बीबीसी के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और न्यूज़ सीईओ डेबोरा टर्नेस का इस्तीफ़ा

यह इस्तीफ़ा उस आलोचना के बाद दिया गया जिसमें कहा गया था कि बीबीसी पैनोरमा डॉक्यूमेंट्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण को एडिट करके दर्शकों को गुमराह किया.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, सुमंत सिंह

  1. बीबीसी के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और न्यूज़ सीईओ डेबोरा टर्नेस का इस्तीफ़ा

    बीबीसी

    बीबीसी के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और न्यूज़ सीईओ डेबोरा टर्नेस ने इस्तीफ़ा दे दिया है.

    यह इस्तीफ़ा उस आलोचना के बाद दिया गया जिसमें कहा गया था कि बीबीसी पैनोरमा डॉक्यूमेंट्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण को एडिट करके दर्शकों को गुमराह किया.

    एक बयान में टिम डेवी ने कहा, "कुछ गलतियां हुई हैं, और डायरेक्टर जनरल होने के नाते इसकी पूरी ज़िम्मेदारी मुझे लेनी होगी."

  2. नमस्कार!

    अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  3. शशि थरूर ने नेहरू-इंदिरा का ज़िक्र कर आडवाणी पर ऐसा क्या कहा जिससे कांग्रेस ने किया किनारा

    आडवाणी और थरूर

    इमेज स्रोत, X/@ShashiTharoor

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने आडवाणी के साथ अपनी यह तस्वीर भी साझा की है

    बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देने के बाद कांग्रेस नेता शशि थरूर कई लोगों के निशाने पर आ गए हैं.

    दरअसल, शनिवार को शशि थरूर ने लिखा, “आदरणीय एलके आडवाणी को 98वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. जनसेवा के प्रति उनका अटूट समर्पण, सादगी, शालीनता, और आधुनिक भारत की दिशा तय करने में उनकी भूमिका यादगार है. वो एक सच्चे राजनेता हैं, जिनका जीवन सेवा और आदर्श का प्रतीक रहा है.”

    उनके इस पोस्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील संजय हेगड़े ने प्रतिक्रिया दी.

    संजय हेगड़े ने लिखा, “माफ़ कीजिए श्रीमान थरूर इस देश में 'नफ़रत के अजगर के बीज' (खुशवंत सिंह के शब्दों में) बोना जनसेवा नहीं है.”

    इस पर जवाब देते हुए शशि थरूर ने लिखा, “आपसे सहमत हूं संजय, लेकिन सेवा के उनके लंबे कार्यकाल को एक मामले तक सीमित करना उचित नहीं है. नेहरू जी के संपूर्ण जीवन को महज़ चीन से मिले झटके तक सीमित नहीं किया जा सकता है. न ही इंदिया गांधी के बारे में केवल इमरजेंसी को सामने रखकर फ़ैसला किया जा सकता है. मुझे लगता है कि हमें आडवाणी जी के बारे में भी यही नज़रिया अपनाना चाहिए.”

    संजय हेगड़े ने इसके बाद फिर से थरूर को जवाब दिया और लिखा, “रथ यात्रा महज़ एक एपिसोड नहीं थी. यह एक लंबी यात्रा थी, जो भारतीय गणतंत्र के सिद्धांतों के बुनियाद को पटलने के लिए निकाली गई थी. इसी ने बाद में 2002 और 2014 के लिए स्टेज तैयार किया.”

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शशि थरूर के ताज़ा बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

    पवन खेड़ा ने लिखा, "हमेशा की तरह डॉक्टर शशि शरूर ने अपनी बात की है और कांग्रेस पार्टी उनके ताज़ा बयान से ख़ुद को अलग करती है. एक कांग्रेस सांसद और कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य होने से बाद भी वो ऐसा करते रहते हैं, जो कांग्रेस के अंदर लोकतंत्र को दिखाता है."

  4. फ़िलीपींस पहुंचा 'फ़ंग वॉन्ग' तूफ़ान, भारी बारिश और तेज़ हवाएं जारी

    फिलीपींस में तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, फिलीपींस में भारी बारिश जारी है

    तूफ़ान 'फ़ंग वॉन्ग' फ़िलीपींस के ज़मीनी इलाक़े से टकरा चुका है. इस दौरान तेज़ हवाओं और भारी बारिश का कहर जारी है.

