You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

स्मृति ईरानी ने सोनिया गांधी से अमर्यादित व्यवहार किया: कांग्रेस

इस वक्तव्य में कांग्रेस पार्टी की ओर से आरोप लगाया गया है कि स्मृति ईरानी ने आज संसद में सांसद और कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से अमर्यादित व्यवहार किया.

लाइव कवरेज

भूमिका राय

  1. अफ़ग़ानिस्तान में कौन दे रहा है तालिबान को चुनौती

    अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान को सत्ता पर काबिज़ हुए क़रीब एक साल हो गया है. इस दौरान इस नए शासक के ख़िलाफ़ विद्रोही बलों ने भी सिर उठाया. ये विद्रोही बल पिछली सरकार के वफ़ादार हैं.

    अभी झड़पें उन कुछ इलाक़ों तक ही सीमित हैं, जहां लंबे वक़्त से तालिबान-विरोधी भावना रही है. हालांकि तालिबान, इन विद्रोहियों से किसी तरह का ख़तरा होने की बात से इनकार करता है.

    लेकिन पिछले एक साल में अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान को सबसे ज़्यादा टक्कर विद्रोही बलों से ही मिली. अंदराब घाटी उन इलाकों में से एक है, जहां ये विद्रोही सक्रिय हैं. सिकंदर किरमानी की रिपोर्ट.

  2. सैमसंग ने क्यों कहा, अगर वैश्विक मंदी आती है तो...

    सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी लिमिटेड ने स्मार्टफ़ोन और पर्सनल कम्प्यूटर निर्माताओं को चिप की मांग को लेकर आगाह किया है.

    सैमसंग दुनिया की शीर्ष मेमोरी चिप और स्मार्टफ़ोन बनाने वाली कंपनी है. कंपनी ने आगाह किया है कि आर्थिक अव्यवस्था और मंदी के चलते लोगों ने चिप आदि की ख़रीद में कटौती कर दी है.

    सैमसंग के मेमोरी चिप बिज़नेस के एक्ज़ीक्यूटिव वाइस प्रेसीडेंट जिन-मान हान ने कहा कि "इस तरह के मामलों से सर्वर (चिप-डिमांड) ज़्यादा प्रभावित नहीं हुई है लेकिन अगर वैश्विक मंदी आती है, सर्वर के ग्राहक भी अपनी इंवेंटरी को एडजस्ट करेंगे."

    उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह की अस्थिरता का माहौल बना हुआ है, हम अपनी चेतावनियों को और इससे संबंधित आशंकाओं को लगातार अपडेट कर रहे हैं.

    इसके अलावा यूक्रेन संकट और चीन में कोरोना के कारण लगे लॉकडाउन ने भी सप्लाई-चेन को प्रभावित किया है. चीन दुनिया का सबसे बड़ा स्मार्टफ़ोन बाज़ार है और वहां ज़ीरो-कोविड की नीति अपनाई जा रही है. ऐसे में बहुत से फ़ोन-मेकर्स ने चिप के लिए अपने ऑर्डर कैंसिल कर दिए हैं.

  3. सिर से जुड़ी इन दो बहनों की ज़िंदगी कैसी है?

    हैदराबाद की ये दो बहनें आपस में सिर से जुड़ी हैं. तमाम चुनौतियों के बावजूद उन्होंने 12वीं बोर्ड के रिज़ल्ट में शानदार प्रदर्शन किया.

    वे आगे चलकर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहती हैं. दोनों पढ़ाई में बहुत अच्छी नहीं हैं लेकिन खाली समय में उन्हें ड्रॉइंग, आर्ट और क्राफ्ट वर्क काफ़ी पसंद है.

  4. फेसबुक और इंस्टाग्राम पैरंट कंपनी मेटा के ऐड सेल्स में ऐतिहासिक गिरावट

    फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरंट कंपनी मेटा को विज्ञापनों की बिक्री में भारी गिरावट का सामना करना पड़ रहा है.

