चक्रवात 'मोंथा' आंध्र प्रदेश के तट से टकराया, देखिए तस्वीरें

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक़, चक्रवात 'मोंथा' आंध्र प्रदेश के काकीनाडा और मछलीपट्टनम के बीच समुद्री तट से टकरा चुका है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, सुमंत सिंह

  1. नमस्कार!

    अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. चक्रवात 'मोंथा' आंध्र प्रदेश के तट से टकराया, देखिए तस्वीरें

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक़, चक्रवात 'मोंथा' आंध्र प्रदेश के काकीनाडा और मछलीपट्टनम के बीच समुद्री तट से टकरा चुका है.

    इस दौरान हवा की रफ़्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच है.

    चक्रवात मोंथा

    इमेज स्रोत, Odisha Fire

    इमेज कैप्शन, तेज़ हवाओं की वजह से ओडिशा में कई सारे पेड़ गिर गए हैं
    चक्रवात मोंथा

    इमेज स्रोत, Odisha Fire

    इमेज कैप्शन, एनडीआरएफ़ और एसडीआरएफ़ की टीमें राहत कार्य में लगी हुई हैं
    चक्रवात मोंथा

    इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati

    इमेज कैप्शन, ओडिशा के आठ ज़िलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी है
    चक्रवात मोंथा

    इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati

    इमेज कैप्शन, ओडिशा में अब तक 11 हज़ार से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है
    चक्रवात मोंथा

    इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati

    इमेज कैप्शन, एनडीआरएफ़ की 19 टीमों को स्टैंडबाय पर रखा गया है
    चक्रवात मोंथा

    इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati

    इमेज कैप्शन, एनडीआरएफ़ की टीमें आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पुडुचेरी, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में तैनात हैं
  3. पश्चिम बंगाल में एसआईआर को लेकर अभिषेक बनर्जी की निर्वाचन आयोग को चेतावनी

    अभिषेक बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अभिषेक बनर्जी से पहले टीएमसी नेता कुणाल घोष भी निर्वाचन आयोग के दफ़्तर के घेराव की बात कह चुके हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    निर्वाचन आयोग की तरफ़ से पश्चिम बंगाल में एसआईआर लागू करने के एलान पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता अभिषेक बनर्जी ने चेतावनी दी है.

    अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को कहा, "अगर पश्चिम बंगाल के एक भी वैध वोटर का नाम काटा गया तो राज्य के एक लाख लोग दिल्ली में चुनाव आयोग के दफ़्तर का घेराव करेंगे."

    इससे पहले टीएमसी के प्रवक्ता कुणाल घोष भी विरोध प्रदर्शन और निर्वाचन आयोग के दफ़्तर के घेराव की बात कह चुके हैं.

    सोमवार को उन्होंने कहा था, "हम एक पारदर्शी वोटर लिस्ट के पक्ष में हैं. लेकिन, अगर किसी वैध मतदाता या नागरिक का नाम काटने की कोशिश की गई, तो लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन होगा. दिल्ली में निर्वाचन आयोग का घेराव होगा."

    निर्वाचन आयोग ने सोमवार को पश्चिम बंगाल समेत 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर का एलान किया है.

    एसआईआर के एलान के वक्त मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में किसी भी तरह का गतिरोध नहीं है.

  4. इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर जेम्स एंडरसन को नाइटहुड की उपाधि मिली

    जेम्स एंडरसन

    इमेज स्रोत, Andrew Matthews - Pool/Getty

    इमेज कैप्शन, टेस्ट क्रिकेट में एंडरसन ने कुल 704 विकेट चटकाए हैं

    इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले पूर्व तेज़ गेंदबाज़ जेम्स एंडरसन को नाइटहुड की उपाधि से सम्मानित किया गया है.

    विंडसर कैसल में उन्हें यह सम्मान दिया गया.

    एंडरसन ने अपने 22 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में 188 टेस्ट मैच खेले हैं. इनमें उन्होंने कुल 704 विकेट चटकाए.

    43 साल के एंडरसन का नाम पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की 'रेज़िग्नेशन ऑनर्स लिस्ट' में था. यह सूची अप्रैल में जारी हुई थी. एंडरसन को क्रिकेट में उनके योगदान के लिए नामित किया गया था.

    अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में एंडरसन से ज़्यादा विकेट सिर्फ़ श्रीलंका के पूर्व स्पिनर मुथैया मुरलीधरन और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व लेग स्पिनर शेन वॉर्न ने लिए हैं.

    एंडरसन ने जुलाई 2024 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था, लेकिन वह अपने घरेलू क्लब लैंकाशर के लिए अब भी खेल रहे हैं.

  5. चक्रवात 'मोंथा' आंध्र प्रदेश के समुद्री तट से टकराया, सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    चक्रवात मोंथा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, लैंडफ़ॉल की प्रक्रिया चार से पाँच घंटे चलेगी

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक़, आंध्र प्रदेश के काकीनाडा और मछलीपट्टनम के बीच चक्रवात 'मोंथा' की लैंडफ़ॉल प्रक्रिया शुरू हो गई है.

    अधिकारियों का कहना है कि यह प्रक्रिया तीन घंटे तक चलेगी. इस दौरान हवा की रफ़्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहेगी.

    वर्तमान में चक्रवात का केंद्र मछलीपट्टनम से 120 किलोमीटर, काकीनाडा से 110 किलोमीटर और विशाखापट्टनम से 220 किलोमीटर दूर है.

    भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की डायरेक्टर डॉक्टर मनोरमा मोहंती ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "आंध्र प्रदेश क्रॉस करने के बाद इसके ओडिशा के दक्षिण हिस्सों तक पहुँचने की आशंका है, जिसके चलते मलकानगिरी, कोरापुट और नबरंगपुर समेत 8 ज़िलों में रेड अलर्ट जारी है. इन जिलों में भीषण बारिश की आशंका है."

    ईस्ट कोस्ट रेलवे की ओर से जारी अपडेट के मुताबिक़, अब तक कुल 61 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं. इसके अलावा कुछ ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है.

    ओडिशा में चक्रवात से संभावित प्रभावित ज़िलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा रहा है.

    चक्रवात से बचाव के लिए आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पुडुचेरी, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में एनडीआरएफ़ की 26 टीमें तैनात की गई हैं.

    एनडीआरएफ़ ने कहा है कि 19 टीमों को स्टैंडबाय पर रखा गया है. इसके अलावा एसडीआरएफ़ की टीमें भी तैनात की गई हैं.

  6. पश्चिम बंगाल: एक शख़्स के कथित सुसाइड नोट में 'एनआरसी' का ज़िक्र, ममता ने बीजेपी को घेरा, प्रभाकर मणि तिवारी, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए, कोलकाता से

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Sanjay Das

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी ने कहा कि 'एनआरसी पर बीजेपी के अभियान की वजह से लोगों में डर का माहौल' है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कोलकाता से सटे उत्तर 24-परगना ज़िले में मंगलवार को 57 साल के एक व्यक्ति की कथित आत्महत्या के लिए राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    पुलिस के एक अधिकारी ने नाम ना छापने की शर्त पर बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि व्यक्ति ने अपनी 'आत्महत्या का कारण नेशनल रजिस्टर ऑफ़ सिटीज़ंस यानी एनआरसी' को बताया है.

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौक़े से उस व्यक्ति की एक डायरी मिली है. उन्होंने बताया, "डायरी में एनआरसी से संबंधित कई बातें लिखी हैं. उसके आख़िरी पन्ने पर लिखा है कि एनआरसी ही उसकी मौत के लिए ज़िम्मेदार है."

    इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मौक़े पर पहुंची खड़दह थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर अपनी एक पोस्ट में कहा, "उत्तर 24-परगना ज़िले के पानीहाटी में प्रदीप कर नामक एक व्यक्ति ने एक नोट पर यह लिखकर आत्महत्या कर ली है कि एनआरसी ही उसकी मौत के लिए ज़िम्मेदार है."

