अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
टी20 एशिया कप के फ़ाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच टॉस के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है.
सुरभि गुप्ता और अंशुल सिंह
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
टी20 एशिया कप के फ़ाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच टॉस के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है.
दरअसल, दोनों टीमों के पिछले दो मुक़ाबलों में भारत के पूर्व कोच और कमेंटटेटर रवि शास्त्री ने टॉस के बाद दोनों कप्तानों से बात की थी.
लेकिन इस मैच में रवि शास्त्री ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आग़ा से बात नहीं की. भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव के टॉस जीतने के बाद प्रेंजेटर रवि शास्त्री ने सूर्या से टीम कॉम्बीनेशन और रणनीति को लेकर बात की.
लेकिन जब आग़ा की बोलने की बारी आई तो रवि शास्त्री वहां से हट गए, इसके बाद आग़ा से पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वक़ार यूनुस ने बात की.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, "रवि शास्त्री और वक़ार यूनुस एशिया कप फ़ाइनल में भारत और पाकिस्तान के कप्तानों के साथ टॉस के दौरान बातचीत करेंगे. यह फ़ैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अनुरोध पर लिया गया है, जिसमें एशियन क्रिकेट काउंसिल से टॉस के लिए न्यूट्रल प्रेजे़ंटर रखने की मांग की गई थी."
फ़ाइनल में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी है.
नेपाल सरकार की ओर से बनाए गए जांच आयोग ने कहा है कि वह 'जेन ज़ी' आंदोलन हिंसा के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और अन्य लोगों के बयान लेगा.
बीबीसी से बात करते हुए आयोग के अध्यक्ष गौरी बहादुर कार्की ने कहा कि ओली समेत उच्च पदों पर रहे अधिकारी जांच के दायरे में हैं.
उन्होंने कहा कि इसी वजह से आयोग ने रविवार को कुछ फै़सले लिए.
जांच आयोग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि उसने फै़सला लिया है कि पूर्व प्रधानमंत्री ओली समेत पांच लोगों को काठमांडू और देश छोड़ने से रोका जाएगा.
आयोग के सदस्य विज्ञानराज शर्मा के मुताबिक़, जांच के दायरे में पूर्व प्रधानमंत्री ओली, पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक, पूर्व गृह सचिव गोकर्ण मणि दुवाड़ी, राष्ट्रीय जांच विभाग के पूर्व प्रमुख हूतराज थापा और काठमांडू के पूर्व मुख्य ज़िला अधिकारी छबीलाल रिजाल शामिल हैं.
आयोग ने तय किया है कि इन्हें आयोग की अनुमति के बिना काठमांडू घाटी से बाहर जाने की इजाज़त नहीं होगी.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लेह में हुई हिंसक झड़पों पर रविवार को प्रतिक्रिया दी. इस हिंसा में चार युवाओं की मौत हो गई थी.
उन्होंने आरोप लगाया कि लद्दाख के लोग और उनकी संस्कृति सत्तारूढ़ बीजेपी और उसकी सहयोगी संस्था आरएसएस के हमले का सामना कर रहे हैं.
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "लद्दाख के लोगों ने अपनी आवाज़ उठाई. बीजेपी ने जवाब में चार युवाओं की हत्या कर दी और सोनम वांगचुक को जेल में डाल दिया. हत्या बंद करो. हिंसा बंद करो. डराना-धमकाना बंद करो."
राहुल गांधी ने कहा, "लद्दाख को आवाज़ दो. उन्हें छठी अनुसूची दो."
भारत के संविधान की छठी अनुसूची जनजातीय क्षेत्रों को विशेष अधिकार और शक्तियां देती है, जो इस समय पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में लागू है. लद्दाख के लोग भी इसकी मांग कर रहे हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि 'मध्य पूर्व में महानता हासिल करने का एक सच्चा मौक़ा है', हालांकि उन्होंने इसके बारे में कोई ख़ास जानकारी या समय नहीं बताया.
यह बयान उन्होंने ऐसे समय पर दिया जब कुछ दिन पहले उन्होंने कहा था कि वह ग़ज़ा युद्ध को ख़त्म करने के लिए एक समझौते के क़रीब हैं.
उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "हमारे पास मध्य पूर्व में महानता हासिल करने का एक सच्चा मौका है. सभी लोग कुछ ख़ास के लिए साथ हैं, पहली बार ऐसा हो रहा है. हम इसे पूरा करेंगे."
अमेरिकी प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, ट्रंप सोमवार को व्हाइट हाउस में इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से मुलाक़ात करेंगे, ताकि एक समझौते के लिए रूपरेखा तैयार की जा सके.
करूर में हुई भगदड़ की घटना पर तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने सीबीआई जांच की मांग करते हुए राज्य की डीएमके सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया है.
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "आपको यह समझना होगा कि विजय यह उम्मीद कर सकते हैं कि 10 हज़ार लोग आएंगे, 15 हज़ार लोग आ सकते हैं. यह विजय की ग़लती नहीं है. कोई भी यह नहीं बता सकता कि कितनी भीड़ आएगी. यह राज्य पुलिस और ख़ुफ़िया विभाग का काम है कि वह भीड़ का पूर्वानुमान लगाए और पर्याप्त रूप से पुलिस बल तैनात करे."
"पुलिस ने उन्हें (विजय) रैली के लिए सात घंटे की इजाज़त क्यों दी थी? दो घंटे के लिए परमिशन देनी चाहिए थी. यह एक रोड शो था और विजय की स्पीच सिर्फ़ 20 मिनट की थी तो इतनी देर के लिए परमिशन देने की क्या ज़रूरत थी?"
इस सवाल के जवाब में कि क्या घटना की सीबीआई जांच होनी चाहिए, अन्नामलाई ने कहा कि तमिलनाडु भाजपा के रूप में हम सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं.
उनका कहना है, "राज्य के मुख्यमंत्री एक सदस्यीय पूर्व न्यायाधीश जांच आयोग चाहते हैं और न्यायाधीश का चयन भी उन्होंने ही किया है. यह निष्पक्ष जांच कैसे हो सकती है?"
पढ़ें पूरी ख़बर- विजय की रैली में भगदड़ के दौरान 39 की मौत, एक्टर ने जारी किया बयान
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की आलोचना और भारतीय प्रतिनिधि के बयान में पाकिस्तान को 'टेररिस्तान' कहे जाने पर पाकिस्तान ने प्रतिक्रिया दी है.
शनिवार को संयुक्त राष्ट्र की बैठक में संबोधन के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर ने बिना नाम लिए कहा कि हमारा एक पड़ोसी लंबे समय से आतंकवाद का केंद्र रहा है.
उन्होंने कहा कि कई दशकों से बड़े अंतरराष्ट्रीय 'आतंकी हमलों' की कड़ियां इसी देश से जुड़ी रही हैं. उनका कहना था, "अप्रैल में पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की हत्या इसका ताज़ा उदाहरण है."
विदेश मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तानी मिशन के अंडर-सेक्रेटरी मोहम्मद राशिद ने कहा कि जयशंकर का बयान पाकिस्तान को बदनाम करने की कोशिश है.
उन्होंने कहा, "असल में भारत आतंकवादियों का मददगार है और अपने विस्तारवादी इरादों और कट्टरपंथी विचारधारा से उसने पूरे दक्षिण एशिया को बंधक बना रखा है."
मोहम्मद राशिद ने कहा कि सच्चाई यह है कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में पाकिस्तान के 90,000 से ज्यादा लोगों ने जान दी है, जिसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भी माना है.
पाकिस्तान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत के मिशन में सेकेंड सेक्रेटरी श्रीनिवास ने कहा, "विदेश मंत्री ने अपने संबोधन में किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन पाकिस्तान ने फिर भी प्रतिक्रिया दी और मान लिया कि सीमा पार आतंकवाद का अड्डा है."
उन्होंने कहा, "कोई भी दलील या झूठ आतंकवाद के अपराधों को कभी नहीं छिपा पाएगी."
