ऑस्ट्रेलिया में बाढ़ से हालात ख़राब, 18,000 लोगों को निकाला गया

प्रकाशित

ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर जारी भारी बारिश की वजह से हालात बिगड़ते जा रहे हैं. न्यू साउथ वेल्स में बाढ़ में फंसे क़रीब 18,000 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

राज्य की राजधानी सिडनी और दक्षिण-पूर्वी क्वींसलैंड में नदियों और बांधों का जलस्तर बढ़ गया है.

अधिकारियों ने कहा है कि '50 साल में पहली बार बनी ये स्थिति' कई हफ़्तों तक बनी रह सकती है. प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने को कहा है.

देश के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने घर छोड़ने पर मजबूर हुए लोगों के लिए आर्थिक सहायता की पेशकश की है.

न्यू साउथ वेल्स की प्रीमियर ग्लैडी बेरेजीक्लियन ने बताया कि सोमवार देर रात तक किसी की जान नहीं गई है. उन्होंने कहा कि "जैसे हालात हैं, उसमें ये किसी चमत्कार की तरह है."

लेकिन प्रभावित इलाक़ों में भारी नुक़सान हुआ है. इन इलाक़ों में ढाई करोड़ ऑस्ट्रेलियाई रहते हैं.

बेरेजीक्लियन ने बताया कि बाढ़ की चपेट में आए कई समुदाय पिछली गर्मी में जंगल की आग और सूखे से प्रभावित रहे थे.

उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि राज्य के इतिहास में एक महामारी के बीच इतने कम वक़्त में इतने ख़राब मौसम के हालात बने हों."

आपातकालीन सेवाओं ने कम से कम 750 बचाव अभियान चलाए. जिसमें कारों में फंसे लोगों को निकालना भी शामिल है. बाढ़ में फंसे एक परिवार को हेलिकॉप्टर की मदद से निकाला गया.

बचाव कर्मियों ने सिडनी के पश्चिमी इलाक़े से एक घर में नवजात बच्चे के साथ फंसे परिवार को भी बचाया.

ऑस्ट्रेलिया के मौसम विभाग का कहना है कि कुछ इलाक़ों में 900 मिमी तक हुई बारिश 'असाधारण' है.

सबसे ज़्यादा चिंता उत्तरी और पश्चिमी सिडनी के नीचले इलाक़ों, एनएसडब्ल्यू सेंट्रल कोस्ट और हॉक्सबरी घाटी के लोगों के लिए जताई गई.

अब तक क्या हुआ?

बाढ़ की वजह से न्यू साउथ वेल्स में तबाही जैसा मंज़र है. राज्य के मिड-नॉर्थ कोस्ट से 15 हज़ार और सिडनी से 3 हज़ार लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.

उफनती नदियों की वजह से सड़कें कट गई हैं और सोमवार को क़रीब 150 स्कूल बंद करने पड़े.

कई जानवर मरे हैं, बाढ़ प्रभावित इलाक़ों में जानवर पानी में तैरते दिखे और घरों की खिड़कियों तक पानी भरा हुआ है.

रविवार को एक युवा जोड़े की शादी थी, लेकिन उन्होंने उसी दिन सिडनी के उत्तर में स्थित अपने घर को बाढ़ में बहते देखा.

सिडनी से क़रीब 17 किलोमीटर दूर एयरपोर्ट के रनवे पर पानी भर जाने की वजह से उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.

अधिकारियों के मुताबिक़, शनिवार को सिडनी के पश्चिमी हिस्से में एक छोटा बवंडर आया, जिसकी वजह से भूस्खलन हुए और घरों को नुक़सान पहुंचा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)