जी-7 की बैठक के लिए इटली में एकजुट हुए दुनिया के नेता, मोदी भी हुए रवाना

जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.

सारांश

  • नीट-यूजी में ग्रेस मार्क्स दिए गए 1,563 छात्रों के लिए दोबारा होगी परीक्षा. एनटीए ने नोटिफ़िकेशन जारी कर बताया 23 जून को होंगे एग्ज़ाम.
  • पीएम नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने इटली रवाना हुए. तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद मोदी का यह पहला विदेश दौरा है.
  • अजीत डोभाल को एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त कर दिया गया है.
  • चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान में जम्मू और कश्मीर पर की गई टिप्पणी पर भारत के विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
  • पेमा खांडू ने लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. चोओना मीन ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. लेबनान ने अस्पताल के नज़दीक इसराइली हमले का किया दावा, 13 कर्मचारी घायल

    यह तस्वीर 16 मई की है, जब इसराइल ने दक्षिणी लेबनान के अल-होश क्षेत्र में हवाई हमले किए

    इमेज स्रोत, Kawnat HAJU / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने दक्षिणी लेबनान में हमले तेज़ किए हैं (यह तस्वीर 16 मई की है, जब इसराइल ने दक्षिणी लेबनान के अल-होश क्षेत्र में हवाई हमले किए)

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि दक्षिणी लेबनान के तायर शहर में एक अस्पताल के पास इसराइली हमले में '13 स्वास्थ्य कर्मचारी घायल' हुए हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "इसराइली दुश्मन ने तायर में हीरम अस्पताल के आसपास हवाई हमला किया, जिसमें अस्पताल के 13 कर्मचारी घायल हो गए और अस्पताल को काफ़ी नुक़सान पहुंचा."

    लेबनान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से 'इसराइली हमलों में तेज़ी और विस्तार को रोकने' की अपील की है.

    इससे पहले इसराइली रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने एलान किया कि उनकी सेना ने दक्षिणी लेबनान के ऐतिहासिक और रणनीतिक ब्यूफ़ोर्ट क़िले पर क़ब्ज़ा कर लिया है.

  2. उत्तर प्रदेश को चार साल बाद मिला स्थायी डीजीपी, राजीव कृष्ण की हुई नियुक्ति, गौरव गुलमोहर, लखनऊ से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    योगी आदित्यनाथ और राजीव कृष्ण

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राजीव कृष्ण इससे पहले कार्यवाहक डीजीपी के तौर पर ज़िम्मेदारी निभा रहे थे (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश में बीते चार सालों से चले आ रहे कार्यवाहक डीजीपी के दौर पर आख़िरकार पूर्णविराम लग गया है.

    अब राज्य सरकार ने 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण को प्रदेश का पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त कर दिया है.

    राजीव कृष्ण इससे पहले कार्यवाहक डीजीपी के तौर पर ज़िम्मेदारी निभा रहे थे. उनकी नियुक्ति के साथ ही उत्तर प्रदेश को क़रीब चार साल बाद स्थायी पुलिस प्रमुख मिल गया है.

    राजीव कृष्ण जून 2025 से मई 2026 तक यानी एक साल तक कार्यवाहक डीजीपी की भूमिका में रहे.

    उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक स्थायी डीजीपी की नियुक्ति न होने को लेकर विपक्ष सरकार पर सवाल उठाता रहा है.

    जून 2025 में राजीव कृष्ण को कार्यवाहक डीजीपी बनाए जाने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज़ कसते हुए कहा था, ''दिल्ली और लखनऊ की लड़ाई में प्रदेश की जनता पिस रही है.''

    उन्होंने एक्स पर लिखा था, ''दिल्ली-लखनऊ की लड़ाई का ख़ामियाज़ा उत्तर प्रदेश की जनता और बदहाल क़ानून-व्यवस्था क्यों झेले? जब 'डबल इंजन' मिलकर एक अधिकारी नहीं चुन सकते तो भला देश-प्रदेश क्या चलाएंगे.''