    उन्होंने इसे 'केंद्र और बीजेपी की भय और विभाजन की राजनीति' बताते हुए इसकी निंदा की.

    मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, "एनआरसी पर बीजेपी के अभियान ने लोगों को आतंकित कर दिया है. इसी की वजह से आज एक व्यक्ति ने अपनी जान दे दी. उसे डर था कि एनआरसी की कवायद के तहत उसे विदेशी करार दे दिया जाएगा."

    लेकिन बीजेपी ने इस मौत के लिए मुख्यमंत्री को दोषी ठहराया है.

    प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने पत्रकारों से कहा, "फिलहाल देश में कहीं भी एनआरसी लागू नहीं किया जा रहा है. अगर यह घटना सच है तो इसके लिए ममता बनर्जी ज़िम्मेदार हैं. उन्होंने इस मुद्दे पर ग़लत और भ्रामक प्रचार कर लोगों में आतंक पैदा कर दिया है."

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

  7. 'दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर': ट्रंप का जापान से समझौता, चीन को चुनौती?

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  8. बिहार चुनाव: महागठबंधन की ओर से हर घर सरकारी नौकरी के वादे पर बोले सम्राट चौधरी

    सम्राट चौधरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सम्राट चौधरी ने कहा है कि महागठबंधन को बताना चाहिए कि वह इन वादों को पूरा करने के लिए पैसे कहां से लाएंगे

    बिहार में महागठबंधन की ओर से हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा किया गया है. इस पर बीजेपी नेता और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने प्रतिक्रिया दी है.

    सम्राट चौधरी ने कहा कि महागठबंधन के नेताओं को बताना चाहिए कि इस योजना के लिए पैसे कहां से आएंगे. उन्होंने कहा, "इनको बताना चाहिए कि इसका पैसा कहां से आएगा, क्या बजट लगेगा, कैसे करेंगे?"

    उन्होंने कहा, "15 साल लालू जी ने जो राज किया, उसकी कितनी बार माफ़ी मांगी. लालू जी की अराजकता को जनता को बताना पड़ेगा, माफ़ी मांगनी पड़ेगी."

    सम्राट चौधरी ने कहा कि इस योजना के ख़र्च के बारे में बताना पड़ेगा और ये भी बताना पड़ेगा कि इसे कैसे स्थापित किया जाएगा.

    उन्होंने कहा, "यह सिर्फ़ घोषणा वाला मेनिफ़ेस्टो है."

    महागठबंधन ने मंगलवार को बिहार चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया. इसमें वादा किया गया है कि सरकार बनने के 20 दिनों के भीतर एक अधिनियम बनाया जाएगा, जिसमें राज्य के हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान होगा.

  9. तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को बताया 'एनडीए का पुतला', और क्या कहा

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, महागठबंधन ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है

    बिहार में महागठबंधन के सीएम फ़ेस तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 'पुतला' बताया है. उन्होंने यह टिप्पणी महागठबंधन के घोषणा पत्र जारी करने के दौरान की.

    तेजस्वी यादव ने कहा, "बीजेपी के लोगों और भ्रष्ट अधिकारियों ने नीतीश जी को पुतला बनाकर रखा है. आज हम सब लोग उनकी स्थिति को देख रहे हैं. केवल उनके चेहरे का इस्तेमाल किया जा रहा है. जैसे पुतला होता है, उसी हिसाब से उन्हें एनडीए में रखा गया है."

    उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार जी बिहार के मुख्यमंत्री नहीं होंगे. ये बात अमित शाह जी ने कही है. भाजपा के लोग नीतीश जी का इस्तेमाल कर रहे हैं. चुनाव के बाद वे कभी भी नीतीश जी को मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे."

    तेजस्वी यादव का कहना है कि महागठबंधन ने आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा की है, लेकिन एनडीए की तरफ़ से अब तक कोई भी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

    महागठबंधन ने मंगलवार को बिहार चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया. इसमें किसानों, युवाओं, अल्पसंख्यकों और आरक्षण को लेकर कई वादे किए गए हैं.

  10. बिहार में रोजगार और पलायन की समस्या पर आज का कार्टून

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, कार्टून: समस्या में समाधान
  11. बिहार चुनाव: महागठबंधन का घोषणा पत्र जारी, युवाओं और अल्पसंख्यकों से किए ये वादे

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, महागठबंधन ने वादा किया है कि जनसंख्या के अनुपात के हिसाब से राज्य में आरक्षण बढ़ाया जाएगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है. इसमें किसानों, युवाओं, अल्पसंख्यकों और आरक्षण को लेकर वादे किए गए हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, महागठबंधन ने अपने घोषणा पत्र में अल्पसंख्यकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का वादा किया है. इसके साथ ही किसानों को एमएसपी की गारंटी और आरक्षण में बढ़ोतरी का वादा भी किया गया है.

    महागठबंधन ने कहा है कि सरकार बनने के 20 दिनों के भीतर एक अधिनियम बनाया जाएगा, जिसमें राज्य के हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान होगा.

    महागठबंधन ने किए ये वादे:

    • 50 प्रतिशत आरक्षण सीमा को जनसंख्या के अनुपात में बढ़ाने के लिए क़ानून
    • पंचायती और नगरीय निकायों में आरक्षण बढ़ाया जाएगा
    • हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी
    • पुरानी पेंशन योजना लागू होगी
    • 'माई-बहिन मान योजना' के तहत महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता
    • हर परिवार को 200 यूनिट मुफ़्त बिजली
    • वक़्फ़ संशोधन विधेयक को रोका जाएगा और वक़्फ़ संपत्तियों के प्रबंधन को पारदर्शी बनाया जाएगा
    • बौद्ध गया स्थित बौद्ध मंदिरों का प्रबंधन बौद्ध समुदाय को सौंपा जाएगा
    • किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी
    • जन स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत 25 लाख रुपये तक का मुफ़्त स्वास्थ्य बीमा
  12. केंद्र सरकार ने आठवें वेतन आयोग पर लिया यह फ़ैसला, अश्वनी वैष्णव ने दी जानकारी

    अश्वनी वैष्णव

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty

    इमेज कैप्शन, अश्वनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार के क़रीब 50 लाख कर्मचारी आठवें वेतन आयोग के दायरे में आएंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्र सरकार ने आठवें वेतन आयोग के कार्यक्षेत्र और शर्तों को मंज़ूरी दे दी है. इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव ने दी.

    मंगलवार को अश्वनी वैष्णव कैबिनेट की बैठक में हुए फ़ैसलों की जानकारी दे रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि आठवें वेतन आयोग की संरचना, उसकी शर्तों और उसके टाइम पीरियड को मंज़ूरी दी गई है.

    अश्वनी वैष्णव ने कहा कि इसी साल जनवरी में ही इसके गठन को मंज़ूरी दी गई थी और अब इतने कम समय में इसका गठन हो गया है.

    केंद्रीय मंत्री ने बताया कि कई मंत्रालयों, राज्य सरकारों, यूनियन और फ़ेडरेशन के साथ चर्चा के बाद ही इसकी शर्तें तैयार की गई हैं. केंद्र सरकार के क़रीब 50 लाख कर्मचारी इसके दायरे में आएंगे.

    उन्होंने कहा कि आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट 18 महीने में आएगी.

    सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जज, जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई इस आयोग की चेयरपर्सन हैं. यह एक तीन सदस्यीय आयोग है.

    इसमें आईआईएम बैंगलोर के प्रोफ़ेसर पुलक घोष और पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस के सचिव पंकज जैन सदस्य हैं.

