You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

न्यूज़लॉन्ड्री की नौ महिला कर्मचारियों ने अभिजीत अय्यर के ख़िलाफ़ किया मानहानि का केस

डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म न्यूज़लॉन्ड्री की नौ महिला कर्मचारियों ने स्तंभकार अभिजीत अय्यर मित्रा के ख़िलाफ़ दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि का मुकदमा किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और कीर्ति रावत

  1. एमपी के मंत्री विजय शाह की टिप्पणी की जांच के लिए बनी पुलिस एसआईटी में कौन-से अधिकारी शामिल?

    मध्य प्रदेश पुलिस ने कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी के ख़िलाफ़ मंत्री विजय शाह की टिप्पणी मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है.

    सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यों की एसआईटी गठित करने का आदेश दिया था.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ एक अधिकारी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मध्य प्रदेश पुलिस ने सोमवार देर रात तीन सदस्यों की एसआईटी गठित की.

    न्यूज़ एजेंसी की ओर से इस संदर्भ में भोपाल पुलिस मुख्यालय (अपराध अनुसंधान विभाग) का एक आदेश पत्र भी शेयर किया गया है.

    इसके मुताबिक गठित की गई एसआईटी में प्रमोद वर्मा (आईपीएस, पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन), कल्याण चक्रवर्ती (आईपीएस, उप पुलिस महानिरीक्षक, विशेष सशस्त्र बल, पुलिस मुख्यालय, भोपाल) और वाहिनी सिंह (आईपीएस, पुलिस अधीक्षक, जिला डिण्डोरी) शामिल हैं.

  2. ट्रंप बोले- युद्ध विराम के लिए तुरंत बातचीत शुरू करेंगे रूस और यूक्रेन, पुतिन और ज़ेलेंस्की ने क्या कहा

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस और यूक्रेन युद्ध विराम और उससे भी अहम, युद्ध के अंत के लिए 'तुरंत' बातचीत शुरू करेंगे.

    ट्रंप ने ट्रूथ सोशल अकाउंट पर जानकारी दी है कि सोमवार को उनकी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से दो घंटे बात हुई. ट्रंप के मुताबिक पुतिन के साथ उनकी ये बातचीत 'बहुत अच्छी' रही.

    ट्रंप ने लिखा, "रूस और यूक्रेन युद्ध विराम और उससे भी ज़रूरी, युद्ध के अंत के लिए तुरंत बातचीत शुरू करेंगे. इसकी शर्तें दोनों पक्षों के बीच समझौते से तय होंगी."

    ट्रंप ने बताया कि उन्होंने इसकी जानकारी यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की को दे दी है.

    इसके अलावा ट्रंप ने इसके बारे में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, जर्मनी के चांसलर फ़्रिड्रिख़ मर्त्ज़ और फिनलैंड के राष्ट्रपति एलक्जेंडर स्टब को सूचित किया है.

    पुतिन ने क्या कहा?

    पुतिन ने कहा है कि रूस शांति के लिए यूक्रेन के साथ 'समझौते' पर चर्चा करने के लिए तैयार है. हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस समझौते में कौन सी बातें शामिल होंगी.

    उन्होंने आगे कहा कि वह चाहते हैं कि 'संकट के मूल कारणों' को संबोधित किया जाए.

    ज़ेलेंस्की ने क्या कहा?

    यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने सुझाव दिया कि वे युद्ध को समाप्त करने के लिए यूक्रेन, रूस, अमेरिका, यूरोपीय संघ के देशों और ब्रिटेन के बीच एक 'उच्च स्तरीय' बैठक पर विचार कर रहे हैं.

    ज़ेलेंस्की ने अमेरिका से भी इन चर्चाओं से खुद को दूर न करने की अपील की. उन्होंने कहा कि 'रूस को भी सार्थक वार्ता में शामिल होने के लिए तत्परता दिखाने की ज़रूरत' है.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.