    मई 2022 में तत्कालीन डीजीपी मुकुल गोयल को हटाए जाने के बाद से राज्य में किसी पूर्णकालिक डीजीपी की नियुक्ति नहीं हुई थी.

    इस दौरान आईपीएस डॉ. देवेंद्र सिंह चौहान, डॉ. राजकुमार विश्वकर्मा, विजय कुमार, प्रशांत कुमार और राजीव कृष्ण कार्यवाहक डीजीपी के रूप में ज़िम्मेदारी संभालते रहे.

    संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से भेजे गए पैनल पर विचार के बाद राज्य सरकार ने राजीव कृष्ण के नाम को मंज़ूरी दी.

    राजीव कृष्ण उत्तर प्रदेश पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं.

    माना जा रहा है कि इस नियुक्ति से पुलिस नेतृत्व में स्थिरता आएगी.

  3. आईपीएल फ़ाइनल: पहले बल्लेबाज़ी करते हुए लड़खड़ाई गुजरात टाइटंस की पारी

    शुभमन गिल

    इमेज स्रोत, SHAMMI MEHRA/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, शुभमन गिल 10 रन बनाकर आउट हुए (फ़ाइल फ़ोटो)

    आईपीएल 2026 के फ़ाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस (जीटी) को पहले बल्लेबाज़ी के लिए बुलाया.

    अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे मुक़ाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जीटी की शुरुआत धीमी रही. आठ ओवर के बाद जीटी का स्कोर तीन विकेट गंवाकर 55 रन है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए जीटी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. क्वालिफ़ायर टू में जीटी की जीत के हीरो रहे शुभमन गिल और साई सुदर्शन इस बार कोई कमाल नहीं दिखा पाए.

    जॉश हेज़लवुड ने तीसरे ओवर में गिल का विकेट लिया, जबकि चौथे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने साई को आउट कर दिया. गिल ने 10 और साई ने 12 रन बनाए.

    जीटी को फ़ाइनल में पहुंचाने में इन दोनों बल्लेबाज़ों की अहम भूमिका रही. गिल और साई के नाम इस सीज़न में 700 से ज़्यादा रन हैं.

    दो विकेट जल्दी गिरने का असर जीटी की शुरुआत पर साफ़ दिखाई दिया. जीटी ने पावरप्ले में दो विकेट गंवाकर 45 रन ही बनाए. सात ओवर पूरे होने पर जीटी का स्कोर 50 के पार पहुंचा.

    8वें ओवर की आख़िरी गेंद पर रसिख सलाम ने निशांत संधू का विकेट भी ले लिया. संधू ने 18 गेंद में 20 रन बनाए.

  4. भारत के सात्विक-चिराग ने पहली बार जीता सिंगापुर ओपन का ख़िताब

    सात्विक और चिराग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सात्विक और चिराग ने फ़ाइनल मुक़ाबले में 18-21, 21-17, 21-16 से जीत दर्ज की (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने पहली बार सिंगापुर ओपन का ख़िताब जीत लिया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, रविवार को सिंगापुर में हुए मेन्स डबल्स के फ़ाइनल मुक़ाबले में एक गेम से पिछड़ने के बाद दोनों ने शानदार वापसी की और मैच अपने नाम किया.

    उन्होंने एक घंटे 13 मिनट तक चले रोमांचक मुक़ाबले में 18-21, 21-17, 21-16 से जीत दर्ज की.

    इसी के साथ दोनों सिंगापुर ओपन में डबल्स टाइटल जीतने वाले पहले भारतीय बने.

    सात्विक और चिराग वर्ल्ड की नंबर वन जोड़ी भी रह चुके हैं. अभी वे चौथे नंबर पर हैं. दोनों एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स के चैंपियन भी रह चुके हैं.

