आईसीसी महिला वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में पहुंचा दक्षिण अफ़्रीका, इंग्लैंड को 125 रनों से हराया

गुवाहाटी में खेले गए आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के पहले सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने इंग्लैंड को 125 रनों से हरा दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, संदीप राय

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, आईसीसी महिला वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में पहुंचा दक्षिण अफ़्रीका, इंग्लैंड को 125 रनों से हराया

    मैरिजे़न कैप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दक्षिण अफ़्रीका की ओर से सबसे अधिक 5 विकेट मैरिजे़न कैप ने लिए

    गुवाहाटी में खेले गए आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के पहले सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने इंग्लैंड को 125 रनों से हरा दिया है.

    दक्षिण अफ़्रीका ने इंग्लैंड के सामने 320 रनों का लक्ष्य रखा था लेकिन इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 42.3 ओवरों में 194 रनों पर ढेर हो गई.

    दक्षिण अफ़्रीका की ओर से सबसे अधिक पांच विकेट मैरिज़ेन कैप ने लिए.

    वहीं इंग्लैंड की ओर से सबसे अधिक 64 रन कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने बनाए. एलिस कैप्सी ने भी 50 रनों की पारी खेली.

    इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था और पहले बल्लेबाज़ी करते हुए दक्षिण अफ़्रीका ने 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 319 रन बनाए थे.

    आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफ़ाइनल में गुरुवार को भारत का मुक़ाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा.

  2. कांग्रेस ने नई श्रम शक्ति नीति के ज़रिए 'मनुस्मृति लागू करने' का आरोप लगाया

    जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रेड यूनियनों ने श्रम शक्ति नीति 2025 के मसौदे की आलोचना की है.

    कांग्रेस ने मोदी सरकार पर नई श्रम शक्ति नीति के ज़रिए मनुस्मृति के सिद्धांत लागू करने के आरोप लगाए हैं.

    कांग्रेस के नेता जयराम रमेश ने कहा कि मोदी सरकार का मनुस्मृति के सिद्धांतों की ओर लौटना राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की परंपरा के अनुरूप है, जिसने संविधान अपनाए जाने के तुरंत बाद ही उसकी आलोचना की थी.

    जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, “मोदी सरकार द्वारा इस महीने की शुरुआत में जनता की प्रतिक्रिया के लिए जारी श्रम शक्ति नीति 2025 के मसौदे में स्पष्ट रूप से दावा किया गया है कि मनुस्मृति ‘आधुनिक श्रम कानूनों के उदय से सदियों पहले, भारत की सभ्यतागत संरचना में श्रम शासन का नैतिक आधार स्थापित करती है'.”

    उन्होंने लिखा, “मनुस्मृति के सिद्धांतों की ओर यह वापसी आरएसएस की सबसे प्रिय परंपराओं के अनुरूप है. आख़िरकार, संविधान के अपनाए जाने के तुरंत बाद आरएसएस ने इस आधार पर संविधान पर हमला किया था कि भारतीय संविधान मनुस्मृति में निहित मनु के आदर्शों और मूल्यों से प्रेरणा नहीं लेता है.”

    इसी महीने आठ अक्तूबर को श्रम एवं रोज़गार मंत्रालय ने “राष्ट्रीय श्रम एवं रोज़गार नीति - श्रम शक्ति नीति 2025” का मसौदा जनता से प्रतिक्रिया आमंत्रित करने के लिए जारी किया था.

    इस मसौदे का ट्रेड यूनियनों ने विरोध किया है.

    सीपीआई से जुड़ी ट्रेड यूनियन एटक ने कहा है कि इस श्रम शक्ति नीति का प्रस्ताव बिना ट्रेड यूनियनों से सलाह के तैयार किया गया है. उसने इस मसौदे को तुरंत वापस लेने की मांग की है.

    बीएसएनएल एम्प्लॉईज़ यूनियन ने एक बयान जारी कर इस मसौदे की आलोचना की है.

  3. तूफ़ान मेलिसा से जमैका के अधिकतर इलाक़ों में बिजली गुल, फ़ोन सेवाएं ठप

    जमैका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जमैका में चक्रवाती तूफ़ान मेलिसा ने भारी तबाही मचाई है

    जमैका के इतिहास के सबसे शक्तिशाली चक्रवाती तूफ़ान मेलिसा के बाद देश के ज़्यादातर हिस्सों में अंधेरा छा गया है और फ़ोन सेवाएं ठप हो गई हैं.

