You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

न्यूज़लॉन्ड्री की नौ महिला कर्मचारियों ने अभिजीत अय्यर के ख़िलाफ़ किया मानहानि का केस

डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म न्यूज़लॉन्ड्री की नौ महिला कर्मचारियों ने स्तंभकार अभिजीत अय्यर मित्रा के ख़िलाफ़ दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि का मुकदमा किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और कीर्ति रावत

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. न्यूज़लॉन्ड्री की नौ महिला कर्मचारियों ने अभिजीत अय्यर के ख़िलाफ़ किया मानहानि का मुकदमा

    डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म न्यूज़लॉन्ड्री की नौ महिला कर्मचारियों ने स्तंभकार अभिजीत अय्यर मित्रा के ख़िलाफ़ दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि का मुकदमा किया है.

    इन महिलाओं का आरोप है कि अभिजीत अय्यर मित्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उनके ख़िलाफ़ आपत्तिजनक और अपमानजनक पोस्ट किए जो यौन दुर्व्यवहार की श्रेणी में आते हैं.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, इस मानहानि के मुकदमे में मित्रा से सार्वजनिक माफ़ी मांगने के साथ 2 करोड़ रुपये हर्जाने और मुआवज़े की मांग की गई है.

    इसके साथ ही, मित्रा के एक्स अकाउंट से आपत्तिजनक पोस्ट हटाने की मांग भी की गई है.

    इन महिला पत्रकारों में मनीषा पांडे, इशिता प्रदीप, सुहासिनी बिस्वास, सुमेधा मित्तल, तीस्ता रॉय चौधरी, तसनीम फ़ातिमा, प्रिया जैन, जयश्री अरुणाचलम और प्रियाली ढींगरा शामिल हैं.

    न्यूज़लॉन्ड्री भी इस मामले में मुकदमा दायर करने वालों में से एक है.

  3. अभिनेत्री रान्या राव को सोने की तस्करी के मामले में मिली ज़मानत, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए

    कन्नड़ और तमिल फ़िल्मों की अभिनेत्री रान्या राव को दुबई से बेंगलुरु लौटते समय ग़ैरक़ानूनी तरीके से 14.8 किलोग्राम सोना लाने के मामले में डिफॉल्ट ज़मानत मिल गई है.

    यह ज़मानत उन्हें स्पेशल कोर्ट फ़ॉर इकोनॉमिक्स ऑफेंस ने दी है.

    लेकिन इस ज़मानत के बावजूद वो फ़िलहाल जेल से बाहर नहीं आ सकतीं, क्योंकि केंद्र सरकार की एजेंसियों ने उनके ख़िलाफ़ विदेशी मुद्रा संरक्षण एवं तस्करी रोकथाम अधिनियम के तहत एक और मामला दर्ज किया है.

    स्पेशल कोर्ट फ़ॉर इकोनॉमिक्स ऑफेंस के न्यायाधीश विश्वनाथ सी गौड़र ने रान्या राव और उनके साथी तरुण कोंडूरू राजू को ज़मानत देते समय कुछ शर्तें रखीं.

    न्यायाधीश विश्वनाथ सी गौड़र ने कहा कि अगर उन्होंने किसी भी शर्त का उल्लघंन किया तो उनकी ज़मानत तुरंत रद्द कर दी जाएगी.

    अभिनेत्री रान्या राव उर्फ हर्षवर्धनी रान्या को 3 मार्च को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर राजस्व खुफ़िया विभाग ने सोने की तस्करी के मामले में गिरफ़्तार किया गया था.

    उनसे बरामद किए गए सोने की कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये बताई गई थी.

    बाद में रान्या राव के साथी तरुण कोंडूरू राजू और कर्नाटक के बेल्लारी के एक जौहरी, साहिल साकरिया जैन को भी गिरफ़्तार किया गया.

    उन्हें जो ज़मानत मिली है, उसे ‘डिफ़ॉल्ट ज़मानत’ कहा जाता है क्योंकि उन्हें कस्टम एक्ट के तहत गिरफ़्तार किया गया था.

    इस कानून के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति को गिरफ़्तार किया जाता है, तो अभियोजन पक्ष को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 187(2) के तहत 60 दिनों के भीतर 'अभियोजन शिकायत' दाखिल करनी होती है.

    यह अभियोजन शिकायत ठीक उसी तरह दर्ज की जाती है जिस तरह किसी आपराधिक मामले में चार्जशीट दर्ज की जाती है.