भारतीय प्रतिनिधि के बयान पर फिर से जवाब देते हुए पाकिस्तानी प्रतिनिधि मोहम्मद राशिद ने कहा, "यह बहुत शर्मनाक है कि भारत इस स्तर पर आ गया है कि बार-बार संयुक्त राष्ट्र के एक सदस्य देश का नाम खराब कर रहा है."
उन्होंने कहा कि एक संप्रभु राष्ट्र का नाम तंज़ कसते हुए लेना पूरे देश को बदनाम और अपमानित करने की जानबूझकर कोशिश है.
मोहम्मद राशिद ने कहा, "यह कोई राजनीतिक रैली नहीं है. भारत के पास दुनिया को दिखाने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए बिना किसी ठोस सबूत के ऐसी बातें कही जा रही हैं जो गंभीर चर्चा के लायक भी नहीं हैं."
रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप टी20 का फ़ाइनल मुक़ाबला खेला जाना है.
टूर्नामेंट में भारतीय टीम अब तक अजेय रही है जबकि पाकिस्तान को भारत के हाथों दो बार हार का सामना करना पड़ा है.
सवाल है कि फ़ाइनल कौन जीतेगा? इसके जवाब में पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ वसीम अकरम कहते हैं कि भारतीय टीम फ़ेवरेट है.
एक यूट्यूब चैनल संग बातचीत में वसीम अकरम बताते हैं, "जिस तरह से भारतीय टीम ने अब तक क्रिकेट खेली है वो फ़ेवरेट है. उन्होंने सारे मैच जीते हैं लेकिन श्रीलंका वाले मैच में उनका दम निकला होगा. हर पाकिस्तानी की तरह मैं भी चाहता हूं कि पाकिस्तान जीते लेकिन मिडिल ओवर को लेकर डर है, जो कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती करते हैं."
पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफ़रीदी का मानना है कि अगर पाकिस्तान को फ़ाइनल जीतना है तो बल्लेबाज़ों को स्कोरबोर्ड पर रन लगाने होंगे.
पाकिस्तानी न्यूज़ चैनल के एक कार्यक्रम में अफ़रीदी कहते हैं, "बल्लेबाज़ों को एक अच्छा टोटल लगाना चाहिए और गेंदबाज़ों को डिफ़ेंड करने के लिए मौक़ा दें. हालांकि यह बात टॉस पर भी निर्भर करती है. बॉलर को सोचना चाहिए कि ये (टीम इंडिया के बल्लेबाज़) मुझे कैसे मारेंगे तो फिर जीत पाकिस्तान की होगी. फ़ाइनल के लिए ये एटीट्यूड और माइंडसेट चाहिए."
वहीं, मोहम्मद युसुफ़ का मानना है कि अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के लिए बड़ी चुनौती हैं और पाकिस्तानी गेंदबाज़ों को उन्हें जल्दी आउट करने की ज़रूरत है.
यूक्रेन में 12 घंटे से अधिक समय तक चली रूस की भीषण हवाई बमबारी में कम से कम चार लोग मारे गए तथा 70 अन्य घायल हो गए.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बताया कि सभी मौतें राजधानी कीएव में हुईं, जहां अधिकतर हमले किए गए थे और मरने वालों में 12 साल की एक बच्ची भी शामिल है.
रूसी वायुसेना ने बताया कि उसने यूक्रेन के सात क्षेत्रों की ओर क़रीब 600 ड्रोन और कई दर्जन मिसाइलें दागीं.
ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन इसका जवाब देगा और बताया कि यह हमला दिखाता है कि रूस लड़ाई और हत्याएं जारी रखना चाहता है.
रूस ने कहा कि उसने यूक्रेन की सेना को मदद देने वाली सैन्य और औद्योगिक जगहों को निशाना बनाया.
ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका और फ्रांस, ब्रिटेन, जर्मनी (ई3) के इस दावे को ख़ारिज किया है कि ईरान पर प्रतिबंध संबंधी संयुक्त राष्ट्र के पुराने नियम फिर से लागू हो गए हैं.