    किंग्सटन में बीबीसी संवाददाता निक डेविस ने बताया कि कई इलाक़ों में बाढ़ और भूस्खलन हुआ है, इमारतों की छतें उड़ गईं और “खजूर के पेड़ तिनकों की तरह उड़ते नज़र आए.”

    जमैका के मंत्री डेसमंड मैकेंज़ी ने बताया कि नदी में 16 फ़ुट ऊपर तक पानी उफ़ान मार रहा था.

    जगह जगह पेड़ गिरे हुए हैं और सड़कों पर पानी भरा है.

    जमैका से टकराने के बाद तूफ़ान मेलिसा क्यूबा पहुंचा, जहां 115 मील प्रति घंटा की रफ़्तार से हवाएं चलीं, तेज़ बारिश हुई. वहां “जानलेवा” समुद्री लहरों की चेतावनी दी गई.

    क्यूबा के एक व्यक्ति ने बताया, “रात बहुत डरावनी थी. ऐसा लग रहा था जैसे बवंडर आ गया हो. मैं पूरी रात नहीं सो पाया.”

    क्यूबा के राष्ट्रपति मुगुएल डियाज़-कैनेल ने कहा कि देश में 'काफ़ी नुक़सान' पहुंचा है.

    यह तूफ़ान अब उत्तर-पूर्व दिशा में बहामास और बरमूडा की ओर बढ़ रहा है.

  4. इसराइल का दावा - ग़ज़ा पर हवाई हमले में कई ‘आतंकी कमांडर’ मारे गए

    इसराइली सेना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ने ग़ज़ा पर हमले को लेकर बयान जारी किया है.

    इसराइली सेना ने दावा किया है कि 'मंगलवार को ग़ज़ा पट्टी पर हुए हवाई हमले में कई आतंकी कमांडर मारे गए.'

    हालांकि हमास नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इस हमले में अबतक 100 से अधिक लोग मारे गए हैं जिनमें 46 बच्चे और 20 महिलाएं हैं. इसके अलावा 250 अन्य लोग घायल हुए हैं.

    आईडीएफ़ ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि 'हमले में मारे गए लोगों में 3 बटालियन कमांडर, 2 डिप्टी बटालियन कमांडर और 16 कंपनी कमांडर समेत कई प्रमुख आतंकवादी शामिल हैं.'

    बयान के अनुसार, इस हवाई हमले में निगरानी चौकियां, हथियार निर्माण गोदाम, लॉन्च पोस्ट, भूमिगत सुरंगों और मोर्टार दागने की चौकियों को निशाना बनाया गया.

    बयान के अनुसार, इस हमले में ‘सात अक्तूबर को हुए जनसंहार में शामिल आतंकियों’ को मारा गया.

    इसमें उन प्रमुख लोगों के नाम भी दिए गए हैं-

    • मोहम्मद ईसा, नुख़बा प्लाटून कमांडर
    • फ़व्वाज़ उवैदा, नुख़बा आतंकी सेल कमांडर
    • हातेम महर मूसा कुदरा, नुख़बा कंपनी कमांडर
    • मोहम्मद अबू शरिया और निदाल अबू शरिया, मुजाहिदीन आतंकी संगठन के सदस्य
  5. दिनभर, पूरा दिन पूरी ख़बरः ग़ज़ा में फिर तबाही, अधर में युद्धविराम?

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  6. ट्रंप और शी जिनपिंग की मुलाक़ात कब होगी, व्हाइट हाउस ने बताया

    राष्ट्रपति शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गुरुवार को मुलाक़ात होने वाली है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस समय दक्षिण कोरिया के दौरे पर हैं जहां वो चीन के राष्ट्रपित शी जिनपिंग से मुलाक़ात करेंगे.

    वहां एशिया पेसिफ़िक इकोनॉमिक कोऑपरेशन शिखर सम्मेलन हो रहा है, जिसमें दोनों नेता हिस्सा लेंगे.

    व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप, राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बुधवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 7:30) मिलेंगे.

    चीन के विदेश मंत्रालय ने भी पुष्टि की है कि गुरुवार को दक्षिण कोरिया के दूसरे सबसे बड़े शहर बुसान में यह मीटिंग होगी, जोकि ग्वांगझू से क़रीब है.

    मंत्रालय के बयान के अनुसार, "दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय रिश्ते और आपसी हितों के मुद्दों पर बात होगी."

    राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात से पहले ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “ख़रबों डॉलर लेकर अमेरिका वापसी! बहुत स्मार्ट, प्रतिभावान और शानदार नेताओं से मुलाक़ात. कल चीन के राष्ट्रपति शी से मुलाक़ात होगी. दोनों के लिए यह बहुत शानदार मीटिंग होने वाली है.”

    राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को रिपब्लिक ऑफ़ कोरिया के राष्ट्रपति की ओर से आयोजित डिनर में हिस्सा लिया.

    दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने राष्ट्रपति ट्रंप को एक सोने का बना विशेष ताज भेंट किया.

    ग़ौरतलब है कि हाल ही में अमेरिका में ट्रंप के ख़िलाफ़ एक व्यापक विरोध प्रदर्शन हुआ था जिसका नारा था- ‘नो किंग.’

    इस विरोध प्रदर्शन का ट्रंप ने मज़ाक उड़ाया था.

  7. पीएम मोदी पर राहुल गांधी के बयान को गिरीराज सिंह ने बताया 'भद्दी टिप्पणी', और क्या कहा?

    गिरिराज सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने सनातन धर्म का अपमान किया है.

    बिहार की एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए राहुल गांधी के विवादित बयान पर बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, “राहुल गांधी और कांग्रेस ने छठ व्रत पर भद्दी टिप्पणी करके सनातन का अपमान किया है. बिहार के लोग उन्हें इसका जवाब देंगे. राहुल गांधी खुद मोटरसाइकिल पर डांस कर रहे थे और किसके साथ कर रहे थे वो उनको भी पता है."

    बीजेपी नेता मनोज तिवारी ने कहा, "राहुल गांधी भारत की सेना का भी अपमान करते हैं, लोगों का भी अपमान करते हैं. राहुल गांधी अहंकार के साथ वोट मांग सकते हैं. हमें जनता के सामने झुकने में कोई परहेज नहीं है. नरेंद्र मोदी जनता के प्रधान सेवक हैं."

    झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राहुल गांधी बीते 11 सालों से बेरोज़गार हैं और उनके पास कोई काम नहीं है.

    उन्होंने कहा, "भला वे (राहुल गांधी) जंगलराज के बारे में भी कैसे बोलेंगे या बताएंगे? ऐसे में उनके पास एक ही रास्ता बचता है कि पीएम मोदी के नाम पर कुछ भी बोलते रहो."

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि महागठबंधन के लोग चुनाव और वोटों के लिए कुछ भी बोल सकते हैं.

    उन्होंने कहा, "वे देश का अपमान कर सकते हैं, किसी व्यक्ति के बारे में कुछ भी कह सकते हैं, किसी मां के बारे में अपशब्द कह सकते हैं. लेकिन बिहार के लोग भोले हैं, बेवकूफ़ नहीं."

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने मुजफ़्फ़रपुर की रैली में पीएम मोदी को लेकर विवादित बयान दिया.

    राहुल गांधी ने क्या कहा था

    राहुल गांधी ने मुजफ़्फ़रपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया था.

    उन्होंने कहा, "उन्हें सिर्फ़ आपका वोट चाहिए. अगर आप कहोगे नरेंद्र मोदी जी आप ऐसा ड्रामा करो वोट के लिए वो कर देंगे. जो भी करवाना है करवा लो. उनसे कहो- मोदी जी स्टेज पर आईए, भाषण मत दीजिए डांस कर दीजिए हम आपको वोट देंगे, देखिए वो कर देंगे. जो भी करवाना है करवा लो चुनाव से पहले, क्योंकि इसके बाद वो दिखेंगे नहीं."

    बिहार विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद राहुल गांधी ने बिहार में चुनावी प्रचार अभियान की शुरुआत की. राजद नेता तेजस्वी यादव और वीआईपी पार्टी के नेता मुकेश सहनी के साथ उन्होंने मुजफ़्फ़रपुर और दरभंगा में रैली की.

  8. 'दुम दबाकर भागे थे तोरा बोरा की गुफाओं में' - ख़्वाजा आसिफ़ का तालिबान पर हमला

    ख़्वाजा आसिफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने तालिबान को कड़ी चेतावनी दी है.

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने रुख़ कड़ा करते हुए कहा है कि पाकिस्तान के धैर्य की परीक्षा लेना तालिबान को महंगा पड़ेगा.

