अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
कोलंबो में खेले गए महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के मैच में बुधवार को ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को एकतरफ़ा मुक़ाबले में हरा दिया.
सुरभि गुप्ता और इफ़्तेख़ार अली
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, Getty Images
कोलंबो में खेले गए महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के मैच में बुधवार को ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को एकतरफ़ा मुक़ाबले में हरा दिया.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 50 ओवरों में 221 रन बनाए. वहीं पाकिस्तान की टीम 36.3 ओवर में 114 रनों पर ऑल आउट हो गई.
इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मज़बूत कर ली है और पाकिस्तान प्वाइंट्स टेबल के आख़िरी स्थान पर बरकरार है.
ऑस्ट्रेलिया की ओर से बेथ मूनी ने शतक जड़ा. उन्होंने 114 गेंदों पर 109 रन बनाए.
पाकिस्तान की ओर से नाशरा संधू और ऑस्ट्रेलिया की तरफ़ से किम गार्थ ने किफ़ायती गेंदबाज़ी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए.
गुरुवार को भारत और दक्षिण अफ़्रीका महिला टीमों के बीच मुक़ाबला खेला जाएगा.
मैच का आयोजन विशाखापत्तनम के डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में होगा.

इमेज स्रोत, ANI
उत्तर प्रदेश के कानपुर में बुधवार रात दो स्कूटियों में अचानक ब्लास्ट हो गया. इस घटना में छह लोग घायल हो गए हैं.
यह घटना कानपुर के थाना मूलगंज के मिश्री बाज़ार क्षेत्र की है. पुलिस के मुताबिक़, यह क़रीब शाम 7.15 की घटना है.
कानपुर के ज्वाइंट कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) आशुतोष कुमार ने कहा कि दो स्कूटियां खड़ी थी उसमें ब्लास्ट हुआ है.
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "इस घटना में क़रीब 6 लोग ज़ख़्मी हुए हैं, जिसमें एक महिला भी शामिल हैं. फिलहाल इन सभी में किसी की भी हालत गंभीर नहीं है, सभी का इलाज किया जा रहा है."
उनका कहना है कि अभी फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है. यह दुर्घटना है या कोई साजिश है यह बाद में पता चलेगा.
पुलिस के मुताबिक़, ब्लास्ट से आस-पास के दुकानों को भी नुक़सान हुआ है.
पुलिस का कहना है कि यह जांच की जा रही है कि इसमें कुछ विस्फोटक हैं या बैटरी फटने के कारण ब्लास्ट हुआ.

इमेज स्रोत, Getty Images
रूस ने कहा है कि अगर अमेरिका परमाणु हथियारों का परीक्षण करता है, तो वह भी वैसा ही जवाब देगा.
रूस के उप-विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने 8 अक्तूबर को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि अमेरिका लंबे समय से ऐसे परीक्षणों के लिए अपनी सुविधाओं को तैयार कर रहा है.
उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका परमाणु परीक्षण करता है, तो 'हम भी वैसा ही जवाब देंगे और बहुत जल्दी देंगे'.
हालांकि उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया कि अमेरिका ऐसे परीक्षणों की तैयारी कर रहा है.
रयाबकोव का यह बयान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 2 अक्टूबर को दिए गए बयान के बाद आया है.
तब पुतिन ने कहा था, "हम देख रहे हैं कि दूसरे देश तैयारियां कर रहे हैं. अगर वे परीक्षण करेंगे, तो हम भी वैसा ही करेंगे."
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक़, रयाबकोव ने यह भी कहा कि रूस को अभी तक अमेरिका से न्यू स्टार्ट परमाणु संधि को बढ़ाने के प्रस्ताव पर कोई 'औपचारिक जवाब' नहीं मिला है.
22 सितंबर को राष्ट्रपति पुतिन ने कहा था कि रूस इस संधि की शर्तों का पालन इसकी अवधि (फरवरी 2026) ख़त्म होने के बाद भी कम से कम एक साल तक करने को तैयार है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 5 अक्तूबर को पुतिन के इस प्रस्ताव को 'अच्छा विचार' बताया था.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त

