You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ममता सरकार की दिक्कतें बढ़ीं, ईडी को अर्पिता मुखर्जी के दूसरे घर से भी भारी कैश मिला

प्रवर्तन निदेशालय ने अर्पिता मुखर्जी के दूसरे घर छापा मारा है जहां से उन्हें भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल, चंदन शर्मा and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. ममता सरकार की दिक्कतें बढ़ीं, ईडी को अर्पिता मुखर्जी के दूसरे घर से भी भारी कैश मिला

    पश्चिम बंगाल में स्कूल सेवा आयोग स्कैम में मंत्री पार्थ चटर्जी एवं उनकी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी की गिरफ़्तारी के बाद ममता सरकार पर दबाव बढ़ता जा रहा है.

    प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने बुधवार शाम अर्पिता मुखर्जी के बेलघरिया टाउन क्लब स्थित फ़्लैट पर छापा मारा जहां से उन्हें भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ.

    इसके साथ ही ईडी ने एक व्यापारी अनिल जैन के बेलीगंज स्थित घर पर भी छापा मारा है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़,अनिल जैन को पार्थ चटर्ज़ी का सहयोगी माना जाता है.

    इस छापेमारी के बाद प्रवर्तन निदेशालय को फ़्लैट में मिली धनराशि गिनने के लिए नोट गिनने वाली मशीन मंगवानी पड़ी.

    अब तक मिली जानकारी के मुताबिक़, फ़्लैट में 15 करोड़ रुपये मिले हैं और नोट गिने जाने की प्रक्रिया जारी है.

    कुछ दिनों पहले प्रवर्तन निदेशालय ने अर्पिता मुखर्जी के आवास से 21 करोड़ से ज़्यादा की नक़दी, लाखों के गहने और विदेशी मुद्रा बरामद होने के बाद पार्थ चटर्जी को गिरफ़्तार किया था.

    इस कथित घोटाले के समय वे पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री थे.

    पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदू अधिकारी ने ममता सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कथित स्कैम में गिरफ़्तार किए जाने के बावजूद सीएम ममता बनर्जी ने पार्थ चटर्जी को मंत्री पद से क्यों नहीं हटाया है.

    हालांकि, तृणमूल कांग्रेस इस बारे में अपना मत पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि पार्थ के ख़िलाफ़ दोषी साबित होने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी.

  2. बीएसएनएल को संकट से उबारने के लिए सरकार का बड़ा एलान

    केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सरकारी दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड यानी बीएसएनएल को संकट से उबारने के लिए 1 लाख 64 हज़ार 156 करोड़ रुपये का पैकेज देने का एलान किया है. इसके अलावा, कैबिनेट ने भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) और भारत ब्रॉडबैंड नेटवर्क लिमिटेड (बीबीएनएल) के विलय को भी मंजूरी दी है.

    बीएसएनएल को संकट से उबारने के लिए इससे पहले सरकार ने 2019 में भी आर्थिक पैकेज दिया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के हवाले से बुधवार को यह जानकारी दी है.

    मंगलवार से शुरू हुई 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी के बारे में अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अभी तक क़रीब 1.49 लाख करोड़ रुपये की बोली मिल चुकी है. नौवें राउंड की बोली अभी चल रही है.

    क्या है इस पैकेज में?

    ताज़ा पैकेज के तहत सेवाओं और इसकी गुणवत्ता को बढ़ाना है, बीएसएनएल की बैलेंसशीट को दुरुस्त करना है और बीएसएनएल के ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क को बढ़ाया जाएगा.

    इस बार, बीएसएनएल पर बकाया 33 हज़ार करोड़ रुपये को इक्विटी में बदला जाएगा. वहीं बाक़ी के 33 हज़ार करोड़ रुपये के बैंक लोन चुकाने के लिए सरकार साॅवरिन बाॅण्ड जारी करेगी.

    बीबीएनएल के बीएसएनएल में विलय के बाद बीएसएनएल की ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क क्षमता में बहुत इजाफा हो जाएगा.

