You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
इक्वेटोरियल गिनी में रविवार को हुए धमाकों के कारण अब तक 98 लोगों की मौत
इक्वेटोरियल गिनी में रविवार को एक के बाद एक हुए धमाके के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 98 हो गई है.
अधिकारियों के मुताबिक़, मरने वालों की संख्या जहां 98 हो गई है वहीं 600 से अधिक लोग घायल हुए हैं जिनमें से क़रीब 299 अब भी अस्पताल में हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को जानकारी देते हुए कहा था कि- इक्वेटोरियल गिनी (भूमध्यरेखीय गिनी ) के प्रमुख शहर बाटा के एक सैन्य बैरक के पास हुए सीरियल ब्लास्ट में कम से कम 600 से अधिक लोग घायल हुए हैं.
हादसे के बाद राष्ट्रपति ने ब्लास्ट के संबंध में कहा था कि यह ब्लास्ट बैरक में रखे डायनामाइट के भंडारण में हुई लापरवाही के कारण हुए.
सोशल मीडिया पर दुर्घटना की कुछ तस्वीरें मौजूद हैं, जिसमें शहर के ऊपर घना धुंआ दिखाई दे रहा है.
सरकारी टेलीविज़न में जो कुछ फ़ुटेज आईं थी उनमें दिखाई दिया कि लोग हताहत हुए लोगों की मदद कर रहे हैं और ढह गई इमारतों से लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं.
रविवार तक मरने वालों की संख्या 17 थी लेकिन सोमवार देर रात होते होते यह अचानक से बढ़ गई.
ढही हुई इमारतों से तीन बच्चों को सुरक्षित ज़िंदा निकाल लिया गया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
राष्ट्रपति तियोदोरो ओबियांग गुएमा ने कहा है कि शहर की लगभग हर इमारत इन धमाकों से प्रभावित हुई हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने ट्वीट करके स्वयंसेवी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को घायलों को बाटा के स्थानीय अस्पताल ले जाने को कहा था. लोगों से अपील भी की गई थी कि वे घायलों की मदद के लिए आगे आएं और रक्तदान करें.
घायलों के लिए तीन अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है. जहां गंभीर और बेहद गंभीर लोगों को ले जाया जा रहा है.
घायलों की बढ़ती संख्या के कारण कुछ अस्पताल पूरी तरह से भर चुके हैं. घायलों की संख्या इतनी अधिक है कि लोग अस्पताल के फर्श पर भी पड़े हुए हैं.
एक स्थानीय ने समाचार एजेंसी एएफ़पी से कहा- "हमने धमाके सुने और उसके कुछ ही देर बाद धुंआ छा गया लेकिन हमें ये नहीं पता था कि क्या हुआ."
फ्रांस के राजदूत ओलीवियर ब्रोशेन ने ट्वीट करके पीड़ितों के प्रति संवेदना ज़ाहिर की है और इस दुर्घटना को 'तबाही' कहा है.
स्पेन के दूतावास की ओर से जारी एक बयान में अपने देश के नागरिकों से अपील की गई है कि वे घरों में ही रहें. दूतावास की ओर से कई आपातकालीन नंबर भी जारी किये गए हैं.
1968 से पहले तक इक्वेटोरियल गिनी एक स्पेनिश उपनिवेश था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)