ग़ज़ा में युद्ध समाप्त करने का समय आ गया है- ब्रिटेन, फ़्रांस और जर्मनी

ब्रिटेन, फ़्रांस और जर्मनी ने ग़ज़ा में भुखमरी और भोजन की कमी की स्थिति को देखते हुए एक संयुक्त बयान जारी किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, राजस्थान: झालावाड़ में सरकारी स्कूल की छत गिरने से तीन बच्चों की मौत, कम से कम 30 घायल, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिंदी के लिए

    झालावाड़

    इमेज स्रोत, Anis Alam

    इमेज कैप्शन, 12 गंभीर घायल बच्चों को एंबुलेंस में ज़िला अस्पताल भेजा गया है

    राजस्थान में झालावाड़ ज़िले के मनोहर थाना इलाक़े में शुक्रवार सुबह एक सरकारी स्कूल की छत गिरने से तीन बच्चों की मौत हो गई है.

    बताया जा रहा है कि हादसे में कम से कम 30 अन्य घायल हैं.

    राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने तीन बच्चों की मौत की पुष्टि की है. जबकि, मीडिया रिपोर्टों में मृतक बच्चों की संख्या कम से कम पांच बताई जा रही है.

    हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने मलबे से घायल और मृतक बच्चों को बाहर निकाला. घायलों में शिक्षक भी शामिल हैं. फिलहाल इलाज के लिए सभी को अस्पताल ले जाया गया है.

    शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की ओर से जारी बयान में कहा गया, "स्कूल की छत गिरने की दुखद घटना हुई है. इसमें मौके पर ही तीन बच्चों की मौत हुई है. कलेक्टर समेत शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भेजा गया है."

    उन्होंने कहा, "घायलों का अस्पताल में इलाज करवाया जा रहा है. यह हादसा कैसे हुआ इसकी उच्च स्तरीय जांच करवाई जाएगी."

    हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने दु:ख जताया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "झालावाड़ के पीपलोदी में विद्यालय की छत गिरने से हुआ दर्दनाक हादसा अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है."

    झालावाड़

    इमेज स्रोत, Anis Alam

    इस हादसे पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "झालावाड़ के मनोहर थाना में एक सरकारी स्कूल की इमारत गिरने से कई बच्चों एवं शिक्षकों के हताहत होने की सूचना मिल रही है. मैं ईश्वर से कम से कम जनहानि एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ देने की प्रार्थना करता हूं."

  2. मणिपुर में 6 महीने के लिए और बढ़ाया जाएगा राष्ट्रपति शासन

    मणिपुर में राष्ट्रपति शासन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मणिपुर में जारी राष्ट्रपति शासन को 6 महीने के लिए बढ़ाने का फै़सला किया गया है. ये आदेश 13 अगस्त, 2025 से प्रभावी होने वाला है.

    इसे लेकर राज्यसभा की ओर से एक नोटिस जारी किया गया है.

    आधिकारिक नोटिस के मुताबिक़, इसमें कहा गया है, "यह सदन राष्ट्रपति की ओर से संविधान के अनुच्छेद 356 के तहत मणिपुर के संबंध में 13 फरवरी, 2025 को जारी की गई उद्घोषणा को 13 अगस्त, 2025 से छह महीने की अवधि के लिए जारी रखने की मंज़ूरी देता है."

    13 फरवरी को एन बीरेन सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के बाद मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया था.

    मई 2023 से राज्य में जातीय संघर्ष चल रहा है. अभी तक वहां स्थाई शांति स्थापित नहीं हो सकी है.

  3. फ़लस्तीन को राष्ट्र का दर्जा देने के फ़्रांस के फ़ैसले पर अमेरिका की तीखी प्रतिक्रिया

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो

    अमेरिका ने फ़लस्तीन को लेकर फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के फ़ैसले को 'सख़्ती से ख़ारिज' कर दिया है.

    उसका कहना है कि मैक्रों का यह फ़ैसला 'सिर्फ़ हमास के प्रॉपेगेंडा को बढ़ावा देता है'.

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "संयुक्त राष्ट्र महासभा में फ़लस्तीन को राष्ट्र का मान्यता देने की इमैनुएल मैक्रों की योजना को अमेरिका सख़्ती से ख़ारिज करता है."

    उन्होंने लिखा, "यह गैर-ज़िम्मेदाराना फै़सला सिर्फ़ हमास के प्रॉपेगेंडा को बढ़ावा देता है और यह अशांति बढ़ाएगा. यह 7 अक्तूबर के हमले के पीड़ितों के लिए एक तमाचे जैसा है."

    राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार को कहा है कि उनका देश फ़लस्तीन को इसी साल सितंबर में आधिकारिक तौर पर मान्यता देगा.

    राष्ट्रपति मैक्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि इसकी औपचारिक घोषणा न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में की जाएगी.

    फ़लस्तीनी अधिकारियों ने मैक्रों के फै़सले का स्वागत किया है, लेकिन इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इस क़दम की आलोचना करते हुए कहा कि यह "आतंकवाद को इनाम देने जैसा है."

  4. कोल्डप्ले कॉन्सर्ट से वायरल होने वालीं महिला अधिकारी ने भी दिया एस्ट्रोनॉमर कंपनी से इस्तीफ़ा

    कोल्डप्ले कॉन्सर्ट
    इमेज कैप्शन, कोल्डप्ले कॉन्सर्ट का वीडियो वायरल होने के बाद कयासों का दौर शुरू हो गया था

    अमेरिका की एक टेक कंपनी की चीफ़ पीपल ऑफ़िसर ने इस्तीफ़ा दे दिया है. उनका इस्तीफ़ा कोल्डप्ले कॉन्सर्ट में बड़े स्क्रीन पर कंपनी के सीईओ के साथ नज़र आने से छिड़े विवाद के बाद आया है.