    फ़िलीपींस में मौजूद बीबीसी दक्षिण-पूर्व एशिया संवाददाता जोनाथन हेड के मुताबिक़, पूर्वी लूज़ोन में तेज़ हवाएं चल रही हैं. चारों तरफ़ मलबा उड़ रहा है. यहां तेज़ बारिश हो रही है और सड़कों पर भारी पानी बह रहा है.

    उन्होंने बताया, "इस सीज़न में फ़िलीपींस में यह पहला तूफ़ान नहीं है, लेकिन इसकी तीव्रता को देखते हुए यह कह सकते हैं कि यह सबसे बड़ा तूफ़ान है. इसकी वजह से भारी बारिश हो रही है और अधिकारी चिंता में हैं."

    बीबीसी संवाददाता के मुताबिक़, "फ़िलीपींस के लोग मज़बूत इमारतों में शरण ले रहे हैं. इससे पहले तटीय इलाक़ों से लोगों को हटाकर सुरक्षित ठिकानों में पहुंचाया गया है. लोगों को स्पोर्ट्स सेंटर और सिटी हॉल में शिफ़्ट किया गया है."

    "तूफ़ान की वजह से हो रही भारी बारिश से भूस्खलन और अचानक आने वाली बाढ़ का ख़तरा भी है. एक हफ़्ते पहले ही सेंट्रल फ़िलीपींस में अचानक आई बाढ़ की वजह से कई सारे लोग मारे गए हैं."

    फ़िलीपींस में तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, तूफ़ान की वजह से लोगों को स्पोर्ट्स सेंटर और सिटी हॉल में शिफ़्ट किया गया है

    इससे पहले जानकारी मिली थी कि तूफ़ान 'फ़ंग वॉन्ग' के टकराने के दौरान 185 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से हवाएं चलने की आशंका है. हवा की रफ़्तार 230 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

    इस तूफ़ान को 'सुपर टाइफ़ून' का दर्जा दिया गया है. फ़िलीपींस की मौसम सेवा ने चेतावनी दी है कि तीन मीटर (10 फ़ुट) से भी ज़्यादा ऊंची समुद्री लहरें उठ सकती हैं.

    'फ़ंग वॉन्ग' की वजह से तक़रीबन दस लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

    फ़िलीपींस में तूफ़ान

    इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, फ़िलीपींस की सड़कों पर पानी भरा है
  5. कपिल सिब्बल ने बिहार चुनाव को लेकर रेलवे पर लगाया आरोप, मंत्रालय ने दिया यह जवाब

    कपिल सिब्बल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कपिल सिब्बल ने इस मामले पर रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से जवाब की मांग की (फ़ाइल फ़ोटो)

    राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने दावा किया है कि बिहार चुनाव के लिए हरियाणा से क़रीब छह हज़ार लोगों को चार स्पेशल ट्रेनों के ज़रिए बिहार पहुंचाया गया.

    कपिल सिब्बल ने इस मुद्दे पर रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से जवाब मांगा है.

    उन्होंने दावा किया, "तीन नवंबर को सुबह 10 बजे करनाल से एक ट्रेन चली और पानीपत होते हुए बरौनी (बिहार) गई. इसमें 1500 लोग थे. एक अन्य ट्रेन उसी दिन 11 बजे करनाल से चली. यह पटना होते हुए भागलपुर गई. इसमें भी 1500 लोग थे."

    "तीसरी ट्रेन तीन बजे चली और चौथी ट्रेन चार बजे चली. ये दोनों ट्रेनें गुरुग्राम से चलीं और पटना होते हुए भागलपुर पहुंची. इन दोनों में तीन हज़ार लोग थे. इन चारों ट्रेनों में छह हज़ार लोग थे."

    कपिल सिब्बल ने आरोप लगाया, "ये लोग या तो बिहार से हैं इसलिए वहाँ वोट करने गए या इन्हें भेजा गया है. अगर ये सही मतदाता हैं तो ख़ुद से ट्रेन लेकर जाएंगे. इन्हें स्पेशल ट्रेन की ज़रूरत नहीं है."