    बीएसएनएल के पास पहले से ही 6.83 लाख किलोमीटर से अधिक ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क है. इस विलय से उसके ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क में 5.67 लाख किलोमीटर की वृद्धि हो जाएगी, जो देश के 1.85 लाख गांवों तक फैला है.

    इससे पहले सरकार ने अप्रैल 2022 में एलान किया था कि सभी गांवों तक ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क को फैलाने के लिए बनाई गई ‘भारतनेट’ परियोजना को लागू करने वाली कंपनी बीबीएनएल को बीएसएनएल में विलय कर दिया जाएगा.

    हर गांव तक पहुंचेगी 4जी

    अश्विनी वैष्णव ने बताया, ‘‘केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लगभग 26,316 करोड़ रुपये की लागत से यूनिवर्सल सर्विस ऑब्लिगेशन फंड के ज़रिए देश के सभी बचे हुए गांवों तक 4जी सेवा पहुंचाने की योजना को मंज़ूरी दे दी है. हमें विश्वास है कि इससे देश के कोने-कोने में ब्रॉडबैंड सेवा ले जाने में मदद मिलेगी.’’

    बीएसएनएल को स्पेक्ट्रम के आवंटन के बारे में उन्होंने बताया कि सरकार उसकी 4जी सेवाओं के विस्तार के लिए कंपनी को स्पेक्ट्रम का प्रशासनिक आवंटन करेगी.

  3. ब्राज़ील के तेल ब्लॉक में 1.6 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश करेगा भारत

    केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को भारत सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भारतीय पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की सहायक कंपनी भारत पेट्रो रिसोर्सेज लिमिटेड (बीपीआरएल) को ब्राज़ील में एक तेल ब्लॉक में 1.6 अरब डॉलर के अतिरिक्त निवेश की मंज़ूरी दे दी है.

    इस बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक ट्वीट कर इसकी जानकारी भी साझा की है.

    जयशंकर ने बताया कि इससे जहां भारत की ऊर्जा सुरक्षा और मजबूत होगी वहीं ब्राज़ील के साथ द्विपक्षीय संबधों को भी मजबूती मिलेगी

    जानकारी के मुताबिक बीएम-सील-11 नाम की इस परियोजना में उत्पादन 2026-27 से शुरू होगा.

    बीपीआरएल के पास इस ब्लॉक में 40 प्रतिशत जबकि ब्राजील की राष्ट्रीय तेल कंपनी पेट्रोब्रास की शेष 60 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

    इस ब्लॉक में भारत पेट्रो रिसोर्सेज लिमिटेड (बीपीआरएल) की 40 फ़ीसद हिस्सेदारी है जबकि ब्राज़ील की राष्ट्रीय तेल कंपनी 'पेट्रोब्रास' के पास बाकी 60 फ़ीसद हिस्सा है.

    बता दें कि इस ब्लॉक में अब तक तेल की कई खोज की गई है जिसे अब विकसित किया जा रहा है.

  4. जो बाइडन हुए कोरोना निगेटिव, ट्वीट कर दी जानकारी

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन कोराना निगेटिव हो गए हैं. उनकी दूसरी जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है.

    पिछले हफ़्ते कोरोना पॉजिटिव होने के बाद से वे आइसोलेशन में रह रहे थे.

    व्हाइट हाउस के डॉक्टर ने उनके कोविड की रिपोर्ट की जानकारी भी दी है.

    राष्ट्रपति बाइडन ने भी ट्वीट कर अपने निगेटिव होने और दफ़्तर में वापसी की जानकारी दी. उन्होंने अपने ट्वीट में डॉक्टरों का धन्यवाद भी अदा किया.

  5. 27 जुलाई 2022 का दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर’ सुनिए मोहम्मद शाहिद और अंजुम शर्मा से

  6. मध्य प्रदेश के खंडवा में 3 बहनों के पेड़ से लटके शव मिले

    मध्य प्रदेश के खंडवा में तीन आदिवासी बहनों के शव पेड़ से झूलते मिले हैं. पुलिस के मुताबिक ये शव मंगलवार की रात क़रीब 11 बजे भामगढ़ गांव के पास कोटा फाल्या में एक पेड़ से लटके मिले हैं.

    मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इसे दिल झकझोरने वाली घटना बताया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक खंडवा के पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया, "गांव वालों ने जब ये शव पेड़ से लटकते देखा तो उन्होंने पुलिस को ख़बर दी."

    उन्होंने इन बहनों की उम्र 23 वर्ष, 21 वर्ष और 19 वर्ष बताई.

    उन्होंने बताया, "ये लड़कियां गांव में अपनी मां के साथ रह रही थीं, उनके पिता का चार साल पहले निधन हो गया है."

    पुलिस अधीक्षक ने ये भी बताया कि अब घर में उनकी मां के अलावा दो बहनें और तीन भाई रह गए हैं.

    एसपी विवेक सिंह ने बताया, "शुरुआती जांच में इन तीन बहनों के सुसाइड करने का अंदेशा मिल रहा है लेकिन इस घटना की हम जांच कर इसके सही कारणों का पता लगा रहे हैं."

    फिलहाल उम्मीद की जा रही है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.

  7. स्पाइसजेट के विमानों में आ रही तकनीकी ख़राबी की जाँच के बाद डीजीसीए ने की बड़ी कार्रवाई

    नागरिक उड्डयन निदेशालय (डीजीसीए) ने स्पाइसजेट के विमानों में आ रही तकनीकी ख़राबी की शिकायतों के बाद कार्रवाई की है. डीजीसीए ने आठ हफ़्तों के लिए स्पाइसजेट की 50 फ़ीसदी उड़ानों पर रोक लगाई गई. इस दौरान डीजीसीए स्पाइसजेट पर निगरानी रखेगा.

    डीजीसीए ने कहा है कि स्पॉट चेक्स, जाँच और स्पाइसजेट के कारण बताओ नोटिस के जवाब के बाद इस कार्रवाई का फ़ैसला किया गया है. 18 दिनों के अंदर स्पाइसजेट के विमानों में तकनीकी ख़राबी की आठ घटनाएँ दर्ज की गई थी.

    एक बार तो चीन जा रहे एक मालवाहक विमान को वापस कोलकाता आना पड़ा क्योंकि उसके मौसम से संबंधित रडार ने काम करना बंद कर दिया था.

    जबकि एक अन्य घटना में दुबई जा रहे एक पैसेंजर विमान को पाकिस्तान के कराची में लैंड करना पड़ा. विमान में तेल की मौजूदगी का जो रडार था उसने काम करना बंद कर दिया था.

    यात्रियों को 11 घंटे का लंबा समय कराची में गुज़ारना पड़ा जिसे लेकर उनके रिश्तेदारों और कई हलकों में चिंता व्यक्त की गई थी. इसके बाद डीजीसीए ने स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी किया था.

  8. मंकीपॉक्स के क्या होते हैं लक्षण और कैसे करें बचाव

  9. हॉकी में 'द ग्रेट वॉल' कही जाने वाली सविता पूनिया से मिलिए

  10. तृणमूल विधायकों पर दावे को लेकर ममता के सांसद ने कहा- मिथुन मानसिक रूप से बीमार

    तृणमूल कांग्रेस के विधायकों के बीजेपी के साथ संपर्क में रहने के मिथुन चक्रवर्ती के दावे के बाद टीएमसी के सांसद शांतनु सेन ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा है कि बीजेपी नेता और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती मानसिक रूप से बीमार हैं. शांतनु सेन ने कहा- मैंने सुना था कि मिथुन चक्रवर्ती को कुछ दिनों पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था. मेरा मानना है कि वे मानसिक रूप से बीमार थे शारीरिक रूप से नहीं. समस्या ये है कि वे राजनीति नहीं जानते.

    बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती ने दावा किया था कि पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के 38 विधायकों के बीजेपी से अच्छे रिश्ते हैं, जिनमें से 21 विधायक सीधे उनके संपर्क में हैं.