    विज्ञापनों की बिक्री में गिरावट का सीधा असर फ़र्म के रेवेन्यू पर भी पड़ा है. जिसमें ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है. मेटा का कुल राजस्व एक फ़ीसद घटकर 28.8 अरब डॉलर हो गया है.

    हालांकि कंपनी अपने यूज़र्स को बचाने में सफल रही है. टिकटॉक जैसे प्रतियोगियों ने निश्चित तौर पर इसकी लोकप्रियता को चुनाती दी है या कहें कम भी किया है.

    इसके साथ ही बहुत ही कंपनियां विज्ञापन के ख़र्च के लिए प्रतियोगिता में हैं. मेटा जो ग्लोबल ऐड मार्केट के 20 फ़ीसद को प्रभावित करता है, उसने अपने निवेशकों को चेतावनी दी है कि आगे आने वाले महीनों में विज्ञापन बिक्री फिर से गिरने की आशंका है.

    मेटा के सीईओ मार्क ज़ुकरबर्ग ने कहा है कि कंपनी अपनी नियुक्तियों को आने वाले साल में तेज़ी से कम करेगी. इसके साथ ही कंपनी दूसरे क्षेत्रों में निवेश करने की योजना बना रही है, जैसे हॉरिज़ोन आदि में. कंपनी का कथित दावा है कि इन क्षेत्रों के विकास और बढ़ने की संभावनाएं बहुत अधिक हैं.

  5. टैटू बनवाना चाहते हैं तो पहले ये समझिए

    शरीर के किस हिस्से पर टैटू करवाना सबसे दर्दनाक होता है?

    सवाल ये भी है कि अगर त्वचा नई हो जाती है तो टैटू का रंग क्यों जस का तस बना होता है?

    ऐसे ही टैटू से जुड़े कई सवालों के जवाब यहां जानिए.

  6. मध्य प्रदेश में एक ही सुई से 30 बच्चों को कोविड का टीका दिए जाने पर केस दर्ज

    मध्य प्रदेश में एक ही सुई से 30 बच्चों को कोविड का टीका दिए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना की जांच की जा रही है. ये घटना मध्य प्रदेश के सागर ज़िले की है जहां एक स्कूल में बच्चों को कोविड का टीका दिया जा रहा था.

    भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा निर्देशों के अनुसार, 'एक सुई, एक सिरिंज, केवल एक बार' का प्रोटोकॉल कोविड-19 की वैक्सीन के लिए निर्धारित है. भारत में लोगों को अभी तक कोरोना वैक्सीन की 200 करोड़ खुराक दिए जा चुके हैं.

    भारत में एचआईवी जैसी बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए सिंगल-यूज डिस्पोजलेबल सिरिंज का व्यापक स्तर पर इस्तेमाल किया जाता है.

    हालांकि कई बार ऐसे मामले भी सामने आए हैं जब अस्पतालों में सिंगल-यूज डिस्पोजलेबल सिरिंज की कमी के कारण एक ही सुई का अधिक बार इस्तेमाल किया गया.

    बच्चों को वैक्सीन लगाने वाले जितेंद्र राय ने स्थानीय मीडिया को बताया कि उन्हें स्वास्थ्य विभाग की ओर से केवल एक ही सुई दी गई थी और वे सिर्फ़ आदेशों का पालन कर रहे थे.

    बच्चों को वैक्सीन दिलाने आए अभिभावकों ने ये मामला उठाया और स्कूल प्रशासन से इसकी शिकायत की. जब अधिकारी स्कूल पहुंचे तो जितेंद्र राय वहां मौजूद नहीं थे और उनका फोन भी स्विच ऑफ़ बता रहा था.

    राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने उनके ख़िलाफ़ लापरवाही का मामला दर्ज कराया है. इस बीच वैक्सीनेशन अभियान के लिए ज़रूरी चीज़ें भेजने वाले अधिकारी के ख़िलाफ़ भी जांच शुरू कर दी गई है. विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की है.