    "लेकिन अगर उन्हें किसी प्लान के तहत पहुँचाया गया है, और धांधलेबाज़ी होती रही है, ये सबको पता है. मैं रेल मंत्री जी से पूछना चाहता हूं कि क्या वाकई में ये स्पेशल ट्रेनें चलीं या नहीं? वह सार्वजनिक तौर पर इसकी जानकारी दें."

    कपिल सिब्बल के इस आरोप पर रेल मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए जवाब दिया है.

    रेल मंत्रालय ने बताया, "इस त्यौहारी सीज़न में रेलवे 12 हज़ार स्पेशल ट्रेनें चला रहा है. इनमें से 10,700 ट्रेनों का समय निर्धारित है, जबकि क़रीब दो हज़ार ट्रेनों का समय निर्धारित नहीं है."

    बयान में कहा गया, "रेलवे तीन स्तर पर वॉर रूम संचालित कर रहा है- मंडल, ज़ोन और रेलवे बोर्ड. जब भी किसी स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ती है, तो ऐसे वक़्त पर जिन ट्रेनों का समय निर्धारित नहीं है वे तुरंत चलाई जाती हैं."

    रेलवे का बयान

    इमेज स्रोत, X/@RailMinIndia

    इमेज कैप्शन, चार स्पेशल ट्रेनों पर रेलवे की जानकारी

    रेल मंत्रालय ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए इन चार ट्रेनों से संबंधित एक आवेदन साझा किया है. इसमें तीन नवंबर को यात्रियों की भीड़ को निकालने के लिए चार स्पेशल ट्रेनें चलाने की जानकारी है.

    रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक़, यह आवेदन दो नवंबर को किया गया था.

    इससे पहले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी रेलवे पर ऐसा ही आरोप लगा चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रवासी मज़दूरों के लिए रेलवे स्पेशल ट्रेनें चला रहा है ताकि वो बीजेपी के पक्ष में वोट कर सकें.

  6. फ़िलीपींस में तूफ़ान की वजह से दस लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया

    फ़िलीपींस में तूफ़ान

    इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, तूफ़ान के दौरान तीन फ़ुट ऊंची लहरें उठने की आशंका है

    फ़िलीपींस में तूफ़ान 'फ़ंग वॉन्ग' की वजह से तक़रीबन दस लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. इस तूफ़ान के रविवार शाम तक फ़िलीपींस के ज़मीनी इलाक़े से टकराने की आशंका है.

    इस तूफ़ान को 'सुपर टाइफ़ून' का दर्जा दिया गया है. तूफ़ान 'फ़ंग वॉन्ग' के दौरान 185 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से हवाएं चलने की आशंका है. हवा की रफ़्तार 230 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

    फ़िलीपींस की मौसम सेवा ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम दिशा में लूज़ोन की ओर तूफ़ान के बढ़ने के दौरान तीन मीटर (10 फ़ुट) से भी ज़्यादा ऊंची तक की समुद्री लहरें उठ सकती हैं.

    लूज़ोन, फ़िलीपींस का सबसे अधिक आबादी वाला द्वीप है.

    कुछ दिन पहले ही फ़िलीपींस ने एक अन्य तूफ़ान की तबाही झेली है. 'कालमेगी' तूफ़ान की वजह से लगभग 200 लोगों की जान गई थी.

  7. दिल्ली में प्रदूषण के ख़िलाफ़ इंडिया गेट पर प्रदर्शन, कई लोगों को हिरासत में लिया गया, उमंग पोद्दार, बीबीसी संवाददाता

    दिल्ली में विरोध प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है

    दिल्ली में प्रदूषण के ख़िलाफ़ प्रदर्शन के लिए इंडिया गेट पर रविवार को दर्जनों लोग इकट्ठा हुए. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौक़े से हटा दिया है और कइयों को हिरासत में ले लिया है.

    प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाए और साफ़ हवा के लिए सरकार की ओर से कार्रवाई की मांग की.

