इसराइली मंत्री बोले, अमेरिका-ईरान समझौता मानने को इसराइल 'बाध्य नहीं'

इमेज स्रोत, Kobi Wolf/Bloomberg via Getty Images
अमेरिका और ईरान के बीच घोषित समझौते पर इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्वेर की कड़ी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा है कि इसराइल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समझौता 'बाध्यकारी नहीं' है.
इतामार बेन-ग्वेर ने एक्स पर लिखा, "ट्रंप का समझौता मानने के लिए हम विवश नहीं हैं. इसराइल अमेरिका के अधीन नहीं है और हम एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र हैं."
उन्होंने कहा, "हमारा ज़िम्मेदारी इसराइल के नागरिकों, आईडीएफ़ के सैनिकों और यहूदी लोगों के प्रति है."
इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि इसराइल कोई 'अस्थिर देश नहीं' है.
उन्होंने कहा, "हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि हम अमेरिका से प्रेम करते हैं और राष्ट्रपति ट्रंप के प्रति आभारी हैं. फिर भी, इसराइल कोई 'बनाना स्टेट' नहीं है. मैं ये बातें प्रधानमंत्री से लगातार कहता हूं और हर अहम जगह पर दोहराता हूं."
इतामार बेन-ग्वेर ने कहा कि 'हिज़्बुल्लाह को पूरी तरह से समाप्त किए बिना' इसराइल को किसी भी समझौते पर राज़ी नहीं होना चाहिए.
उन्होंने कहा, "मेरा रुख़ बिल्कुल स्पष्ट है. हम ऐसे किसी समझौते का हिस्सा नहीं हैं जो हमारी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करता और यह किसी भी तरह से हम पर बाध्यकारी नहीं है. हमें हिज़्बुल्लाह को पूरी तरह समाप्त किए बिना किसी समझौते पर राज़ी नहीं होना चाहिए."
इतामार बेन-ग्वेर इसराइल के कट्टर दक्षिणपंथी नेता हैं. हाल ही में वह ग़ज़ा की ओर राहत सामग्री ले जा रही नावों के काफ़िले (फ़्लोटिला) में सवार फ़लस्तीन समर्थक कार्यकर्ताओं के साथ उनके बरताव की वजह से चर्चा में रहे थे.