    रविवार को दोनों ने दो साल बाद अपना पहला ख़िताब जीता.

    पीटीआई के मुताबिक़, यह दोनों खिलाड़ियों के करियर का नौवां वर्ल्ड टूर ख़िताब और तीसरा सुपर 750 ख़िताब है.

  5. पश्चिम बंगाल में कल होगा मंत्रिमंडल विस्तार, 35 नेता लेंगे मंत्री पद की शपथ

    शुभेंदु अधिकारी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शुभेंदु अधिकारी ने बीती 9 मई को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया है कि सोमवार, एक जून को राज्य के मंत्रिमंडल का विस्तार होगा.

    शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया है कि शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे से होगा, जिसमें 35 नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे.

    इससे पहले शुभेंदु अधिकारी ने बीती 9 मई को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. उनके साथ पांच नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली थी.

    पश्चिम बंगाल में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने राज्य की 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की. राज्य में पहली बार बीजेपी की सरकार बनी है.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, आईपीएल 2026 फ़ाइनल: आरसीबी ने जीता टॉस, गुजरात टाइटंस करेगी पहले बल्लेबाज़ी

    रजत पाटीदार और शुभमन गिल

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, दोनों ही टीमें एक-एक बार आईपीएल खिताब जीत चुकी हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    आईपीएल 2026 के फ़ाइनल मुक़ाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी है.

    इस सीज़न का यह खिताबी मुक़ाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    दोनों टीमें पहले क्वालिफ़ायर मुक़ाबले में आमने-सामने हुई थीं, जिसमें आरसीबी ने जीत दर्ज कर फ़ाइनल में जगह बनाई.

    वहीं, गुजरात ने दूसरे क्वालिफ़ायर मुक़ाबले में राजस्थान रॉयल्स को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई.

    दोनों ही टीमें एक-एक बार खिताब जीत चुकी हैं.

    आरसीबी ने पिछले साल यानी आईपीएल 2025 में खिताब जीता था, जबकि गुजरात टाइटंस ने साल 2022 में यानी आईपीएल में अपने पहले ही सीज़न में खिताब जीता था.

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), क्रुणाल पंड्या, टिम डेविड, जितेश शर्मा, रोमारिओ शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफ़ी, जॉश हेज़लवुड, रसिख सलाम डार

    गुजरात टाइटंस की टीम: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जॉस बटलर, निशांत संधू, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद ख़ान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, अरशद ख़ान

  7. अभिषेक और कल्याण बनर्जी पर कथित हमले के अलावा पश्चिम बंगाल में क्या कुछ हुआ?

  8. ग़ाज़ियाबाद: सूर्या चौहान के परिवार को नौकरी और सहायता राशि देगी यूपी सरकार

    सुनील कुमार शर्मा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राज्य के मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने सूर्या की हत्या को जघन्य अपराध बताया है

    उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद के खोड़ा इलाक़े में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य अभियुक्त की रविवार की सुबह एक पुलिस एनकाउंटर में घायल होने के बाद मौत हो गई.

    अब उत्तर प्रदेश सरकार ने सूर्या के परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता राशि देने का एलान किया है. इसके अलावा एक संविदा की नौकरी देने का भी एलान हुआ है.

    उत्तर प्रदेश के मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा, "उनके परिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के द्वारा पांच लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है. स्थानीय स्तर पर ज़िलाधिकारी और हम सब ने मिलकर तय किया है कि उनके परिवार से किसी एक व्यक्ति को तत्काल नगर पालिका में संविदा पर रखा जाएगा."

    उन्होंने सूर्या की हत्या को जघन्य अपराध बताया और कहा, "हम सब लोग उनके परिवार के साथ खड़े हैं. जिसने हत्या की थी उसे दंड भी मिल गया."

    पुलिस के मुताबिक़, बाइक चलाने को लेकर असद और सूर्या में झगड़ा हुआ था, इसके बाद असद ने सूर्या को चाकू मारा था.

