इंडोनेशिया में बारिश और बाढ़ से भारी तबाही, कम से कम 900 लोगों की मौत
इमेज स्रोत, YT HARIONO / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया के आचे तामियांग इलाके में बाढ़ के बाद कीचड़ से भरी एक सड़क पर खड़ी एक महिला (6 दिसंबर 2025 की तस्वीर)
इंडोनेशिया में बाढ़ और भूस्खलन के कारण कम से कम 900 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.
इंडोनेशिया में बचाव दल भयानक बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित हजारों लोगों की मदद करने में जुटे हुए हैं.
इमेज स्रोत, Riski Cahyadi/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा के एक इलाके की तस्वीर
एक हफ़्ते से ज़्यादा समय तक हुई भारी मानसूनी बारिश के बाद कई इलाके बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं.
इमेज स्रोत, YT HARIONO / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, दूर-दराज के गांवों तक अभी भी पहुंचना मुश्किल है
अभी भी सैकड़ों लोग लापता हैं और उनके शव कीचड़ के नीचे दबे हुए हैं.
इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने इस बीच भुखमरी का ख़तरा होने की भी आशंका जताई है. दूर-दराज के गांवों तक अभी भी पहुंचना मुश्किल है. कुछ गांवों के बारे में पता चला है कि वे पूरी तरह से बह गए हैं.
बाढ़ से श्रीलंका और थाईलैंड भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं.
टावर ऑफ़ लंदन में स्टेट क्राउन वाले डिस्प्ले केस पर प्रदर्शनकारियों ने फेंका कस्टर्ड
इमेज स्रोत, Take Back Power Group
इमेज कैप्शन, इस घटना के बाद पुलिस को बुलाया गया
ब्रिटेन में प्रदर्शनकारियों ने टावर ऑफ़ लंदन में रखे क्राउन ज्वेल्स पर इंग्लिश डेज़र्ट एप्पल क्रम्बल और कस्टर्ड फेंका. इसके बाद चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
ये घटना शनिवार सुबह की है, जब इंपीरियल स्टेट क्राउन वाले केस पर एप्पल क्रम्बल और कस्टर्ड फ़ेंका गया. इसके बाद घटनास्थल पर पुलिस को बुलाया गया.
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कहा कि इस मामले में चार संदिग्धों को गिरफ़्तार किया गया है और पुलिस की जांच पूरी होने तक टावर का ज्वेल हाउस कुछ समय के लिए लोगों के लिए बंद कर दिया गया था.
'टेक बैक पावर', जो खुद को एक नया अहिंसक नागरिक-प्रतिरोध समूह बताता है, ने दावा किया कि यह काम उसी ने किया है.
ग्रुप ने कहा कि उन्होंने ऐसा इसलिए किया ताकि ब्रिटेन सरकार एक स्थाई नागरिक सदन, 'हाउस ऑफ़ द पीपल' बनाए, जिसके पास 'बहुत ज़्यादा दौलत पर टैक्स लगाने' की शक्ति हो.
पुतिन के लिए आयोजित डिनर में शामिल होने के सवाल पर शशि थरूर ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद शशि थरूर (फ़ाइल फ़ोटो)
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में दी गई दावत में शामिल होने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रतिक्रिया दी है.
इस डिनर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को आमंत्रित नहीं किया गया था. ऐसे में कांग्रेस सांसद शशि थरूर को न्योता दिए जाने पर सवाल उठाए गए.
इस पर शशि थरूर ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा, "मैं विवादों में नहीं पड़ना चाहता. मुझे निश्चित तौर पर ये लगता है कि हमारे जैसे लोकतंत्र में, विपक्ष के नेता भी वहां हो सकते थे. यह एक अच्छी बात होती...मैं वहां संसद की फ़ॉरेन अफ़ेयर कमिटी के चेयरपर्सन के तौर पर था.''
राष्ट्रपति भवन की ओर से दी गई इस दावत में शामिल होने के अगले दिन शनिवार को शशि थरूर ने एक्स पर पोस्ट किया, "कल रात राष्ट्रपति पुतिन के लिए राष्ट्रपति भवन में आयोजित बैंक्वेट में शामिल हुआ. माहौल बहुत गर्मजोशी भरा और अच्छा था. वहां आए कई लोगों से बातचीत करके बहुत अच्छा लगा, ख़ासकर मेरे साथ डिनर करने वाले रूसी प्रतिनिधिमंडल से!"
