उदित राज ने कहा कि इंडिया गठबंधन की ओर से कोई भी सीएम कैंडिडेट नहीं है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा है कि बिहार में इंडिया गठबंधन के सीएम कैंडिडेट का फ़ैसला अभी नहीं हुआ है, यह चर्चा के बाद तय होगा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कांग्रेस नेता ने यह बयान दिया है.

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की ओर से तेजस्वी यादव को सीएम कैंडिडेट घोषित किए जाने के सवाल पर उदित राज ने कहा, "वो ऐसा कर सकते हैं, कोई भी पार्टी ऐसा कर सकती है. उनके समर्थक और पार्टी दावा करेंगी ही."

    "लेकिन इंडिया गठबंधन की ओर से सामूहिक तौर पर कोई भी सीएम कैंडिडेट नहीं है."

    आरजेडी की ओर से कई बार तेजस्वी यादव को सीएम कैंडिडेट बताया गया है. तेजस्वी यादव ने खुद भी इसको लेकर बयान दिया था.

  20. ग़ज़ा पीस प्लान पर पहले दिन की बातचीत कैसी रही, मिस्र के मीडिया ने बताया

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में शांति के लिए इसराइल और हमास के बीच मिस्र में बातचीत हो रही है (फ़ाइल फ़ोटो)

    मिस्र के मीडिया का कहना है कि इसराइल और हमास के बीच हो रही शांति वार्ता में अब तक का माहौल 'सकारात्मक' रहा है.

    इस वार्ता में अमेरिका, क़तर और मिस्र मध्यस्थ की भूमिका में हैं.

    मिस्र की सरकारी ख़ुफ़िया एजेंसी से जुड़े अल-क़ाहिरा न्यूज़ ने बताया कि बातचीत के पहले दौर का समापन 'सकारात्मक माहौल' में हुआ. इस दौरान इसराइली बंधकों और फ़लस्तीनी क़ैदियों की रिहाई की तैयारी पर चर्चा हुई.

    सरकारी मीडिया ने यह भी बताया कि मिस्र और क़तर के प्रतिनिधि दोनों पक्षों के साथ मिलकर बंधकों और क़ैदियों की रिहाई को लेकर आगे बढ़ने के तरीक़े ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं.

    शांति वार्ता के बीच इसराइली सेना अलर्ट पर है. यह अलर्ट इसराइल पर हमास के हमले की दूसरी बरसी को देखते हुए जारी किया गया है.

    संबंधित कहानियां: