थाईलैंड और कंबोडिया के बीच युद्धविराम पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया है कि थाईलैंड और कंबोडिया, दोनों ही तत्काल युद्धविराम चाहते हैं.
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर तीन पोस्ट किए और लिखा कि उन्होंने थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री और कंबोडिया के प्रधानमंत्री के साथ बात की है. दोनों देश अब 'युद्धविराम' चाहते हैं.
उन्होंने लिखा कि शांति होने के बाद उन्हें उम्मीद है कि दोनों के साथ व्यापार समझौता हो सकेगा.
ट्रंप ने कुछ मिनटों के अंतराल पर तीन पोस्ट किए और लिखा, ''अभी मेरी कंबोडिया के प्रधानमंत्री से बहुत अच्छी बात हुई. मैंने उन्हें थाईलैंड और उसके कार्यवाहक प्रधानमंत्री के साथ अपनी बातचीत की जानकारी दी. दोनों पक्ष तुरंत युद्धविराम और शांति चाहते हैं.''
''वे अमेरिका के साथ फिर से 'व्यापारिक बातचीत की मेज़' पर लौटना भी चाहते हैं, जो हमारे विचार में तब तक उचित नहीं है जब तक लड़ाई रुक नहीं जाती. उन्होंने तुरंत मिलने और जल्दी से युद्धविराम पर सहमति बनाने और आख़िरकार शांति स्थापित करने पर काम करने के लिए सहमति दी है!''
इससे पहले उन्होंने लिखा कि "मैंने अभी थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री से बात की. यह एक बहुत अच्छी बातचीत थी. थाईलैंड भी कंबोडिया की तरह तत्काल युद्धविराम और शांति चाहता है."
उन्होंने बताया, "अब मैं यह संदेश कंबोडिया के प्रधानमंत्री को पहुँचाने जा रहा हूँ. दोनों पक्षों से बात करने के बाद ऐसा लगता है कि युद्धविराम, शांति और खुशहाली एक स्वाभाविक रास्ता है. अब देखते हैं आगे क्या होता है."
एक पोस्ट में उन्होंने भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष का भी ज़िक्र किया था.
उन्होंने लिखा है, ''मैं एक कठिन स्थिति को सरल बनाने की कोशिश कर रहा हूं. इस युद्ध में बहुत लोग मारे जा रहे हैं, लेकिन ये मुझे पाकिस्तान और भारत के बीच हुए उस संघर्ष की बहुत याद दिलाता है, जिसे सफलतापूर्वक रोका गया था.''
थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर चल रही सैन्य झड़प में अब तक कम से कम 16 लोगों की मौत हो चुकी है.
थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर गुरुवार सुबह से ही दोनों देशों के सैनिकों के बीच गोलीबारी हो रही है.
बिहार में कुछ जगहों पर एसएससी परीक्षा रद्द होने की ख़बर पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं के सपनों के साथ विश्वासघात बंद होना चाहिए
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिहार में कुछ जगहों पर कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की परीक्षा रद्द होने की ख़बरों पर प्रतिक्रिया दी है.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि इस तरह परीक्षा रद्द होना ''प्रशासनिक भ्रष्टाचार और परीक्षा माफियाओं के गठजोड़ का नतीजा है.''
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स शेयर करते हुए लिखा है, "एसएससी फेज़ 13 की परीक्षा में सामने आ रही गड़बड़ियां सिर्फ़ लापरवाही नहीं, बल्कि मोदी सरकार के विफल और सड़े हुए सिस्टम का आईना हैं."
राहुल गांधी ने कहा, "400–500 किलोमीटर दूर से परीक्षा देने पहुंचे युवाओं को केंद्र पर जाकर पता चलता है कि उनकी परीक्षा रद्द कर दी गई है."
राहुल गांधी के अनुसार, सिस्टम की खामियों के कारण लगातार पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने से लाखों युवाओं और उनके परिवारों की मेहनत, समय और उम्मीदें बर्बाद हो रही हैं.
उनका दावा है, "पिछले 10 सालों में नीट, यूजीसी नेट, यूपीपीएससी, बीपीएससी और बोर्ड परीक्षाओं सहित 80 से ज्यादा परिक्षाओं में खुलेआम धांधली हुई है. सिर्फ इस साल की धांधली से 85 लाख बच्चों का भविष्य प्रभावित हुआ है. इन्हें रोकने में सरकार नाकाम रही है और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और सुधार के उसके बड़े-बड़े वादे खोखले साबित हुए हैं."
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बिहार के कुछ इलाक़ों में कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की परीक्षा रद्द की गई है.
एशिया कप: इस दिन होगा भारत-पाकिस्तान का बड़ा मुक़ाबला
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, एशिया कप टूर्नामेंट 9 सितंबर से 28 सितंबर 2025 तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित होगा (फाइल फोटो)
एशिया कप में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 14 सितंबर को होगा.
एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की.
कुछ घंटे पहले एसीसी के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नक़वी ने बताया था कि यह टूर्नामेंट 9 सितंबर से 28 सितंबर 2025 तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित होगा.
टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, यूएई और ओमान को ग्रुप ए में रखा गया है.
ग्रुप बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हॉन्ग कॉन्ग शामिल हैं.
एशिया कप इस बार टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा.
इमेज स्रोत, @ACCMedia1 / X
इमेज कैप्शन, एशिया कप टूर्नामेंट
पीएम मोदी ने मालदीव यात्रा ख़त्म होने पर दौरे के बारे में क्या बताया?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना मालदीव दौरा ख़त्म करते हुए कहा है कि भारत और मालदीव के बीच मज़बूत साझेदारी है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "भारत और मालदीव के बीच मज़बूत साझेदारी है, जो आपसी सम्मान, साझा मूल्यों और सांस्कृतिक और आर्थिक आदान-प्रदान पर आधारित है. हमारे संबंध निरंतर प्रगति कर रहे हैं, जिसे लोगों के आपसी जुड़ाव और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग से मज़बूती मिल रही है."
उन्होंने लिखा, "भारत, मालदीव के लोगों की आकांक्षाओं का समर्थन करने और धरती के भले के लिए मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है."
पीएम मोदी ने अपना मालदीव दौरा ख़त्म करने पर कहा, "मैं राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू और मालदीव के लोगों का दिल से धन्यवाद करता हूँ."
उन्होंने कहा, "मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होना मेरे लिए अत्यंत सम्मान की बात है. राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू के साथ सार्थक बातचीत हुई. इससे भारत और मालदीव के रिश्ते और मज़बूत होंगे."
इमेज स्रोत, narendramodi @x
इमेज कैप्शन, मालदीव में अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मालदीव के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे.
वहीं, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू का कहना है कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शानदार व्यक्ति हैं और मालदीव समेत अन्य पड़ोसी मुल्कों के साथ मज़बूत रिश्ते बनाना चाहते हैं.
मोदी ने एक अन्य पोस्ट में कहा है कि मालदीव दौरा ख़त्म करने के बाद अब वो तमिलनाडु जाने वाले हैं, जहां वो कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.
ईरान: बंदूकधारियों के हमले में आठ लोगों की मौत, कई घायल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
ईरान के दक्षिण-पूर्व में स्थित सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी ज़ाहेदान में बंदूकधारियों के आठ लोगों की हत्या करने की ख़बर है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावरों में से भी तीन मारे गए हैं. इस दौरान हुई गोलीबारी और विस्फोटों में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं.
ईरान की मीडिया के मुताबिक, ये हमला पाकिस्तान में सक्रिय चरमपंथी संगठन 'जैश अल-अदल' ने किया है. यह समूह पाकिस्तान में है, लेकिन ईरान में भी एक्टिव है.
सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत तेहरान से 1,200 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है. इस इलाक़े की सीमा पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान से सटती है.
