You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
श्रीलंका ने कचरे के 21 कंटेनर ब्रिटेन को लौटाए, लेकिन क्यों?
श्रीलंका ने कहा है कि वो कचरे से भरे 21 कंटेनरों को ब्रिटेन वापस भेज रहा है क्योंकि इनमें ख़तरनाक चीज़ें हैं.
कस्टम अधिकारियों ने कहा कि उन्हें एक प्राइवेट कंपनी के भेजे 263 कंटेनरों में से कई में अस्पताल का कचरा मिला है.
दरअसल जो कचरा जहाज़ पर चढ़ाया गया था उसमें पुराने गद्दे, कारपेट और दरियां होनी चाहिए थीं जिनकी रीसाइक्लिंग हो सकती है.
लेकिन अधिकारियों का कहना है कि कंटेनरों में प्लास्टिक और पॉलीथीन का कचरा भी मिला है.
श्रीलंका ने इन कंटेनरों को 2018 में ज़ब्त कर लिया था जिसके बाद ये मामला अदालत में गया.
इसके बाद अधिकारियों के अनुसार शनिवार को इनमें से 21 कंटेनर श्रीलंका से वापस ब्रिटेन भेज दिए गए हैं.
श्रीलंका के कस्टम विभाग के प्रवक्ता सुनील जयरत्ने ने बताया कि जो कंटेनर भेजे गए थे वो ख़तरनाक कूड़े और उसके निष्कासन को लेकर यूरोपीय यूनियन और अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का उल्लंघन था.
इंग्लैंड के पर्यावरण विभाग ने कहा कि वे कूड़े के ग़ैर-क़ानूनी निर्यात के मामले के हल के लिए प्रतिबद्ध हैं.
विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा, "हम श्रीलंका के अधिकारियों के संपर्क में हैं और हमने उनसे और जानकारी मांगी है ताकि हम आधिकारिक जांच शुरू कर सकें."
इस क्षेत्र के और कई और देशों ने भी विदेशों से आयात हुआ कूड़ा लौटाना शुरू कर दिया है.
जनवरी में मलेशिया ने ऐसे ही अवैध प्लास्टिक कूड़े के 42 कंटेनर ब्रिटेन को वापस लौटा दिए थे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)