  13. भीषण चक्रवाती तूफ़ान में बदल सकता है 'मोंथा', ओडिशा में कैसी है तैयारी, सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    पुरी में फ़ायर डिपार्टमेंट के कर्मचारी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पुरी में फ़ायर डिपार्टमेंट हाई अलर्ट पर है

    भारत मौसम विज्ञान विभाग ने साइक्लोन 'मोंथा' के भीषण चक्रवाती तूफ़ान में बदलने की आशंका जाहिर की है. इससे निपटने के लिए ओडिशा में तैयारियां ज़ोरों पर हैं.

    'मोंथा' साइक्लोन के लिए ओडिशा के तटवर्ती इलाक़ों में 30 एसडीआरएफ़ और 5 एनडीआरएफ़ की टीमों को तैनात किया गया है. इसके साथ ही 123 फ़ायर इमरजेंसी टीमों को भी राहत और बचाव कार्य के लिए तैयार रखा गया है.

    ओडिशा में 2048 राहत शिविरों को तैयार रखा गया है. अब तक 11 हज़ार से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है. मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली सूचना के अनुसार, ज़रूरत पड़ने पर और 30 हज़ार लोगों को स्थानांतरित किया जाएगा.

    इसके अलावा 2693 गर्भवती महिलाओं को हॉस्पिटल में भर्ती किया जा रहा है.

    प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि तूफ़ान से प्रभावित होने वाले इलाक़ों में लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा रहा है.

    भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की डायरेक्टर डॉक्टर मनोरमा मोहंती ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "मोंथा इस समय पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है और गोपालपुर से लगभग 500 किमी दक्षिण-पश्चिम में है. यह 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. आज इसके भीषण चक्रवाती तूफ़ान में बदलने की आशंका है."

    मोहंती ने कहा यह एक गंभीर चक्रवाती तूफ़ान के रूप में मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के आसपास आंध्र प्रदेश तट पर पहुँच सकता है. लैंडफॉल के समय इसकी गति 90-100 किमी प्रति घंटे से लेकर 110 किमी प्रति घंटे तक रहने की संभावना है.

    एनडीआरएफ़ टीम

    इमेज स्रोत, ANI/NDRF

    इमेज कैप्शन, एनडीआरएफ़ की टीमें आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी में तैनात हैं

    इस तूफ़ान की निगरानी वर्तमान में मछलीपट्टनम और विशाखापट्टनम स्थित डॉपलर मौसम रडार (डीडब्ल्यूआर) के अलावा स्वचालित मौसम केंद्रों (एडब्ल्यूएस), जहाजों और सैटेलाइट की मदद से लगातार की जा रही है.

    साइक्लोन 'मोंथा' को ध्यान में रखते हुए 42 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं. इसके अलावा कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है.

    प्रशासन की ओर से जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर:

    विशाखापट्टनम: 0891-2746330, 0891-2744619

    विजयनगरम: 08922-221202

    श्रीकाकुलम रोड: 08942-286213, 08942-286245

    दुव्वदा: 0891-2883456

    रायगड़ा: 0891-2885744, 0891-2885755

    नुआपडा : 0891-2885937

    अराकू: 08936-249832

    कोरापुट: 0891-2884318, 0891-2884319

    जगदलपुर: 0891-2884714,0891-2884715

    बोब्बिली: 0891-2883323, 0891-2883325

  14. तेज प्रताप बोले- 'तेजस्वी पर लालू की छत्रछाया, मैं अपने बलबूते करके दिखाऊंगा'

    तेज प्रताप यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तेज प्रताप का कहना है कि उनके ऊपर 'बिहार की जनता की छत्रछाया' है (फ़ाइल फ़ोटो)

    जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कहा है कि तेजस्वी यादव पर लालू प्रसाद यादव की 'छत्रछाया' है. उन्होंने कहा कि वह सबकुछ 'अपने बलबूते' करके दिखाएंगे.

    मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने कहा कि पोस्टर में जननायक बताते हुए बहुत लोगों के नाम हैं.

    उन्होंने कहा, "कर्पूरी जी, लोहिया जी, आंबेडकर, महात्मा गांधी... ये लोग जननायक हैं. जनता क्या चाहती है? जो लोग जननायक बता रहे हैं, जननायक नहीं बताना चाहिए."