यह प्रांत, ईरानी सुरक्षाबलों और बलोच अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले विद्रोहियों, कट्टरपंथी सुन्नी समूहों और ड्रग तस्करों के बीच बार-बार होने वाली झड़पों का गवाह रहा है.
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने पीएम मोदी के बारे में क्या कहा?
इमेज स्रोत, Hollie Adams/Bloomberg via Getty Images
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू का कहना है कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शानदार व्यक्ति हैं और मालदीव समेत अन्य पड़ोसी मुल्कों के साथ मज़बूत रिश्ते बनाना चाहते हैं.
शुक्रवार को मोदी मालदीव में थे, जहां दोनों मुल्कों के बीच अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए.
इसके बाद शनिवार को भारतीय मीडिया से बात करते हुए मुइज़्ज़ू ने पीएम मोदी के बारे में अपनी राय रखी.
उन्होंने कहा, "भारत और मालदीव के रिश्ते सदियों पुराने हैं. उनके नेतृत्व और दोनों के सहयोग से दोनों मुल्कों के रिश्ते और मज़बूत होंगे."
आने वाले वक्त में भारत आने से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस साल भारत आने की उनकी कोई योजना नहीं है लेकिन वो निकट भविष्य में भारत दौरे पर आ सकते हैं.
मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने कहा, "हमने देखा है कि कैसे बीते वक्त में भारत ने मालदीव की मदद की है और किसी इस बात का शक़ नहीं होना चाहिए कि आने वाले वक्त में भारत हमारा अहम सहयोगी रहेगा."
शनिवार को मुइज़्ज़ू ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट कर मालदीव दौरे के लिए मोदी का शुक्रिया अदा किया और कहा कि दोनों के बीच सकारात्मक बातचीत हुई.
उन्होंने लिखा, "दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते हुए और मुक्त व्यापार समझौते पर चर्चा शुरू करने की घोषणा की गई."
एशिया कप इस साल कब और कहां होगा, एसीसी अध्यक्ष ने बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, साल 2023 में हुए एशिया कप में भारतीय क्रिकेट टीम ने जीत दर्ज की थी (फ़ाइल फ़ोटो)
पुरुषों का एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 9 सितंबर से 28 सितंबर 2025 तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित होगा.
इसकी जानकारी एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नक़वी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर दी. उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का विस्तृत कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा.
फिलहाल यह साफ़ नहीं है कि भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में होंगे या अलग.
ईएसपीएन की रिपोर्ट के मुताबिक़, इस बार एशिया कप टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा. इसमें एसीसी के पांच फुल टाइम मेंबर यानी अफ़ग़ानिस्तान, बांग्लादेश, भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका के अलावा यूएई, ओमान और हॉन्ग कॉन्ग की टीमें हिस्सा लेंगी.
2023 में हुए एशिया कप का ख़िताब भारतीय क्रिकेट टीम ने जीता था.
मैनचेस्टर टेस्ट: दूसरी पारी में भारत की ख़राब शुरुआत, पहले ओवर में दो विकेट गिरे
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इंग्लैंड क्रिकेट टीम
मैनचेस्टर टेस्ट मैच में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ भारत की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद ख़राब रही है.
चौथे दिन इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 669 रन बनाकर ऑल आउट हुई और उसने भारत पर 311 रन की बढ़त हासिल कर ली.
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर पहले ही ओवर में लड़खड़ा गया. यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन बिना खाता खोले आउट हो गए. दोनों विकेट इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स ने लिए.
इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी में जो रूट ने 150 और कप्तान बेन स्टोक्स ने 141 रन बनाए थे. भारत की पहली पारी में ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन ने अर्धशतक लगाए थे.
अब चिराग पासवान पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, 'उनके पास अनुभव की कमी'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जीतन राम मांझी ने कहा है कि चिराग पासवान का राजनीतिक जीवन छोटा है (फाइल फोटो)
बिहार में हाल के दिनों में बढ़ते अपराध के आरोप को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बयान का जवाब हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने दिया है.
