राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से निकालने के फै़सले पर बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी है.
आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने रविवार को अपने बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है. साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पार्टी और परिवार में तेज प्रताप की किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी.
अपने बड़े भाई तेज प्रताप को पार्टी से निष्कासित किए जाने के फ़ैसले पर पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा, "हमें ये सब चीज़ें नहीं अच्छा लगता है न हम इसे बर्दाश्त करते हैं."
उन्होंने कहा, "हम अपना काम कर रहे हैं, बिहार के प्रति हम समर्पित हैं. हम जनता के दुख-सुख में भाग ले रहे हैं और जनता के मुद्दे को उठा रहे हैं."
बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष ने कहा, "जहां तक मेरे बड़े भाई की बात है, राजनीतिक जीवन और निजी जीवन अलग होता है. क्योंकि वह बड़े हैं, निजी जीवन के निर्णय लेने का उनको अधिकार है. क्या सही होगा और क्या नुक़सान होगा ये निर्णय वह खुद लें."
तेजस्वी यादव ने कहा, "राष्ट्रीय अध्यक्ष (लालू प्रसाद यादव) दल के नेता ने अपने ट्वीट के माध्यम से अपनी भावनाएं स्पष्ट कर दी हैं. हम ऐसी चीज़ों को पसंद नहीं करते हैं और न हम बर्दाश्त कर सकते हैं."
इससे पहले आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव के फे़सबुक अकाउंट से एक पोस्ट किया गया था, जिसे लेकर विपक्ष ने आरजेडी पर निशाना साधा था.
इसके बाद तेज प्रताप यादव ने एक्स पर एक पोस्ट कर कहा कि उनका सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म हैक कर लिया गया है और उनकी तस्वीरों को ग़लत तरीके से एडिट किया गया है.