    उन्होंने तालिबान की तीखी आलोचना करते हुए चेतावनी दी कि पाकिस्तान अपनी पूरी ताक़त इस्तेमाल किए बिना ही तालिबान सरकार को उखाड़ फेंक सकता है.

    ख़्वाजा आसिफ़ ने एक्स लिखा, "पाकिस्तान साफ़ करता है कि उसे तालिबान को ख़त्म करने या उन्हें गुफा में छिपने पर मजबूर करने के लिए अपनी पूरी ताक़त इस्तेमाल करने की हरगिज़ ज़रूरत नहीं है."

    उन्होंने आगे लिखा, "अलबत्ता तालिबान की अगर ख़्वाहिश हो तो दुनिया के लिए तोरा बोरा में उनकी पिछली हार के दृश्यों को फिर से देखना निश्चित रूप से एक नया और दिलचस्प मंज़र होगा, जहाँ वे दुम दबा कर भागे थे."

    तालिबान नेता

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, क़तर में अफ़ग़ानिस्तान के राजदूत सुहैल शाहीन ने कहा कि एक दौर में कोई समझौता नहीं होता.

    उधर, पाकिस्तान के साथ जारी गतिरोध के बीच अफ़ग़ान तालिबान ने वार्ता के एक और दौर की मांग की है.

    तालिबान के राजनीतिक कार्यालय के प्रमुख और क़तर में अफ़ग़ानिस्तान के राजदूत सुहैल शाहीन ने कहा, “पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच वार्ता अभी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंची है, लेकिन एक और दौर की वार्ता होनी चाहिए.”

    उन्होंने कहा कि ऐसी वार्ताओं से आमतौर पर एक ही दौर में अंतिम समझौते नहीं हो पाते.

  9. 'ट्रंप कर रहे हैं अपमान, मोदी जवाब देने का दिखाएं साहस'- बिहार में बोले राहुल गांधी

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने कहा पीएम मोदी को कहना चाहिए कि राष्ट्रपति ट्रंप झूठ बोल रहे हैं.

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ट्रंप को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर निशाना साधा है.

    उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, “एक के बाद एक देश में ट्रंप मोदी का अपमान कर रहे हैं. ताज़ा मामला दक्षिण कोरिया का है.”

    “उन्होंने (ट्रंप) फिर दोहराया है कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर रोकने के लिए मोदी को व्यापार का डर दिखाया था. उन्होंने कहा कि सात विमान मार गिराए गए थे. मोदी जी आप डरें नहीं, जवाब देने का साहस दिखाएं.”

    इससे पहले राहुल गांधी बिहार में एक चुनावी सभा में भी ट्रंप का मुद्दा उठाया.

    उन्होंने कहा, "पीएम मोदी ट्रंप से डरे हुए हैं. अगली बार जब वो बिहार आएं तो उन्हें ये ज़रूर कहना चाहिए कि अमेरिकी राष्ट्रपति भारत पाकिस्तान संघर्ष को रोकने के बारे में झूठ बोल रहे हैं."

    उन्होंने पीएम मोदी के सस्ता डाटा को लेकर दिए गए बयान पर कहा, "डाटा को सस्ता कर दिया गया क्योंकि नौजवान सोशल मीडिया पर व्यस्त रहें नहीं तो वो पीएम और बिहार के मुख्यमंत्री आवास के सामने बैठ जाएंगे."

  10. भारत-ऑस्ट्रेलिया टी-20 सिरीज़: बारिश के कारण पहला मैच रद्द

    भारत ऑस्ट्रेलिया टी-20 मैच

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टी-20 मैचों की सिरीज़ का पहला मैच कैनबरा में खेला जा रहा था

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बुधवार को पांच मैचों की सिरीज़ का पहला टी-20 मैच बारिश की भेंट चढ़ गया.

    कप्तान सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल के कुछ बेहतरीन शॉट देखने को मिले, जिससे भारत ने 9.4 ओवर में 1 विकेट पर 97 रन बना लिए थे.

    अभिषेक शर्मा 19 रन बनाकर आउट हो गए थे. लेकिन इसके बाद शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव की जोड़ी क्रीज़ पर टिकी रही.

    गिल ने 20 गेंदों में 37 रन बनाए जिसमें चार चौके और एक छक्का लगाया जबकि सूर्यकुमार यादव ने तीन चौके और एक छक्के की मदद से 24 गेंदों में 39 रन बनाए.