चिराग पासवान ने कहा था कि उन्हें ऐसी सरकार का समर्थन करने में दुख होता है, जहां अपराध अनियंत्रित हो गया हो.
इस पर मांझी ने कहा, "चिराग का राजनीतिक जीवन छोटा है. लंबा राजनीतिक अनुभव उनके पिता (रामविलास पासवान) का था."
उन्होंने आगे कहा, "जो लोग 40-45 साल से बिहार की राजनीति देख रहे हैं, वही तुलना कर सकते हैं कि पहले क्या हो रहा था और आज क्या हो रहा है."
जीतन राम मांझी ने दावा किया कि बिहार की क़ानून-व्यवस्था की जो स्थिति आज है, वह 2005 से पहले की स्थिति की तुलना में बेहतर है.
इमेज कैप्शन, चिराग पासवान का बयान
उन्होंने कहा, "कभी हाई कोर्ट ने कहा था कि बिहार में जंगलराज है. आज ऐसी टिप्पणी नहीं की जाती. अगर चिराग पासवान फिर भी ऐसा कहते हैं तो यह उनकी अनुभवहीनता को दिखाता है."
कांग्रेस नेता जयराम रमेश बोले- अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ पीएम की दोस्ती खोखली साबित हुई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जयराम रमेश
कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दोस्ती ‘खोखली’ साबित हुई.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "भारतीय कूटनीति की विफ़लता, विशेष रूप से पिछले दो महीनों में, चार ठोस तथ्यों के जरिये सबसे स्पष्ट रूप से सामने आती है. ये तथ्य प्रधानमंत्री और उनके लिए ढिंढोरा पीटने वाले और जयकार करने वालों के बड़े-बड़े दावों की पोल खोलते हैं."
उन्होंने कहा, "दस मई 2025 से अब तक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 25 बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को रुकवाने के लिए हस्तक्षेप किया था और चेतावनी दी थी कि अगर भारत और पाकिस्तान युद्ध नहीं रोकते तो अमेरिका व्यापार समझौता नहीं करेगा."
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप कई बार कह चुके हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुई सैन्य संघर्ष रुकवाने में अमेरिका ने मध्यस्थता की थी.
हालाँकि, भारत अमेरिका के दावे को खारिज कर चुका है.
जयराम रमेश ने दावा किया, "प्रधानमंत्री द्वारा 19 जून 2020 को चीन को दी गई क्लीन चिट की भारी क़ीमत भारत चुका रहा है. राष्ट्रपति ट्रंप के साथ जिस बहुप्रचारित दोस्ती का बार-बार ढिंढोरा पीटा गया, वह खोखली साबित हुई है."
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाक़ात की है
जयराम रमेश ने एक-एक कर बीते दिनों हुए कुछ मामले गिनवाए. उन्होंने कहा, "10 जून 2025 को अमेरिका की शक्तिशाली केंद्रीय कमान के प्रमुख जनरल माइकल कुरिला ने आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में पाकिस्तान को अमेरिका का ‘शानदार साझेदार’ बताया."
जयराम रमेश ने कहा, "18 जून 2025 को राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पाकिस्तान के सेना प्रमुख फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ एक अप्रत्याशित ‘लंच मीटिंग’ की. जबकि पहलगाम हमले की पृष्ठभूमि खुद आसिम मुनीर के भड़काऊ, उकसावे वाले और सांप्रदायिक बयानों ने ही तैयार की थी."
उन्होंने कहा, "कल, 25 जुलाई 2025 को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इसहाक डार से मुलाक़ात की और आतंकवाद के ख़िलाफ़ साझेदारी और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के लिए पाकिस्तान का आभार जताया."
पाकिस्तान के विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक डार ने शुक्रवार को वॉशिंगटन डीसी में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाक़ात की है.
इस दौरान इसहाक़ डार ने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष का भी ज़िक्र किया.
