BBC Hindi: बीते हफ़्ते की वो ख़बरें जो शायद आप मिस कर गए

प्रकाशित

नमस्ते, उम्मीद है कि आप अच्छे होंगे और बसंत में फूल-पत्तियों को देखकर ख़ुश भी.

हमें मालूम है कि घर का काम, बाहर का काम करते हुए आपको ख़बरों पर नजर रखने का वक्त नहीं मिला होगा.

इस वजह से आप देश दुनिया की अहम ख़बरों को देख या पढ़ नहीं पाए होंगे.

इसी के चलते हम लाए हैं आपके लिए कुछ अहम ख़बरें. शायद इन ख़बरों में से कुछ पर आपकी नज़र नहीं गई होगी.

अगर आपने ये पांच ख़बरें पढ़ लीं तो समझिए कि आपको बीते हफ़्ते की ख़ास खबरें पता चल गईं.

क्या आपने रॉबिनहुड के बारे में सुना है?

ऐसे कई क़िस्से आपने सुने होंगे जिनमें चोर-डकैत अमीरों को लूटते हैं और फिर लूट का सामान गरीबों में बाँट देते हैं. ऐसे चोरों पर कई फ़िल्में और सीरियल भी बनाए गए हैं.

ऐसे क़िस्सों में सबसे लोकप्रिय नाम रॉबिनहुड का है.

लेकिन भारत के दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में भी एक ऐसा शख़्स था जिसे रॉबिन हुड के नाम से जाना जाता था.

राज्य के स्टुअर्टपुरम के लोग गोकरी नागेश्वर राव को 'टाइगर' कहते हैं और कुछ उन्हें 'आंध्र का रॉबिन हुड' कहते हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गोकरी नागेश्वर राव स्टुअर्टपुरम में सबसे नामी लुटेरों में से एक था. उसके ख़िलाफ़ कई गंभीर केस दर्ज थे.

उसकी मौत 24 मार्च 1980 को पुलिस के साथ एक मुठभेड़ में हुई थी. इस इनकाउंटर से पहले वो कई बार पुलिस के चंगुल से छूट चुका था. आगे की कहानी पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

अक्षर पटेल क्या बन सकते हैं भारत के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी के चार टेस्ट मैचों में कई खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया.

सिरीज़ के अलग-अलग पड़ाव पर इन खिलाड़ियों ने अपनी छाप छोड़ी - चाहे हम रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली या ख्वाज़ा के शतकों की बात करें, या फिर अश्विन, जडेजा और लॉयन के मैच जिताऊ स्पेल्स को याद करें.

इन खिलाड़ियों ने कुछ ऐसी पारियां खेली या कुछ ऐसे बेहतरीन स्पेल्स फेंके और अपनी टीम को मैच जिता दिया. लेकिन क्या इन बल्लेबाज़ों या गेंदबाज़ों ने लगातार हर मैच में अच्छा प्रदर्शन किया?

अगर हम इस सिरीज़ में परफॉरमेंस की निरंतरता पर बात करें तो हमें इन स्टार खिलाड़ियों से निकलना होगा और उस खिलाड़ी पर नज़र डालनी होगी जिसने चाहे नागपुर का स्पिनिंग ट्रैक हो या फिर अहमदाबाद का बैटिंग फ़्रेंडली पिच - हर पारी में पूरे विश्वास और सकारात्मकता के साथ बैटिंग की और बड़े रन बनाए. बोलिंग में भी उन्होंने एक एंड को थामे रखा और कुछ ज़रूरी विकेट्स भी निकाले.

हम बात कर रहे हैं अक्षर पटेल की जो आठवें नबर पर बैटिंग करते हुए भी सिरीज़ के टॉप स्कोरर्स में शामिल रहे और बॉलिंग में कम अवसर मिलने पर भी उन्होंने अपना प्रभाव छोड़ा. दरअसल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगभग आठ साल पहले डेब्यू करने वाले अक्षर पटेल आज तक ना तो टेस्ट या वनडे और ना ही टी20में अपनी जगह पक्की कर पाए हैं. आगे की कहानी यहां पढ़ें.

पाकिस्तान में राजनीतिक संकटः क्या सबसे ख़तरनाक मोड़ पर खड़ा है मुल्क?

