दिल्ली में कार धमाके के बाद दुनियाभर के कई देशों से आई प्रतिक्रिया

इमेज स्रोत, Getty Images
दिल्ली में लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार धमाके के बाद दुनिया के कई देशों से प्रतिक्रिया आई है.
भारत में ईरान के दूतावास ने दिल्ली में हुए कार धमाके की घटना में कई आम लोगों की मौत और घायलों के प्रति गहरा दुःख जताया है.
दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "भारत की सरकार और जनता के प्रति ईरान अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है. दूतावास पीड़ितों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति भी अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है."
ईरान ने धमाके में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.
वहीं बांग्लादेश ने भी दिल्ली में एक कार धमाके में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं ज़ाहिर की हैं.
भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज़ हमीदुल्लाह ने एक्स पर लिखा, “मैं और बांग्लादेश उच्चायोग के सहयोगी दिल्ली के लाल क़िले में हुए कार विस्फोट में भारतीयों की मौत और कई अन्य घायलों को लेकर गहरा शोक व्यक्त करते हैं."
"हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं, जिनमें उनके परिवार भी शामिल हैं. इस कठिन समय में बांग्लादेश भारत के साथ खड़ा है.”
भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने भी इस घटना पर शोक जताया है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “दिल्ली के लाल क़िले के पास आज शाम हुई घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं.”
“हमारी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं.”
भारत में फ़्रांस के राजदूत थिएरी माथू ने एक्स पर पोस्ट करके कहा है कि उनकी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ हैं.
उन्होंने कहा, “फ्रांसीसी जनता और सरकार की ओर से मैं लाल क़िला विस्फोट में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं, और हम सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं.”
दिल्ली में लाल क़िले के पास मेट्रो स्टेशन के क़रीब सोमवार शाम को एक कार में धमाका हुआ है. इस धमाके में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई है.





