उन्होंने कहा, "अमेरिका और अन्य मित्र देशों ने पाकिस्तान और भारत के बीच युद्धविराम कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है."
बिहार: एंबुलेंस में महिला के साथ बलात्कार मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
इमेज स्रोत, @GAYAPOLICEBIHAR /X
इमेज कैप्शन, गया के नगर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल
बिहार के गया ज़िले में होमगार्ड की भर्ती के लिए आई एक महिला अभ्यर्थी के साथ एंबुलेंस में बलात्कार का मामला सामने आया है.
गया के नगर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल ने कहा, "बोधगया के बीएमपी-17 के परिसर में होमगार्ड की बहाली के लिए महिला अभ्यर्थियों की दौड़ होनी थी. इस दौरान एक महिला अभ्यर्थी बेहोश हो गई."
उन्होंने बताया कि काफी कोशिशों के बाद भी जब महिला को होश नहीं आया, तो वहां मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों के सहयोग से महिला को एंबुलेंस में अस्पताल भेजा गया. बाद में क़रीब ढाई बजे महिला अभ्यर्थी ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस में मौजूद कर्मी ने उनके साथ बलात्कार किया और दुर्व्यवहार किया.
रामानंद कुमार कौशल ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की. संदेह के आधार पर एंबुलेंस के ड्राइवर और टेक्नीशियन को हिरासत में ले लिया.
उन्होंने बताया, "दोनों से पूछताछ की गई लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला. महिला अभ्यर्थी ने दोनों की पहचान की है."
इस मामले पर बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए हैं.
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "बिहार में इसे आप राक्षस राज कहेंगे? अपराधियों द्वारा संरक्षित दुराचारी राज कहेंगे? महाजंगल राज कहेंगे अथवा मोदी-नीतीश का कुशासन कहेंगे?"
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए लिखा, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके दो कथित डिप्टी की ज्वलंत मुद्दों पर चुप्पी आपराधिक है."
अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रही थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ प्रमुख ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
बिहार: बढ़ते अपराध पर बोले चिराग पासवान- 'दुख होता है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में बढ़ते अपराध पर प्रतिक्रिया दी है
बिहार में हाल के दिनों में हुए अपराध को लेकर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने बिहार सरकार से नाराज़गी ज़ाहिर की है.
उनका कहना है कि उन्हें ऐसी सरकार का समर्थन करने में दुख होता है जहां अपराध अनियंत्रित हो गया है.
चिराग पासवान ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, "बिहार में एक के बाद एक तरह से आपराधिक घटनाओं की एक श्रृंखला बन गई है और प्रशासन अपराधियों के सामने पूरी तरह से नतमस्तक दिख रहा है."
उन्होंने कहा, "अब तो ऐसा लग रहा है कि इन घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह से नाकामयाब है. अगर ऐसा ही चलता रहा तो प्रदेश के लिए आने वाले दिनों में ये बहुत भयावह परिस्थिति पैदा कर देगा."
विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवाल पर चिराग पासवान ने कहा, " मान लिया जाए कि अगर सरकार को बदनाम करने की साजिश के तहत भी इन घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है तो भी ज़िम्मेदारी तो प्रशासन की बनती है."
उन्होंने कहा, "मुझे इस बात का दुख होता है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां पर अपराध पूरी तरह से बेलगाम हो चुका है."
झालावाड़ स्कूल हादसे पर सचिन पायलट ने राजस्थान सरकार पर लगाए आरोप
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने झालावाड़ में हुए हादसे को 'आपराधिक लापरवाही' बताया है
राजस्थान के झालावाड़ में स्कूल की छत गिरने की घटना पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं.
उनका कहना है कि सत्ता और साधन होने के बावजूद लापरवाही की गई.
झालावाड़ ज़िले के मनोहर थाना इलाक़े में शुक्रवार सुबह एक सरकारी स्कूल की छत गिरने से सात बच्चों की मौत हो गई और कई घायल हो गए.