तोशाखाना मामले में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ इस्लामाबाद के ज़िला और सत्र न्यायालय में सुनवाई के दौरान

कोर्ट ने कहा कि अगर इमरान ख़ान सरेंडर कर देते हैं तो अदालत पुलिस को आदेश दे सकती है कि वो उन्हें गिरफ़्तार ना करे. उन्हें कोर्ट के सामने पेश होना चाहिए.

इस बीच लाहौर हाई कोर्ट ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ पार्टी को आदेश दिया है कि वो पाकिस्तान मीनार पर रविवार को रैली ना करे.

इससे पहले लाहौर में बुधवार को दिन भी इमरान ख़ान के समर्थकों और सुरक्षाबलों के बीच रह-रह कर झड़पें होती रहीं. पुलिस ग़ैर ज़मानती वारंट लेकर इमरान ख़ान को गिरफ़्तार करने लाहौर के ज़मान पार्क इलाक़े में उनके घर पहुंची थी.

पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ़ ने ग़ैर ज़मानती वारंट को ख़ारिज करने के लिए इस्लामाबाद हाई कोर्ट में भी याचिका दायर की थी जिसे ख़ारिज कर दिया गया. हाई कोर्ट ने कहा है कि पीटीआई ज़मानती वारंट को ख़ारिज करवाने के लिए उसी सत्र अदालत के समक्ष जाए जिसने वारंट जारी किए हैं.

पाकिस्तान में बीते दो दिन में जो घटनाक्रम हुआ है उसके पाकिस्तान की राजनीति के लिए क्या मायने हैं? यहां पढ़ें...

सऊदी अरब और ईरान की नज़दीकी से भारत को क्या नफ़ा, क्या नुक़सान

''दस सालों में भारत की विदेशनीति में हुए बड़े बदलावों में से एक भारत का खाड़ी देशों से बदलता रिश्ता भी है. भारत में बदली हुई सरकार के साथ इस क्षेत्र को ज़्यादा गहराई और रणनीतिक दृष्टि से देखा गया है.''

ये कहना था भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर का, जब उनसे यूएई, सऊदी अरब समेत अन्य खाड़ी देशों के साथ भारत के बदलते रिश्तों पर सवाल पूछा गया.

भारत का खाड़ी के देशों से कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है. ऊर्जा और सुरक्षा के क्षेत्रों में भारत इन देशों के साथ कई पक्षों पर काम कर रहा है.

भारत सबसे ज़्यादा कच्चा तेल इराक़ से खरीदता है और उसके बाद सऊदी अरब का नंबर है. हालांकि, इस बीच रूस से भारत के कच्चे तेल के आयात में काफ़ी बढ़ोतरी हुई है.

ऐसे में सऊदी अरब और ईरान के बीच बदलते रिश्तों के साथ भारत की वहां भूमिका को लेकर भी चर्चा होने लगी है. मध्यपूर्व में दशकों से दुश्मन रहे सऊदी अरब और ईरान के रिश्ते अब बदलते दिख रहे हैं.

दोनों देशों ने राजनयिक संबंध बहाल करने की घोषणा की है. ऐसे में भारत की भूमिका क्या रहेगी, यहां पढ़ें.

H3N2 वायरस के फ्लू संक्रमण को जानें और इन उपायों से बचें

हाल ही में इनफ़्लुएंजा 'ए' वायरस के H3N2 सब-टाइप की वजह से होने वाले फ़्लू के मामले पूरे देश में तेज़ी से सामने आए हैं.

इस वायरस में कोविड-19 जैसे लक्षण देखे गए हैं जो सभी उम्र के लोगों पर असर डालता है.

वायरोलॉजिस्ट का कहना है कि वायु प्रदूषण से यह वायरस और भी तेज़ी से फ़ैल सकता है.

इंडियन काउंसिल फ़ॉर मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के मुताबिक़ कमज़ोर इम्युनिटी ख़ासकर बच्चे, बूढ़े और बीमार लोगों में इसके गंभीर लक्षण देखे जा सकते हैं.

चूंकि ये संक्रमण वायरस से होता है इसलिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने कहा है कि एंटिबायटिक के इस्तेमाल की कोई ज़रूरत नहीं है क्योंकि एंटिबायटिक सिर्फ़ बैक्टीरिया में कारगर होते हैं. जानिए इसके लक्षणों और H3N2 को लेकर क्या हैं डॉक्टरों की राय? पूरी स्टोरी यहां पढ़ें...

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहांक्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)