यूएई ने भारत से आने वाली सभी उड़ानों को किया रद्द

प्रकाशित

संयुक्त अरब अमीरात ने भारत से आने वाली सभी राष्ट्रीय और विदेशी एयरलाइन की उड़ानों को रद्द कर दिया है. देश में कोरोना वायरस संक्रमण में वृद्धि के कारण ये क़दम उठाया गया है.

यूएई के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (जीसीएए) और राष्ट्रीय आपातकालीन संकट और आपदा आपातकालीन प्रबंधन प्राधिकरण (एनसीईएमए) ने मिल कर इसकी घोषणा की है.

फ्लाइट जिनका ट्रांज़िशन यूएई में होगा और भारत के लिए उड़ान भरेंगी उन पर कोई रोक नहीं होगी.

जीसीएए ने कहा है कि जो लोग भारत से किसी और देश गए हैं और यूएई आना चाहते हैं उन्हें भारत से दूसरे देश में जाने के बाद उस देश में 14 दिन की अवधि तक रुकना होगा, इसके बाद ही वह यूएई आ सकेंगे.

जीसीएए ने बताया है कि यूएई के नागरिकों, दोनों देशों के राजनयिकों, आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल, व्यापारियों और गोल्डेन रेज़िडेंस धारकों को इससे छूट दी गई है. इन पर यह पाबंदी लागू नहीं होगी.

हालांकि उन्हें नियमों का पालन करते हुए 10 दिन क्वारंटीन रहना होगा और एयरपोर्ट पर ही पीसीआर टेस्ट कराना होगा. देश में दाख़िल होने के बाद भी उन्हें चार और आठ दिन पर टेस्ट कराना होगा.

बयान में कहा गया है, ''भारत में महामारी से पैदा हुए हालात को देखने और समझने के बाद फ्लाइटों को रद्द करने का फ़ैसला लिया गया है. देश और देश के बाहर हर ज़रूरी प्राधिकरण के साथ मिल कर हम हालात पर नज़र बनाए हुए हैं. ये फ़ैसला नागरिक उड्डयन की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है.''

भारत और यूएई के बीच का एयर-कॉरिडोर दुनिया के सबसे व्यस्ततम हवाई रास्तों में से एक है. प्रतिबंध से ठीक पहले इस रास्ते पर एक सप्ताह में 300 उड़ानें आ रही थीं.

अधिकारियों ने इस प्रतिबंध से प्रभावित होने वाले लोगों से कहा है कि वह एयरलाइन से बात करें और उनसे कहें कि वह उनकी फ्लाइट को आने वाले दिनों में दोबोरा शेड्यूल करे.

ब्रिटेन और ओमान ने भी भारत से आने वाली फ्लाइटों पर रोक लगा दी है.

बुधवार को भारत में 314,835 नए कोविड केस सामने आए जो दुनिया भर में एक रिकॉर्ड है. देश में स्वास्थ्य व्यवस्था बिलकुल चरमरा चुकी है और हर दिन हज़ारों लोगों की संक्रमण से मौत हो रही है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)