You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ज़ेलेंस्की बोले- अमेरिका और बाक़ी देशों की चुप्पी से पुतिन को मिलता है बढ़ावा

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका और बाक़ी देशों की चुप्पी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन पर हमला जारी रखने के लिए बढ़ावा देती है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और इफ़्तेख़ार अली

  1. असदुद्दीन ओवैसी बहरीन में बोले- 'निर्दोष की हत्या को पूरी मानवता की हत्या मानता है इस्लाम'

    पहलगाम हमला और उसके बाद भारत की तरफ़ से हुई कार्रवाई को बताने के लिए बीजेपी सांसद बैजयंत जय पांडा के नेतृत्व में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल बहरीन पहुंचा.

    इस प्रतिनिधिमंडल ने बहरीन के कुछ प्रमुख लोगों से बातचीत की.

    इस बातचीत में शामिल एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "आतंकवादी संगठन भारत में निर्दोष लोगों की हत्या को सही ठहरा रहे हैं. वह क़ुरान की आयतों का ग़लत संदर्भ दे रहे हैं. हमें इसे ख़त्म करना होगा."

    असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "आतंकवादियों ने हत्या के लिए धर्म का इस्तेमाल किया है. इस्लाम आतंकवाद की निंदा करता है और क़ुरान ने स्पष्ट रूप से लिखा है कि निर्दोष की हत्या पूरी मानवता की हत्या के बराबर है."

    बहरीन के साथ साथ कुवैत, सऊदी अरब और अल्जीरिया जाने वाले इस प्रतिनिधिमंडल में सांसद निशिकांत दुबे, सांसद फांगनोन कोन्याक, सांसद रेखा शर्मा, सांसद असदुद्दीन ओवैसी, सांसद सतनाम सिंह संधू, गुलाम नबी आज़ाद और पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला शामिल हैं.

  2. उत्तर कोरिया: लॉन्च के दौरान युद्धपोत का एक हिस्सा टूटा, हिरासत में ​लिए गए तीन अधिकारी

    उत्तर कोरिया ने बुधवार को नए युद्धपोत के लॉन्च के दौरान हुई दुर्घटना के लिए शिपयार्ड के तीन अधिकारियों को हिरासत में लिया है. इसकी जानकारी उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने दी है.

    क़रीब पांच हज़ार टन के इस जहाज़ का निचला हिस्सा लॉन्च के दौरान टूट गया था. इसके कारण युद्धपोत का संतुलन बिगड़ गया था.

    युद्धपोत के लॉन्च के दौरान हुई इस घटना की जांच शुरू हो गई है. उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने इस पूरे घटनाक्रम को "आपराधिक कृत्य" बताया है.

    उत्तर कोरिया की आधिकारिक समाचार एजेंसी केसीएनए ने हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान उत्तरी चोंगजिन शिपयार्ड के मुख्य इंजीनियर के रूप में की है.

    इस युद्धपोत का निर्माण चोंगजिन शिपयार्ड में ही किया गया था. इसके अलावा इस शिपयार्ड के निर्माण प्रमुख और एक प्रशासनिक प्रबंधक को भी हिरासत में ले लिया गया है.

    सरकारी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ये तीनों "दुर्घटना के लिए ज़िम्मेदार" थे.

    सैटेलाइट इमेजेज़ से पता चल रहा है कि युद्धपोत बड़े नीले तिरपालों से ढका हुआ एक ओर खड़ा है और इसका एक हिस्सा ज़मीन पर पड़ा हुआ है.

  3. सर्वदलीय डेलीगेशन के साथ न्यूयॉर्क पहुंचे शशि थरूर ने पाकिस्तान को लेकर क्या कहा?

    पहलगाम हमला और उसके बाद भारत की तरफ़ से हुई कार्रवाई को बताने के लिए कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल अमेरिका पहुंचा है.

    न्यूयॉर्क में 9/11 स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "यह हमारे लिए एक बहुत ही मार्मिक क्षण है, लेकिन इसका उद्देश्य एक मज़बूत संदेश देना भी है."

    उन्होंने कहा कि "यह एक ऐसा शहर है जहां आतंकियों के क्रूर हमले के निशान हैं और हमने अपने देश में एक आतंकी हमला हाल ही में झेला है."

    उन्होंने कहा, "हम यहां यह याद दिलाने आए हैं कि यह एक साझा और वैश्विक समस्या है. हमें इससे एकजुट होकर लड़ना होगा. हम पीड़ितों के साथ हैं, जिसमें भारतीय भी शामिल हैं."

    उन्होंने पहलगाम हमले को लेकर कहा, "इस हमले के एक घंटे के भीतर ही एक समूह टीआरएफ ने घटना की ज़िम्मेदारी ली थी. उसे एक आतंकवादी समूह के रूप में जाना जाता है."

    वाणिज्य दूतावास में बातचीत के दौरान कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "आप सभी जानते हैं कि मैं सरकार के लिए नहीं, विपक्ष की पार्टी के लिए काम करता हूं लेकिन मैंने खुद एक लेख लिखा कि अब समझदारी से कड़े प्रहार का समय आ गया है."

    सांसद शशि थरूर ने कहा, "अब हम इसके लिए दृढ़ संकल्पित हैं कि इस मामले में एक नया रास्ता तलाशना चाहिए. हमने डोजियर, शिकायतें, सबकुछ आज़मा लिया है और पाकिस्तान लगातार इंकार करता रहा."

    उन्होंने कहा कि "पाकिस्तान ने न तो किसी को दोषी ठहराया और न ही किसी पर गंभीर आपराधिक मुक़दमा चलाया. उसने आतंकी ढांचे को ख़त्म करने का कोई प्रयास नहीं किया और वहां सुरक्षित पनाहगाह बनी रही."

    शशि थरूर ने कहा, "अगर पाकिस्तान ऐसा करेगा तो ​हम फिर इस ऑपरेशन की तरह ही सटीकता के साथ और ऑपरेशन कर सकते हैं. आतंकियों को सज़ा मिलनी चाहिए और हम उनकी तलाश जारी रखेंगे लेकिन हमें यह सोचने की ज़रूरत है कि ये लोग कहां रहते हैं और ऐसी घटनाओं को अंजाम देने के लिए प्रशिक्षण, हथियार और पैसा कहां से मिलता है."

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.