ममता बनर्जी का साथ छोड़ने की चर्चा पर क्या बोले टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि वो इस मुश्किल घड़ी में ममता बनर्जी का साथ नहीं छोड़ेंगे.
गौरतलब है कि इससे पहले सिन्हा ने पीएम मोदी के 'सबसे लंबे कार्यकाल से जुड़े रिकॉर्ड' की तारीफ़ करते हुए एक ट्वीट किया था. जिससे उनके पार्टी में बने रहने को लेकर आशंकाएं जताई जाने लगी थीं.
सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, "ममता बनर्जी मुश्किल समय में मेरे साथ खड़ी रहीं, इसलिए मैं मुश्किल समय में ममता बनर्जी का साथ नहीं छोड़ सकता."
"पटना का चुनाव जब मैं हारा या मुझे हराया गया तब कोई सामने नहीं आया, सिर्फ एक ही नेता ममता बनर्जी हमारे साथ आईं. उन्हें लगा कि मुझे संसद जाना चाहिए. इसलिए उन्होंने मुझे आसनसोल से चुनाव लड़ने को कहा. और उनके आदेश को अध्यादेश मानते हुए मैं आसनसोल पहुंचा. मैं वहाँ से जीता. ये सब आसनसोल की जनता की वजह से हुआ. मैं उनका आभारी हूं."
उन्होंने आगे कहा, "मैं उन लोगों का आभारी हूं जिन्होंने मुझे टीएमसी के बाग़ी गुट में शामिल होने के लिए बुलाया, लेकिन मेरा उसूलों पर आधारित रुख यह है कि मुझे अभी ममता बनर्जी के साथ खड़ा होना चाहिए."