इमेज स्रोत, BJP/X
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा है कि कांग्रेस को देश को बताना चाहिए कि 26/11 के मुंबई हमले के बाद किसने जवाबी कार्रवाई करने से रोका था.
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "2008 में आतंकियों ने मुंबई शहर को बड़े हमले के लिए चुना, लेकिन तब जो कांग्रेस की सरकार सत्ता में थी उसने कमज़ोरी का मैसेज दिया."
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हाल ही में कांग्रेस के एक बड़े नेता, जो देश के गृह मंत्री रह चुके हैं, उन्होंने एक इंटरव्यू में बहुत बड़ा राज़ खोला. उन्होंने दावा किया है कि 2008 के मुंबई हमले के बाद हमारी सेनाएं, पाकिस्तान पर हमला करने को तैयार थीं."
पीएम मोदी ने कहा, "पूरा देश भी उस समय यही चाहता था, लेकिन किसी दूसरे देश के दबाव के कारण कांग्रेस सरकार ने भारत की सेनाओं को पाकिस्तान पर हमला करने से रोक दिया था."
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बताना होगा कि वह कौन था, जिसने विदेशी दबाव में फै़सला लिया और मुंबई और देश की भावना से खिलवाड़ किया?
साथ ही उन्होंने कहा, "कांग्रेस की इस कमज़ोरी ने आतंकवाद को मज़बूत किया. देश की सुरक्षा को कमज़ोर किया, जिसकी क़ीमत देश को बार-बार जानें गवां कर चुकानी पड़ी."
पहलगाम हमले के बाद भारत की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर का ज़िक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज का भारत दमदार जवाब देता और घर में घुस के मारता है. दुनिया ने यह ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देखा है."
इससे पहले कांग्रेस नेता और पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने 26/11 हमलों से जुड़ा एक बयान दिया था.
उन्होंने कहा कि मुंबई में जब ये हमले हुए उस वक्त दुनियाभर से यह दबाव था कि भारत कोई प्रतिक्रिया या कार्रवाई न करे.
एक न्यूज़ चैनल को दिए इंटरव्यू में पी. चिदंबरम ने यह बात कही है.
मुंबई में जब ये हमले हुए थे, उस वक्त शिवराज पाटिल केंद्रीय गृह मंत्री थे. उन्होंने हमले के बाद इस्तीफ़ा दे दिया था. इसके बाद चिदंबरम ने देश के गृह मंत्री के तौर पर पद संभाला था.
संबंधित कहानियां:

इमेज स्रोत, Getty Images
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपना ईमेल प्लेटफ़ॉर्म बदलते हुए ज़ोहो मेल पर स्विच कर लिया है. ज़ोहो के सह- संस्थापक श्रीधर वेम्बू ने उन्हें शुक्रिया कहा है.
बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैंने ज़ोहो मेल पर स्विच कर लिया है. कृपया मेरा नया ईमेल पता amitshah.bjp@zohomail.in नोट करें. भविष्य में ईमेल द्वारा संपर्क करने के लिए इसी पते का इस्तेमाल करें."
अमित शाह के इस पोस्ट को कोट करते हुए ज़ोहो के सह-संस्थापक श्रीधर वेम्बू ने एक्स पर लिखा, "हम पर भरोसा रखने के लिए आपका शुक्रिया सर."
श्रीधर वेम्बू ने कहा, "मैं यह पल अपने मेहनती इंजीनियर साथियों को समर्पित करता हूं, जिन्होंने ज़ोहो में पिछले 20 सालों से कड़ी मेहनत की."
उन्होंने कहा, "वह सभी भारत में ही रहे और इन सालों तक मेहनत करते रहे क्योंकि उन्होंने विश्वास रखा. उनका विश्वास सही साबित हुआ है."

इमेज स्रोत, Vijayendra Yediyurappa/X
कर्नाटक में कोप्पल पुलिस ने बुधवार को पूर्व बीजेपी युवा मोर्चा अध्यक्ष की हत्या के आरोप में चार लोगों को गिरफ़्तार किया है.
गंगावती नगर इकाई के 28 साल के पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष वेंकटेश पर बुधवार तड़के क़रीब 2:30 बजे उस समय हमला किया गया जब वह स्कूटर पर सवार होकर घर लौट रहे थे.
उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. उस समय उनके दोस्त भी साथ थे, जो किसी तरह मौके से बचकर निकल गए.
कोप्पल के एसपी राम एल. अरासिद्दी ने बीबीसी हिन्दी को बताया, “उनपर कार से आए छह लोगों ने धारदार हथियार से हमला किया. यह व्यक्तिगत रंजिश का मामला है.”
बताया जा रहा है कि वेंकटेश ने 2023 में हुई एक हत्या के मामले में कुछ अभियुक्तों की गिरफ़्तारी में मदद की थी.
पुलिस दो अन्य अभियुक्तों की तलाश कर रही है जो कथित तौर पर वेंकटेश की हत्या में शामिल थे.
कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने वेंकटेश के निधन पर शोक जताया है.