  7. कारगिल युद्ध की कहानी, ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर की ज़ुबानी

    कारगिल की लड़ाई में टाइगर हिल पर कब्ज़ा करना चुनौती बन गया था. ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर भारतीय सेना के ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट की 18वीं बटालियन में थे.

    टाइगर हिल और तोलोलिंग पर कब्ज़ा करने वाली बटालियनों में उनकी बटालियन शामिल थी. इस वीडियो में खुशाल ठाकुर ने वो दिन याद किए जब उन्हें इन चोटियों को कब्ज़ा करने के आदेश मिले थे.

  8. मध्य प्रदेश के पन्ना में आदिवासी मजदूर महिला को मिला बेशकीमती हीरा

      • Author, शुरैह नियाज़ी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, भोपाल से

    मध्य प्रदेश के पन्ना में एक आदिवासी मजदूर महिला को एक बेशकीमती हीरा मिला है. 4.39 कैरेट के इस हीरे की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बताई जा रही है.

    गेंदा देवी सोमवार को जंगल में लकड़ी बीनने गई थी उसी वक़्त उसे रास्ते में चमकीला पत्थर दिखाई दिया. वह उसे उठा कर ले आईं और इसके बारे में पति को बताया.

    लेकिन उन्होंने उसे मामूली पत्थर समझा. लेकिन दो दिन बाद हीरा व्यापारी ने उसे कीमती हीरा बताया जिसके बाद उसे हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है.

    हीरा कार्यालय उसे नीलाम किया जाएगा. उससे 12 प्रतिशत रॉयल्टी और 1 प्रतिशत टैक्स काटकर बाकी पैसा गेंदा बाई को दे दिया जाएगा.

    गेंदा बाई का परिवार अब इन पैसों से बेटी की शादी करना चाहता है और मकान बनाना चाहता है. गेंदा बाई और उसका परिवार मजदूरी करके और लकड़ी बेचकर अपना घर चलाते हैं.

  9. समंदर की गहराई में मिला 13वीं सदी के जहाज़ का मलबा

    ये खबर आपको किसी एक रोमांचक कहानी की तरह लग सकती है.

    ब्रिटेन में 13वीं सदी के एक जहाज़ का मलबा समुद्र के नीचे पाया गया है.

    एक स्थानीय जहाज़ के कैप्टन को ये मलबा दिखाई दिया. देखिए जेम्स इंगम की ये रिपोर्ट.

  10. छत्तीसगढ़: गोबर के बाद गोमूत्र खरीद की योजना शुरू, 4 रुपये प्रति लीटर का भाव तय

      • Author, आलोक प्रकाश पुतुल
      • पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ में गोबर के बाद अब राज्य सरकार गोमूत्र की भी ख़रीदी करेगी.

    गोमूत्र की ख़रीद के लिए 4 रुपये प्रति लीटर की दर तय की गई है.

    राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को महिलाओं की एक स्वयंसहायता समूह को 5 लीटर गोमूत्र बेच कर इस योजना की शुरुआत की.

    बदले में महिला स्वयंसहायता समूह ने मुख्यमंत्री को 20 रुपये का भुगतान किया.

    राज्य की अलग-अलग पंचायतों में गाय-बैलों के लिए बनाए गए गौठान में गोमूत्र की ख़रीदी की जाएगी.

    हालांकि अभी ये स्पष्ट नहीं हुआ है कि गोमूत्र की ख़रीदी के दौरान, उसकी शुद्धता को परखने के लिए गौठान में क्या उपाय किए जाएंगे.

    छत्तीसगढ़ में पिछले दो सालों से गोबर की भी ख़रीदी की जा रही है.

    झारखंड, मध्यप्रदेश जैसे कई राज्यों ने भी छत्तीसगढ़ की तर्ज पर गोबर ख़रीदने की योजना बनाई है.

  11. मंकीपॉक्स भारत के लिए कितना बड़ा ख़तरा

    दुनिया के कई देशों में मंकीपॉक्स के मामले बढ़ रहे हैं.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित की है.

    भारत में भी मंकीपॉक्स के मरीज़ सामने आ रहे हैं.