    उन्होंने कहा- क्या आप ब्रेकिंग न्यूज़ सुनना चाहते हैं. इस समय टीएमसी के 38 विधायकों से बीजेपी के बहुत अच्छे संबंध हैं, जिनमें से 21 तो सीधे हमारे संपर्क में हैं. 294 सदस्यों वाली राज्य विधानसभा में फ़िलहाल बीजेपी के 71 विधायक हैं. वहीं टीएमसी के विधायकों की संख्या 220 है.

    दरअसल ममता बनर्जी ने भी आज बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा था कि वो वर्ष 2024 में सत्ता में नहीं आएगी. उन्होंने दावा किया था कि बीजेपी बंगाल को भी तोड़ने की कोशिश कर रही है.

    ममता बनर्जी ने कहा कि महाराष्ट्र में तो वो सफल हो गए, लेकिन बंगाल में वे सफल नहीं हो पाएँगे क्योंकि उन्हें रॉयल बंगाल टाइगर से लड़ना होगा.

  11. समंदर की गहराई में मिला 13वीं सदी के जहाज़ का मलबा

    ये खबर आपको किसी एक रोमांचक कहानी की तरह लग सकती है. ब्रिटेन में 13वीं सदी के एक जहाज़ का मलबा समुद्र के नीचे पाया गया है.

    एक स्थानीय जहाज़ के कैप्टन को ये मलबा दिखाई दिया. देखिए जेम्स इंगम की ये रिपोर्ट.

  12. तृणमूल के 38 विधायकों के बीजेपी से अच्छे रिश्ते और 21 विधायक सीधे हमारे संपर्क मेंः मिथुन चक्रवर्ती

    बीजेपी नेता और हिंदी फ़िल्मों के मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के 21 विधायक सीधे उनके संपर्क में हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, बुधवार को उन्होंने कहा, ‘‘क्या आप ब्रेकिंग न्यूज़ सुनना चाहते हैं. इस समय टीएमसी के 38 विधायकों से बीजेपी के बहुत अच्छे संबंध हैं, जिनमें से 21 तो सीधे हमारे संपर्क में हैं.’’

    294 सदस्यों वाली राज्य विधानसभा में फ़िलहाल बीजेपी के 71 विधायक हैं. वहीं टीएमसी के विधायकों की संख्या 220 है.

    इससे पहले पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी ने दावा किया था कि 2024 में बीजेपी फिर से सत्ता में नहीं आएगी.

    इसके जवाब में मिथुन ने कहा, ‘‘न केवल 2024 में, बीजेपी बार बार आएगी.’'

    मिथुन चक्रवर्ती बुधवार को बीजेपी की एक बैठक में भाग लेने कोलकाता में थे.

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि बीजेपी के पास कोई काम नहीं है. उन्होंने कहा कि बीजेपी का काम है तीन-चार एजेंसियों के माध्यम से राज्य सरकारों को परेशान करना.

    ममता बनर्जी ने कहा- उन्होंने महाराष्ट्र ले लिया है और अब झारखंड है. लेकिन बंगाल ने उन्हें हरा दिया है. बंगाल को तोड़ना आसान नहीं क्योंकि आपको रॉयल बंगाल टाइगर से पहले लड़ना होगा.

    ममता बनर्जी ने कहा- मुझे विश्वास है कि बीजेपी 2024 में सत्ता में नहीं आएगी. भारत में बेरोज़गारी 40 फ़ीसदी की दर से बढ़ रही है, लेकिन बंगाल में इसमें 45 फ़ीसदी की गिरावट आई है. आज मीडिया ट्रायल हो रहा है और बंगाल की छवि ख़राब करने की कोशिश की जा रही है.

    उन्होंने कहा कि वे पुराना घर (संसद) तोड़कर नया घर (सेंट्रल विस्टा) बना रहे हैं. क्योंकि उनका पुराने घर में जाना फिर से नहीं हो पाएगा.

  13. कर्नाटक में बीजेपी के युवा नेता की हत्या, एनआईए जांच की मांग

    केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कर्नाटक में बीजेपी युवा मोर्चा नेता प्रवीण नेत्तारू की हत्या की जांच एनआईए से कराने की मांग उठाई है.