ईरान ने कहा कि ऐसे प्रस्तावों को मानने के लिए ईरान या अन्य संयुक्त राष्ट्र सदस्य देश बाध्य नहीं हैं.
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान राष्ट्रीय अधिकारों और हितों की पुरज़ोर रक्षा करेगा और ईरानी लोगों के अधिकारों या हितों को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी कदम का उचित और निर्णायक जवाब दिया जाएगा.
यह बयान रविवार को आया, जब ई3 देशों ने कहा था कि 2015 के परमाणु समझौते और उससे जुड़े प्रस्ताव के तहत जो छह प्रतिबंध पहले ख़त्म कर दिए गए थे, उन्हें अब फिर से लागू किया जा रहा है.
ई3 ने कहा कि ये नियम 27 सितंबर 2025 से फिर से लागू हो गए हैं, क्योंकि तय प्रस्तावों के तहत प्रक्रिया पूरी हो गई है. उन्होंने ईरान से इन नियमों का पालन करने को कहा है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, "संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंधों की वापसी का मतलब है कि इस्लामिक रिपब्लिक की पहले से जूझ रही अर्थव्यवस्था पर और बोझ बढ़ेगा. इसमें संपत्तियों को फ़्रीज़ करना, यात्रा पर पाबंदी, यूरोपीय प्रतिबंधों की वापसी और अगले हफ़्ते से अमेरिकी प्रतिबंधों का असर शामिल होगा."
ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद-बाग़ेर ग़ालिबॉफ़ ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य रूस और चीन दोनों ने सार्वजनिक रूप से ईरान पर प्रतिबंधों की बहाली की निंदा की है और कहा है कि कोई भी देश इनका पालन करने के लिए बाध्य नहीं है.
यूरोपीय यूनियन थ्री जिसे ई(3) के नाम से भी जाना जाता है. इसमें फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन शामिल हैं.
ये देश यूरोपीय सुरक्षा और विदेश नीति के मामलों पर एक साथ मिलकर काम करते हैं, ख़ासकर ईरान के परमाणु कार्यक्रम जैसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर.
पूर्व क्रिकेटर मिथुन मन्हास को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का अध्यक्ष चुना गया है. इसकी जानकारी बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने दी है.
पत्रकारों से बातचीत में राजीव शुक्ला ने कहा, "बीसीसीआई अध्यक्ष का चुनाव हो गया है. चुनाव अधिकारी ने नए अध्यक्ष की घोषणा कर दी है. मिथुन मन्हास को बीसीसीआई का अध्यक्ष चुना गया है."
इस साल अगस्त में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रोजर बिन्नी के पद छोड़ने के बाद अध्यक्ष की कुर्सी खाली थी. बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला तब से अंतरिम रूप से इस पद पर कार्यरत थे.
मिथुन मन्हास पहले 'अनकैप्ड' (वह खिलाड़ी जिन्होंने भारत की राष्ट्रीय टीम के लिए खेला न हो) क्रिकेटर हैं जो बीसीसीआई के शीर्ष पद पर पहुंचे हैं.
कौन हैं मिथुन मन्हास?
मिथुन मन्हास मूलतः जम्मू-कश्मीर के हैं लेकिन उन्होंने घरेलू क्रिकेट दिल्ली के लिए खेली और इस टीम की कप्तानी भी की.
मन्हास ने 1997-98 से 2016-17 तक 157 प्रथम श्रेणी मैच खेले, जहां उन्होंने 9714 रन बनाए; 130 लिस्ट ए मैचों में 4126 रन और 91 टी20 में 1170 रन.
घरेलू क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के कारण मन्हास का चयन आईपीएल के पहले सीजन में हुआ. उन्होंने 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स से आईपीएल डेब्यू किया. फिर साल 2011 में पुणे वॉरियर्स इंडिया से जुड़े और फिर चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा भी बने.
एशिया कप टी20 के फ़ाइनल मुक़ाबले में रविवार को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी.
फ़ाइनल से पहले शनिवार को जब पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आग़ा प्रेस कॉन्फ़्रेस करने आए तो उनसे हैंडशेक को लेकर सवाल पूछा गया.