    ऐसे में सवाल ये है कि भारत के लिए कितना ख़तरनाक हो सकता है मंकीपॉक्स और कैसे करें इससे बचाव?

  12. अमेरिका के साथ किसी भी सैनिक संघर्ष के लिए उत्तर कोरिया पूरी तरह से तैयार: किम जोंग उन

    किम जोंग उन ने दावा किया है कि उत्तर कोरिया अपनी परमाणु प्रतिरोधक क्षमता के इस्तेमाल के लिए तैयार है. कोरियाई युद्ध की बरसी पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि उनका देश अमेरिका के साथ किसी भी सैनिक संघर्ष के लिए पूरी तरह से तैयार है.

    किम जोंग उन का ये बयान ऐसे वक़्त में आया है जब इस बात को लेकर चिंताएं जाहिर की जा रही हैं कि उत्तर कोरिया अपना सातवां परमाणु परीक्षण कर सकता है.

    अमेरिका ने पिछले महीने ये चेतावनी दी थी कि उत्तर कोरिया किसी भी वक़्त परमाणु परीक्षण कर सकता है. उत्तर कोरिया ने अपना आख़िरी परमाणु परीक्षण साल 2017 में किया था. हालांकि कोरियाई प्रायद्वीप में अब तनाव का माहौल बढ़ता हुआ दिख रहा है.

    उत्तर कोरिया के विशेष अमेरिकी प्रतिनिधि सुंग किम ने कहा है कि इस बरस प्योंगयांग ने अभूतपूर्व संख्या में मिसाइल परीक्षण किए हैं.

    साल 2019 में उत्तर कोरिया ने 25 बार मिसाइल टेस्ट किए थे जबकि इस साल वो अब तक 31 परीक्षण कर चुका है. जून में दक्षिण कोरिया ने इस जवाब देते हुए अपनी आठ मिसाइलों का परीक्षण किया.

    हालांकि साल 1950-53 के दौरान हुआ कोरियाई युद्ध समझौते के साथ ख़त्म हुआ था लेकिन उत्तर कोरिया इस जंग में अमेरिका के ख़िलाफ़ अपनी जीत का दावा करता है.

  13. कॉमनवेल्थ गेम्स में दमखम दिखाने पहुंचीं 14 साल की स्क्वॉश खिलाड़ी अनाहत से मिलिए

    कॉमनवेल्थ गेम्स में कई दिग्गज खिलाड़ी दूसरे या तीसरे बार पहुंचे हैं. लेकिन 14 साल की भारतीय स्क्वॉश प्लेयर अनाहत सिंह पहली बार हिस्सा लेने पहुंची हैं.

    अनाहत सिंह अभी सिर्फ़ नौवीं क्लास में पढ़ती हैं और स्क्वॉश में जूनियर सर्किट के बहुत सारे इंटरनेशनल ख़िताब जीत चुकी हैं. इस बार वो कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए चुनी गई हैं.

    अनाहत कहती हैं वो चॉकलेट कुछ ज़्यादा ही खाती हैं लेकिन कोर्ट में किसी भी हाल में जीतना जानती हैं.

  14. संसद के मॉनसूत्र में अब तक 27 सांसद निलंबित

    राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश ने आम आदमी पार्टी के सांसद सुशील कुमार गुप्ता समेत तीन सांसदों को निलंबित कर दिया है.

    निलंबित किए गए तीन सांसदों में आम आदमी पार्टी के एक अन्य संदीप कुमार पाठक और निर्दलीय सांसद अजीत कुमार भूयान भी शामिल हैं.

    इन सांसदों के निलंबन का फ़ैसला संसद के मॉनसून सत्र के दौरान इस हफ़्ते के लिए लागू रहेगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, मॉनसून सत्र में अब तक 27 सांसद निलंबित किए जा चुके हैं जिनमें 23 सासंद राज्यसभा के हैं और चार सांसद निचले सदन के.

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस के सांसद अधीर रंजन चौधरी की टिप्पणी को लेकर संसद में हुए हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही पहले 12 बजे तक के लिए और फिर दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.