    प्रदर्शन में अलग-अलग उम्र के पुरुष, महिलाएं और कई स्टूडेंट्स शामिल रहे. साथ ही आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज जैसे कुछ विपक्षी नेता भी मौजूद रहे.

    दिल्ली में प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, प्रदर्शकारी हाथों में तख्तियां लेकर इंडिया गेट पहुंचे थे

    प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने माइक पर प्रदर्शनकारियों से कहा, "यह प्रतिबंधित क्षेत्र है, जहां पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है."

    उन्होंने कहा, "प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी."

    दिल्ली में प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, प्रदर्शन में कई स्टूडेंट्स शामिल हुए

    पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से जंतर-मंतर जाने की अपील की. पुलिस का कहना है कि विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल जंतर-मंतर है.

    हालांकि, जब प्रदर्शनकारी इंडिया गेट के पास धरने पर बैठ गए, तो दिल्ली पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया और उन्हें वहां से हटाया.

    दिल्ली पुलिस
    इमेज कैप्शन, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है
  8. दिल्ली में प्रदूषण के ख़िलाफ़ इंडिया गेट पर हो रहे विरोध प्रदर्शन को पुलिस ने रोका

    इंडिया गेट पर तैनात दिल्ली पुलिस
    इमेज कैप्शन, इंडिया गेट पर दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फ़ोर्स के जवान तैनात हैं

    राजधानी दिल्ली में प्रदूषण और ख़राब एयर क्वालिटी के ख़िलाफ़ इंडिया गेट पर होने वाले विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने अपील की है कि सभी लोग प्रक्रिया का पालन करते हुए जंतर-मंतर में प्रदर्शन करें.

    डीसीपी देवेश कुमार ने मीडिया से कहा, "इंडिया गेट विरोध प्रदर्शन की जगह नहीं है. सुप्रीम कोर्ट की ओर से नई दिल्ली में जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के तौर पर चुना गया है. इंडिया गेट में किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं है."

    उन्होंने कहा, "यहां पब्लिक आती है और अपने परिवार के साथ एंजॉय करती है. हम इसे विरोध प्रदर्शन की जगह नहीं बना सकते. इसलिए सबको सलाह दी जाती है कि आप गाइडलाइन को फ़ॉलो करें, नियम को मानें."

    "एक आवेदन देकर और प्रक्रिया का पालन करते हुए जंतर-मंतर में विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं. वहां पर हम अनुमति भी देते हैं."

    दिल्ली में ख़राब हवा के ख़िलाफ़ रविवार, नौ नवंबर को शाम पांच बजे इंडिया गेट पर विरोध प्रदर्शन बुलाया गया था.

    दंगा नियंत्रण वाहन
    इमेज कैप्शन, इंडिया गेट पर दंगा नियंत्रण वाहन भी मौजूद हैं

    इंडिया गेट पर मौजूद बीबीसी संवाददाता उमंग पोद्दार के मुताबिक़, विरोध प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फ़ोर्स के जवान तैनात हैं. मौके पर दंगा नियंत्रण वाहन भी मौजूद हैं.

    पुलिस इंडिया गेट पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दे रही है और लोगों से जंतर-मंतर पर जाने की अपील कर रही है.

  9. केरल में वंदे भारत ट्रेन के उद्घाटन समारोह में स्टूडेंट्स के किस गीत पर हुआ विवाद, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए

    वंदे भारत

    इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty

    इमेज कैप्शन, केरल के एर्नाकुलम से बेंगलुरु के लिए वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन हुआ है (फ़ाइल फ़ोटो)

    केरल के एर्नाकुलम से बेंगलुरु तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन के उद्घाटन समारोह के दौरान स्कूल के स्टूडेंट्स ने एक गीत गाया. इस गीत को लेकर केरल में विवाद खड़ा हो गया है.

    राज्य के सामान्य शिक्षा मंत्री के. सिवनकुट्टी ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं.

    दक्षिण रेलवे ने सोशल मीडिया पर इस गाने को पोस्ट किया है. मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है और इसे "आरएसएस का गीत" बताते हुए "बहुत ही निंदनीय" कहा है.