इसके जवाब में सलमान अली आग़ा ने कहा, "मैं 2007 से प्रोफ़ेशनल क्रिकेट खेल रहा हूं. मैंने आज तक ऐसा नहीं देखा कि दो टीमों के बीच हैंडशेक न हुआ हो. मेरे अब्बू क्रिकेट के बहुत बड़े फ़ैन हैं. उन्होंने भी मुझे कभी ऐसी बात नहीं बताई कि हैंडशेक न हुआ हो. मैंने ये सुना है कि आज तक ऐसा हुआ ही नहीं है. पहले भी इंडिया-पाकिस्तान के मैच हुए हैं, हालात तब भी ख़राब थे लेकिन तब हैंडशेक हुए थे."
सलमान अली का मानना है कि हैंडशेक न होना क्रिकेट के लिए अच्छी चीज़ नहीं है.
भारत-पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को लीग स्टेज और 21 सितंबर को सुपर-4 का मुक़ाबला खेला गया था. दोनों मुक़ाबलों में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा था.
मैच के बाद दोनों टीमों के बीच हैंडशेक नहीं हुआ था. यह घटना सुर्खियों में रही थी.
अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
करूर से कांग्रेस सांसद जोतिमणि ने कहा है कि इस जगह पर इतनी बड़ी त्रासदी पहले कभी नहीं हुई और इससे उबरने में सालों लगेंगे.
उन्होंने कहा, "मैंने उन सभी परिवारों से मुलाक़ात की, जिन्होंने अपनों को खोया है. हम उन लोगों से मिले, जिनका इलाज चल रहा है, लगभग सभी बहुत ग़रीब, मज़दूर या किसान हैं."
सांसद जोतिमणि ने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है.
उन्होंने कहा, "हम इस मामले का राजनीतिकरण नहीं करना चाहते. सरकार ने जस्टिस (रिटायर्ड) अरुणा जगदीशन की एक सदस्यीय समिति बनाई है, जिन पर हमें भरोसा है. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन आधी रात को यहां आए और सुबह तक यहीं रहे."
सांसद जोतिमणि ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने फ़ोन पर उनसे और प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष से बात की.
तमिलनाडु के करूर भगदड़ मामले में चार लोगों के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया गया है. इसमें टीवीके के महासचिव एन आनंद का नाम भी शामिल है.
एक पत्रकार ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से सवाल किया कि क्या इस मामले में टीवीके के अध्यक्ष विजय को गिरफ़्तार किया जाएगा.
इसके जवाब में सीएम स्टालिन ने कहा, "हाई कोर्ट के एक रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक जांच कमिटी बनाई गई है, जो जांच पूरी होने के बाद जवाब देगी. इस बीच, जैसा कि आप पूछ रहे हैं, मैं राजनीतिक उद्देश्य से कुछ नहीं कहना चाहता."
उन्होंने कहा कि कमिटी की जांच में सच्चाई सामने आएगी और उसी के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी.
तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) के अध्यक्ष और अभिनेता विजय ने अपनी रैली के दौरान हुए हादसे में मृतकों के परिवार और घायल लोगों के लिए सहायता राशि का एलान किया है.
विजय ने एक्स पर पोस्ट किया कि इस हादसे में अपनों को खोने वाले हर परिवार को वो 20 लाख रुपये की सहायता देंगे. इलाज करा रहे घायलों के लिए उन्होंने 2 लाख रुपये की मदद का एलान किया है.
इस हादसे पर संवेदना ज़ाहिर करते हुए उन्होंने लिखा, "इतनी बड़ी हानि को देखते हुए यह राशि कोई मायने नहीं रखती. फिर भी, इस समय, आपके परिवार का सदस्य होने के नाते, मेरा यह कर्तव्य है कि मैं आपके साथ खड़ा रहूं."
तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव पी सेंथिल कुमार के मुताबिक़ करूर भगदड़ में 39 लोगों की मौत हुई है. मृतकों में 17 महिलाएं, 13 पुरुष, 4 बच्चे और 5 बच्चियां शामिल हैं.