    एक पत्रकार ने लालू यादव को लेकर उनसे सवाल किया. इस पर तेज प्रताप ने कहा, "लालू जी तो थे ही. लेकिन लालू जी का राहुल गांधी और तेजस्वी जी पर छत्रछाया है."

    उन्होंने कहा, "जैसे मेरे ऊपर छत्रछाया नहीं है. हमारे ऊपर ग़रीब जनता, बिहार के युवाओं और नौजवानों की छत्रछाया है. जिसको लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं."

    तेज प्रताप यादव ने कहा, "अपने बलबूते पर करके दिखाएंगे."

    इसी साल मई महीने में लालू यादव ने तेज प्रताप यादव को आरजेडी से निस्कासित कर दिया था. उन्होंने कहा था, "अब पार्टी और परिवार में तेज प्रताप यादव की किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं होगी."

    इसके बाद तेज प्रताप यादव ने नई पार्टी बनाई और उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ रही है. तेज प्रताप महुआ सीट से चुनावी मैदान में हैं.

    संबंधित कहानियां:

  15. भारत में अब यात्री विमानों का होगा निर्माण, रूस की कंपनी के साथ एचएएल का हुआ समझौता

    भारत और रूस की कंपनियों के अधिकारी

    इमेज स्रोत, X/@HALHQBLR

    इमेज कैप्शन, एचएएल घरेलू यात्रियों के लिए विमान बनाएगा

    हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) और रूस की पब्लिक जॉइंट स्टॉक कंपनी यूनाइटेड एयरक्राफ़्ट कॉर्पोरेशन के बीच यात्री विमान एसजे-100 के निर्माण को लेकर एमओयू साइन हुआ है.

    यह समझौता सोमवार को रूस की राजधानी मॉस्को में हुआ. एचएएल ने इसको लेकर एक बयान जारी किया है.

    एचएएल ने कहा, "एसजे-100 एक ट्विन-इंजन और छोटे आकार वाला विमान है. अब तक 200 से अधिक विमान बनाए जा चुके हैं और इन्हें 16 से अधिक एयरलाइन्स ऑपरेट कर रही हैं."

    "एसजे-100, भारत में उड़ान योजना के तहत छोटी दूरी की उड़ानों के लिए एक गेम चेंजर साबित होगा. इस समझौते के तहत एचएएल को घरेलू यात्रियों के लिए एसजे-100 विमान बनाने के अधिकार मिलेंगे."

    एचएएल ने कहा कि यह भारत में पहली बार होगा, जब एक यात्री विमान पूरी तरह से देश में बनेगा. इससे पहले एचएएल ने साल 1961 में एवीआरओ एचएस-748 विमान का निर्माण शुरू किया था. इसका निर्माण 1988 में बंद कर दिया गया था.

  16. ट्रंप ने अमेरिकी सैनिकों से कहा- 'अगर जंग हुई, तो हम जीतेंगे'

    ट्रंप और तकाइची

    इमेज स्रोत, The White House

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि वह राजनीतिक रूप से सही नहीं रहने वाले हैं

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जापान में तैनात एयरक्राफ़्ट कैरियर यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन पर अमेरिकी सैनिकों को संबोधित किया.

    उन्होंने सैनिकों से कहा कि वह राजनीतिक रूप से सही नहीं रहने वाले हैं और यह भी कहा कि अगर अमेरिका जंग में हैं, तो वह जंग जीतेगा.

    ट्रंप ने कहा, "पिछली सरकारों से उलट, हम राजनीतिक रूप से सही नहीं होंगे. आपको इससे कोई आपत्ति नहीं है, है ना? ख़ासतौर पर जब बात अमेरिका की रक्षा की हो."

    उन्होंने कहा, "अगर हम जंग में हैं, तो हम जंग जीतेंगे."

    इससे पहले उन्होंने जापान की प्रधानमंत्री सनेई तकाइची के साथ रेयर अर्थ मिनरल्स को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर किए. उन्होंने तकाइची की जमकर तारीफ़ की.

