थाईलैंड और कंबोडिया के बीच युद्धविराम पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया है कि थाईलैंड और कंबोडिया, दोनों ही तत्काल युद्धविराम चाहते हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और अश्वनी पासवान

  1. पाकिस्तान ने फिर दोहराई भारत के साथ सीज़फ़ायर में अमेरिका की भूमिका की बात

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने वॉशिंगटन डीसी में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की है

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार ने वॉशिंगटन डीसी में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाक़ात की है.

    इस दौरान विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष का भी ज़िक्र किया.

    अटलांटिक काउंसिल में डार ने कहा, "अमेरिका और अन्य मित्र देशों ने पाकिस्तान और भारत के बीच युद्ध विराम कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है."

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक परमाणु शक्ति है और शांति चाहता है.

    उन्होंने आरोप लगाया कि 'भारत दुनिया को गुमराह करने और पाकिस्तान को बदनाम करने के लिए दहशतगर्दी का सहारा लेता है.'

    विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार ने कहा, "हम पाकिस्तान और भारत के बीच युद्ध विराम कराने में मदद करने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप, विदेश मंत्री रुबियो और उनकी टीम के आभारी हैं."

    साथ ही उन्होंने कहा है कि 'पाकिस्तान अपने किसी भी पड़ोसी के साथ संघर्ष नहीं चाहता.'

    वहीं भारत कई बार इन दावों को ख़ारिज करते हुए कह चुका है कि पाकिस्तान की ओर से पहले युद्ध विराम की मांग के बाद दोनों देशों के बीच संघर्ष रुका था.

  2. झालावाड़ स्कूल हादसा: सात बच्चों की मौत के बाद शिक्षा मंत्री ने सहायता राशि की घोषणा की

    शिक्षा मंत्री मदन दिलावर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा है कि वह एक सुंदर विद्यालय बनाएंगे और कमरे उन बच्चों के नाम पर होंगे जिनकी मृत्यु हुई है

    राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने झालावाड़ ज़िले के स्कूल में हुए हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिजनों को सहायता राशि देने की घोषणा की है.

    झालावाड़ ज़िले के मनोहर थाना इलाक़े में शुक्रवार सुबह एक सरकारी स्कूल की छत गिरने से सात बच्चों की मौत हो गई और कई घायल हो गए.

    शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने राज्य सरकार की ओर से मृतक बच्चों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये सहायता राशि देने का ऐलान किया है.

    उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "परिवार से हमारी बात हुई है. सरकार की तरफ़ से उन्हें 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है."

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि एक बहुत अच्छा सुंदर विद्यालय बनाएंगे और विद्यालय के जो कमरे होंगे वह उन बच्चों के नाम से होंगे जिनकी इस हादसे में मृत्यु हो गई है.

    उन्होंने कहा, "हम निष्पक्ष जांच करवा रहे हैं, इसमें जो भी दोषी होगा उसे दंड देंगे."

    बीबीसी हिन्दी के सहयोगी संवाददाता मोहर सिंह मीणा ने बताया है कि बीती शाम शवों का पोस्टमार्टम के बाद सातों मृत बच्चों के शव गांव पहुंच चुके हैं, जहां उनका अंतिम संस्कार हो रहा है.

    मोहर सिंह मीणा के मुताबिक़, इस हादसे में घायल नौ बच्चों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है.

  3. थाईलैंड के साथ जारी लड़ाई के बीच कंबोडिया ने की यह मांग

    कंबोडिया और थाईलैंड के बीच संघर्ष

    इमेज स्रोत, Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कंबोडिया सीमा पर सुरिन प्रांत में तैनात थाई सैनिक

    कंबोडिया ने थाईलैंड के साथ चल रही झड़पों के बीच तत्काल सीज़फ़ायर की मांग की है.

    दोनों देशों के बीच दो दिनों से सीमा पार संघर्ष चल रहा है, जिसमें कई लोग मारे गए हैं और घायल हुए हैं.

    संयुक्त राष्ट्र में कंबोडिया के राजदूत छिया केओ ने कहा कि उनका देश 'बिना किसी शर्त' के संघर्ष ख़त्म करने की मांग करता है.

    साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि उनका देश इस 'विवाद का शांतिपूर्ण समाधान' चाहता है.

    हालांकि थाईलैंड ने अभी तक कंबोडिया के इस प्रस्ताव पर सार्वजनिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    इससे पहले थाईलैंड ने कंबोडिया की सीमा से सटे आठ ज़िलों में मार्शल लॉ का ऐलान कर दिया था.

    दोनों देशों के बीच गुरुवार को शुरू हुई झड़पों के बाद से अब तक कम से कम 16 लोग मारे गए हैं और 10 हज़ार से ज़्यादा लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है.

    थाईलैंड और कंबोडिया एक दूसरे पर पहले गोली चलाने का आरोप लगा रहे हैं.

  4. ग़ज़ा में हर तीन में से लगभग एक शख़्स कई दिनों से भूखा है: संयुक्त राष्ट्र, माया डेविस, बीबीसी न्यूज़

    ग़ज़ा में भुखमरी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में कई दिनों से भुखमरी जारी है और इस हफ़्ते हालात और बिगड़ने की चेतावनी दी गई है

    संयुक्त राष्ट्र के वर्ल्ड फ़ूड प्रोग्राम ने चेतावनी दी है कि ग़ज़ा में हर तीन में से लगभग एक व्यक्ति कई दिनों से बिना खाए रह रहा है.

    वर्ल्ड फूड प्रोग्राम (डब्ल्यूएफ़पी) ने एक बयान जारी कर कहा, "कुपोषण बढ़ रहा है और 90 हज़ार महिलाओं और बच्चों को तुरंत इलाज की ज़रूरत है."

    एजेंसियों का मानना है कि ग़ज़ा में इस हफ़्ते भुखमरी और भी ज़्यादा होने वाली है.

    ग़ज़ा के हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, शुक्रवार को कुपोषण से नौ और लोगों की मौत हो गई.

    मंत्रालय के मुताबिक़, इसराइल के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक कुपोषण से मरने वालों की कुल संख्या 122 हो गई है.

    ग़ज़ा में आने-जाने वाली सभी चीज़ों पर अपना नियंत्रण रखने वाले इसराइल का कहना है कि इस इलाक़े में कोई भी सहायता पहुंचने से वह नहीं रोक रहा है.

    साथ ही इसराइल ने ग़ज़ा में कुपोषण के लिए हमास को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    हमास की ओर से संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, 7 अक्तूबर 2023 से ग़ज़ा में 59 हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.