    मुख्यमंत्री ने कहा, "सरकारी कार्यक्रम में सांप्रदायिक घृणा और विभाजन की राजनीति को बढ़ावा देने वाले गीत को शामिल करना संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन है. संघ परिवार का रेलवे जैसे देश के सबसे बड़े सार्वजनिक उपक्रम का इस्तेमाल अपनी सांप्रदायिक राजनीति के प्रसार के लिए करना अस्वीकार्य है."

    इसी तरह की प्रतिक्रिया केरल विधानसभा के विपक्ष के नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य रमेश चेन्निथला और एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी दी है.

    हालांकि, सरस्वती विद्यानिकेतन स्कूल के प्राचार्य केपी डिन्टो ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा कि गीत में कोई भी बांटने वाली बात नहीं है. उन्होंने कहा, "गीत में किसी धर्म के ख़िलाफ़ एक भी शब्द नहीं है. इससे उलट यह गीत सबको साथ मिलकर रहने का संदेश देता है."

    यह स्कूल आरएसएस से जुड़े एक ट्रस्ट, राष्ट्रोत्थान परिषद की ओर से संचालित किया जाता है.

    घटनाक्रम के बारे में प्राचार्य ने बताया, "हमारे स्कूल के बच्चों को एर्नाकुलम से त्रिशूर तक नई ट्रेन की यात्रा के लिए चुना गया था. कार्यक्रम को कवर कर रहे कुछ मीडियाकर्मियों ने बच्चों से गाने के लिए कहा. पहले बच्चों ने वंदे मातरम गाया, फिर कुछ अन्य पत्रकारों ने उनसे दूसरा गीत गाने को कहा, तो उन्होंने एक और देशभक्ति गीत गा दिया जिसे वे जानते थे."

    डिन्टो ने आगे कहा, "दरअसल, यह गाना 'एकता में विविधता' की बात करता है, जिसके बारे में हमारे पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने बात की है और यह हमारे संविधान की मूल भावना में शामिल है. एक महीने पहले यही गीत एक अल्पसंख्यक संस्थान के स्कूल के बच्चों ने भी गाया था."

    स्कूल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि वह गीत एक देशभक्ति मलयालम गीत था. प्राचार्य ने पत्र का हवाला देते हुए कहा, "हमारा विनम्र सवाल है कि क्या हमारे बच्चे मातृभूमि की प्रशंसा करने वाला देशभक्ति गीत नहीं गा सकते?"

    इस बीच शिक्षा मंत्री सिवनकुट्टी ने यह पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं कि क्या बच्चों को किसी आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल करने में कोई चूक हुई थी.

  10. मेघालय के आकाश कुमार ने फ़र्स्ट क्लास में लगाई सबसे तेज़ फ़िफ़्टी, लगातार जड़े आठ छक्के

    सूरत क्रिकेट स्टेडियम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के बीच सूरत में मैच खेला जा रहा है

    मेघायल के क्रिकेटर आकाश कुमार ने घरेलू क्रिकेट में सबसे तेज़ अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने महज़ 11 गेंदों में यह कारनामा किया है.

    आकाश कुमार ने रणजी ट्रॉफ़ी के प्लेट ग्रुप मैच में अरुणाचल प्रदेश के ख़िलाफ़ यह रिकॉर्ड बनाया. यह मैच सूरत में खेला जा रहा है.

    आकाश ने अपनी पारी में कुल 14 गेदें खेलीं और 50 रन बनाए.

    ख़ास बात यह है कि इस पारी में उन्होंने लगातार आठ छक्के जड़े. फ़र्स्ट क्लास क्रिकेट में लगातार आठ छक्के लगाने वाले वह पहले खिलाड़ी बन गए हैं.

    इस मैच की पहली पारी में मेघालय ने छह विकेट के नुक़सान पर 628 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. इसके जवाब में अरुणाचल प्रदेश की पहली पारी महज़ 73 रन पर सिमट गई.

  11. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने एसआईआर को बताया 'साजिश', मताधिकार पर भी बोले

    एमके स्टालिन

    इमेज स्रोत, R. SATISH BABU/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, चुनाव आयोग ने तमिलनाडु समेत देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर का एलान किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राज्य में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न यानी एसआईआर पर सवाल उठाए हैं.