एसआईआर पर अखिलेश यादव बोले- बड़ी संख्या में लोगों के वोट काटे जाएंगे
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने एसआईआर को लेकर बीजेपी पर निशना साधा है (फ़ाइल फ़ोटो)
समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) वोट काटने के लिए हो रहा है.
एसआईआर पर सवाल किए जाने पर अखिलेश यादव ने कहा, "चुनाव आयोग का काम होना चाहिए कि ज़्यादा से ज़्यादा वोट बने. लेकिन इधर बीजेपी जब से हारी है, तो बनाने से ज़्यादा उन्हें चिंता इस बात की है कि वोट काटा जाए. वोट काटने के लिए एसआईआर हो रहा है. एसआईआर से बड़ी संख्या में लोगों के वोट काटे जाएंगे."
उन्होंने कहा, "इस पूरी प्रक्रिया को अगर आधार के माध्यम से किया जाता, तो शायद लोगों को इतना भटकना न पड़ता, काग़ज़ न ढूंढने पड़ते क्योंकि आधार में जो कुछ भी डॉक्यूमेंटशन है, वो सरकार ने ही ली है. आधार को ही अपना आधार नहीं मान रहे हैं. इसलिए लोगों को परेशानी हो रही है. चुनाव आयोग वोट बढ़वाए, वोट कटवाए नहीं."
यशस्वी जायसवाल ने वनडे क्रिकेट में अपना पहला शतक जड़ा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यशस्वी जायसवाल (फ़ाइल फ़ोटो)
विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ खेले जा रहे वनडे मैच में यशस्वी जायसवाल ने सेंचुरी मारी है.
जायसवाल ने 10 चौके और एक छक्के के साथ 111 गेंद पर 100 रन पूरे किए हैं.
उनके शतक पर बीसीसीआई ने एक्स पर पोस्ट किया, "यशस्वी जायसवाल का पहला वनडे शतक!
वह मेन्स क्रिकेट में तीनों फ़ॉर्मेट में शतक बनाने वाले टीम इंडिया के 6वें बल्लेबाज बन गए हैं."
इस मैच में रोहित शर्मा 75 रन बनाकर आउट हो गए थे. जायसवाल के साथ विराट कोहली क्रीज़ पर हैं.
दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को 271 रन का टारगेट दिया है. इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया. बल्लेबाज़ी करने उतरी दक्षिण अफ़्रीका की टीम 47.5 ओवर में 270 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
सबसे ज़्यादा 106 रन क्विंटन डिकॉक ने बनाए. वनडे में ये डिकॉक का 23वां शतक है. वहीं भारत की ओर से सबसे ज़्यादा चार-चार विकेट प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने लिए.
रायपुर में खेले गए सिरीज़ के दूसरे मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने चार विकेट से जीत दर्ज की थी. वहीं सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में भारत ने 17 रन से जीत हासिल की थी.
मुर्शिदाबाद में 'बाबरी मस्जिद' के नाम पर एक मस्जिद की नींव रखने के बाद ये बोले हुमायूं कबीर
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में फीता काटकर 'बाबरी मस्जिद' का प्रतीकात्मक शिलान्यास किया है
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में शनिवार को 'बाबरी मस्जिद' के नाम पर एक मस्जिद की नींव रखने के बाद तृणमूल कांग्रेस से निकाले गए विधायक हुमायूं कबीर ने कहा कि उन्होंने इसकी घोषणा एक साल पहले की थी.
हुमायूं कबीर ने कहा, "मैंने एक साल पहले घोषणा की थी कि मैं एक नई बाबरी मस्जिद की नींव रखूंगा...इसलिए आज, 6 दिसंबर को दोपहर 1.10 बजे, लाखों लोग एकत्रित हुए. मुझे उम्मीद थी कि दो लाख लोग आएंगे...तीन से चार लाख लोग मौजूद थे."
"मैं उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने मेरी बात सुनी और मुझ पर भरोसा किया और उन सभी का भी जो रैली में शामिल हुए."