    मैच शुरू होने के पांच ओवर बाद ही बारिश होने लगी तो मैच को थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा था.

    मैच दोबारा शुरू हुआ लेकिन 9.4 ओवर में ही फिर बारिश होने लगी और मैच को रद्द कर दिया गया.

    31 अक्तूबर को मेलबर्न में दूसरा टी-20 मैच खेला जाएगा.

  11. ग़ज़ा में इसराइली हमले में 104 लोग मारे गए, आईडीएफ़ ने क्या बताया

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली हमलों में मरने वालों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं

    हमास संचालित सिविल डिफेंस एजेंसी और अस्पतालों ने कहा है कि मंगलवार रात ग़ज़ा में इसराइली हमलों में तक़रीबन 104 फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

    मरने वालों में 46 बच्चे और 20 महिलाएं हैं. इसके अलावा 250 अन्य लोग घायल हुए हैं.

    इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ ने दावा किया कि उसने “दर्जनों आतंकवादी ठिकानों और आतंकवादियों” को निशाना बनाया. उसने हमास पर युद्धविराम समझौते के उल्लंघन के आरोप लगाए.

    हालांकि बुधवार को इसराइली सेना ने एक्स पर एक पोस्ट में हमलों को रोकने और युद्धविराम को जारी रखने की जानकारी दी है.

    उसने लिखा, “आईडीएफ़ ने हमास के उल्लंघनों के जवाब में कार्रवाई के बाद, युद्धविराम को नए सिरे से लागू करना शुरू कर दिया है. आईडीएफ़ ने आतंकवादियों के 30 कमांड ठिकानों पर हमला किया.”

    पोस्ट में आगे लिखा गया है, “आईडीएफ़ युद्धविराम समझौते को बनाए रखना जारी रखेगी और इसके किसी उल्लंघन का क़रारा जवाब देगी.”

    इससे पहले एशिया के दौरे पर दक्षिण कोरिया जाते समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ‘कोई भी चीज़ युद्धविराम को ख़तरे में नहीं डालेगी.’ हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि "जब इसराइली सैनिकों को निशाना बनाया जाए तो इसराइल को जवाब देना चाहिए."

  12. बिहार चुनाव की घोषणा के बाद राहुल गांधी की पहली रैली, संविधान की प्रति लेकर यह बोले

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बिहार में राहुल गांधी, अमित शाह, राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ की चुनावी रैलियां हैं.

    बिहार में विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहली बार चुनाव प्रचार अभियान में उतरे हैं.

    उनकी आज दो चुनावी रैलियां हैं, एक मुजफ़्फ़रपुर में और दूसरी दरभंगा में.

    मुजफ़्फ़रपुर रैली में उन्होंने फिर से 'संविधान' और 'वोट चोरी' का मुद्दा उठाया.

    उन्होंने कहा, “आज तक आपको जो कुछ भी मिला है, चाहे वह वोट हो, शिक्षा हो या स्वास्थ्य, वह संविधान की वजह से है. नरेंद्र मोदी और आरएसएस इस पर हमला कर रहे हैं.”

    उन्होंने कहा, “वे आंबेडकर के संविधान पर हमला करते हैं. जब वे भारत के किसी भी संस्थान को खोखला करते हैं, जब वे आरएसएस के व्यक्ति को कुलपति का पद देते हैं, तो वे संविधान पर हमला करते हैं. हम संविधान की रक्षा करेंगे और कोई इसे ख़त्म नहीं कर सकता है."

    मंच पर उन्होंने अपने हाथ में संविधान की एक प्रति ले रखी थी.

    उधर, आज बीजेपी की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चुनावी सभाएं कर रहे हैं.

    अमित शाह ने दरभंगा की रैली में कहा, "क्या यह महाठग बंधन बिहार का भला कर सकता है? बिहार का भला केवल नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की जोड़ी ही कर सकती है. लालू जी अपने बेटे को सीएम बनाना चाहते हैं और सोनिया जी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं. दोनों ही पद ख़ाली नहीं हैं."

    बिहार के बाढ़ विधानसभा क्षेत्र में राजनाथ सिंह ने कहा, "कांग्रेस और राजद ने सत्ता में आने पर बिहार के हर घर से एक सरकारी नौकरी देने का वादा किया है. क्या यह संभव है? वे झूठ क्यों बोलते हैं? क्या राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, लालू प्रसाद यादव सच्चाई की राजनीति नहीं कर सकते?"