    इस घटना के बाद मुख्य अभियुक्त असद फ़रार था. उस पर 50 हज़ार रुपये का ईनाम था.

  9. ऑनमार्क पोर्टल में ख़ामियों से जुड़ी चिंताओं पर सीबीएसई ने क्या कहा

    सीबीएसई

    इमेज स्रोत, Mayank Makhija/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सीबीएसई का कहना है कि पोर्टल में संभावित कमज़ोरियों की पहचान का काम जारी है

    केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने रविवार को कहा कि उसके सर्विस प्रोवाइडर के ऑनमार्क पोर्टल में चिन्हित कमज़ोरियों को पकड़ लिया गया है.

    बोर्ड ने यह भी कहा कि अन्य संभावित कमज़ोरियों की पहचान और जांच का काम जारी है.

    सीबीएसई ने एक्स पर जारी एक बयान में कहा, "हम अपने सर्विस प्रोवाइडर के ऑनमार्क पोर्टल में मौजूद उन कमज़ोरियों पर लगातार नज़र रखे हुए हैं, जिनकी ओर पब्लिक डोमेन में ध्यान दिलाया जा रहा है."

    बोर्ड ने कहा कि इन प्रणालियों को और सुरक्षित बनाने के लिए पिछले कुछ दिनों में सरकार के विभिन्न विभागों और आईआईटी के साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की एक टीम तैनात की गई है.

    कई रिपोर्ट्स के मुताबिक़, हैकर्स ने ऑनमार्क पोर्टल में कमज़ोरियों की पहचान की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने चिंताएं ज़ाहिर की थीं.

    सीबीएसई ने अपने बयान में इन 'एथिकल हैकर्स' का आभार जताया और बताया कि बोर्ड ने इनमें से कुछ लोगों से सीधे संपर्क किया था.

  10. नेटफ़्लिक्स के शो में 40 किलो सोना रखने का दावा करके चर्चा में आईं ताबिंदा कौन हैं?

  11. इसराइल ने दक्षिणी लेबनान में ऐतिहासिक और रणनीतिक क़िले पर क़ब्ज़े की घोषणा की

    ब्यूफ़ोर्ट क़िला

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ब्यूफ़ोर्ट क़िले को सैन्य नज़रिए से बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है

    इसराइल के रक्षा मंत्री ने कहा है कि उनकी सेना ने दक्षिणी लेबनान में स्थित ऐतिहासिक और रणनीतिक ब्यूफ़ोर्ट क़िले पर क़ब्ज़ा कर लिया है. इस जगह को शाकिफ़ के नाम भी जाना जाता है.

    रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने यह भी कहा कि दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ख़िलाफ़ इसराइली सेना के ज़मीनी अभियान का विस्तार हो रहा है.

    उन्होंने अपने टेलीग्राम चैनल और एक्स हैंडल पर लिखा, "ब्यूफ़ोर्ट की लड़ाई के 44 साल बाद और ऑपरेशन पीस फ़ॉर गैलिली (पहला लेबनान युद्ध 1982) में मारे गए सैनिकों की याद में मनाए जाने वाले दिन, आईडीएफ़ के सैनिक एक बार फिर इस क़िले में लौटे और वहां इसराइली झंडा फहराया."

    इसराइल कात्ज़ ने कहा, "इसराइली सेना ने लेबनान में अपने अभियानों का विस्तार किया है. सेना ने लिटानी नदी को पार किया और ब्यूफ़ोर्ट पर क़ब्ज़ा कर लिया."

    इसराइल रक्षा मंत्री ने गैलिली क्षेत्र को बस्तियों की रक्षा करने और सेनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक बिंदुओं में से एक बताया है.

    ब्यूफ़ोर्ट क़िला

    इमेज स्रोत, IDF

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना की ओर से जारी की गई तस्वीर

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, रविवार सुबह न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी ने इस क़िले की तस्वीरें ली हैं. इन तस्वीरों में क़िले के ऊपर इसराइली सेना का झंडा फहराता हुआ दिखाई दे रहा है.

