You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना: दिल्ली में 24 घंटे में 348 मौत, 24,331 नए मामले

राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण हर दिन बढ़ता ही जा रहा है. कोरोना की वजह से मरने वाले मरीज़ों की संख्या भी बढ़ रही है.

लाइव कवरेज

  1. कार्टून: राजनीति ही सही, पर करो

  2. कोरोना: दिल्ली में 24 घंटे में 348 मौत, 24,331 नए मामले

    राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़ते ही जा रहे हैं जहां हर दिन मृतकों की संख्या भी बढ़ती जा रही है.

    शुक्रवार रात जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में दिल्ली में 348 मौत लोग कोरोना संक्रमण की वजह से मारे गए हैं जबकि इस दौरान 24,331 नए मामले सामने आए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के अध्यक्ष डॉक्टर डीएस राणा ने कहा है कि ''हमें ऑक्सीजन की बहुत कमी हुई है, राज्य और केंद्र सरकारों ने ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बहुत मेहनत की है, हमारे मरीज़ उनके आभारी हैं.''

  3. उत्तराखंड में भारत-चीन सीमा के पास ग्लेशियर टूटा

    उत्तराखंड में शुक्रवार को भारत-चीन सीमा के पास चमोली ज़िले में ग्लेशियर टूटा है. ये ख़बर आने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अलर्ट जारी किया है.

    उत्तराखंड पुलिस ने जानकारी दी है कि घटना किस जगह हुई है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है, लेकिन ख़राब मौसम की वजह से दूरभाष से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है.

    उत्तराखंड में बीबीसी हिंदी के सहयोगी पत्रकार ध्रुव मिश्रा के मुताबिक, चमोली डीएम स्वाति एस भदौरिया ने बताया है कि ''उनके पास भी अपडेट पूरा नहीं है, बॉर्डर का इलाका है वहां कुछ मजदूर हैं, नेटवर्क टूट गया है, कुछ लोग फंसे हो सकते हैं. नुकसान के बारे में सुबह ही कुछ पता चल पाएगा. वहां आबादी कम है, इसलिए कम नुकसान की आशंका है.''

  4. लखनऊ शहर से बीजेपी विधायक सुरेश श्रीवास्तव का कोरोना से निधन

    लखनऊ शहर से बीजेपी विधायक सुरेश श्रीवास्तव का कोरोना से निधन हो गया है. सुरेश श्रीवास्तव ने 14 अप्रैल को फेसबुक पोस्ट से बताया था कि उन्हें कोरोना हुआ है.

    भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट करके उनके निधन की जानकारी दी है और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं. दिवंगत विधायक की पत्नी और बेटा भी कोरोना संक्रमित है और वो दोनों भी अस्पताल में भर्ती हैं.

  5. जापान ने कोरोना को लेकर उठाए आपातकालीन क़दम, ओलंपिक पर सवाल

    जापान ने राजधानी टोक्यो और तीन अन्य इलाक़ों में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कोविड से संबंधित आपातकालीन क़दमों की घोषणा की है. जापान ने ये घोषणा ऐसे समय की है, जब तीन महीने बाद वहाँ ओलंपिक खेल होने हैं.

    जापान की सरकार ने कहा है कि आपातकाल की स्थिति क़रीब दो सप्ताह तक रहेगी. ये छोटी किंतु सख़्त होगी. इन क़दमों के तहत वहाँ के बार बंद रहेंगे और कोई भी बड़ी खेल प्रतियोगिता बिना दर्शकों के होगी.

    इन सबके बावजूद जापान ने कहा है कि ओलंपिक खेल तय समय के मुताबिक़ जुलाई में ही होंगे. पहले ओलंपिक पिछले साल होने थे, लेकिन कोरोना के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था. जापान के प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा ने शुक्रवार को इन क़दमों की घोषणा की.

    उन्होंने जानकारी दी कि ये पाबंदियाँ रविवार से शुरू होंगी और 11 मई तक रहेंगी. इन पाबंदियों के कारण राजधानी टोक्यो के अलावा ओसाका, क्योटो और ह्योगो भी प्रभावित होंगे. कोरोना शुरू होने के बाद से ये तीसरे मौक़ा है जब जापान ने आपातकालीन क़दम उठाए हैं.

