रुपर्ट मर्डोक के बेटे जेम्स मर्डोक का न्यूज़ कॉर्प से इस्तीफ़ा, संपादकीय नीति को लेकर इस्तीफ़ा

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

मीडिया मुगल रुपर्ट मर्डोक के छोटे बेटे जेम्स मर्डोक ने मीडिया कंपनी न्यूज़ कॉरपोरेशन से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने 'संपादकीय नीति पर असहमति' जताते हुए इस्तीफा दिया है.

उन्होंने कंपनी की ओर से लिए गए कुछ 'रणनीतिक निर्णयों' पर ऐतराज जताया है हालांकि विस्तार से असहमति के बिंदुओं का उल्लेख नहीं किया गया है.

इससे पहले भी जेम्स मर्डोक ने न्यूज़ कॉर्प की जलवायु परिवर्तन को लेकर किए गए कवरेज पर आलोचना की थी. अमरीका का मशहूर अखबार वाल स्ट्रीट जर्नल इसी कंपनी का है.

बीबीसी के उत्तरी अमरीकी संवाददाता डेविड विलीस बताते हैं कि हाल के कुछ सालों में जेम्स मर्डोक ने राजनीतिक मुद्दों पर अपने पिता से अलग राय रखी है.

एक तरफ जहाँ उनके पिता रुपर्ट मर्डोक ने डोनाल्ड ट्रंप का साथ देने का वादा किया है तो वहीं कई रिपोर्टों के मुताबिक़ जेम्स मर्डोक ट्रंप के प्रतिद्वंदी जो बाइडन के चुनाव अभियान में हज़ारों डॉलर की मदद दे चुके हैं.

हमारे संवाददाताओं का कहना है कि जेम्स मर्डोक के न्यूज़ कॉर्प छोड़ देने से उनके भाई लैकलेन मर्डोक का कंपनी में प्रभाव बढ़ जाएगा. वो आम तौर पर अपने पिता के रूढ़िवादी विचारों के समर्थक बताए जाते हैं.

रुपर्ट मर्डोक और लैकलेन मर्डोक ने जेम्स को एक संयुक्त बयान में शुभकामनाएं दी है.

बयान में कहा गया है, "कई सालों तक कंपनी को सेवा देने के लिए हम जेम्स के शुक्रगुजार है. हम उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हैं."

न्यूज़ कॉर्प ब्रिटेन में द टाइम्स, द सन, और द संडे टाइम्स जैसे अखबार निकालती है. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया में भी द ऑस्ट्रेलियन, द डेली टेलीग्राफ और द हेराल्ड सन जैसे कंपनी के कई अखबार हैं.

क्यों रही है असहमति?

इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग के संदर्भ में जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर न्यूज़ कॉर्प और फॉक्स की ओर से जिसतरह की कवरेज रही है, उसे लेकर जेम्स और उनकी पत्नी कैथरीन ने अपनी हताशा जाहिर की थी.

उनके प्रवक्ता ने द डेली बीस्ट से कहा कि, "वे खासतौर पर ऑस्ट्रेलियाई न्यूज़ आउटलेट में साफ तौर पर दिखने वाले प्रमाणों के होने के बावजूद विरोधाभासी कवरेज को लेकर निराश थे."

रुपर्ट मर्डोक खुद को जलवायु परिवर्तन को संदेह से देखने वाले बताते हैं और इस मुद्दे को नकारने वालों को नौकरी देने से इंकार करते हैं लेकिन आलोचकों का कहना है कि न्यूज़ कॉर्प के अखबारों में छपने वाले लेख और रिपोर्टों में जंगलों में लगने वाली आग के लिए कथित तौर पर जलवायु परिवर्तन की भूमिका को कम कर के आंका गया है.

जेम्स मर्डोक कौन हैं?

जेम्स मर्डोक का जन्म 1972 में लंदन में हुआ था. वो रुपर्ट मर्डोक के तीन बच्चों में सबसे छोटे हैं. उनसे बड़ी एक बहन एलिजाबेथ और भाई लैकलेन हैं. ये तीनों बच्चे रुपर्ट मर्डोक की पत्नी ऐना टोर्व से हैं.

जेम्स की स्कूली पढ़ाई न्यूयॉर्क में हुई थी और इसके बाद उन्होंने फिल्म और इतिहास पढ़ने के लिए हार्वड यूनवर्सिटी में दाखिला लिया था लेकिन 90 के दशक के मध्य में बिना पढ़ाई पूरी किए उन्होंने यूनिवर्सिटी छोड़ दी.

उन्होंने अपने परिवार से अलग अपनी एक कंपनी भी शुरू की है जिसका नाम है रॉकस रिकॉर्ड्स. इस कंपनी ने रैपर-एक्टर मोस डेफ को जहाँ लॉच किया तो वहीं उस वक्त मशहूर नहीं हुए रैपर एमिनेम को भी मौका दिया.

वो पिछले साल वाल्ट डिजनी के हाथों 21 सेंचुरी फॉक्स के बिकने से पहले कंपनी के चीफ एक्जीक्यूटिव थे.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)