    हालांकि, आसपास के इलाक़ों में गोलीबारी की आवाज़ भी सुनी जा सकती थी और धुएं का ग़ुबार देखा जा सकता था.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, इस क़िले से दक्षिणी लेबनान का बड़ा हिस्सा दिखाई देता है और इसे सैन्य नज़रिए से बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है.

    इससे पहले इसराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान पर अपने क़ब्ज़े के दौरान इस क़िले का इस्तेमाल एक अड्डे के रूप में किया था. यह लगभग दो दशकों तक चला और साल 2000 में समाप्त हुआ.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, फ़्रांस में चैंपियंस लीग दंगों के बाद 780 लोग गिरफ़्तार, दर्जनों पुलिसकर्मी घायल

    चैंपियंस लीग फ़ाइनल के बाद दंगे

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पुलिस ने क़रीब 450 लोगों को हिरासत में रखा है

    चैंपियंस लीग फ़ाइनल में आर्सेनल के ख़िलाफ़ पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) की जीत के बाद पूरे फ़्रांस में फ़ुटबॉल प्रशंसकों और पुलिस के बीच हुई झड़पों में कुल 219 लोग घायल हुए हैं.

    गृह मंत्री लॉरां न्युनेज़ ने कहा कि इनमें से आठ लोगों की हालत गंभीर है. राजधानी पेरिस में बस, ट्रेन और रेल सेवाओं को प्रभावित करने वालों को रोकने के लिए हज़ारों पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे. इनमें से 57 पुलिसकर्मी घायल हुए.

    न्युनेज़ ने बताया कि हिंसा को लेकर 780 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है, जबकि 450 से ज़्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है.

    पेरिस की रिंग रोड पर एक शख़्स की हादसे में मौत हो गई. दंगाई रातभर इस रास्ते को ब्लॉक करने की कोशिश कर रहे थे.

    रविवार को होने वाली विक्ट्री परेड के लिए लगभग 6,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. यह परेड प्रतिष्ठित एफ़िल टॉवर के आसपास होनी है.

  13. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी एसआईआर पर सवाल बरक़रार क्यों?

  14. कटी उंगली वाला वो खिलाड़ी, जिसने टीम को वर्ल्ड चैम्पियन बनाया

  15. अभिषेक के बाद अब कल्याण बनर्जी ने लगाया हमले का आरोप, ममता बनर्जी क्या बोलीं

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि 'बीजेपी लोकतंत्र की हत्या कर रही है' (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी पर हमले के आरोप पर प्रतिक्रिया दी है.

    ममता बनर्जी ने कहा, "कल (शनिवार) बीजेपी समर्थकों ने टीएमसी के लोकसभा में फ़्लोर लीडर अभिषेक बनर्जी पर बेरहमी से हमला किया और उनकी लिंचिंग की. इस भयावह घटना के वीडियो सार्वजनिक रूप से मौजूद हैं."

    "आज लोकसभा में हमारे चीफ़ व्हिप कल्याण बनर्जी पर भी बीजेपी का एक सुनियोजित हमला हुआ."

    ममता बनर्जी ने कहा, "बीजेपी लोकतंत्र की हत्या कर रही है."

    शनिवार को टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हमला हुआ. इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    वहीं, रविवार को टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने उन पर हमले का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि उनके सिर पर चोट आई है.

  16. ख़ुदकुशी के आंकड़ों में शादीशुदा लोगों की संख्या क्यों बढ़ा रही है चिंता?

  17. महाराष्ट्र: इस गांव के पास ही है बांध, फिर भी पीढ़ियों से पानी के लिए तरस रहे लोग

  18. अभिषेक बनर्जी बोले, 'सत्ता अस्थायी होती है, मैं सिर्फ़ जनता के आगे झुकूंगा'

    अभिषेक बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में हमला हुआ था

    तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने ख़ुद पर हमले को लेकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधा है. उन्होंने यह भी कहा कि वह सिर्फ़ 'जनता के सामने झुकेंगे'.