    कंपनी ने बीबीसी को एक बयान में बताया कि एस्ट्रोनॉमर की चीफ़ पीपल ऑफ़िसर क्रिस्टीन कैबट अब कंपनी में नहीं हैं और उन्होंने इस्तीफा दे दिया है.

    क्रिस्टीन से पहले पूर्व सीईओ एंडी बायरन ने पिछले हफ़्ते इस्तीफ़ा दिया था. बायरन वही व्यक्ति हैं जिनके साथ स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर क्रिस्टीन नज़र आई थीं.

    हालांकि बीबीसी स्वतंत्र रूप से क्लिप में दिख रहे किसी भी व्यक्ति की पहचान की पुष्टि नहीं कर पाया है.

    मैसाचुसेट्स के गिलेट स्टेडियम में आयोजित कोल्डप्ले कॉन्सर्ट के दौरान स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर एक महिला और पुरुष एक-दूसरे को बाहों में लिए दिखे थे.

    इसका वीडियो वायरल हो गया था. वीडियो में जैसे ही कैमरा उनके चेहरे पर ज़ूम करता है और उनकी तस्वीर हज़ारों दर्शकों को दिखती है.

    हालांकि, दोनों अचानक सिर झुकाकर कैमरे से बचने की कोशिश करते हुए भी दिखे.

  5. चोट के बावजूद बल्लेबाज़ी करने आए पंत की तारीफ़ में इंग्लैंड के खिलाड़ी ने कही ये बात

    ऋषभ पंत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, टेस्ट के पहले दिन क्रिस वोक्स की गेंद पर ऋषभ पंत चोटिल हो गए थे

    इंग्लैंड के बल्लेबाज़ ज़ैक क्रॉली ने ऋषभ पंत की तारीफ़ की है. पंत मैनचेस्टर में चल रहे चौथे टेस्ट के दूसरे दिन पैर में चोट के साथ बल्लेबाज़ी करने आए थे.

    हालांकि, चोटिल ऋषभ पंत 54 रन बनाकर आउट हो गए.

    जैक क्रॉली ने कहा, "यह मुश्किल था क्योंकि वह (ऋषभ पंत) बेहद प्रतिभाशाली हैं. बहुत कम लोग एक पैर पर बल्लेबाज़ी करने आ पाते, जैसे उन्होंने किया."

    साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि ऋषभ पंत के ख़िलाफ़ इंग्लैंड की क्या योजना थी.

    क्रॉली ने कहा, "ऋषभ पंत को लेकर योजनाएं थोड़ी बदली हुई थीं, लेकिन आखिर में हम पारी जल्दी ख़त्म करके खुश थे."

    पंत टेस्ट के पहले दिन क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप लगाने के प्रयास में चोटिल हो गए थे.

    पंत उस वक्त 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे. लेकिन इसके बाद पंत को मैदान से बाहर जाना पड़ा था.

  6. फ़लस्तीन को राष्ट्र का दर्जा देगा फ़्रांस, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने किया एलान

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़लस्तीन को संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्य देशों में से 140 से ज़्यादा देशों की ओर से मान्यता प्राप्त है

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि उनका देश फ़लस्तीन को इसी साल सितंबर में आधिकारिक तौर पर मान्यता देगा.

    राष्ट्रपति मैक्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि इसकी औपचारिक घोषणा न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में की जाएगी.

    उन्होंने लिखा, "आज की सबसे बड़ी ज़रूरत यह है कि ग़ज़ा में युद्ध ख़त्म हो और नागरिकों को बचाया जाए. शांति संभव है. हमें तत्काल युद्धविराम, सभी बंधकों की रिहाई और ग़ज़ा के लोगों को बड़े पैमाने पर मानवीय सहायता की ज़रूरत है."

    फ़लस्तीनी अधिकारियों ने मैक्रों के फै़सले का स्वागत किया है, लेकिन इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इस क़दम की आलोचना करते हुए कहा कि यह "आतंकवाद को इनाम देने जैसा है."

    गुरुवार को एक्स पर अपने पोस्ट में मैक्रों ने लिखा, "मध्य पूर्व में न्यायपूर्ण और स्थायी शांति के प्रति अपनी ऐतिहासिक प्रतिबद्धता के तहत, मैंने फ़ैसला लिया है कि फ़्रांस फ़लस्तीन को एक राष्ट्र के रूप में मान्यता देगा."

    उन्होंने कहा, "हमें हमास का विसैन्यीकरण (हथियारों से मुक्त करना) सुनिश्चित करना होगा, साथ ही ग़ज़ा को सुरक्षित बनाना और उसका पुनर्निर्माण भी करना होगा."

    हाल के समय में फ़लस्तीन को संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्य देशों में से 140 से ज़्यादा देशों की ओर से मान्यता प्राप्त है.

    स्पेन और आयरलैंड सहित कुछ यूरोपीय संघ के देश भी इनमें शामिल हैं.

    लेकिन इसराइल के मुख्य समर्थक अमेरिका और ब्रिटेन सहित उसके सहयोगियों ने फ़लस्तीन को मान्यता नहीं दी है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.