इमेज स्रोत, Reuters
ग़ज़ा के लिए खाना और दवाइयां लेकर जा रहे एक नए बेड़े को इसराइली सेना ने रोक लिया है.
फ़्रीडम फ़्लोटिला कोएलिशन और थाउज़ेंड मैडलिन्स टू ग़ज़ा की ओर से संयुक्त रूप से संचालित इस बेड़े में नौ नावें और लगभग 150 लोग शामिल थे.
संगठनों के मुताबिक़, इस बेड़े को अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में रोका गया है.
इसराइल के विदेश मंत्रालय ने कहा, “क़ानूनी नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ने और युद्ध क्षेत्र में प्रवेश करने की एक और बेकार कोशिश असफल रही.”
पिछले हफ़्ते, इसराइली सेना ने 42 नौकाओं के एक काफ़िले को रोका था, जो ग़ज़ा में सहायता लेकर जा रहा था.
इस काफ़िले में 479 फ़लस्तीनी समर्थक कार्यकर्ता सवार थे. उनमें स्वीडिश जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग भी शामिल थीं.
उन्हें हिरासत में लेने के बाद निर्वासित कर दिया गया, जबकि 138 लोग अब भी हिरासत में हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संस्थापक जीतन राम मांझी का कहना है कि उनकी पार्टी को कम से कम इतनी सीटें मिलनी चाहिए ताकि उसे मान्यता प्राप्त हो सके.
हम (सेक्युलर) पार्टी बिहार की एनडीए सरकार का हिस्सा है, और वर्तमान में उसके चार विधायक हैं.
बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीख़ों का एलान हो गया है, लेकिन अब तक दोनों ही दलों ने सीट शेयरिंग को लेकर कोई घोषणा नहीं की है.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बातचीत में जीतन राम मांझी ने कहा, “लोकसभा में हमें 2–3 सीटें और राज्यसभा में एक सीट मिलने की बात थी, लेकिन वह मिला नहीं.”
उन्होंने कहा, “हमने किसी से कोई शिकायत नहीं की, चुनाव लड़ा, उसमें जीते और यहां तक पहुंचे.”
मांझी का कहना है कि उनकी पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) को अब तक मान्यता नहीं मिली है.
उन्होंने कहा, “जहां तक विधानसभा की बात है, हमारी पार्टी को मान्यता प्राप्त नहीं हुई है. इसके लायक हमें सीटें मिलें ताकि हम मान्यता प्राप्त कर सकें.”
साथ ही उन्होंने बताया कि सीट शेयरिंग को लेकर अभी तक कुछ तय नहीं हुआ है.
इससे पहले उन्होंने रामधारी सिंह दिनकर की कविता सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट की, जिसे सीट शेयरिंग से जोड़कर देखा जा रहा है.