  15. पाकिस्तान की हिन्दू महिला डीएसपी मनीषा रुपेता से मिलिए- वीडियो

    मनीषा रुपेता पाकिस्तान की पहली हिंदू महिला डीएसपी हैं, जिन्होंने पिछले महीने ही डीएसपी का कार्यभार संभाला.

    वो हिंदू अल्पसंख्यक हैं और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले वक़्त में अल्पसंख्यक समुदाय की कई महिलाएं पुलिस में भर्ती होंगी.

    उन्होंने पुलिस में ही जाने का क्यों सोचा और जबरन धर्म परिवर्तन के बारे में उनकी क्या राय है, जानिए बीबीसी संवाददाता शुमाएला ख़ान की इस रिपोर्ट में.

  16. सऊदी क्राउन प्रिंस के फ्रांस दौरे को लेकर राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पर लगे आरोप

    फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों गुरुवार को पेरिस में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की मेजबानी करने जा रहे हैं.

    समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, क्राउन प्रिंस के दौरे को लेकर फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आलोचकों के निशाने पर हैं. आलोचकों का कहना है कि सऊदी एजेंटों के हाथों जमाल खाशोगी की हत्या के चार साल भी नहीं बीते हैं और ऐसे में क्राउन प्रिंस को फ्रांस आने की दावत देना ग़ैरवाजिब है.

    मैक्रों और मोहम्मद बिन सलमान की मुलाकात को सऊदी अरब के 'डि-फैक्टो रूलर' (वास्तविक सत्ता) के अंतरराष्ट्रीय मंचों पर स्वीकार्यता बढ़ने के ताज़ा कदम के रूप में देखा जा रहा है. हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइ़डन ने अपनी सऊदी अरब यात्रा के दौरान क्राउन प्रिंस से मुलाकात की थी.

    माना जा रहा है कि दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान एनर्जी सप्लाई और ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को लेकर चर्चा हो सकती है. यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से यूरोप में एनर्जी सप्लाई का मुद्दा चिंता का सबब बना हुआ है और ईरान के साथ सऊदी अरब की पुरानी अदावत रही है.

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस ग्रीस की यात्रा के बाद फ्रांस पहुंचे हैं. इस यात्रा पर एमनेस्टी इंटरनेशनल के महासचिव एग्नेस कालामार्ड ने कहा, "मुझे इस दौरे को लेकर गंभीर रूप से परेशानी है क्योंकि हमारी दुनिया का इसके लिए क्या मतलब है और जमाल खाशोगी और उनके जैसे लोगों को इससे क्या संदेश जाएगा."

  17. गुजरात में देसी शराब बनी ज़हर, कई मौतें

    गुजरात के दो ज़िलों में जहरीली शराब पीने की वजह से 28 लोगों की मौत हो गई है. वहीं कई लोगों का इलाज चल रहा है. बोटाद के रोजिद गांव में 11 लोगों की मौत हो चुकी है.

    वहीं धंधुका में 9 लोगों की मौत हुई है. रोजिद गांव के सरपंच का कहना है कि उन्होंने इस मुद्दे को ज़िला प्रशासन के सामने भी उठाया था और उनकी एक भी नहीं सुनी गई.

    पुलिस ने इस मामले में कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, इनमें देसी शराब बनाने और बेचने वाले भी शामिल हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, पुलिस ने रोजिद गांव के देसी शराब के ठेके पर कोई कार्रवाई नहीं की है.

  18. कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 'राष्ट्रपत्नी' कह कर विवादों में घिरे

    पश्चिम बंगाल से कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 'राष्ट्रपत्नी' कह कर विवादों में घिर गए हैं.

    हालांकि उन्होंने अपनी सफ़ाई में बाद में ये कहा कि "मैं जानता हूं कि भारत की राष्ट्रपति चाहे कोई भी हो वे हमारे लिए राष्ट्रपति ही हैं. ये शब्द बस एक बार निकला है. ये चूक हुई है. लेकिन सत्ताधारी पार्टी के कुछ लोग राई का पहाड़ बना रहे हैं."