  6. महाराष्ट्र: पिछले 24 घंटे में 66,836 नए मामले, 773 मौतें

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के 66,836 नए मामले सामने आए हैं.

    इस दौरान राज्य भर में कोरोना से 773 लोगों की मौत हुई है.

    एजेंसी के अनुसार 24 घंटे में 74,045 लोग ठीक भी हुए हैं.

    इस तरह कुल मिलाकर महाराष्ट्र में अब तक 41 लाख 66 हज़ार और 676 लोग संक्रमित हो चुके हैं जिनमें से 34 लाख से ज़्यादा लोग ठीक हो चुके हैं.

    लेकिन अभी भी महाराष्ट्र में छह लाख 91 हज़ार से ज़्यादा लोग एक्टिव हैं.

    अब तक राज्य में 63,252 लोग कोरोना से मारे जा चुके हैं.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, दिल्ली और यूपी समेत पाँच राज्यों से पश्चिम बंगाल की हवाई यात्रा करने के लिए ये होगी शर्त

    पश्चिम बंगाल की सरकार ने कहा है कि 26 अप्रैल से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ से हवाई यात्रा करने वाले लोगों को कोरोना निगेटिव रिपोर्ट देनी होगी

    पश्चिम बंगाल सरकार ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय को ये जानकारी दी है. राज्य सरकार का कहना है कि ये रिपोर्ट 72 घंटे से ज़्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, रेमडेसिविर का प्रोडक्शन दोगुने से भी अधिक हुआ, सरकार का दावा

    केंद्र सरकार ने कहा है कि कोरोना के मरीज़ों को ख़ास परिस्थिति में दिए जाने वाले रेमडेसिविर इंजेक्शन का प्रोडक्शन बढ़कर 90 लाख इंजेक्शन प्रति महीने हो गया है. केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने कहा है कि पहले हर महीने रेमडेसिविर का 40 लाख इंजेक्शन ही बन पाता था.

    उन्होंने ये भी दावा किया कि जल्द ही प्रतिदिन तीन लाख इंजेक्शन बनाया जाने लगेगा. कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद इस इंजेक्शन की मांग काफ़ी बढ़ गई है. लोगों को ये इंजेक्शन नहीं मिल पा रहा है और इसकी काला बाज़ारी भी हो रही है.

    पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में कहा कि राज्य दवाओं और ऑक्सीजन की जमाख़ोरी और काला बाज़ारी पर सख़्त कार्रवाई करें

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, आंध्र प्रदेश में 24 अप्रैल से नाइट कर्फ़्यू

    आंध्र प्रदेश की सरकार में राज्य में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए 24 अप्रैल से नाइट कर्फ़्यू लगाने का फ़ैसला किया है.

    आंध्र प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 10 लाख से भी ज़्यादा हो गए हैं. पिछले 24 घंटे में आंध्र प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 11,766 नए मामले सामने आए हैं.

  10. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर'

    बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर' सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली से.

  11. भारत जर्मनी से मंगाएगा मोबाइल ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट

    भारत में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों और ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए रक्षा मंत्रालय ने भी पहल की है. रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि 23 मोबाइल ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट जर्मनी से हवाई जहाज़ से मंगाए जा रहे हैं.

    मंत्रालय का कहना है कि इन ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट्स को ऑर्म्ड फ़ोर्स मेडिकल सर्विस अस्पतालों में लगाया जाएगा, जहाँ कोरोना मरीज़ों का इलाज चल रहा है. उम्मीद जताई जा रही है कि ये मोबाइल ऑक्सीजन प्लांट्स एक सप्ताह के अंदर भारत आ जाएँगे. पिछले 24 घंटे में भारत में 3.32 लाख कोरोना संक्रमण के मामले आए हैं.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त सचिव की कोरोना से मौत

    बिहार में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त सचिव रवि शंकर चौधरी की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है. रवि शंकर चौधरी का बिहार की राजधानी पटना स्थित एम्स में इलाज चल रहा था.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, यूपी में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड मामले

    उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड मामले दर्ज किए गए हैं.

    देश की सबसे अधिक आबादी वाले राज्य में बीते 24 घंटों में 37,238 संक्रमण के मामले पाए गए हैं जबकि 196 लोगों की मौत हुई है.