    स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु में 'एसआईआर का ख़तरा' है और लाखों लोगों के 'मताधिकार पर सवाल' खड़े हो गए हैं. उन्होंने एसआईआर को एक 'साजिश' बताया है.

    मुख्यमंत्री स्टालिन ने एक्स पर लिखा, "स्पेशल इंटेंसिव वोटर लिस्ट रिवीज़न नाम की साजिश के जाल में फंसने से हमारे लोगों को बचाने की ज़िम्मेदारी डीएमके के हर सदस्य की है."

    उन्होंने कहा, "हम सभी मतदान केंद्रों पर निगरानी बढ़ाएंगे और अपना कर्तव्य निभाएंगे."

    एमके स्टालिन के मुताबिक़, 11 नवंबर को तमिलनाडु के सभी ज़िलों में एसआईआर के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे.

    बीते दिनों चुनाव आयोग ने एसआईआर के दूसरे फेज़ का एलान किया है.

    चुनाव आयोग ने कहा है कि देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इनमें तमिलनाडु भी शामिल है.

  12. बिहार चुनाव: अखिलेश यादव ने समस्तीपुर में लावारिस वीवीपैट पर्चियों पर उठाए सवाल

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों की वजह से चुनाव आयोग की प्रतिष्ठा पर सवाल उठ रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार के समस्तीपुर में लावारिस हालत में वीवीपैट पर्चियां मिलने पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है.

    अखिलेश यादव ने कहा, "बीजेपी और उसके संगी-साथी लोकतंत्र में नहीं लूटतंत्र में विश्वास करते हैं. इन्होंने हमेशा पिछले दरवाज़े वाली 'ख़ुफ़ियाखोरी' का काम किया है."

    उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों की वजह से चुनाव आयोग की प्रतिष्ठा पर सवाल उठ रहे हैं.

    अखिलेश यादव ने कहा, "चुनाव आयोग में ईमानदार लोगों की उपेक्षा हो रही है. मिलीभगत से चुनावी गोरखधंधे में शामिल कुछ अधिकारियों की वजह से चुनाव आयोग की शुचिता और प्रतिष्ठा पर जो आंच आई है, उसे दूर करना ही होगा."

    शनिवार को समस्तीपुर के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र में वीवीपैट पर्चियां मिली थीं. ज़िला प्रशासन के मुताबिक़, ये पर्चियां ईवीएम कमिशनिंग के दौरान की हैं, मतदान से इनका कोई संबंध नहीं है.

    इस मामले में मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि लापरवाही के लिए संबंधित एआरओ को निलंबित कर दिया गया है और एफ़आईआर दर्ज की जा रही है.

    वहीं, समस्तीपुर के डीएम रोशन कुशवाहा ने बताया कि प्रशासन ने उम्मीदवारों की मौजूदगी में उन पर्चियों को सीज़ कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है.

  13. फ़िलीपींस पर अब इस तूफ़ान का ख़तरा, 185 किलोमीटर की रफ़्तार से चलेंगी हवाएं

    फ़िलीपींस में तूफ़ान

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कुछ दिन पहले ही फ़िलीपींस में 'कालमेगी' तूफ़ान आया था

    फ़िलीपींस में 'कालमेगी' तूफ़ान के बाद 'फ़ंग वॉन्ग' तूफ़ान का ख़तरा बना हुआ है. यह तूफ़ान देश के सबसे बड़े द्वीप लूज़ोन की ओर बढ़ रहा है.

    इस इलाक़े में पहले से ही लोगों की ज़िंदगियां "बदतर हालात" में है.

    फ़िलीपींस का पूर्वी बीकोल इलाक़ा रविवार सुबह सबसे पहले इस तूफ़ान की चपेट में आया. रविवार रात तक लूज़ोल द्वीप में इस तूफ़ान के पहुंचने की आशंका है. फ़िलीपींस की मुख्य आबादी इसी इलाक़े में रहती है.

    देश की मौसम सेवा पगासा के मुताबिक़, 'फ़ंग वॉन्ग' तूफ़ान के दौरान 185 किलोमीटर प्रति घंटा (155 मील प्रति घंटा) की रफ़्तार से हवाएं चलने और मूसलाधार बारिश की आशंका है.