    तकाइची ने सैनिकों से कहा कि जापान "रक्षा क्षमताओं को मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध" है.

    जापान के बाद ट्रंप दक्षिण कोरिया रवाना होंगे, जहां वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात करेंगे.

  17. नमस्कार!

    अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर मौजूद कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. इस साल का दुनिया का सबसे शक्तिशाली तूफ़ान अभी किस देश में पहुंचा है?

    जमैका

    इमेज स्रोत, RICARDO MAKYN/AFP via Getty Images

    दुनिया का इस वर्ष का सबसे शक्तिशाली तूफ़ान मेलिसा अब कैरेबियन सागर के उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ते हुए जमैका के और नज़दीक पहुंच रहा है.

    अब तक इस तूफ़ान के कारण जमैका में तीन और हैती व डोमिनिकन गणराज्य में चार लोगों की मौत हुई है.

    मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मेलिसा जमैका से टकराने वाला अब तक का सबसे भीषण तूफ़ान साबित हो सकता है.

    अनुमान है कि इस दौरान हवा की रफ्तार 175 मील प्रति घंटा (लगभग 290 किमी/घंटा) तक पहुंच सकती है और बारिश 101 सेंटीमीटर (40 इंच) तक हो सकती है.

    अमेरिका स्थित नेशनल हरिकेन सेंटर ने सोमवार सुबह मेलिसा को श्रेणी 5 (कैटेगरी फाइव) तूफ़ान घोषित किया है, जो तूफ़ानों की सबसे ऊंची श्रेणी है.

    क्यूबा और दक्षिण-पूर्वी बहामास के लिए भी चेतावनी जारी कर दी गई है.

  19. जापान के पूर्व पीएम शिंज़ो आबे की हत्या के अभियुक्त ने अदालत में अपराध कबूल किया

    पूर्व पीएम शिंज़ो आबे

    इमेज स्रोत, Reuters

    जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे की हत्या के अभियुक्त तत्सुया यामागामी ने सोमवार को अपने मुक़दमे के पहले दिन दोषी होने की बात क़बूल की है.

    45 साल के यामागामी ने टोक्यो की एक अदालत में कहा कि 'सब कुछ सच है' जैसा कि स्थानीय मीडिया ने रिपोर्ट किया है.

    यामागामी पर हत्या के अलावा हथियार नियंत्रण क़ानून के उल्लंघन के भी आरोप हैं.

    उन्होंने 2022 में नारा शहर में एक राजनीतिक प्रचार कार्यक्रम के दौरान आबे पर घर में बनाई गई बंदूक से गोली चलाई थी.

    आबे को कई गोलियां लगीं और उनकी उसी दिन अस्पताल में मृत्यु हो गई थी.

  20. सऊदी के क्राउन प्रिंस से मिले पाकिस्तानी पीएम शहबाज़ शरीफ़, क्या चर्चा हुई?

    पाकिस्तान और सऊदी अरब

    इमेज स्रोत, Shehbaz Sharif/X

    इमेज कैप्शन, हाल ही में पाकिस्तान और सऊदी अरब ने सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने रियाद में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाक़ात की.

    पाकिस्तानी प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक़, पाकिस्तानी सेना के प्रमुख फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर, पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार और दोनों देशों के वरिष्ठ कैबिनेट सदस्यों ने भी बैठक में हिस्सा लिया.

    बयान में आगे कहा गया कि बैठक में आपसी हित के मामलों पर चर्चा की गई, जिसमें पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार, निवेश और सहयोग को बढ़ावा देना शामिल है.

    बैठक के बाद प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स से एक बयान जारी किया.

    उन्होंने कहा, "रियाद में अपने भाई, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मिलना मेरे लिए बहुत खुशी और सम्मान की बात है."

    शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि बैठक के दौरान पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को और बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की गई.

    गौरतलब है कि प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ नौवें फ्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव सम्मेलन में भाग लेने के लिए सोमवार को रियाद पहुंचे हैं.