इमेज स्रोत, Jitan Ram Manjhi/X

इमेज स्रोत, Getty Images
केमिस्ट्री क्षेत्र में मिलने वाले नोबेल पुरस्कार के विजेताओं का एलान कर दिया गया है. इसमें तीन नाम शामिल हैं.
यह पुरस्कार सुसुमु कितागवा, रिचर्ड रॉब्सन और ओमर एम. याग़ी को दिया गया है.
स्वीडन की रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ़ साइंसेज ने बुधवार को इसकी घोषणा की.
उन्हें यह पुरस्कार मेटल–ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क्स के विकास के लिए दिया गया है.
इससे पहले मंगलवार को फ़िजिक्स क्षेत्र में यह पुरस्कार वैज्ञानिक जॉन क्लार्क, माइकल डेवोरेट, जॉन मार्टिनिस को मिला है.
वहीं फिजियोलॉजी और मेडिसिन क्षेत्र में नोबेल कमेटी ने मैरी ई. ब्रंकॉ, फ्रेड रैम्सडेल और शिमॉन साकागुची को नोबेल पुरस्कार देने का एलान किया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा अगर लॉस एंजेलिस या अन्य देशों की यात्रा करना चाहते हैं, तो उन्हें 60 करोड़ रुपये जमा करने होंगे.
लाइव लॉ के मुताबिक, बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुधवार को लुकआउट सर्कुलर रद्द करने की मांग पर यह टिप्पणी की.
कोर्ट ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा से कहा है कि अगर वह लॉस एंजेलिस या अन्य देशों की यात्रा करना चाहते हैं, तो उन्हें पहले 60 करोड़ रुपये जमा करने होंगे.
यह निर्देश उस समय आया जब इस दंपति ने उनके ख़िलाफ़ दर्ज कथित 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में जारी लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) को रद्द करने की मांग करते हुए हाईकोर्ट का रुख किया.
लुकआउट सर्कुलर क्या होता है?
लाइव लॉ के मुताबिक, लुकआउट सर्कुलर एक ऐसा उपकरण है जिसका इस्तेमाल सरकार अपराधों के अभियुक्त व्यक्तियों की आवाजाही को नियंत्रित और सीमित करने के लिए करती है.
यह सुनिश्चित करने का एक तरीक़ा है कि वे देश से फ़रार न हों. कुछ मामलों में, इसका इस्तेमाल विशेष परिस्थितियों में गवाहों के लिए भी किया जाता है.

इमेज स्रोत, INSTAGRAM/RAJVIRJAWANDAOFFICIAL
पंजाब के मशहूर सिंगर राजवीर जवंदा का निधन हो गया है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि राजवीर एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
बीबीसी पंजाबी के मुताबिक़, ये भीषण सड़क हादसा 27 सितंबर की सुबह हिमाचल प्रदेश के बद्दी के पास हुआ था.
हादसे के बाद राजवीर जवंदा को मोहाली के फ़ोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बीबीसी संवाददाता नवजोत कौर ने बताया कि राजवीर लगभग 11 दिनों तक वेंटिलेटर पर रहे.
फ़ोर्टिस अस्पताल ने उनकी मौत की पुष्टि की है. अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 8 अक्तूबर 2025 की सुबह 10:55 बजे राजवीर का निधन हो गया.
27 सितंबर, 2025 को एक सड़क दुर्घटना के बाद उन्हें बहुत गंभीर हालत में अस्पताल लाया था. उनकी रीढ़ की हड्डी और सिर पर गंभीर चोटें आई थीं.
अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, Getty Images
असम के प्रसिद्ध गायक ज़ुबिन गर्ग की मौत को लेकर चल रही जांच में उनके चचेरे भाई संदीपन गर्ग को गिरफ़्तार किया गया है.
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संदीपन को बुधवार की सुबह विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पूछताछ के लिए सीआईडी मुख्यालय बुलाया था और बाद में उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया.
ज़ुबिन गर्ग की मौत के मामले की जांच कर रही एसआईटी के प्रमुख और स्पेशल डीजीपी एम.पी. गुप्ता ने पुलिस अधिकारी की गिरफ़्तारी की बीबीसी से पुष्टि की है.
उन्होंने कहा, "ज़ुबिन गर्ग की मौत की जांच के मामले में हमारी टीम उनसे लगातार पूछताछ कर रही थी और बुधवार सुबह उन्हें गिरफ़्तार किया गया है."

इमेज स्रोत, Facebook
19 सितंबर को सिंगापुर में जिस समय ज़ुबिन गर्ग की मौत हुई थी, उस दौरान संदीपन कथित तौर पर गायक के साथ बीच पर सैर करने गए हुए थे.
सिंगापुर की एक मेडिकल रिपोर्ट में ज़ुबिन गर्ग की मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है. इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है जबकि दिवंगत गायक के कई क़रीबी सहयोगियों से पूछताछ की जा रही है.
इससे पहले ज़ुबिन गर्ग से जुड़े दो निजी सुरक्षा अधिकारियों (पीएसओ) को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया था क्योंकि उनके बैंक खातों में कथित तौर पर एक करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन पाया गया है.
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग से ज़ुबिन गर्ग की मौत के मामले में वित्तीय पहलू की जांच कराने की बात कही है.