    'फ़ंग वॉन्ग' तूफ़ान को 'सुपर टाइफ़ून' का दर्जा दिया गया है. इसे स्थानीय तौर पर उवान कहा गया है.

    कुछ दिन पहले फ़िलीपींस ने एक अन्य तूफ़ान की तबाही झेली है. 'कालमेगी' तूफ़ान की वजह से लगभग 200 लोगों की जान गई थी.

  14. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक इस लाइव ब्लॉग के जरिए ताज़ा ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    इस समय आप बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  15. आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर लगाया ये आरोप

    सौरभ भारद्वाज

    इमेज स्रोत, ANI

    आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर आरोप लगाया है कि वह कुछ सरकारी अस्पतालों को प्राइवेट हाथों में देने की तैयारी में है. आप के मुताबिक़, इन अस्पतालों का निर्माण आप सरकार के कार्यकाल में शुरू हुआ था.

    हालांकि इन आरोपों पर दिल्ली सरकार की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं आया है.

    आप नेता सौरभ भारद्वाज ने रविवार को न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "दिल्ली में क़रीब 24 अस्पतालों का निर्माण अरविंद केजरीवाल की सरकार के दौरान शुरू किया गया था, जिनमें सरकारी अस्पतालों में हज़ारों बेड शुरू किए जाने थे."

    उन्होंने कहा, "एक वीडियो सामने आई, जिसमें दिखा कि प्राइवेट अस्पताल के साथ 1470 बेड का सरकारी अस्पताल लगभग तैयार है, लेकिन दिल्ली की मौजूदा सरकार उसके लिए कोई क़दम नहीं उठा रही है."

    सौरभ भारद्वाज ने कहा, "हमें सूचना मिली है कि दिल्ली के जितने भी अस्पताल बनाए जा रहे थे, उन्हें सरकार प्राइवेट हाथों में देने की योजना बना रही है."

    उन्होंने सवाल उठाया, "अगर सरकारी अस्पतालों को प्राइवेट हाथों में दे दिया जाएगा तो जनता को क्या फायदा होगा? यह सीधे-सीधे प्राइवेट अस्पतालों को लाभ पहुंचाने वाली बात है."

  16. अमेरिका: फ़्लोरिडा में तेज़ रफ़्तार कार बार से टकराई, 4 लोगों की मौत

    फ़्लोरिडा

    इमेज स्रोत, Tampa Bay Times

    इमेज कैप्शन, पुलिस कर रही थी कार का पीछा, ड्राइवर ने बार से टकरा दी कार

    अमोरिका में फ़्लोरिडा के टेम्पा शहर में शनिवार तड़के एक हादसा हुआ, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए.

    पुलिस एक गाड़ी का पीछा कर रही थी और इसी दौरान तेज़ रफ़्तार कार एक बार से जा टकराई.

    पुलिस ने कहा कि कार का पीछा करने के दौरान वो तेज़ रफ्तार कार को रोक नहीं पाए और लापरवाही के कार चला रहे शख़्स ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार बार के बाहरी हिस्से से टकरा गई.

    इस घटना में तीन लोगों की मौके़ पर ही मौत हो गई और एक की मौत अस्पताल में हुई. वहीं कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.

    22 साल के अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है.

  17. तेज प्रताप ने अपनी जान को ख़तरा बताया, तेजस्वी को दी जन्मदिन की बधाई

    तेज प्रताप यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने अपनी जान को ख़तरा बताया है.

    उन्होंने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मेरे ऊपर ख़तरा है और लोग मेरी हत्या भी करवा देंगे. दुश्मन सब लगा हुआ है."

    वहीं आज उनके छोटे भाई और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का जन्मदिन है. उनके जन्मदिन पर बड़े भाई तेज प्रताप ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं.

    उन्होंने कहा, "तेजस्वी का जन्मदिन है. जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं, उज्ज्वल भविष्य हो, आशीर्वाद है."

    तेजस्वी यादव ने बीते रविवार को महुआ विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी मुकेश रौशन के लिए रैली की थी.