  13. भारत-ऑस्ट्रेलिया टी-20 सिरीज़: बारिश के कारण मैच रुका, अभी तक भारत का कितना स्कोर

    सूर्यकुमार यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, टॉस जीत कर ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाज़ी चुना.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे टी20 मैच को बारिश की वजह से रोकना पड़ा है.

    पांच टी20 मैचों की सिरीज़ का ये पहला मुक़ाबला है.

    यह मैच कैनबरा में हो रहा है. ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले फ़ील्डिंग करने का फ़ैसला किया था.

    पांच ओवर में भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 43 बनाए. अभी सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल खेल रहे हैं.

    इससे पहले अभिषेक शर्मा 19 रन बनाकर आउट हो गए थे.

  14. बिहार चुनाव: ओवैसी के 'जंगलराज-2' बयान पर चिराग पासवान ने क्या कहा

    लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान (फ़ाइल फ़ोटो)

    लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने पत्रकारोंं से कहा, "बहुत हो गया. डर की राजनीति में अपने आप को इस्तेमाल होने देना बंद करें. इन चीज़ों से बाहर निकलिए. डर, डर के आप किसी को नाकाम होने के लिए कब तक वोट करेंगे. लाइए जिसको सत्ता में लाना चाहते हैं. फिर उसकी जवाबदेही तय कीजिए. आप पूछिए कि हमने आपके लिए वोट दिया आपने हमारे लिए क्या किया."

    उन्होंने कहा, "अगर कांग्रेस और आरजेडी के शासन में मुसलमानों ने ये ज़िम्मेदारी तय की होती तो आज ये हालत नहीं आती. आज जब हमारी सरकार हर योजना का लाभ बगैर जात-पांत और मज़हब देखे बगैर दे रही तो फिर ओवैसी साहब किस मुंह से कह रहे हैं को बीजेपी को वोट मत दो.’’

    मंगलवार को मुंगेर की एक रैली में ओवैसी ने कहा था कि "बिहार में पहले जंगलराज-1 चल रहा था, अब जंगलराज-2 चल रहा है."

    उन्होंने कहा, "बीजेपी हमेशा यह कहकर लोगों को भ्रमित करते रहती है कि देश से घुसपैठियों को निकालना है. कोई घुसपैठिए बाहर से नहीं आए हैं."

  15. अब तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ताज़ा ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात दस बजे तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    फ़िलहाल आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    रतन टाटा के निधन के बाद से टाटा ग्रुप में छिड़ी अंदरूनी लड़ाई की वजह क्या है?

    शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा चुनावी मैदान में, क्या थमेगा परिवार की हार का सिलसिला?

    चीन क्या ट्रेड वॉर में अमेरिका से जीत रहा है?

    ग़ज़ा: इसराइली हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत 33 की मौत, अमेरिका क्या बोला

  16. आईसीसी वन डे रैंकिंग: रोहित शर्मा वनडे करियर में पहली बार नंबर वन

    रोहित शर्मा

    आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में रोहित शर्मा नंबर एक बल्लेबाज़ बन गए हैं.

    अपने वनडे करियर में रोहित शर्मा ने पहली बार इस मुकाम को हासिल किया है.

    हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ खेली गई तीन वनडे मैचों की सिरीज़ में प्लेयर ऑफ़ द सिरीज़ चुने जाने के बाद उन्हें वनडे रैंकिंग में दो स्थान का फायदा हुआ.

    रोहित शर्मा के पास फिलहाल वनडे रैंकिंग में 781 प्वाइंट्स हैं.

    अफ़ग़ानिस्तान के इब्राहिम ज़दरान 764 प्वाइंट्स के साथ रैंकिंग में दूसरे स्थान पर हैं. वहीं शुभमन गिल पहले से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उनके रैंकिंग में 745 प्वाइंट्स हैं.

  17. भारत-ऑस्ट्रेलिया टी-20 सिरीज़: ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता, पहले फ़ील्डिंग करेगा

    मिचेल शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज ( 29 अक्टूबर) से पांच टी20 मैचों की सिरीज़ शुरू हो रही है.

    पहला मैच कैनबरा में हो रहा है. ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले फ़ील्डिंग करने का फ़ैसला किया है.

    एशिया कप जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में उतरी भारतीय टीम टी-20 में ऑस्ट्रेलिया को हराने के लिए अपनी पूरी ताक़त झोंकना चाहेगी.