इस पर समाजवादी पार्टी (सपा) नेता अबू आसिम आज़मी ने कहा, "अगर कोई अपने पैसे से मस्जिद बनाता है, तो किसी को छेड़ने की ज़रूरत नहीं है. इस देश का क़ानून कहता है कि आप अनुमति लेकर मस्जिद बना सकते हैं. इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर हिंदू-मुसलमानों के बीच दरार पैदा करने की बात नहीं होनी चाहिए."
रोहित शर्मा ने दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ अर्धशतक लगाया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा ने 54 गेंद पर 50 रन पूरे किए (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ खेले जा रहे वनडे मैच में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है.
रोहित शर्मा ने छह चौके और एक छक्के के साथ 54 गेंद पर 50 रन पूरे किए. रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल क्रीज़ पर हैं.
तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सिरीज़ के तीसरे और आख़िरी मुकाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को 271 रन का टारगेट दिया है.
इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया. पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी दक्षिण अफ़्रीका की टीम 47.5 ओवर में 270 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
सबसे ज़्यादा 106 रन क्विंटन डिकॉक ने बनाए. वनडे में ये डिकॉक का 23वां शतक है. वहीं भारत की ओर से सबसे ज़्यादा चार-चार विकेट प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने लिए.
रायपुर में खेले गए सिरीज़ के दूसरे मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने चार विकेट से जीत दर्ज की थी. वहीं सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में भारत ने 17 रन से जीत हासिल की थी.
बिहार चुनाव 2025 में आरजेडी की सीटें कम होने की वजहों पर तेजस्वी यादव ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव ने 'दिल से विद कपिल सिब्बल' यूट्यूब चैनल में इंटरव्यू दिया है (फ़ाइल फ़ोटो)
वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल को दिए एक इंटरव्यू में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में उनकी पार्टी की हार के कारणों पर चर्चा की है.
'दिल से विद कपिल सिब्बल' यूट्यूब चैनल पर एक इंटरव्यू में तेजस्वी यादव से सवाल किया गया कि 2020 में आरजेडी की 75 सीटें आई थीं, तो 2025 में ये कम होकर 25 सीटें कैसे हो गईं?
इस पर तेजस्वी यादव ने कहा, "ये बात कोई भी, ख़ासकर बिहार की जनता पचा नहीं पा रही है...(इस चुनाव में) लोकतंत्र हारा है मशीनरी जीती है."
"बदलाव सब चाहते थे. ईवीएम बदलाव नहीं चाहता था, बैलेट बदलाव चाहता था. इसका (ईवीएम में गड़बड़ी का) कोई वैज्ञानिक सबूत नहीं है, लेकिन मैं यह महसूस कर सकता हूं कि अदृश्य शक्तियों ने अपना काम किया. अभी यह सामने नहीं आ पा रहा है कि क्या हुआ है, लेकिन आने वाले समय में ज़रूर पर्दाफ़ाश होगा."
तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया, "चुनाव आयोग पूरी बेईमानी के मोड में था. चुनाव आयुक्त पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकती, बिल में ये संशोधन भी आया. क्यों बदला गया? यानी आप कुछ गड़बड़ करने वाले हो. चुनाव आयोग ने जिस तारीख़ की घोषणा की, योजना के पैसे मिलने के ठीक तीन घंटे बाद आचार संहिता लगाई गई."
दक्षिण अफ़्रीका के एक हॉस्टल में गोलीबारी, कम से कम 11 लोगों की मौत, जेसिका रॉन्सले, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इस हमले में कम से कम 14 लोग घायल हुए हैं
दक्षिण अफ़्रीका के एक हॉस्टल में मास शूटिंग में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई है.
शनिवार तड़के राजधानी प्रिटोरिया के पश्चिम में सॉल्सविले टाउनशिप में बंदूक़धारियों ने एक जगह पर हमला कर दिया.
इस हमले में 14 लोग घायल भी हुए हैं. वहीं 11 मृतकों में एक तीन साल का बच्चा भी शामिल है.
पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर एथलेंडा माथे ने कहा, "कम से कम तीन बंदूक़धारी इस हॉस्टल में घुसे, जहां कुछ लोग शराब पी रहे थे और उन्होंने अंधाधुंध फ़ायरिंग शुरू कर दी."
माथे के मुताबिक़, कुल 25 लोगों को गोली मारी गई. इस हमले का मक़सद अभी पता नहीं चला है और इस मामले में अब तक किसी को गिरफ़्तार नहीं किया गया है.
इंडिगो एयरलाइन: केंद्र सरकार ने हवाई यात्रा का अधिकतम किराया तय किया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सरकार ने कुछ एयरलाइंस की ओर से बहुत अधिक किराया वसूलने की शिकायतों के बाद आदेश जारी किया है
केंद्र सरकार ने फ़्लाइट ऑपरेशन की मौजूदा स्थिति के मद्देनज़र अधिकतम किराया तय कर दिया है.
मिनिस्ट्री ऑफ़ सिविल एविएशन (नागर विमानन मंत्रालय) ने इस पर एक आदेश जारी किया है.
500 कि.मी. तक की दूरी के लिए अधिकतम किराया- 7500 रुपये
500 कि.मी. से 1000 कि.मी. तक की दूरी के लिए अधिकतम किराया- 12000 रुपये
1000 कि.मी. से 1500 कि.मी. तक की दूरी के लिए अधिकतम किराया- 15000 रुपये
1500 कि.मी. से अधिक की दूरी के लिए अधिकतम किराया- 18000 रुपये
मंत्रालय के आदेश के मुताबिक़ घरेलू एयरलाइंस यात्रियों से इस लिमिट से ज़्यादा किराया नहीं ले सकती हैं.
दक्षिण अफ़्रीका को भारत ने 270 रनों पर किया ऑलआउट
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, क्विंटन डिकॉक ने 80 गेंदों में शतक जड़ा है
तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सिरीज़ के तीसरे और आख़िरी मुकाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को 271 रन का टारगेट दिया है.
विशाखापत्तनम में खेले जा रहे इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया.
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी दक्षिण अफ़्रीका की टीम 47.5 ओवर में 270 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
सबसे ज़्यादा 106 रन क्विंटन डिकॉक ने बनाए. वनडे में ये डिकॉक का 23वां शतक है. डिकॉक और बावुमा ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन जोड़े.
वहीं भारत की ओर से सबसे ज़्यादा चार-चार विकेट प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने लिए.
रायपुर में खेले गए सिरीज़ के दूसरे मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने चार विकेट से जीत दर्ज की थी. वहीं सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में भारत ने 17 रन से जीत हासिल की थी.
आज का मैच जो भी टीम जीतेगी, वह सिरीज़ अपने नाम कर लेगी.
बाबरी मस्जिद गिराए जाने के मामले पर असदुद्दीन ओवैसी ने अब क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है (फ़ाइल फ़ोटो)
एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार, 6 दिसंबर को सीबीआई की एक विशेष कोर्ट के उस फ़ैसले का ज़िक्र किया, जिसमें उन अभियुक्तों को बरी कर दिया गया था, जिन पर बाबरी मस्जिद गिराने का आरोप लगा था.
हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने कहा, "आज 6 दिसंबर है. आप और मैं जानते हैं कि 6 दिसंबर 1992 को क्या हुआ था. सुप्रीम कोर्ट को वादा करके कि बाबरी मस्जिद को हाथ नहीं लगाया जाएगा...तमाम संघ परिवार के लोग जमा हुए...लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती...और बाबरी मस्जिद को शहीद कर दिया गया."
ओवैसी ने कहा, "दुनिया की आंखों के सामने पुलिस की मौजूदगी में बाबरी मस्जिद गिराई गई...जिन लोगों पर बाबरी मस्जिद को गिराने का आरोप लगाया गया था...कोर्ट ने उन तमाम लोगों को बरी कर दिया. सवाल ये पैदा होता है कि फिर 6 दिसंबर, 1992 को किसने मस्जिद को शहीद किया था."
ओवैसी ने इस बात पर निशाना साधा कि मोदी सरकार ने ट्रायल कोर्ट के उस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील नहीं की.
