दिल्ली में कार धमाके के बाद दुनियाभर के कई देशों से आई प्रतिक्रिया

दिल्ली में लाल क़िले के पास सोमवार शाम को एक कार में हुए धमाके में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई है.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. पाकिस्तान में 27वां संविधान संशोधन बिल आज सीनेट में होगा पेश, क्या है ख़ास

    शहबाज शरीफ़

    इमेज स्रोत, Dogukan Keskinkilic/Anadolu via Getty Images

    पाकिस्तान में संविधान के 27वें संशोधन के लिए सोमवार को संसद में बिल पेश कर दिया जाएगा. सीनेट के एजेंडे के मुताबिक़ सुबह 11 बजे ये बिल पेश कर दिया जाएगा.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ रेडियो पाकिस्तान का कहना है कि आज शाम साढ़े चार बजे नेशनल असेंबली का सेशन रखा गया है.

    इसमें 27वें संविधान संशोधन बिल के मसौदे पर चर्चा हो सकती है. याद रहे कि रविवार को सीनेट और नेशनल असेंबली की विधि और न्याय संबंधी संयुक्त संसदीय समिति ने 27वें संविधान संशोधन के मूल मसौदे को मंजूरी दे दी थी.

    इसमें देश में संवैधानिक अदालत बनाने, राष्ट्रीय वित्त आयोग के तहत प्रांतीय हिस्सेदारी कम करने पर प्रतिबंध हटाने और सशस्त्र बलों से संबंधित संविधान के अनुच्छेद 243 में बदलाव शामिल हैं.

    अनुच्छेद 243 सशस्त्र बलों से संबंधित है. इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति सशस्त्र बलों का सर्वोच्च कमांडर होता है,जो प्रधानमंत्री के परामर्श से सशस्त्र बलों के प्रमुखों की नियुक्ति करता है और उनके वेतन-भत्ते निर्धारित करता है.

    अनुच्छेद 243 में प्रस्तावित संशोधन के बारे में अकील मलिक ने कहा कि 1973 के बाद पहली बार पीएम ने सेना प्रमुख आसिम मुनीर को फ़ील्ड मार्शल बनाया है और अब उन्हें 'संवैधानिक सुरक्षा' देना ज़रूरी है. इस पद को संविधान में मान्यता मिलनी चाहिए.

  2. शटडाउन ख़त्म करने के लिए अमेरिकी सीनेटरों ने समझौते को दी मंजूरी

    अमेरिकी शटडाउन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी सीनेटरों ने उस समझौते को मंजूरी दे दी है जो देश के इतिहास के सबसे लंबे सरकारी शटडाउन को ख़त्म कर सकता है.

    डेमोक्रेटिक सांसदों के एक समूह ने सीनेट में रिपब्लिकन नेताओं के साथ किए गए समझौते का समर्थन किया है.

    40 दिनों की गतिरोध की स्थिति के बाद शटडाउन ख़त्म करने की राह में ये पहला संकेत है.

    ये समझौता सरकारी सेवाओं को फिर से शुरू करने का रास्ता खोल सकता है.

    लेकिन इस समझौते को अभी भी अमेरिकी संसद से पारित होना होगा और सीनेट में इसके विरोध में खड़े डेमोक्रेट्स इस प्रक्रिया को धीमा कर सकते हैं.

    पिछले कुछ हफ़्तों में शटडाउन की वजह से लाखों सरकारी कर्मचारियों को बिना वेतन के काम करना पड़ा है और पूरे अमेरिका में सेवाओं में रुकावट आई है.

    बीबीसी के उत्तरी अमेरिका संवाददाता का कहना है कि डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी इससे खुश होगी. जबकि यह वोट डेमोक्रेट्स के भीतर और अधिक विभाजन पैदा कर सकता है.

  3. चीन ने कार मैन्युफैक्चरिंग में इस्तेमाल होने वाले चिप्स पर निर्यात कंट्रोल हटाया

    चिप्स

    इमेज स्रोत, Reuters

    चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा है कि उसने कार मैन्युफैक्चरिंग के लिए अहम कंप्यूटर चिप्स के निर्यात पर लगा नियंत्रण हटा लिया है.

    इसमें कहा गया है कि चीन के मालिकाना हक वाली कंपनी नेक्सपीरिया की ओर से सिविल यूज के लिए निर्यात की छूट दी गई है.

    इससे उन कार मैन्युफैक्चरर्स कंपनियों को मदद मिलेगी,जिन्हें डर था कि इससे यूरोप में उत्पादन प्रभावित होगा.

    इसके साथ ही चीन ने सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए अहम कुछ सामग्रियों के अमेरिका को निर्यात पर प्रतिबंध भी हटा लिया है.

    यह घोषणा चीन और अमेरिका के बीच व्यापार तनाव में कमी का संकेत है. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक-दूसरे के देशों पर लगाए गए टैरिफ़ कम करने पर सहमति जताई थी.