    सिर्फ़ राजधानी लखनऊ में ही 5,682 नए संक्रमण के मामले पाए गए हैं.

    इसी के साथ ही राज्य में कुल संक्रमण के मामले 10 लाख के पार पहुंच चुके हैं और कुल मौतों का आंकड़ा 10,737 हो गया है.

    बीते 24 घंटों में 22,566 मरीज़ इस बीमारी से ठीक हुए हैं.

    गुरुवार को यूपी में 34,379 संक्रमण के मामले पाए गए थे जबकि 195 लोगों की मौत हुई थी.

  14. गंगाराम अस्पताल में क्या ऑक्सीजन की कमी से हुईं 25 मौतें?

  15. प्रोनिंग क्या है और स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना मरीज़ों को क्यों दी है इसकी सलाह

    देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के चलते हालात दिन ब दिन ख़राब होते जा रहे हैं.

    बड़ी संख्या में कोरोना के मरीज़ों को ऑक्सीजन की ज़रूरत पड़ रही है, लेकिन देशभर में ऑक्सीजन की भारी कमी के चलते कई मरीज़ों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ रहा है.

    देश भर के कई अस्पतालों ने कह दिया है कि उनके पास कुछ ही घंटों के लिए ऑक्सीजन बची है. दिल्ली के मैक्स अस्पताल को तो ऑक्सीजन की सप्लाई के लिए अदालत का दरवाज़ा खटखटाना पड़ा था.

    इन हालात में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने साँस लेने में जिन मरीज़ों को तकलीफ़ हो रही है, उनके लिए 'प्रोनिंग' के कुछ आसान तरीक़े सुझाए हैं.

    पढ़िए, क्या है प्रोनिंग, जिसकी मदद से कोरोना के मरीज़ों में ऑक्सीजन की कमी दूर करने का दावा किया जा रहा है.

  16. डांस करने पर नफ़रत के शिकार हुए ये मेडिकल छात्र आपसे कुछ कह रहे हैं

  17. उत्तराखंड भी लोगों को देगा कोरोना वायरस वैक्सीन का मुफ़्त टीका

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि 18 साल से अधिक आयु के लोगों को राज्य सरकार कोरोना वायरस का मुफ़्त टीका देगी.

    उन्होंने कहा कि इस दौरान उत्तराखंड के लगभग 50 लाख निवासियों का टीकाकरण किया जाएगा, जिसका पूरा ख़र्च सरकार उठाएगी.

    1 मई से 18 साल से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण शुरू हो रहा है.

    उत्तराखंड से पहले मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, केरल और सिक्किम जैसे राज्य मुफ़्त टीकाकरण की घोषणा कर चुके हैं.

  18. कोरोना संकट पर हुई बैठक में पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना संकट से निपटने के लिए प्रभावित राज्यों को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है.

    कोरोना से सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों से अपील की है कि वे आवश्यक दवाओं और इंजेक्शन की काला बाज़ारी और जमाख़ोरी को रोकते हुए कड़े क़दम उठाएँ.

    मोदी ने कहा कि रेलवे और वायु सेना के माध्यम से ऑक्सीजन सही समय पर पहुँचाने की कोशिश हो रही है.

    ‘एक राष्ट्र के रूप में काम करेंगे तो नहीं होगी कमी’

    पीएम मोदी ने कहा, "हम एक राष्ट्र के रूप में काम करेंगे, तो संसाधनों की कमी नहीं होगी."

    उन्होंने कहा कि अस्पतालों की सुरक्षा की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए और लोगों में ये जागरूकता बढ़ानी चाहिए कि वो घबरा कर ख़रीदारी न करें.

    मोदी ने कहा कि सभी राज्य दवाओं और ऑक्सीजन के मामले में मिलकर काम करें.

    उन्होंने कहा कि सभी राज्यों को ये सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी राज्य को जाने वाले ऑक्सीजन टैंकर्स को न रोका जाए.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, कोविड मरीज़ों के इलाज के लिए ‘वायराफ़िन’ दवा के आपातकालीन इस्तेमाल को मंज़ूरी

    ड्रग्स कंट्रोलर ऑफ़ इंडिया (डीजीसीआई) ने कोविड-19 से संक्रमित वयस्कों के इलाज के लिए ‘वायराफ़िन’ दवा के आपातकालीन इस्तेमाल को मंज़ूरी दे दी है.

