You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप ने अब कहा- 'आग से खेल रहे हैं व्लादिमीर पुतिन'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से नाराज़गी ज़ाहिर की है और कहा है कि वो आग से खेल रहे हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और कीर्ति रावत

  1. गुजरात में पीएम मोदी के बयान पर पाकिस्तान ने आपत्ति जताते हुए क्या कहा

    पाकिस्तान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात में दिए गए भाषण पर आपत्ति जताई है. इस बारे में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान भी जारी किया है.

    पाकिस्तान ने कहा है कि पीएम मोदी की टिप्पणी पहले से ही 'अस्थिर इलाक़े में एक ख़तरनाक मिसाल कायम' कर रही है.

    सोमवार को गुजरात के भुज में पीएम मोदी ने कहा था कि 'पाकिस्तान को आतंक की बीमारी से मुक्त करने के लिए पाकिस्तान की अवाम को भी आगे आना होगा.'

    पाकिस्तान ने क्या कहा?

    पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा, "ऐसे बयान संयुक्त राष्ट्र चार्टर के मूल सिद्धांतों का स्पष्ट रूप से उल्लंघन करते हैं, जो सदस्य देशों को विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से हल करने और अन्य राज्यों की संप्रभुता या राजनीतिक स्वतंत्रता के ख़िलाफ़ बल के इस्तेमाल या इसकी धमकी देने से बचने के लिए बाध्य करता है."

    बयान में कहा गया है, "अंतरराष्ट्रीय बिरादरी को भारत की बढ़ती बयानबाज़ी पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, जो क्षेत्रीय स्थिरता और स्थायी शांति की संभावनाओं को कमजोर करती है."

    पीएम मोदी ने क्या कहा था?

    सोमवार को पीएम मोदी ने भुज में अपने भाषण में कहा था, "पाकिस्तान को आतंक की बीमारी से मुक्त करने के लिए पाकिस्तान की अवाम को भी आगे आना होगा, पाकिस्तान के नौजवानों को आगे आना होगा, सुख-चैन की ज़िंदगी जियो, रोटी खाओ, वरना मेरी गोली तो है ही."

  2. इंग्लैंड के लिवरपूल में बड़ा हादसा, फ़ुटबॉल की विक्ट्री परेड के दौरान बेकाबू हुई कार

    इंग्लैंड के लिवरपूल शहर में सोमवार को लिवरपूल फ़ुटबॉल क्लब की प्रीमियर लीग विक्ट्री परेड में शामिल लोगों पर एक व्यक्ति ने कार चढ़ा दी.

    इस दुर्घटना में घायल हुए दर्जनों लोगों में चार बच्चे भी शामिल हैं. नॉर्थ वेस्ट एंबुलेंस सर्विस ने बताया कि 27 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है. दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक बच्चा भी है.

    पुलिस ने इस मामले में 53 साल के एक ब्रिटिश व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है. आरोप है कि कार यही व्यक्ति चला रहा था.

    अधिकारियों का कहना है कि लिवरपूल फ़ुटबॉल क्लब की विक्ट्री परेड में भीड़ पर कार चढ़ाने की घटना का 'आतंकवाद' से कोई संबंध नहीं है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने एक्स पर पोस्ट किया, "लिवरपूल के दृश्य डराने वाले हैं - मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो घायल या प्रभावित हुए हैं."

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.