उन्होंने बताया कि 30 मृतकों का पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है और शव उनके परिवार को सौंप दिए गए हैं.
तमिलनाडु के करूर में शनिवार रात हुई भगदड़ की घटना के लिए डीएमके के प्रवक्ता सरवनन ने एक्टर विजय की पार्टी टीवीके को ज़िम्मेदार ठहराया है.
डीएमके प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि टीवीके ने पुलिस की शर्तें नहीं मानीं और नियमों का उल्लंघन किया.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बातचीत में डीएमके प्रवक्ता सरवनन ने कहा, "इस हादसे के लिए कौन ज़िम्मेदार है? इसके लिए टीवीके और उसके आयोजक ज़िम्मेदार हैं. पहले दिन से ही, वे पुलिस की शर्तें मानने को तैयार नहीं थे. उन्होंने हर नियम का उल्लंघन किया."
उन्होंने कहा, "इस हादसे में महिलाओं और बच्चों की भी मौत हुई है. उन परिवारों के दर्द का अंदाज़ा भी नहीं लगाया जा सकता. वे अपने स्टार से मिलना चाहते थे और अब वे इस दुनिया में नहीं हैं."
इस हादसे में 39 लोगों की मौत हुई है और 95 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
भारत की राजधानी नई दिल्ली में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप चल रही है. चैंपियनशिप के पहले दिन 27 सितंबर को दो गोल्ड और दो सिल्वर मेडल के साथ चीन पहले नंबर पर है.
वहीं दो गोल्ड के साथ नीदरलैंड्स दूसरे पायदान पर है. तीसरे नंबर पर ब्राज़ील के हिस्से एक गोल्ड और दो सिल्वर आया है. वहीं भारत ने एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज़ मेडल जीता है, जिसके साथ ही वो चौथे पायदान पर है.
शनिवार को पुरुषों की ऊंची कूद टी63 स्पर्धा में भारत के शैलेश कुमार ने गोल्ड और वरुण सिंह भाटी ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीता. महिलाओं की 400 मीटर टी20 फ़ाइनल में भारत की धावक दीप्ति जीवनजी ने सिल्वर जीता.
यह चैंपियनशिप दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित की जा रही है.
ब्रिटेन, फ़्रांस और जर्मनी ने ईरान से कहा है कि वो संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंध फिर से लागू किए जाने के बाद किसी भी आक्रामक कार्रवाई करने से बचे.
तीनों देशों ने कहा कि ईरान के "परमाणु कार्यक्रम विस्तार" और सहयोग की कमी के कारण उनके पास "कोई विकल्प नहीं बचा" था और "आखिरी उपाय" के तौर पर इन कड़े कदमों को दोबारा लागू करना पड़ा.
तीनों देशों के संयुक्त बयान में ईरान से बातचीत जारी रखने को कहा गया है.
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने पिछले हफ़्ते ज़ोर देकर कहा था कि ईरान का परमाणु हथियार बनाने का कोई इरादा नहीं है.
ईरान पर दोबारा अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध लगाए जाने को उन्होंने "अनुचित, अन्यायपूर्ण और गैरकानूनी" बताया है.
तमिलनाडु के करूर में विजय की रैली में भगदड़ मचने से कम से कम 39 लोगों की मौत हुई है. मरने वालों में 10 बच्चे और 16 महिलाएं शामिल हैं.
अब तक 34 शवों की पहचान हो चुकी है और उन्हें पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जा रहा है. बाकी 5 शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.
इस हादसे में तिरुचिरापल्ली ज़िले के थामरैक्कन्नन की भी मौत हो गई, जिनकी शादी को सिर्फ़ एक साल हुआ था. उनकी पत्नी नौ महीने की गर्भवती हैं.
करूर के विश्वनाथपुरी इलाके़ की हेमलता और उनकी दो बच्चियों की भी मौत हुई है.
कुल 28 मृतक करूर ज़िले के ही रहने वाले थे. वहीं एक ही गांव के 7 लोगों की इस हादसे में मौत हुई है.
आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है.