    क्योंकि भारत को वनडे सिरीज में 1-2 से हार झेलनी पड़ी है.

    भारत का ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ टी-20 में रिकॉर्ड अच्छा रहा है.

    दोनों के बीच अब तक 32 टी-20 मुक़ाबले हुए हैं. इनमें से 20 मैच भारत ने जीते हैं और 11 ऑस्ट्रेलिया ने. एक मैच बेनतीजा रहा है.

  18. समुद्री तूफ़ान मेलिसा ने जमैका में मचाई तबाही, तस्वीरों में देखें

    मेलिसा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मेलिसा तूफ़ान से जमैका में उखड़ा पेड़
    मलिसा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जमैका में मेलिसा तूफ़ान की वजह से सड़कों पर ये हाल हो गया
    मलिसा

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, जमैका में आपदा से निपटने के लिए सामान जुटाते राहतकर्मी
    मलिसा

    इमेज स्रोत, AP

    इमेज कैप्शन, तूफ़ान से जमैका का कुछ इलाका पानी में डूब गया
    मलिसा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जमैका में एक महिला को सुरक्षित जगह पर पहुंचाते परिवार के लोग
    मलिसा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जमैका में एक महिला को सुरक्षित जगह ले जाता पुलिसकर्मी
  19. बाबूलाल मरांडी ने क्यों कहा- ‘बीजेपी को वोट दिए बगैर मुसलमानों को इतना कुछ मिल रहा है’

    बाबूलाल मरांडी

    इमेज स्रोत, RAVI PRAKASH/BBC

    इमेज कैप्शन, बाबूलाल मरांडी (फ़ाइल फ़ोटो)

    झारखंड में बीजेपी और विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के एक बयान पर पत्रकारों के सवालों के जवाब में मुस्लिम वोटरों पर टिप्पणी की है.

    उन्होंने पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में कहा, ‘’ओवैसी ने क्या कहा ये मेरा विषय नहीं है. मुसलमानों ने बीजेपी को वोट ही कब दिया है. बगैर बीजेपी को वोट दिए ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी कल्याण योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है. पीएम मोदी जाति और मजहब का भेदभाव किए बगैर सबको इसका लाभ उपलब्ध करा रहे हैं. स्वास्थ्य योजना हो या मुफ़्त अनाज योजना हो बगैर भेदभाव के इनको मिलता है. फिर भी बीजेपी को ये लोग वोट नहीं देते.’’

    पत्रकारों ने मरांडी से पूछा कि क्या मुस्लिम बीजेपी को वोट नहीं देते?

    इस पर उन्होंने कहा, ‘’थोड़ा बहुत तो देते होंगे लेकिन बड़ी संख्या में नहीं देते क्योंकि मैं भी चुनाव लड़ता हूं.’’

    मंगलवार को मुंगेर की एक रैली में ओवैसी कहा था कि बिहार में पहले जंगलराज-1 चल रहा था, अब जंगलराज-2 चल रहा है.

  20. ट्रंप ने फिर की पीएम मोदी की तारीफ़, कहा- बेहद आकर्षक शख़्स

    डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी, तस्वीर फ़रवरी 2020 की है.

    एशिया पैसिफिक इकोनॉमिक को-ऑपरेशन सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण कोरिया पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिर तारीफ़ की है.

    उन्होंने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाने का दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए उनके अंदर काफी सम्मान और प्यार है.

    उन्होंने कहा, ‘’प्रधानमंत्री नरेंद्र बेहद आकर्षक शख़्स हैं. वो गजब के व्यक्ति हैं. वो बहुत मजबूत शख़्स हैं.’’

    ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया उन्होंने टैरिफ़ लगाने की चेतावनी देकर दोनों देशों को युद्ध रोकने के मजबूर कर दिया था.

    उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की भी तारीफ़ की. वहीं फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर की तारीफ़ करते हुए कहा कि वो जबरदस्त फ़ाइटर हैं.

    कश्मीर के पहलगाम हमले के बाद छह-सात मई, 2025 की रात भारत ने पाकिस्तान में कई स्थानों को निशाना बनाया था.

    इस अभियान को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया गया. इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष हुआ.

    10 मई को संघर्ष विराम पर सहमति की घोषणा के बाद संघर्ष रुका. उस वक्त पाकिस्तान ने भारत के 'पांच लड़ाकू विमान गिराने' का दावा किया था, जिसे भारत ने सिरे से ख़ारिज कर दिया.