    लेकिन इस मामले में ज़मानत का आदेश बेअसर है क्योंकि केंद्रीय एजेंसियों ने 22 अप्रैल को उनके ख़िलाफ़ कोफे़पोसा क़ानून की धाराएं लागू कर दी थीं. इस क़ानून के तहत रिहाई आमतौर पर एक साल तक नहीं हो पाती है.

    रान्या राव की मां ने उनकी रिहाई के लिए कर्नाटक हाईकोर्ट में याचिका दायर की है, जिसकी सुनवाई 3 जून को की जाएगी.

  4. ब्रिटेन ने इसराइल के साथ व्यापार वार्ता को किया स्थगित

    ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने कहा है कि ब्रिटेन ने इसराइली सरकार के साथ नए मुक्त व्यापार समझौते पर होने वाली बातचीत रोक दी है.

    उन्होंने यह बयान ब्रिटेन की हाउस ऑफ कॉमन्स में 'ग़ज़ा की बिगड़ती मानवीय स्थिति' पर ब्रिटेन सरकार की प्रतिक्रिया बताते हुए दिया.

    उन्होंने कहा, "हमने इस इसराइली सरकार के साथ नए मुक्त व्यापार पर बातचीत को निलंबित कर दिया है. हम 2030 तक के आपसी सहयोग के रोडमैप की भी अब दोबारा समीक्षा करेंगे."

    "नेतन्याहू सरकार की कार्रवाइयों ने हमें ये क़दम उठाने के लिए मजबूर किया है."

    डेविड लैमी ने ग़ज़ा के हालातों पर चिंता जताते हुए कहा कि ग़ज़ा के लोग भुखमरी के कगार पर हैं और वहां मानवीय संकट बढ़ता जा रहा है.

    उन्होंने आगे कहा, 'जो इसराइली लोग अभी भी हमास के क़ब्जे़ में हैं, उनकी ज़िंदगी भी गंभीर खतरे में है क्योंकि चारों तरफ़ लड़ाई जारी है.'

    वहीं हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि बीते 24 घंटे में 87 लोगों की मौत हो चुकी है और 290 लोग घायल हुए हैं.

    मंत्रालय के मुताबिक, 7 अक्तूबर 2023 से अब तक ग़ज़ा में कुल 53,573 लोगों की मौत हो चुकी है.

  5. नौकरियों का झांसा देने वाले गिरोह के पकड़े जाने पर आज का कार्टून.

  6. इसराइल की ओर से ग़ज़ा पर किए गए हमलों के बाद की तस्वीरें

    इसराइल की ओर से ग़ज़ा पर हो रहे लगातार हमलों को लेकर यूएन ने वहां के हालातों पर चिंता जताई है.

    इसी के साथ, ब्रिटेन, फ़्रांस और कनाडा ने इसराइल से ग़ज़ा पर हमले फ़ौरन रोकने को कहा है.

    इन तीनों देशों के नेताओं ने एक साझा बयान जारी कर ग़ज़ा पर इसराइली हमलों को रोकने की मांग की है.

    इस बयान के जवाब में नेतन्याहू ने कहा, "युद्ध उसी वक़्त ख़त्म हो सकता है जब हमास सारे इसराइली बंधकों को रिहा कर दे."

  7. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मानसी दाश और शाहिद से......

  8. प्रोफ़ेसर अली ख़ान की पुलिस हिरासत बढ़ाने की हरियाणा पुलिस की अपील ख़ारिज, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

    भारत-पाकिस्तान संघर्ष पर पोस्ट करने वाले अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद को हरियाणा के सोनीपत की स्थानीय अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

    लाइव लॉ के मुताबिक, अदालत ने हरियाणा पुलिस की उस अपील को ख़ारिज कर दिया है जिसमें उसने प्रोफ़ेसर अली ख़ान को सात दिन और पुलिस हिरासत में रखने की इजाज़त मांगी थी.

    प्रोफ़ेसर अली ख़ान अपनी गिरफ़्तारी को चुनौती देने के लिए पहले ही सुप्रीम कोर्ट का रुख़ कर चुके हैं. इस मामले की सुनवाई 21 मई को होगी.

    भारत-पाकिस्तान संघर्ष के संदर्भ में टिप्पणी और कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह से प्रेस ब्रीफ़िंग कराने को लेकर प्रोफ़ेसर अली ख़ान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था.

    उनके इस पोस्ट के बाद हरियाणा की सोनीपत पुलिस ने उन्हें 18 मई को गिरफ़्तार कर लिया था. उन्हें दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया था.