    उन्होंने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया है.

    अभिषेक बनर्जी ने एक्स पर राहुल गांधी की पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लिखा, "पिछले साल मैं ऑपरेशन सिंदूर के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के तौर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पांच देशों की यात्रा पर गया था. मैंने अपने देश का पक्ष रखा और आतंकवाद के ख़िलाफ़ एकजुट होकर खड़ा रहा."

    "आज मैं राजनीतिक हिंसा और राज्य प्रायोजित आतंकवाद का शिकार हूं, जिसे उन लोगों ने बढ़ावा दिया है जो ख़ुद को राष्ट्रवाद का संरक्षक बताते हैं."

    उन्होंने कहा, "आज की बीजेपी की हक़ीक़त यही है. अगर आप उनका समर्थन करते हैं, तो आप देशभक्त हैं. अगर आप उनसे सवाल करते हैं, तो आप निशाने पर आ जाते हैं. अगर आप उनके साथ खड़े हैं, तो आपकी सराहना होती है. अगर आप उनके ख़िलाफ़ खड़े होते हैं, तो वे आपको चुप कराने की कोशिश करते हैं."

    अभिषेक बनर्जी ने कहा कि वह सिद्धांतों से समझौता करने की बजाय लोकतंत्र की रक्षा के लिए 'डर और धमकी का सामना करना' पसंद करेंगे.

    उन्होंने लिखा, "मैं अपने सिद्धांतों से समझौता करके आराम की ज़िंदगी जीने के बजाय लोकतंत्र की रक्षा करते हुए धमकियों का सामना करना ज़्यादा पसंद करूंगा."

    उन्होंने कहा, "सत्ता अस्थायी होती है. जनता की इच्छा स्थायी होती है. मैं सिर्फ़ जनता के सामने झुकूंगा, सत्ता में बैठे लोगों के सामने कभी नहीं."

    टीएमसी महासचिव ने यह भी कहा कि वह उन लोगों के ख़िलाफ़ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे जो 'लोकतंत्र को कमज़ोर करना चाहते हैं और देश को बांटना चाहते' हैं.

    अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में भीड़ ने हमला किया था. वह चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से मिलने गए थे. उनके साथ स्थानीय लोगों ने मारपीट की और उनके ऊपर अंडे फेंके.

    पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बीबीसी के सहयोगी पत्रकार प्रभाकर मणि तिवारी को बताया कि इस मामले में पांच लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. इसके अलावा तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए इलाक़े के वीडियो फ़ुटेज की मदद से इन लोगों को गिरफ़्तार किया है. इस मामले में और भी गिरफ़्तारियां हो सकती हैं.

  19. असम: सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया, 5 जून को होगा मंत्रिमंडल विस्तार

    हिमंत बिस्वा सरमा

    इमेज स्रोत, Biju BORO / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इससे पहले हिमंत बिस्वा सरमा के साथ 12 मई को ही चार मंत्रियों ने शपथ ली थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को बताया कि 5 जून को राज्य के मंत्रिमंडल का विस्तार होगा.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की.

    इससे पहले हिमंत बिस्वा सरमा के साथ 12 मई को ही चार मंत्रियों ने शपथ ली थी. इनमें बीजेपी के कोटे से दो, असम गण परिषद (एजीपी) से एक और बोडोलैंड पीपुल्स फ़्रंट (बीपीएफ़) से एक मंत्री थे.

    हिमंत बिस्वा सरमा ने 12 मई को दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी.

    इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य नेता मौजूद रहे थे.

  20. ग़ाज़ियाबाद के खोड़ा में छात्र की हत्या के अभियुक्त की एनकाउंटर में मौत, पुलिस ने क्या बताया