  4. दिल्ली में वायु प्रदूषण में लगातार बढ़ोतरी - कार्टून

    कार्टून
  5. दिल्ली में वायु प्रदूषण का कहर जारी, एयर क्वालिटी में लगातार गिरावट

    दिल्ली में वायु प्रदूषण में बढ़ोतरी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली में वायु प्रदूषण में बढ़ोतरी

    दिल्ली में वायु प्रदूषण बढ़ता जा रहा है. एयर क्वालिटी में लगातार गिरावट देखी जा रही है.

    सोमवार को सुबह आठ बजे दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स का औसत (एएक्यूआई) 379 पर था जो 'बहुत ख़राब' की कैटेगरी में आता है.

    इसे रोकने के लिए जीआरएपी-3 के तहत लगाई गईं पाबंदियां भी बेअसर साबित हो रही हैं.

    वायु प्रदूषण

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रविवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स 370 पर था. सोमवार को सुबह दिल्ली में स्मॉग की मोटी चादर दिखी.

    विशेषज्ञों के मुताबिक 301 से 400 का एक्यूआई लोगों में सांस की बीमारियां पैदा कर सकता है.

    वायु प्रदूषण

    इमेज स्रोत, Getty Images

    विशेषज्ञों का मानना है कि दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने से लोग बीमार हो रहे हैं. कई इलाकों में लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है.

    दिल्ली में ख़राब एयर क्वालिटी के ख़िलाफ़ लोगों ने रविवार को इंडिया गेट पर प्रदर्शन किया था.

  6. अमेरिका में शटडाउन ख़त्म होने के आसार, डोनाल्ड ट्रंप ने ये बताया

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि देश में सरकार का शटडाउन जल्दी ही ख़त्म हो जाएगा.

    सीएनएन की ओर से इस बारे में दो लोगों के हवाले से ख़बर छापे जाने के बाद ट्रंप ने ये प्रतिक्रिया दी.

    इन लोगों ने बताया कि सीनेट में आठ डेमोक्रेटिक सेंट्रिस्ट सांसदों और रिपब्लिकन नेताओं के बीच बातचीत के बाद शटडाउन ख़त्म होने के आसार बढ़ गए हैं.

    बातचीत के बारे में कहा गया है कि सौदेबाजी पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से शुरू की गई अफोर्डेबल केयर सब्सिडी को समर्थन देने की शर्त पर हुई.

    सीएनएन की इस ख़बर के बाद ट्रंप ने कहा. ''ऐसा लगता है कि हम शटडाउन ख़त्म करने के बेहद करीब हैं.''

    शटडाउन की वजह से अमेरिका में कई सरकारी कामकाज बंद हो जाते हैं और कई विभागों के लोगों को बिना वेतन के काम करना पड़ता है. पिछले सप्ताह शटडाउन की वजह से एयर ट्रैफ़िक कंट्रोलर की कमी हो गई थी और अमेरिका में हजारों उड़ानें या तो कैंसिल हो गई थीं या उनमें देरी हुई थी.

  7. राहुल गांधी ने कहा- 'ख़राब हवा के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने वालों के साथ अपराधियों जैसा सलूक क्यों?'

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को बढ़ते वायु प्रदूषण और ख़राब एयर क्वालिटी के ख़िलाफ़ प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों को हिरासत में लिए जाने की आलोचना की है.

    इन लोगों को बगैर अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था.

    राहुल गांधी ने कहा, ''यहां लोग साफ़ हवा की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे. लेकिन ऐसे नागरिकों के साथ 'अपराधियों' जैसा व्यवहार क्यों कर रहे हैं.''

    राहुल गांधी ने कहा कि सरकार को नागरिकों पर कार्रवाई करने के बजाय प्रदूषण पर तुरंत निर्णायक कदम उठाने चाहिए.

    राहुल गांधी ने पर्यावरणविद विमलेंदु झा की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए ये बातें कहीं.

    झा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर लिखा था, ''प्रदर्शनकारियों को 'उठा लिया गया और 'बस में ठूंस दिया गया.''

    दिल्ली में प्रदूषण के ख़िलाफ़ 9 नवंबर को प्रदर्शन के लिए इंडिया गेट पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे.

    पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौक़े से हटा दिया और कई को हिरासत में ले लिया था.

    प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लिए हुए थे. वो नारे लगा रहे थे और साफ़ हवा के लिए सरकार की ओर से कार्रवाई की मांग कर रहे थे.

    प्रदर्शन में अलग-अलग उम्र के पुरुष, महिलाएं और कई स्टूडेंट्स शामिल रहे. साथ ही आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज जैसे कुछ विपक्षी नेता भी मौजूद थे.

  8. नमस्कार! बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    एआई कंपनियाँ लाखों भारतीयों को मुफ़्त में क्यों देना चाहती हैं प्रीमियम टूल्स

    एलन मस्क अपना पैसा इस तरह ख़र्च करते हैं

    रिपोर्ट का दावा- बिहार चुनाव के दौरान उम्मीदवारों ने फ़ेसबुक से जारी रखी कमाई

    बिहार चुनाव: क्या महिलाएं चुनाव नतीजों की दिशा बदलने वाली 'साइलेंट फ़ोर्स' बन रही हैं