    महुआ से ही तेजस्वी के बड़े भाई तेज प्रताप यादव चुनावी मैदान में हैं. मुकेश रौशन महुआ के मौजूदा विधायक हैं.

  18. सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा अमेरिका पहुंचे, जानिए कारण

    अहमद अल-शरा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अहमद अल-शरा और डोनाल्ड ट्रंप की इस साल मई के अंत में मुलाक़ात हुई थी

    सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाक़ात करने के लिए अमेरिका पहुंच गए हैं.

    अहमद अल-शरा पूर्व में एक इस्लामी चरमपंथी समूह के नेता थे और अमेरिका ने उनके ऊपर एक करोड़ डॉलर का इनाम रखा था.

    ऐसा माना जा रहा है कि अहमद अल-शरा के नेतृत्व में सीरिया, आईएसआईएस के ख़िलाफ़ अमेरिका का साथ देने जा रहा है.

    सोमवार को होने वाली बैठक के दौरान सीरियाई और अमेरिकी राष्ट्रपति सीरिया के पुनर्निर्माण पर भी चर्चा करेंगे.

    दूसरी ओर, अहमद अल-शरा के अमेरिका पहुंचने से पहले, सीरिया के गृह मंत्रालय ने तथाकथित इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) के ठिकानों पर हमलों की घोषणा की थी.

    सीरियाई गृह मंत्रालय के मुताबिक़, सेना ने देश के कई प्रांतों में आईएसआईएस के ठिकानों को निशाना बनाया है.

  19. 'डिजिटल गोल्ड' या 'ई-गोल्ड' को लेकर सेबी ने दी ये चेतावनी

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    शनिवार को मार्केट्स रेगुलेटर सेबी ने निवेशकों को डिजिटल या ई-गोल्ड उत्पादों में निवेश को लेकर चेतावनी दी.

    सेबी ने कहा कि ऐसे इंस्ट्रूमेंट उसके नियामक ढांचे के दायरे में नहीं आते और इनमें बड़ा जोखिम है.

    ये चेतावनी ऐसे समय आई है जब सेबी ने देखा कि कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म 'डिजिटल गोल्ड' या 'ई-गोल्ड' को फिज़िकल गोल्ड में निवेश के आसान विकल्प के रूप में प्रमोट कर रहे हैं.

    सेबी की ओर से जारी बयान में कहा, "इस संदर्भ में बताया जाता है कि ऐसे डिजिटल गोल्ड उत्पाद सेबी रेगुलेटेड गोल्ड प्रोडक्ट्स से अलग हैं, क्योंकि न तो इन्हें सिक्योरिटीज़ के रूप में नोटिफाई किया गया है और न ही ये कमोडिटी डेरिवेटिव्स के रूप में रेगुलेटेड हैं. ये पूरी तरह से सेबी के दायरे से बाहर ऑपरेट करते हैं."

  20. राहुल गांधी ने 'वोट चोरी' का ज़िक्र कर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ पर क्या कहा?

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने दावा किया है कि पिछले साल हरियाणा में हुए विधानसभा चुनावों में डाले गए हर आठ में से एक वोट फ़र्ज़ी था

    लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को एक बार फिर 'वोट चोरी' का ज़िक्र करते हुए चुनाव आयोग पर आरोप लगाए.

    पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, "मैंने हरियाणा वाला प्रेज़ेंटेशन किया था, उसमें आपने साफ़ देखा कि 25 लाख वोट चोरी हुए हैं."

    उन्होंने कहा, "उस डेटा को देखने के बाद मेरा मानना है कि यही मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी हुआ है."

    राहुल गांधी ने इस 'वोट चोरी' को बीजेपी और चुनाव आयोग का सिस्टम बताया है.

    कांग्रेस सांसद का कहना है कि हमारे पास अलग-अलग जानकारियां हैं और हम आने वाले समय में उन्हें सामने रखेंगे.

    राहुल गांधी ने कहा, "हमारे पास और भी सबूत हैं और वह हम धीरे-धीरे दिखाएंगे. असली मुद्दा वोट चोरी का है और चुनाव आयोग उसको कवर-अप करने की कोशिश कर रहा है."