    ये गिरफ़्तारी हरियाणा की सोनीपत पुलिस ने स्थानीय निवासी योगेश की शिकायत के आधार पर की.

    हरियाणा पुलिस ने प्रोफ़ेसर अली ख़ान के ख़िलाफ़ दो समुदायों में नफ़रत भड़काने की धारा के तहत मामला दर्ज किया है.

  9. पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर को लेकर सरकार ने किया बड़ा फ़ैसला

    पाकिस्तान सरकार ने सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को अब फ़ील्ड मार्शल बनाने का फ़ैसला किया है.

    साथ ही पाकिस्तानी सरकार ने एयर चीफ़ मार्शल ज़हीर अहमद बाबर सिद्धू का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी उन्हें पाकिस्तानी वायु सेना के प्रमुख के पद पर बनाए रखने का फ़ैसला लिया है.

    ये दोनों फ़ैसले प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए.

    प्रधानमंत्री कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है, "जनरल आसिम मुनीर को यह पदोन्नति उनके बहादुर नेतृत्व, रणनीतिक सोच और भारत के ख़िलाफ़ चलाए गए सैन्य अभियान में निभाई गई अहम भूमिका के कारण दी गई है."

    बयान में यह भी कहा गया कि प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने इस फै़सले से पहले राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मुलाकात कर उन्हें भरोसे में लिया था.

    पाकिस्तान सरकार के इस फ़ैसले पर जनरल आसिम मुनीर ने कहा, "मैं यह सम्मान पूरे देश, पाकिस्तान की सशस्त्र सेनाओं, विशेषकर नागरिक और सैन्य शहीदों और दिग्गजों को समर्पित करता हूं."

    "मैं पाकिस्तान के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के विश्वास के लिए आभारी हूं."

  10. 'ग़ज़ा में अगले 48 घंटों में जा सकती है 14 हज़ार बच्चों की जान'

    यूएन के मानवीय मामलों के प्रमुख टॉम फ्लेचर ने कहा कि अगर अगले 48 घंटों में ग़ज़ा में मदद नहीं पहुंची तो वहां 14,000 बच्चों की जान जा सकती है.

    उन्होंने कहा, "मैं अगले 48 घंटों में जितना हो सके इन 14,000 बच्चों को बचाना चाहता हूं."

    बीबीसी रेडियो 4 के टुडे प्रोगाम में बात करते हुए टॉम फ्लेचर ने ब्रिटेन, फ़्रांस और कनाडा की ओर से जारी किए गए संयुक्त बयान की सराहना की.

    टॉम फ्लेचर ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र दुनिया से 'हमारा साथ देने' की अपील कर रहा है ताकि इसराइल पर ग़ज़ा में ज़्यादा से ज़्यादा मानवीय मदद को जाने देने का दबाव बनाया जा सके.

    फ्लेचर ने बताया कि सोमवार को ग़ज़ा में मदद के लिए पांच ट्रक पहुंच गए थे, लेकिन उन्होंने इस मदद को 'समंदर में एक बूंद' जैसा बताया.

    इसराइल ने ग़ज़ा में 10 हफ़्ते की मानवीय मदद की नाकाबंदी के बाद सोमवार को वहां 'ज़रूरी मात्रा में भोजन' ले जाने की मंज़ूरी दी थी.

  11. अमरनाथ यात्रा की तैयारियों पर क्या बोले उमर अब्दुल्लाह?

    अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने मीडिया से बात की.

    उन्होंने कहा, "अमरनाथ जी की यात्रा दो रास्तों सोनमर्ग- बालटाल और पहलगाम से आयोजित की जाएगी. हमारी पूरी कोशिश होगी कि सभी यात्री यहां से सुरक्षित जाएं."

    "एक बार अमरनाथ यात्रा शांति से हो जाए, फिर हम पर्यटन को दोबारा से सुचारु रूप से शुरू कर सकते हैं."

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए हमले के बाद से वहां सैलानियों की संख्या में कमी आई है.

    अमरनाथ की यात्रा का एक बेस जम्मू-कश्मीर का पहलगाम भी है.

  12. ब्रिटेन, कनाडा और फ़्रांस की चेतावनी के जवाब में क्या बोले नेतन्याहू

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने ब्रिटेन, फ़्रांस और कनाडा की ओर से जारी संयुक्त बयान का जवाब दिया है. इन देशों ने इसराइल से ग़ज़ा पर हमले फ़ौरन रोकने की मांग की है.