    32 वर्षीय नेत्तारू कर्नाटक के बेल्लारे की सुलिया तालुका में बीजेपी युवा मोर्चा नेता के रूप में काम कर रहे थे. मंगलवार शाम दक्षिण कन्नड़ ज़िले में कुछ बाइक सवारों ने उनकी चाकू मारकर हत्या कर दी.

    इस हत्याकांड के बाद आशंका जताई जा रही है कि कहीं कर्नाटक में भी केरल की तरह आरएसएस-सीपीएम कार्यकर्ताओं के बीच एक दूसरे की हत्याएं करने का सिलसिला तो नहीं शुरू हो गया है.

    पुलिस को शक है कि ये पिछले हफ़्ते बेल्लारे में मारे गए 19 वर्षीय कंस्ट्रक्शन मजदूर मसूद की हत्या का बदला हो सकती है.

  14. कांवड़ियों के स्वागत पर ओवैसी की टिप्पणी का जवाब बीजेपी ने ऐसे दिया

    कांवड़ियों के स्वागत पर एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

    बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने ‘आजतक’ से हुई बातचीत में कहा- उनकी बातों से उनका असल चरित्र सामने आ रहा है. उनको केवल अपना धर्म और मुसलमान दिखाई देते हैं. उन्हें बाक़ी धर्म के लोगों से नफ़रत है. उनके ख़ुद के बयान, उनके भाई के बयान भी यही दर्शाते हैं.’’

    उन्होंने कहा- आवैसी जी एक और चीज़ समझ लें कि यदि कोई व्यक्ति अपराध करेगा, पत्थर मारेगा, आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होगा, तो उस पर फूल नहीं बरसाए जाएंगे. उसकी सही जगह जेल की सलाखें हैं और वहीं भेजा जाएगा. यदि कोई शांति से अपनी आस्था दिखाएगा तो उन पर फूल ही बरसाए जाएंगे.

    सड़कों पर नमाज़ पढ़ने पर पाबंदी लगाए जाने, लेकिन कांवड़ियों का स्वागत करने की नीति पर पूछे गए सवाल पर गौरव भाटिया ने कहा कि यदि कोई त्योहार मनाया जाता है तो कभी कभार परेशानियां होती हैं, लेकिन लोग उसके साथ तालमेल बिठा लेते हैं.

    उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हर जुमे की नमाज़ पर रोड बंद कर देना या आप हर रोज़ नमाज़ पढ़ेंग, तो आम आदमी को असुविधा होगी. यह क़ानून के खि़लाफ़ है. इसकी तुलना कांवड़ियों की यात्रा से नहीं की जा सकती.’’

    अल्पसंख्यकों के साथ सरकार की भेदभाव की नीति पर उन्होंने कहा, ‘‘जितने मुसलमानों को ओवैसी जी जानते नहीं हैं, उससे ज़्यादा सशक्तिकरण मोदी जी और योगी जी ने किया है. ‘सबका साथ, सबका विकास’ हमारा मूलमंत्र है.’’

    क्या है मामला?

    इससे पहले, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन आवैसी ने देश में खासकर उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक जगहों पर सरकार द्वारा कांवड़ियों का स्वागत करने को लेकर सरकार पर निशाना साधा था.

    उन्होंने ट्विटर पर लिखा- यदि इन पर फूल बरसा रहे हैं, तो कम से कम हमारे घर तो मत तोड़िए.

    उन्होंने आगे कहा, ‘‘पुलिस ने पंखुड़ियों की बौछार कीं, कांवड़ियों का झंडों से इस्तकबाल (स्वागत) किया, उनके पैरों पर लोशन लगाया और उनके साथ इंतेहाई शफकत (बहुत स्नेह) से पेश आए. लेकिन मुसलमान खुली जगह पर चंद मिनट के लिए नमाज़ भी अदा करे तो ‘बवाल’ हो जाता है.’’

