You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

स्मृति ईरानी ने सोनिया गांधी से अमर्यादित व्यवहार किया: कांग्रेस

इस वक्तव्य में कांग्रेस पार्टी की ओर से आरोप लगाया गया है कि स्मृति ईरानी ने आज संसद में सांसद और कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से अमर्यादित व्यवहार किया.

लाइव कवरेज

भूमिका राय

  1. पार्थ चटर्जी के अभी भी मंत्री बने रहने पर शुभेन्दु अधिकारी ने उठाया सवाल

    पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता विपक्ष शुभेन्दु अधिकारी ने सवाल किया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्थ चटर्जी को गिरफ़्तारी के बाद भी मंत्री क्यों बनाए रखा है.

    प्रवर्तन निदेशालय ने पश्चिम बंगाल के उद्योग, वाणिज्य और संसदीय कार्यों के मंत्री पार्थ चटर्जी को स्कूल शिक्षकों की भर्ती से जुड़े कथित घोटाले के मामले में 23 जुलाई को गिरफ़्तार किया था.

    अधिकारी ने बुधवार को कोलकाता में राज्यपाल गणेशन से मुलाक़ात की और कहा कि पार्थ चटर्जी को मंत्री पद से हटाया जाना चाहिए.

    अधिकारी ने बाद में पत्रकारों से कहा, "मुख्यमंत्री ने इतनी जानकारियों और सबूतों के बावजूद उनके ख़िलाफ़ कोई क़दम नहीं उठाया है."

    इससे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को एक कार्यक्रम में कहा था कि पार्टी किसी व्यक्ति के ख़िलाफ़ तभी कार्रवाई करेगी जब अदालत उसे दोषी ठहरा दे.

    कथित शिक्षक भर्ती घोटाले की जाँच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय ने पार्थ चटर्जी की सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के फ़्लैट से कथित तौर पर छापे मारे हैं जिनमें कथित तौर पर करोड़ों की नकद राशि बरामद की गई है.

  2. ताइवान को लेकर बढ़ते तनाव के बीच चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग को फ़ोन करेंगे जो बाइडन

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन आज चीनी समकक्ष शी जिनपिंग से फोन पर बात करेंगे.

    अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन किर्बी के मुताबिक दोनों नेताओं के एजेंडा में ताइवन, यूक्रेन युद्ध और दोनों देशों के बीच आर्थिक प्रतिस्पर्धा का मुद्दा होगा.

    ये बातचीत ऐसे समय में होगी जब अमेरिकी कांग्रेस की स्पीकर नैन्सी पेलोसी की ताइवान यात्रा की खबरों को लेकर चीन गुस्से में हैं.

    चीन ने अमेरिका को चेतावनी दी कि अगर नैन्सी पेलोसी ताइवान की यात्रा करती हैं तो अमेरिका को इसका ख़मियाज़ा भुगतना होगा.

    अमेरिका ने चीन की इस आक्रामक प्रतिक्रिया की आलोचना की है.

    हालांकि विदेश मंत्रालय का कहना है कि नैन्सी पेलोसी ने किसी भी यात्रा की घोषणा नहीं की है और ताइवान के प्रति अमेरिकी रुख़ में कोई बदलाव नहीं है.

  3. अमेरिका में फिर बढ़ी ब्याज दर, 40 साल के रिकॉर्ड स्तर पर महंगाई

    बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए अमेरिका के केंद्रीय बैंक फ़ेडरल रिज़र्व ने एक बार फिर से ब्याज दरों में बड़ी बढ़ोतरी की घोषणा की है.

    बैंक ने लगातार दूसरी बार ब्याज दरों में 0.75 फीसदी की वृद्धि कर दी है.

    फेडरल फंड का लक्ष्य बॉरोइंग रेट यानी घरेलू बैंक़ों के केंद्रीय बैंक से पैसे लेने की दर को 2.25 प्रतिशत से 2.5 प्रतिशत तक ले जाने की बात कही है.

    अर्थव्यवस्था में मांग के स्तर और कीमतों को कम करने के लिए बैंक मार्च से उधार लेने की लागत बढ़ा रहा है.

    लेकिन आशंकाएं बढ़ रही है कि ये कदम अमेरिका को मंदी की ओर ले जाएगा.

    कई लोगों को उम्मीद है कि इस हफ्ते के आधिकारिक आंकड़े अमेरिकी अर्थव्यवस्था को लगातार दूसरी तिमाही में कमजोर होते हुए दिखाएंगे.

    एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने माना कि अर्थव्यवस्था के कुछ हिस्से धीमे थे, लेकिन उन्होंने कहा कि जोखिम के बावजूद बैंक आने वाले महीनों में महंगाई को काबू में करने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी जारी रखेगा.

    अमेरिका में महंगाई 40 साल के अपने उच्च स्तर पर चल रही है.

  4. चीन ने वुहान में फिर लगाया लॉकडाउन, कोरोना के नए मामलों के बाद सख़्ती

    चीन के वुहान शहर के एक बड़े इलाक़े में कोरोना के चार नए मामले सामने आने के बाद फिर लॉकडाउन लगा दिया गया है. वुहान में ही कोरोना वायरस का पहला मामला दर्ज किया गया था.

    वुहान के जियांग्सिया इलाक़े में कोरोना के चार मामलों का पता चला जिनमें किसी में भी कोई लक्षण नहीं देखा गया.

    इसके बाद इलाक़े के लोगों को तीन दिनों के लिए अपने घर के अंदर रहने का आदेश दिया गया है. जियांग्सिया में करीब 10 लाख लोग रहते हैं.

    चीन कोविड वायरस से निपटने के लिए 'जीरो कोविड' रणनीति का पालन कर रहा है. इसके तहत बड़े पैमाने पर कोविड टेस्ट, सख्त आइसोलेशन और लोकल लॉकडाउन जैसे कदम उठाए जाते हैं.

    ऐसा करने से कई देशों की तुलना में चीन में कोविड से मारे जाने वालों की संख्या में काफी कमी आई है.

    'ज़ीरो कोविड' रणनीति को बढ़ते विरोध का सामना करना पड़ा रहा है क्योंकि लोगों और कामकाज को इसके कारण प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है.

    1 करोड़ 20 लाख की आबादी वाले वुहान शहर में नियमित रूप से कोरोना टेस्ट होते हैं.

    दो दिन पहले ही दो मामले सामने आए. इसके बाद उनके संपर्क में आए लोगों की भी जाँच की गई तो दो और मामलों का पता चला.

    इसके कुछ देर बाद लॉकडाउन का आदेश जारी किया गया.

    2020 की शुरुआत में वुहान की चर्चा पूरी दुनिया में थी क्योंकि यहां पर वैज्ञानिकों ने नए कोरोना वायरस का पता लगाया था, जिसके बाद वुहान में कठोर लॉकडाउन लगाया गया था.

  5. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 27 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.