सचिन पायलट ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "कल की घटना बहुत ही दर्दनाक है. मासूम बच्चों पर पढ़ते हुए छत गिर जाए और 7 की मृत्यु हो जाए तो ये सरकार की पूरी तरह से लापरवाही है."
उन्होंने कहा, "ये आपराधिक लापरवाही है, जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए."
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा, "मुझे खेद है कि वहां के शिक्षा मंत्री पिछली कांग्रेस सरकार की बात कर रहे हैं. डेढ़ साल से आपकी सरकार है, डबल इंजन आपके पास है. पूरा साधन है फिर भी आप लोगों ने लापरवाही की."
सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि इमारत की शिकायत के बावजूद सही समय पर क़दम नहीं उठाया गया.
उन्होंने कहा, "राजस्थान सरकार को निर्णायक क़दम उठाना चाहिए, बजाय इसके कि पिछली सरकार को दोषी ठहराया जाए."
झालावाड़ स्कूल हादसा: कलेक्टर का दावा- इमारत जर्जर होने की जानकारी नहीं मिली थी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, झालावाड़ के कलेक्टर अजय सिंह ने बताया है कि जर्जर इमारत वाले स्कूलों को दूसरी जगह शिफ़्ट किया गया था
राजस्थान के झालावाड़ ज़िले के मनोहर थाना इलाके़ में सरकारी स्कूल की छत गिरने से सात बच्चों की मौत के बाद ज़िला प्रशासन ने इस पर प्रतिक्रिया दी है.
शनिवार को झालावाड़ के कलेक्टर अजय सिंह ने उस परिवार से मुलाकात की, जिसने इस हादसे में अपने दो बच्चों को खो दिया.
पत्रकारों से बातचीत में अजय सिंह ने कहा, "मृतकों के परिजनों की दो मांगें थीं- पहली, ऐसा हादसा दोबारा न हो और दूसरी, दोषियों पर सख़्त कार्रवाई हो. जहां कहीं भी सुरक्षा में चूक हुई है, वहां कार्रवाई की जाएगी."
कलेक्टर ने बताया कि 20 जून को ही आदेश जारी कर दिए गए थे कि जर्जर स्कूल भवनों में कक्षाएं न लगाई जाएं.
उन्होंने कहा, "ऐसे क़रीब 12-13 भवन हैं जिन्हें हमने शिफ्ट कर दिया था, लेकिन इस स्कूल से हमें कोई जानकारी नहीं मिली थी."
अजय सिंह ने आगे कहा, "हमें हादसे के बाद ही सूचना मिली. गांव वालों ने लापरवाही के बारे में जो बातें बताई हैं, उनकी जांच की जाएगी. जब भी हमने शिक्षकों से पूछा, उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं बताई थी. कल भी पूछने पर उन्होंने यही कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी."
बिहार चुनाव से पहले सीएम नीतीश कुमार ने पत्रकारों के लिए किया यह ऐलान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सीएम नीतीश कुमार बिहार चुनाव से पहले कई घोषणाएं कर चुके हैं
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पत्रकारों को मिलने वाली 6 हज़ार रुपये प्रति महीने की पेंशन राशि को बढ़ाकर 15 हज़ार रुपये कर दिया है.
नीतीश कुमार ने ये जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स एक्स और फ़ेसबुक पर दी है.
सीएम ने फ़ेसबुक पर लिखा, "मुझे यह बताते हुए ख़ुशी हो रही है कि बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत अब सभी पात्र पत्रकारों को हर महीने 6 हज़ार रुपये की जगह 15 हज़ार रुपये पेंशन की राशि प्रदान करने का विभाग को निर्देश दिया है."
उन्होंने लिखा, "साथ ही बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे पत्रकारों की मृत्यु होने की स्थिति में उनके आश्रित पति/ पत्नी को जीवनपर्यन्त प्रतिमाह 3 हज़ार रुपये की जगह 10 हज़ार रुपये की पेंशन राशि दिए जाने का निर्देश दिया है."