  15. तुर्की ने अपने वाणिज्य दूतावास पर हुए हमले के बाद इराक़ को सुनाई खरी-खोटी

    तुर्की ने इराक़ के मूसल में अपने वाणिज्य दूतावास पर हुए हमले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. तुर्की के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करके कहा है कि ये इराक़ की ज़िम्मेदारी है कि वो राजनयिकों और कॉन्सुलर मिशन की रक्षा करे.

    विदेश मंत्रालय ने बताया है कि 27 जुलाई की सुबह मूसल में उसके वाणिज्य दूतावास पर हमला हुआ. हालाँकि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है.

    तुर्की ने इराक़ से मांग की है कि वो इस हमले के दोषियों को तुरंत पकड़कर सज़ा दिलाए.

    विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ये और भी चिंता करने की बात है कि ये हमला ऐसे समय में हुआ, जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक हो रही थी और वो भी इराक़ की मांग पर.

    तुर्की ने एक बार फिर इराक़ से कहा है कि वो आतंकवाद के ख़िलाफ़ युद्ध पर ध्यान केंद्रित रहे और वहाँ मौजूद आतंकवादियों का ख़ात्मा करे.

    मंगलवार को सुरक्षा परिषद ने कहा था कि तुर्की और इराक़ ने पिछले दिनों इराक़ के दुहोक प्रांत में हुए हमले की संयुक्त जाँच के लिए रज़ामंदी जताई है. इराक़ ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक की मांग की थी.

    20 जुलाई को इराक़ी प्रांत में हुए हमले में नौ इराक़ी पर्यटक मारे गए थे और 33 अन्य घायल हो गए थे. इराक़ ने इस हमले के लिए तुर्की सशस्त्र बल को ज़िम्मेदार ठहराया था. हालाँकि तुर्की ने इससे इनकार किया था.

  16. ममता बनर्जी ने कहा- बीजेपी बंगाल को तोड़ना चाहती है, लेकिन उसे रॉयल बंगाल टाइगर से लड़ना होगा

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि बीजेपी के पास कोई काम नहीं है. उन्होंने कहा कि बीजेपी का काम है तीन-चार एजेंसियों के माध्यम से राज्य सरकारों को परेशान करना.

    ममता बनर्जी ने कहा- उन्होंने महाराष्ट्र ले लिया है और अब झारखंड है. लेकिन बंगाल ने उन्हें हरा दिया है. बंगाल को तोड़ना आसान नहीं क्योंकि आपको रॉयल बंगाल टाइगर से पहले लड़ना होगा. पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की सरकार में मंत्री रहे पार्थ चटर्जी को ईडी ने गिरफ़्तार किया है.

    ईडी ने उन्हें स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) के ज़रिए भर्तियों में कथित घोटाले के आरोप में गिरफ़्तार किया है.

    कुछ दिनों पहले पार्थ की क़रीबी रहीं अर्पिता मुखर्जी के आवास से 21 करोड़ से ज़्यादा की नक़दी, लाखों की जूलरी और विदेशी मुद्रा बरामद होने के बाद इस घोटाले की जाँच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय ने पार्थ चटर्जी को गिरफ़्तार किया था. इस कथित घोटाले के समय वे पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री थे.

    ममता बनर्जी ने कहा- मुझे विश्वास है कि बीजेपी 2024 में सत्ता में नहीं आएगी. भारत में बेरोज़गारी 40 फ़ीसदी की दर से बढ़ रही है, लेकिन बंगाल में इसमें 45 फ़ीसदी की गिरावट आई है. आज मीडिया ट्रायल हो रहा है और बंगाल की छवि ख़राब करने की कोशिश की जा रही है.

    उन्होंने कहा कि वे पुराना घर (संसद) तोड़कर नया घर (सेंट्रल विस्टा) बना रहे हैं. क्योंकि उनका पुराने घर में जाना फिर से नहीं हो पाएगा.

  17. चंद्रकांत झा: तिहाड़ जेल का गेट और सिर कटी लाशों का रहस्य

    20 अक्टूबर, 2006, पश्चिमी दिल्ली के हरिनगर पुलिस थाने में सवेरे फ़ोन की घंटी बजी. फ़ोन करने वाले ने बताया कि उसने तिहाड़ जेल के गेट नंबर-3 के ठीक बाहर एक लाश रखी है.