    नेतन्याहू ने कहा, "ब्रिटेन, कनाडा और फ़्रांस के नेता हमसे उस युद्ध को रोकने की मांग कर रहे हैं जो हम अपनी सुरक्षा के लिए लड़ रहे हैं. साथ ही ये देश फ़लस्तीनी राष्ट्र की मांग भी कर रहे हैं."

    "इसराइल की सरहद पर हमास आतंकवादियों को नष्ट करने से पहले ही ये देश चाहते हैं कि इसराइल युद्ध रोक दे."

    नेतन्याहू ने कहा युद्ध उसी वक़्त ख़त्म हो सकता है जब हमास सारे इसराइली बंधकों को रिहा कर दे.

    उन्होंने आगे कहा, "युद्ध कल ही ख़त्म हो सकता है अगर बाकी के बंधकों को रिहा कर दिया जाए. अगर हमास अपने हथियार डाल दे, उनके खूनी नेता देश छोड़ दें और ग़ज़ा से सारी सेना हटा दी जाए."

    नेतन्याहू ने इस युद्ध को बर्बरता के विरुद्ध सभ्यता का युद्ध बताया.

  13. ब्रिटेन, फ़्रांस और कनाडा ने इसराइल से ग़ज़ा में सैन्य अभियान रोकने की मांग की

    ब्रिटेन, फ़्रांस और कनाडा ने इसराइल से ग़ज़ा पर हमले फ़ौरन रोकने को कहा है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर, फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने एक संयुक्त बयान जारी किया है.

    इस बयान में तीनों नेताओं ने कहा, “अगर इसराइल ने अपने नए सैन्य अभियान को बंद नहीं किया और मानवीय सहायता पर लगाई पाबंदियों को नहीं हटाया, तो हम इसके जवाब में ठोस कदम उठाएंगे."

    इन नेताओं ने हमास से 7 अक्तूबर को बंधक बनाए गए इसराइलियों को रिहा करने की भी अपील की.

    उन्होंने आगे कहा, “हम हमेशा इसराइल के आतंकवाद के ख़िलाफ़ अपने नागरिकों की रक्षा करने के अधिकार का समर्थन करते आए हैं. लेकिन यह बढ़ती हिंसा पूरी तरह से गलत है."

  14. गीता समोटा: सीआईएसएफ़ की पहली कर्मी, जिन्होंने माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई कर रचा इतिहास

    केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ़) की महिला सब-इंस्पेक्टर गीता समोटा ने 8,849 मीटर ऊंचे माउंट एवरेस्ट की सफल चढ़ाई कर इतिहास रच दिया है. ऐसा करने वाली वो पहली सीआईएसएफ़ कर्मी हैं.

    19 मई, 2025 को गीता समोटा ने माउंट एवरेस्ट पर सफल चढ़ाई की. सीआईएसएफ़ ने एक्स पर पोस्ट कर गीता समोटा बधाई दी है.

    राजस्थान के सीकर ज़िले के चक गांव की गीता समोटा ने साल 2011 में सीआईएसएफ़ जॉइन किया था.

    साल 2015 में उन्हें औली स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) प्रशिक्षण संस्थान में छह हफ़्ते के बेसिक पर्वतारोहण कोर्स के लिए चयनित किया गया. वह अपने बैच में एकमात्र महिला प्रतिभागी थीं.

    साल 2017 में उन्होंने एडवांस पर्वतारोहण की ट्रेनिंग पूरी की. ऐसा करने वाली वो पहली सीआईएसएफ़ कर्मी बनीं.

    गीता समोटा ने और भी कई चोटियों पर सफल चढ़ाई पूरी की है.

    सीआईएसफ़ की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज़ में बताया गया है कि गीता समोटा की ऐतिहासिक सफलता से प्रेरित होकर सीआईएसएफ़ साल 2026 में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई के लिए अपनी एक टीम भेजने की योजना बना रहा है.

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थी.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. मालदा में टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या, इलाके में तनाव, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के इंग्लिश बाज़ार इलाके में रविवार देर रात एक तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ता की हत्या के बाद इलाके में तनाव है.

    मृतक सुबल घोष के परिजनों और पार्टी ने इस हत्या के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है. बीजेपी ने इसे निजी दुश्मनी में हुई हत्या बताते हुए इस आरोप को निराधार करार दिया है.

    दूसरी ओर मुर्शिदाबाद ज़िले में पड़ोसियों के साथ झगड़े में बीजेपी की एक महिला नेता की मौत हो गई.

    एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मालदा की घटना में परिजनों की शिकायत के आधार पर एक महिला को हिरासत में लिया गया है. महिला से पूछताछ की जा रही है.

    मृतक टीएमसी कार्यकर्ता सुबल के बेटे सुजन ने बताया, "मेरे पिता एक रिश्तेदार के घर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद घर लौट रहे थे. रास्ते में ही छह लोगों ने उनकी हत्या कर दी. इसमें बीजेपी के संरक्षण वाले गुंडों का हाथ है."

    उन्होंने थाने में नामज़द शिकायत की है. लेकिन फ़िलहाल तमाम अभियुक्त फरार हैं. उनके परिवार की एक महिला को हिरासत में लिया गया है.

    सुबल को स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाया था. वहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया.

    मालदा ज़िला तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता आशीष कुंडू ने कहा, "सुबल की हत्या बीजेपी के संरक्षण वाले गुंडों ने की है. हत्यारों को शीघ्र गिरफ़्तार कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए."

    लेकिन बीजेपी नेता अजय गांगुली ने दावा किया कि यह हत्या पारिवारिक विवाद की वजह से हुई है. इससे पार्टी का कोई संबंध नहीं है.

    कुछ महीने पहले इंग्लिश बाज़ार नगरपालिका के टीएमसी पार्षद दुलाल सरकार की भी गोली मार कर हत्या कर दी गई थी.

  17. विज्ञान को आसान भाषा में समझाने वाले एस्ट्रोफ़िज़िसिस्ट डॉ. जयंत नार्लीकर का निधन

    मशहूर एस्ट्रोफ़िज़िसिस्ट यानी खगोल भौतिक विज्ञानी डॉ. जयंत नार्लीकर का निधन हो गया है. इसकी जानकारी उनके करीबी रिश्तेदारों ने दी है.

    डॉ. नार्लीकर 87 साल के थे. उनके निजी सचिव ने बीबीसी मराठी को बताया कि 19 मई की रात नींद में ही उनका निधन हो गया.

    डॉ. नार्लीकर न केवल खगोल भौतिक विज्ञानी थे बल्कि वो एक साइंस कम्युनिकेटर भी थे. इसका मतलब है कि वो जटिल वैज्ञानिक जानकारी को आसान भाषा में समझाते थे.

    'पद्म भूषण' और 'पद्म विभूषण' से सम्मानित डॉ. जयंत नार्लीकर की विज्ञान कथाएं और विज्ञान से जुड़े लेखन को काफी पसंद किया जाता है.

    महाराष्ट्र सरकार ने डॉ. नार्लीकर को 'महाराष्ट्र भूषण' पुरस्कार से सम्मानित किया था.

    डॉ. जयंत नार्लीकर के बारे में जानिए

    जयंत नार्लीकर का जन्म 19 जुलाई 1938 को हुआ था. उनके पिता विष्णु वासुदेव नार्लीकर बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) में गणित के प्रोफ़ेसर थे, जबकि उनकी मां सुमति संस्कृत की विद्वान थीं.

    नार्लीकर ने अपनी शुरुआती शिक्षा वाराणसी में हासिल की और आगे की पढ़ाई के लिए कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी गए.

    1972 में डॉ. नार्लीकर भारत लौट आए और टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (टीआईएफआर) में खगोल विज्ञान विभाग के प्रमुख का पद संभाला.

    बाद में, 1988 में उन्हें इंटर-यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफ़िज़िक्स (आयुका) संस्थान का फाउंडर डायरेक्टर नियुक्त किया गया.

    डॉ. जयंत नार्लीकर 'होयल-नार्लीकर थ्योरी ऑफ ग्रैविटी' के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं.

  18. आईपीएल 2025: लखनऊ सुपर जायंट्स के दिग्वेश राठी एक मैच से सस्पेंड, जुर्माना भी लगा

    लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के गेंदबाज दिग्वेश सिंह एक मैच से सस्पेंड किया गया है. उन पर एक मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया है.

    दिग्वेश सिंह ने सोमवार को लखनऊ में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के ख़िलाफ़ मैच के दौरान आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन किया था.

    आईपीएल मीडिया एडवाइज़री के मुताबिक यह इस सीजन में आर्टिकल 2.5 के तहत राठी का तीसरा, लेवल 1 उल्लंघन था.

    इस साल पहली बार आईपीएल में खेलने उतरे राठी ने कई बार आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन किया है.

    दिग्वेश अब एलएसजी के अगले मैच के लिए निलंबित रहेंगे. ये मैच 22 मई को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ होगा.