    डीजीसीआई ने सिर्फ़ मॉडरेट श्रेणी के मरीज़ों में ही इस दवा के इस्तेमाल की अनुमति दी है.

    डीजीसीआई ने ज़ाइडस कैडिला कंपनी के पेगीलेटेड इंटरफ़ेरोन अलफ़ा-2बी दवा को यह मंज़ूरी दी है जिसे ‘वायराफ़िन’ के नाम से जाना जाता है.

  20. ब्रेकिंग न्यूज़, सीएम केजरीवाल ने पीएम मोदी से मांगी माफ़ी, कोविड बैठक का किया था लाइव प्रसारण

    भारत में कोरोना की विस्फोटक स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 10 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच बैठक के दौरान ऐसा कुछ हुआ कि बाद में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को माफ़ी मांगनी पड़ी है.

    दरअसल शुक्रवार सुबह नरेंद्र मोदी देश के सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर रहे थे. जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बोलना शुरू किया तो उनका भाषण लाइव स्ट्रीम होने लगा.

    इस पर नरेंद्र मोदी ने कड़ी आपत्ति जताई. नरेंद्र मोदी ने कहा, "ये हमारी जो परंपरा है, हमारे जो प्रोटोकॉल हैं, उसके बहुत ख़िलाफ़ हो रहा है कि कोई मुख्यमंत्री ऐसी इन-हाउस मीटिंग को लाइव टेलिकास्ट करे. ये उचित नहीं है. इसका हमें हमेशा पालन करना चाहिए."

    सीएम केजरीवाल ने मांगी माफ़ी

    मोदी की इस टिप्पणी पर मुख्यमंत्री केजरीवाल असहज हो गए और उन्होंने कहा, "ठीक है सर, इसका ध्यान रखेंगे आगे से. अगर मेरी ओर से कोई गुस्ताख़ी हुई है. मैंने कुछ कठोर बोल दिया है, मेरे आचरण में कोई ग़लती है तो उसके लिए मैं माफ़ी चाहता हूँ."

    अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कोरोना को लेकर नेशनल प्लान की बात की. ऑक्सीजन की कमी का मुद्दा उठाया. उन्होंने ऑक्सीजन टैंकर्स को रोके जाने की बात कही और पीएम मोदी से इसके सामाधान की अपील की.

    बाद में समाचार एजेंसी एएनआई ने केंद्र सरकार के सूत्रों के हवाले से ख़बर दी कि इस बैठक को लाइव नहीं किया जाना चाहिए था.

    उन्होंने केजरीवाल पर राजनीति करने का आरोप भी लगाया. सरकारी सूत्रों का ये भी कहना है कि केजरीवाल ने बैठक में ऑक्सीजन एयरलिफ़्ट करने का मुद्दा उठाया, जबकि पहले से ही ये किया जा रहा है.

    केंद्र सरकार के सूत्रों ने ये भी कहा कि बैठक में सभी मुख्यमंत्रियों ने ये जानकारी दी कि वे क्या कर रहे हैं, लेकिन केजरीवाल ने ये नहीं बताया कि वे क्या कर रहे हैं.

    सीएम कार्यालय ने दी सफ़ाई

    पीएम मोदी के साथ बैठक लाइव किए जाने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि इस बारे में केंद्र की ओर से कोई निर्देश नहीं था कि बैठक को लाइव नहीं किया जा सकता है. सीएमओ ने ये कहा कि अगर इससे कोई असुविधा हुई हो, तो हम खेद व्यक्त करते हैं.

    कोरोना संकट के बीच केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच कई मुद्दों पर टकराव बना हुआ है. इनमें ऑक्सीजन और बेड्स की कमी शामिल है.

    पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ये आरोप लगाया था कि केंद्र उनके कोटे की ऑक्सीजन सप्लाई नहीं दे रही है. बाद में केंद्र ने कोटा जारी कर दिया.

    लेकिन दिल्ली सरकार का ये कहना है कि कई जगह ऑक्सीजन टैंकर्स को आने नहीं दिया जा रहा है.

    दिल्ली के कई अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी का संकट अब भी जारी है.