    वहां पहुंचने पर एक बंधी हुई टोकरी मिली, जिसमें एक सिरकटी लाश रखी थी, लाश के साथ एक चिट्ठी भी थी, जिसमें दिल्ली पुलिस के लिए भद्दी गालियां लिखी गई थीं और हत्या की ज़िम्मेदारी लेते हुए चुनौती दी गई थी कि 'हिम्मत है तो पकड़कर दिखा'.

    इसके छह महीने बाद अप्रैल, 2007 में तिहाड़ जेल के गेट नंबर-3 के बाहर ठीक उसी जगह एक और लाश मिली. बंधी हुई लाश. सिर और हाथ-पैर ग़ायब. इस बार भी लाश को पिछली बार की ही तरह बांधा गया था. हत्या के सभी मामलों में सीरियल किलर ने मृतकों का सिर यमुना नदी में फेंक दिया था.

    पहली बार तो दिल्ली पुलिस छह महीने हाथ-पैर मारकर थक गई थी, लेकिन जब दूसरी बार ऐसा हुआ तो दिल्ली पुलिस परेशान हो उठी.

  18. मंकीपॉक्स भारत के लिए कितना बड़ा ख़तरा

    दुनिया के कई देशों में मंकीपॉक्स के मामले बढ़ रहे हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित की है.

    भारत में भी मंकीपॉक्स के मरीज़ सामने आ रहे हैं. ऐसे में सवाल ये है कि भारत के लिए कितना ख़तरनाक हो सकता है मंकीपॉक्स और कैसे करें इससे बचाव?

  19. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ ख़त्म

    नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से बुधवार को हो रही पूछताछ अब ख़त्म हो गई है. उनसे आज क़रीब तीन घंटे तक पूछताछ हुई.

    सोनिया गांधी से हुई ये पूछताछ राजधानी दिल्ली में ईडी के दफ्तर में हुई. उनसे मंगलवार को भी लगभग छह घंटे तक पूछताछ हुई थी.

    सोनिया गांधी से हो रही पूछताछ को लेकर कांग्रेस देशभर में प्रदर्शन कर रही है, जो बुधवार को भी जारी है.

    कांग्रेस के सीनियर नेताओं, अशोक गहलोत, गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा और जयराम रमेश ने बुधवार की सुबह एक संवाददाता सम्मेलन कर केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा.

    मंगलवार को कांग्रेस के सांसदों ने दिल्ली में संसद भवन में गांधी मूर्ति के पास से विजय चैक के लिए मार्च निकाला था. मार्च में राहुल गांधी भी शामिल थे.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, मंगलवार को उनसे लगभग 55 सवाल पूछे गए, जो राहुल गांधी से पूछे गए सवालों से मिलते जुलते थे.

  20. उमेश कोल्हे की हत्या के अभियुक्त शाहरुख़ पठान पर जेल में क़ैदियों ने किया हमला

    महाराष्ट्र के अमरावती में हुई उमेश कोल्हे की हत्या के अभियुक्त शाहरुख़ पठान पर मुंबई के आर्थर रोड जेल में कुछ क़ैदियों ने हमला किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने राज्य की पुलिस के हवाले से बताया है कि इस बारे में एक एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है.

    महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक शाहरुख़ पठान और उनके साथियों ने उमेश कोल्हे की हत्या कर दी थी, क्योंकि कोल्हे ने बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा का समर्थन किया था.

    बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने एक टीवी डिबेट के दौरान आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिसके बाद उन्हें पार्टी पद से हटा दिया गया था.

    उमेश कोल्हे के मर्डर की जांच नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी एनआईए कर रही है.

    एनआईए ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है. वे सभी न्यायिक हिरासत में मुंबई के आर्थर रोड जेल में बंद हैं.

    अमरावती के डीसीपी विक्रम ने बताया था, "प्रथम दृष्टया लग रहा है कि उन्होंने (उमेश कोल्हे) नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर जो पोस्ट किया था उस कारण यह घटना हुई."