You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत-पाकिस्तान फ़ाइनल में प्रेजे़ंटर रवि शास्त्री ने पाकिस्तानी कप्तान से नहीं की बात, सामने आई वजह

टी20 एशिया कप के फ़ाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच टॉस के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और अंशुल सिंह

  1. करूर भगदड़: विजय की रैली में कितने लोगों की हुई मौत और कितने हैं अस्पताल में भर्ती?

    तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव पी सेंथिल कुमार ने कहा है कि करूर भगदड़ में 39 लोगों की मौत हुई है और 95 लोग अस्पताल में भर्ती हैं.

    उन्होंने कहा, "95 घायलों में से 51 लोग गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एडमिट हैं.एक व्यक्ति को छोड़कर बाकी सभी घायलों की हालत स्थिर है. बाकी के 44 घायल लोग प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट हैं."

    पी सेंथिल कुमार ने बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टर घायलों का इलाज कर रहे हैं.

    यह हादसा उस वक्त हुआ जब शनिवार शाम विजय करूर में अपनी तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) पार्टी की एक रैली को संबोधित कर रहे थे.

    रैली में मची भगदड़ के बाद विजय ने एक्स पर पोस्ट करके दुख जताया है.

  2. रूसी विदेश मंत्री बोले- यूरोपीय संघ या नेटो देशों पर हमला करने का इरादा नहीं, कैथरीन आर्मस्ट्रॉन्ग, बीबीसी न्यूज़

    रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि रूस का यूरोपीय संघ या नेटो सदस्य देशों पर हमला करने का कोई इरादा नहीं है.

    हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रूस पर कोई "हमला" हुआ, तो उसका "निर्णायक जवाब" दिया जाएगा.

    संयुक्त राष्ट्र महासभा में शनिवार को दिए भाषण में लावरोव ने कहा कि पश्चिमी देशों की ओर से रूस के ख़िलाफ़ धमकियां "बढ़ती जा रही हैं."

    उन्होंने इसराइल पर भी निशाना साधा. लावरोव ने कहा कि रूस ने भले ही 7 अक्तूबर 2023 के हमास हमलों की निंदा की है, लेकिन ग़ज़ा में फ़लस्तीनियों की हत्या या वेस्ट बैंक पर क़ब्ज़ा करने की योजनाओं को "सही नहीं ठहराया" जा सकता है.

    वहीं इसराइल कह चुका है कि ग़ज़ा में उसका अभियान हमास को हराने के लिए ज़रूरी है.

  3. करूर की रैली में भगदड़ के बाद एक्टर विजय ने बयान में क्या कहा?

    तमिलनाडु के करूर में अपनी रैली में मची भगदड़ के बाद अभिनेता से नेता बने विजय ने एक्स पर पोस्ट करके दुख जताया है.

    उन्होंने लिखा, "मेरा दिल टूट गया है. मैं असहनीय दर्द और दुख में हूं, जिसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता. करूर में जान गंवाने वाले अपने प्रिय भाइयों और बहनों के परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं. मैं अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं."

    तमिलनाडु के करूर में विजय की रैली में भगदड़ मचने से कम से कम 36 लोगों की मौत हुई है.

    हादसे पर तमिलनाडु के सीएम एम.के. स्टालिन ने बयान जारी किया है, जिसके मुताबिक़ मरने वालों में आठ बच्चे और 16 महिलाएं भी शामिल हैं.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.