    "दो दिन से जब हम विजय चौक के तरफ जा रहे थे. हमसे पूछा जा रहा था कि आप कहा जा रहे हैं? हम उनसे कह रहे थे कि हम राष्ट्रपति भवन जाना चाहते हैं और राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं. कल मुझसे गलती से ये (राष्ट्रपत्नी) शब्द निकला था."

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, संसद के मॉनसून सत्र के दौरान इस मुद्दे पर काफी हंगामा हुआ. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर अधीर रंजन चौधरी की 'राष्ट्रपत्नी' वाली टिप्पणी को लेकर बीजेपी कांग्रेस से माफी मांगने की मांग कर रही है.

    लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित की गई. इससे पहले भाजपा सांसदों ने इस टिप्पणी को लेकर संसद में विरोध प्रदर्शन किया.

    इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने कहा, "जब से द्रौपदी मुर्मू का नाम राष्ट्रपति के उम्मीदवार के रूप में घोषित हुआ तब से ही द्रौपदी मुर्मू कांग्रेस पार्टी की घृणा और उपहास का शिकार बनीं. कांग्रेस पार्टी ने उन्हें कठपुतली कहा."

    "कांग्रेस आज भी इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही कि एक आदिवासी महिला इस देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद को सुशोभित कर रही हैं. सोनिया गांधी द्वारा नियुक्त नेता सदन अधीर रंजन ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्र की पत्नी के रूप में संबोधित किया."

    क्या अधीर रंजन 'राष्ट्रपत्नी' वाली टिप्पणी पर माफी मांगेंगे, इस सवाल के जवाब में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा, "उन्होंने माफी मांग ली है."

  19. हत्याएं, उत्पीड़न और बलात्कार, म्यांमार के सैनिकों ने कबूल किए अपने ज़ुल्म

    म्यांमार की सेना छोड़ चुके छह पूर्व सैनिकों ने कबूल किया है कि उन्होंने सेना के आदेशों पर मानवाधिकारों का हनन किया.

    बीबीसी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने आम नागरिकों के साथ बलात्कार, हत्याएं और गांवों को जलाने की बात कबूल की.

    इस रिपोर्ट के कुछ दृश्य आपको विचलित कर सकते हैं.

  20. तृणमूल कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा- पार्थ चटर्जी को फ़ौरन बर्ख़ास्त किया जाए

    पश्चिम बंगाल में ममता सरकार के मंत्री पार्थ चटर्जी के कथित शिक्षक भर्ती घोटाले मामले में गिरफ़्तारी के बाद तृणमूल कांग्रेस के एक बड़े नेता और प्रवक्ता कुणाल घोष ने सख़्त लहजे में उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की माँग की है.

    कुणाल घोष ने ट्वीट कर लिखा है- "पार्थ चटर्जी को तत्काल मंत्रालय और पार्टी के सभी पदों से हटा दिया जाना चाहिए. उन्हें बर्ख़ास्त कर देना चाहिए."

    कुणाल घोष ने आगे लिखा है- "यदि पार्टी को मेरा ये बयान ग़लत लगता है तो उसे पूरा हक़ है कि वो मुझे सभी पदों से हटा दे. मैं पार्टी का एक सैनिक बना रहूँगा."

    प्रवर्तन निदेशालय ने पश्चिम बंगाल के उद्योग, वाणिज्य और संसदीय कार्यों के मंत्री पार्थ चटर्जी को 23 जुलाई को गिरफ़्तार किया था.

    कुणाल घोष ने उस वक़्त कहा था कि पार्टी उनको तब तक मंत्री पद और महासचिव पद से नहीं हटाएगी जब तक कि वो दोषी साबित नहीं हो जाते.

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी सोमवार को एक कार्यक्रम में कहा था कि पार्टी किसी व्यक्ति के ख़िलाफ़ तभी कार्रवाई करेगी जब अदालत उसे दोषी ठहरा दे.