उन्होंने कहा, "अजीब माहौल है, इंसाफ़ की बात करते हैं और हज़ारों की तादाद में लोग जमा होकर मस्जिद को शहीद कर दिया और कोर्ट ये फ़ैसला देता है कि हम किसी को भी मुजरिम करार नहीं दे सकते."
इंडिगो ने रिफ़ंड, कैंसलेशन और रीशेड्यूल पर जारी किया अपडेट
इमेज स्रोत, Idrees MOHAMMED / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, इंडिगो ने 5 दिसंबर 2025 से लेकर 15 दिसंबर 2025 के बीच की उड़ानों को लेकर यह फ़ैसला लिया है
इंडिगो एयरलाइन ने मौजूदा हालात में रिफ़ंड, बुकिंग कैंसलेशन या रीशेड्यूल को लेकर एक पोस्ट किया है.
इंडिगो ने एक्स पर लिखा, "हाल की घटनाओं को देखते हुए, आपके कैंसलेशन के सभी रिफ़ंड खुद ब खुद आपके मूल भुगतान मोड में प्रोसेस हो जाएंगे."
"हम 5 दिसंबर 2025 और 15 दिसंबर 2025 के बीच यात्रा के लिए आपकी बुकिंग के सभी कैंसलेशन/रीशेड्यूल पर पूरी छूट देंगे."
इससे पहले, मिनिस्ट्री ऑफ़ सिविल एविएशन (नागर विमानन मंत्रालय) ने इंडिगो को यात्रियों को पेंडिंग रिफ़ंड बिना किसी देरी के देने का निर्देश दिया.
मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि सभी कैंसल या प्रभावित उड़ानों के लिए रिफ़ंड प्रक्रिया रविवार, 7 दिसंबर 2025 को रात 8:00 बजे तक पूरी हो जानी चाहिए.
दक्षिण अफ़्रीका के बल्लेबाज़ क्विंटन डिकॉक ने भारत के ख़िलाफ़ जड़ा शतक
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, क्विंटन डिकॉक ने 80 गेंदों में शतक जड़ा है (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सिरीज़ के तीसरे और आख़िरी मुकाबले में क्विंटन डिकॉक ने शतक जड़ा है.
डिकॉक ने 80 गेंदों पर 100 रन बनाए हैं.
विशाखापत्तनम में खेले जा रहे इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया.
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी दक्षिण अफ़्रीका की टीम का स्कोर 30 ओवरों में चार विकेट के नुक़सान पर 185 रन है.
रायपुर में खेले गए सिरीज़ के दूसरे मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने चार विकेट से जीत दर्ज की थी. वहीं सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में भारत ने जीत हासिल की थी.
आज का मैच जो भी टीम जीतेगी, वह सिरीज़ अपने नाम कर लेगी.
अफ़ग़ानिस्तान ने कहा- पाकिस्तान के हमले में चार नागरिकों की मौत
इमेज स्रोत, Abdul BASIT / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, 6 दिसंबर, 2025 को पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा पर एक सुरक्षाकर्मी
अफ़ग़ानिस्तान के अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान के साथ लगी सीमा पर पाकिस्तानी सेना के साथ भारी गोलीबारी में चार आम नागरिक मारे गए हैं.
वहीं पाकिस्तान में तीन लोगों के घायल होने की ख़बर है.
अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान दोनों पक्षों ने शुक्रवार रात हमले की पुष्टि की, लेकिन एक-दूसरे पर पहले संघर्ष-विराम तोड़ने का आरोप लगाया है.
पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के बीच रुक-रुक कर झड़पें होती रही हैं.
अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर देश में हवाई हमले करने का भी आरोप लगाया है.
दोनों देशों के बीच शांति समझौता कराने की कई कोशिशें की गई हैं, जिनमें से एक पिछले हफ़्ते सऊदी अरब में भी हुई थी.
इंडिगो को यात्रियों के रिफ़ंड को लेकर केंद्र सरकार की ओर से ये निर्देश दिया गया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, केंद्र सरकार ने रिफ़ंड प्रक्रिया रविवार, 7 दिसंबर 2025 को रात 8:00 बजे तक पूरी करने का आदेश दिया गया है
मिनिस्ट्री ऑफ़ सिविल एविएशन (नागर विमानन मंत्रालय) ने इंडिगो को यात्रियों को पेंडिंग रिफ़ंड बिना किसी देरी के देने का निर्देश दिया है.
मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि सभी कैंसिल या प्रभावित उड़ानों के लिए रिफ़ंड प्रक्रिया रविवार, 7 दिसंबर 2025 को रात 8:00 बजे तक पूरी हो जानी चाहिए.
एयरलाइंस को यह भी निर्देश दिया है कि जिन यात्रियों के ट्रैवल प्लान फ़्लाइट कैंसल होने से प्रभावित हुए हैं, उनसे कोई रीशेड्यूलिंग चार्ज न लिया जाए.
मंत्रालय ने साफ़ किया है कि रिफ़ंड की प्रक्रिया में किसी भी देरी या नियमों का पालन न करने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.
इंडिगो ने बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने और देरी के बाद शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर माफ़ी मांगते हुए एक बयान जारी किया है.
एयरलाइन ने भरोसा दिलाया है कि रद्द हुई उड़ानों के बाद सभी यात्रियों को जल्द ही रिफ़ंड कर दिया जाएगा.
अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक इस लाइव पेज के ज़रिए ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुचाएंगी.
आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर छपी अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
हवाई किराए को लेकर सरकार 'सख़्त', एयरलाइंस को दी ये चेतावनी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मौजूदा अव्यवस्था के बीच कुछ एयरलाइंस की ओर से असामान्य रूप से बढ़े हुए किराए वसूलने की शिकायतों को गंभीरता से लिया है.
मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा, "यात्रियों को किसी भी तरह की 'मौक़ापरस्ती वाली कीमतों' से बचाने के लिए मंत्रालय ने अपनी नियामक शक्तियों का इस्तेमाल किया है."
बयान के मुताबिक़, इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी प्रभावित रूटों पर किराया उचित और वाजिब रखा जाए.
इसमें बताया गया, "सरकार की ओर से सभी एयरलाइंस को निर्देश दिया गया है कि वे नए निर्धारित किराया सीमा का सख़्ती से पालन करें. ये किराया सीमा तब तक लागू रहेगी जब तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाते."
मंत्रालय का कहना है कि इसका मक़सद बाज़ार में मूल्य अनुशासन बनाए रखना, परेशानी में फंसे यात्रियों का शोषण रोकना और ऐसे बुज़ुर्ग, विद्यार्थी और मरीज़ों को राहत देना है,जिन्हें तुरंत यात्रा करनी पड़ रही है.
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह एयरलाइंस और ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टलों के साथ मिलकर रियल-टाइम डेटा के ज़रिए किराए पर कड़ी नज़र रखेगा. निर्धारित मानकों से किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.
पुतिन के लिए आयोजित दावत में विपक्षी नेताओं को आमंत्रित नहीं किए जाने पर मनोज झा ने ये कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मनोज झा का कहना है कि भारत और रूस के रिश्ते दशकों से मज़बूत नींव पर टिके हैं
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में आयोजित आधिकारिक दावत में विपक्षी नेताओं को आमंत्रित नहीं किए जाने पर आरजेडी सांसद मनोज झा ने सवाल उठाए हैं.
उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को दावत में नहीं बुलाए जाने को ‘दुखद’ बताया.
मनोज झा ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, "भारत और रूस के रिश्ते दशकों से मज़बूत नींव पर टिके हुए हैं. उस रिश्ते के साथ भारत ने हमेशा ईमानदारी बरती है. लेकिन सबसे ज़्यादा दुखद यह रहा कि उस बैंक्वेट में नेता प्रतिपक्ष मौजूद नहीं थे."
उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार में होती और बीजेपी या कोई अन्य पार्टी विपक्ष में होती और ऐसा निर्णय लिया जाता, तो भी उनकी (मनोज झा) प्रतिक्रिया बिल्कुल यही रहती.
आरजेडी सांसद ने कहा, "ज़ाहिर है पुतिन साहब की टीम के लोगों ने यह सब देखा भी होगा. वे कौन सा मैसेज लेकर गए होंगे, यह मेरे लिए चिंता का विषय है."