    क्या है मामला

    दरअसल सोमवार को हैदराबाद के अभिषेक शर्मा ने राठी की गेंद पर आगे निकल कर एक्सट्रा कवर के ऊपर से शॉट लगाने की कोशिश की लेकिन शार्दुल ठाकुर को कैच थमा बैठे.

    दिग्वेश राठी ने अपना सिग्नेचर वाला सेलिब्रेशन किया और साथ ही आक्रामक अंदाज में हाथ के इशारे से अभिषेक को बाहर जाने का इशारा भी किया.

    आउट होने से निराश अभिषेक को राठी का यह अंदाज शायद पसंद नहीं आया और उन्होंने इसका विरोध किया.

    अंपायरों और बाक़ी खिलाड़ियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति संभली.

    यह वाकया तुरंत ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और तरह-तरह के कमेंट आने लगे.

    हालांकि मैच के बाद बीबीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और लखनऊ के असिस्टेंट कोच विजय दहिया अभिषेक शर्मा और दिग्वेश राठी से बात करते दिखे.

    फिर दोनों खिलाड़ियों ने एक दूसरे से बात की और हाथ मिलाते भी दिखे.

  19. महाराष्ट्र में फिर मंत्री बने छगन भुजबल, कौन सा विभाग मिलेगा

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता छगन भुजबल महाराष्ट्र सरकार में मंत्री बनाए गए हैं. उन्होंने आज राजभवन में महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पद की शपथ ली.

    उनके शपथ ग्रहण के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, दोनों उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार भी मौजूद रहे.

    भुजबल के शपथ लेने के बाद डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "छगन भुजबल पहले भी मंत्री रह चुके हैं. उन्होंने कई बार कई विभाग को लीड किया है. वो पुराने शिवसैनिक भी हैं. उनकी शुरुआत शिवसेना से हुई."

    शिंदे ने आगे कहा, " उन्होंने (छगन भुजबल ने) कई पद संभाले हैं. एक अनुभवी नेता के रूप में उनको जाना जाता है. मैं उनको बधाई और शुभकामनाएं देता हूं. उनके अनुभव का सरकार को फायदा होगा."

    एकनाथ शिंदे से जब पूछा गया कि छगन भुजबल को कौन से विभाग दिए जाएंगे, तो उन्होंने कहा, "विभाग देना मुख्यमंत्री का अधिकार है. भुजबल अच्छा काम करेंगे."

    यही सवाल छगन भुजबल से भी पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री जो तय करें...कोई समस्या नहीं है. होम मिनिस्ट्री से लेकर सारे विभाग मैंने संभाले हैं."

  20. गुजरात: अहमदाबाद में 'अतिक्रमण' हटाने की कार्रवाई पर पुलिस ने क्या बताया

    गुजरात के अहमदाबाद के चंडोला इलाके में कथित अवैध अतिक्रमण हटाया जा रहा है. गुजरात पुलिस के मुताबिक इस इलाके में 'अवैध अतिक्रमण' हटाने की कार्रवाई का ये दूसरा चरण है.

    अहमदाबाद के डीसीपी रवि मोहन सैनी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "चंडोला क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने का दूसरा चरण आज से शुरू हो गया है. उसमें स्टेट रिज़र्व पुलिस (एसआरपी) की 25 कंपनियां, तीन हज़ार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है."

    डीसीपी रवि मोहन ने कहा कि ये पूरा तालाब का एरिया है, इस क्षेत्र में सभी निर्माण अवैध हैं इसलिए उन्हें हटाया जा रहा है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक अभियान के दूसरे चरण में लगभग 2.5 लाख वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र से 'अवैध अतिक्रमण' हटाया जाएगा.

    अहमदाबाद के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) शरद सिंघल ने कहा, "पहले चरण में निगम की ओर से लगभग 1.5 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र को खाली कराया गया था और हमने कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उचित व्यवस्था की थी."

    उन्होंने कहा कि आज से दूसरे चरण की कार्रवाई शुरू हो गई है, जिसके लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक गुजरात हाई कोर्ट ने 29 अप्रैल को अहमदाबाद के चंडोला तालाब क्षेत्र में चलाए जा रहे 'अतिक्रमण' हटाने के अभियान पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था.

    न्यूज़ एजेंसी ने कहा है कि यहां से बड़ी संख्या में निवासियों को इस संदेह पर हिरासत में लिया गया था कि वे 'अवैध बांग्लादेशी नागरिक' हैं.