इमेज स्रोत, ANI
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर ज़िले में मंगलवार को हुए बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है. ये जानकारी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दी है.
सीएम सुक्खू ने बताया कि पूरी बस मलबे में दब गई थी, जैसे ही सूचना मिली सरकार की ओर से तुरंत कार्रवाई की गई. उन्होंने बताया कि मृत्यु का आंकड़ा 16 हो गया है, एक शव बुधवार सुबह ही मिला है.
सीएम सुक्खू ने कहा, "बहुत दुःखद घटना है. हमारी सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है."
सीएम सुक्खू ने कहा कि जिस तरह से अभी भी बारिश हो रही है और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फ़बारी हो रही है, ऐसे में लोगों को एहतियात बरतना होगा.
इससे पहले बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप धवल ने 15 मृतकों की जानकारी देते हुए कहा था कि इनमें 9 पुरुष, 4 महिलाएं और दो बच्चे हैं.

इमेज स्रोत, Supplied: Monywa A Myint Lann Strike
सेंट्रल म्यांमार में एक धार्मिक उत्सव और प्रदर्शन के दौरान लोगों पर पैरामोटर हमला हुआ. इस हमले में कम से कम 24 लोगों की मौत हुई है और 47 अन्य घायल हुए हैं.
निर्वासित नेशनल यूनिटी गवर्नमेंट के प्रवक्ता ने बीबीसी बर्मीज़ को यह जानकारी दी.
पीपल्स डिफ़ेंस फ़ोर्स से जुड़े एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि सोमवार शाम लगभग 100 लोग चाउंग-यू टाउनशिप में थाडिंगयुत उत्सव में शामिल हुए थे.
ये उत्सव बौद्ध परंपराओं से जुड़ा हुआ है. अधिकारी के मुताबिक़ इस दौरान मोटर से चलने वाले पैराग्लाइडर से भीड़ पर दो बम गिराए गए.
इस उत्सव में जुंटा की नीतियों के विरोध में मोमबत्ती जलाकर प्रदर्शन भी किया जा रहा था.
म्यांमार 2021 में सैन्य तख़्तापलट के बाद से गृह युद्ध की स्थिति में है. संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि इस संघर्ष में अब तक 5 हज़ार से अधिक आम नागरिक मारे जा चुके हैं.

इमेज स्रोत, Reuters
ग़ज़ा शांति वार्ता में बुधवार को अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर शामिल होंगे.
इसराइली और हमास प्रतिनिधियों के बीच मिस्र में वार्ता चल रही है. इन वार्ताओं से जुड़े एक वरिष्ठ फ़लस्तीनी अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि मंगलवार को दूसरे दिन की अप्रत्यक्ष वार्ता बिना किसी ठोस नतीजे के ख़त्म हुई.
वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा, "संभव है कि हम मध्य पूर्व में शांति ला सकें."
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने बातचीत की स्थिति पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन इसराइलियों से कहा कि वे "निर्णायक दिनों" से गुज़र रहे हैं.
एक्स पर एक पोस्ट में नेतन्याहू ने कहा कि इसराइल अपने युद्ध लक्ष्यों को हासिल करने के लिए कार्रवाई जारी रखेगा- "सभी बंधकों की वापसी, हमास शासन का ख़ात्मा और यह वादा कि ग़ज़ा अब इसराइल के लिए ख़तरा नहीं बनेगा."

इमेज स्रोत, ANI
भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ़ मार्शल एपी सिंह ने बुधवार को कहा कि भारतीय वायुसेना ने हर मुकाम पर सामर्थ्य और वीरता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए तिरंगे की आन और शान की हिफ़ाजत की है.
भारतीय वायु सेना दिवस के मौक़े पर उन्होंने कहा, "1947 में कश्मीर की रक्षा, 1965 में आकाश से प्रहार, 1971 में एक नए राष्ट्र की रचना, 1999 में कारगिल में अदम्य साहस, 2019 में बालाकोट में आतंकियों का नाश और इस साल ऑपरेशन सिंदूर में मात्र चार दिनों में शत्रु पर विजय. हमारे वायुवीरों ने हर युग में इतिहास रचा है."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वायु सेना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं.
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारतीय वायु सेना वीरता, अनुशासन और सटीकता की प्रतीक है. उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी हमारे आकाश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी उनकी भूमिका बेहद सराहनीय रही है."
पीएम ने लिखा कि भारत की वायु सेना पर हर भारतीय को गर्व है.