नीतीश कुमार ने कहा, "लोकतंत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है. पत्रकारों की सुविधाओं का हमलोग शुरू से ख्याल रख रहे हैं ताकि वे निष्पक्ष होकर अपनी पत्रकारिता कर सकें."
थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष के बीच भारत के दूतावास ने जारी की एडवाइज़री
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कंबोडिया में भारत के दूतावास ने एडवाइज़री जारी की है
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच दो दिनों से सीमा पार संघर्ष चल रहा है. इसी को देखते हुए भारत ने वहां रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है.
कंबोडिया में मौजूद भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर लिखा, "कंबोडिया-थाईलैंड सीमा पर चल रही झड़पों को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को सीमावर्ती क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है."
इमेज स्रोत, indembcam/X
इमेज कैप्शन, कंबोडिया में मौजूद भारतीय दूतावास की ओर से जारी बयान
इससे पहले थाईलैंड ने कंबोडिया की सीमा से सटे आठ ज़िलों में मार्शल लॉ का ऐलान कर दिया था.
दोनों देशों के बीच गुरुवार को शुरू हुई झड़पों के बाद से अब तक कम से कम 16 लोग मारे गए हैं और 10 हज़ार से ज़्यादा लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है.
थाईलैंड और कंबोडिया एक दूसरे पर पहले गोली चलाने का आरोप लगा रहे हैं.
कारगिल विजय दिवस पर पीएम मोदी समेत इन नेताओं ने देश को यह संदेश दिया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने देशवासियों को कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं दी हैं
कारगिल विजय दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने देशवासियों को बधाई दी है.
भारत में हर साल 26 जुलाई का कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है.
भारत और पाकिस्तान के बीच कारगिल युद्ध मई से जुलाई 1999 के दौरान नियंत्रण रेखा के साथ जम्मू-कश्मीर के क्षेत्र कारगिल और इससे सटी बर्फ़ीली चोटियों पर लड़ा गया था.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "देशवासियों को कारगिल विजय दिवस की ढेरों शुभकामनाएं. यह अवसर हमें मां भारती के उन वीर सपूतों के अप्रतिम साहस और शौर्य का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश के आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया."
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "कारगिल विजय दिवस पर मैं उन वीर सपूतों को दिल से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ, जिन्होंने कठिन से कठिन परिस्थितियों में अद्भुत साहस, दृढ़ता और संकल्प दिखाते हुए हमारे राष्ट्र की रक्षा की."
ग़ज़ा में हवाई मार्ग से मदद पहुंचाने पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने दी यह जानकारी
इमेज स्रोत, MOD
इमेज कैप्शन, 'द टाइम्स ऑफ़ इसराइल' के मुताबिक़, जॉर्डन और यूएई को सबसे पहले सहायता सामग्री पहुंचाने की अनुमति दी जा सकती है
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने सुझाव दिया है कि ब्रिटेन ग़ज़ा में हवाई मार्ग से सहायता पहुंचाने में भूमिका निभाएगा.
इससे पहले एक तिहाई से ज़्यादा सांसदों ने एक पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें सरकार से फ़लस्तीन को राष्ट्र की मान्यता देने की अपील की गई है.
इसराइल ने शुक्रवार को कहा है कि वह कुछ देशों को आने वाले दिनों में ग़ज़ा में सहायता सामग्री गिराने की अनुमति दे सकता है.
प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने द मिरर में लिखा, "इसराइल की ओर से ग़ज़ा में मदद के लिए देशों को एयरड्रॉप की अनुमति देने की ख़बर बहुत देर से आई है, लेकिन हम इस मार्ग के ज़रिए सहायता पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे."
पीएम किएर स्टार्मर ने यह भी कहा कि उन बच्चों को इलाज के लिए ब्रिटेन लाने के प्रयास को "तेज़ी से और तुरंत" बढ़ाया जा रहा है, जिन्हें गंभीर चिकित्सीय मदद की ज़रूरत है.