You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी: प्राइवेट वीडियो केस में एसआईटी गठित, छात्रों ने ख़त्म किया धरना
पंजाब पुलिस ने चंड़ीगढ़ यूनिवर्सिटी से वायरल हुए प्राइवेट वीडियो केस में तीन सदस्यों की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, एसआईटी की तीनों सदस्य महिलाएं चुनी गई हैं. ये एसआईटी इन आरोपों की जांच करेगी कि चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के हॉस्टल की एक छात्रा ने कई महिला छात्राओं के प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड किए. पुलिस ने बताया है कि सीनियर आईपीएस ऑफ़िसर गुरप्रीत कौर देव की निगरानी में इस एसआईटी का गठन किया गया है.
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि ये टीम इस मामले की पूरी तरह से जांच करेगी और जो लोग भी इस केस में शामिल हैं, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा. उन्होंने बताया, "जांच ज़ोर-शोर से चल रही है. एक महिला छात्रा समेत तीन लोग इस केस में गिरफ़्तार किए गए हैं."
डीजीपी ने सभी लोगों से शांति और सौहार्दता बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा, "अफ़वाहों पर ध्यान न दें. आइए हम सभी मिलकर समाज में अमन के लिए काम करते हैं."
शनिवार रात को इस घटना के सामने आने के बाद से पंजाब के मोहाली शहर में माहौल तनावपूर्ण था. इससे पहले विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने रविवार देर रात धरना ख़त्म ख़त्म कर दिया जिसके बाद सोमवार सुबह वहां स्थिति सामान्य होती दिखी.
प्रदर्शनकारी छात्रों ने ख़त्म किया धरना
बीबीसी के सहयोगी पत्रकार गुरमिंदर सिंह ग्रेवाल ने बताया कि प्रशासन ने प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगें स्वीकार करने का आश्वासन दिया जिसके बाद ये धरना ख़त्म हुआ. रोपड़ रेंज के डीआईजी गुरप्रीत भुल्लर और मोहाली के उपायुक्त अमित तलवार ने छात्रों की सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया.
छात्रों को 24 सितंबर तक की छुट्टी दी गई है. सोमवार की सुबह बच्चे छात्रावास से घर जाते हुए देखे गए. इस मामले में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने रविवार देर शाम दो लोगों को गिरफ़्तार किया है. छात्रों ने पुलिस के समक्ष पारदर्शी जांच की मांग की थी. 'प्राइवेट वीडियो वायरल' मामले में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के छात्र बड़ी संख्या में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे.
यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर पुलिस अधिकारियों और छात्रों के बीच भी कहासुनी हुई. छात्रों की एक बड़ी भीड़ इंसाफ़ के लिए नारे लगा रही थी. इस मामले में छात्रों की ओर से की जा रही कार्रवाई पर सवाल खड़े किए गए थे. खरड़ की डीएसपी रूपिंदरदीप कौर ने बताया था कि इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
एक अभियुक्त लड़की है जिसे इस मामले में गिरफ़्तार किया गया है और दूसरा लड़का है जिसे शिमला से गिरफ़्तार किया गया. यूनिवर्सिटी के छात्र अपनी कुछ मांगों को लेकर अड़े हुए थे. हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले में एक कमेटी का गठन किया है जिसमें यूनिवर्सिटी के 10 छात्र शामिल हैं.
ये भी पढे़ं:- चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी: बाथरूम वीडियो वायरल, विश्वविद्यालय ने आत्महत्या के प्रयास को बताया अफ़वाह
यूनिवर्सिटी की एक छात्रा ने अपनी मांगों के बारे में बताया
- पुलिस की जांच से हमारे 10 छात्रों को अवगत कराया जाएगा. उनसे कुछ भी नहीं छुपाया जाएगा. पुलिस जो कुछ भी कर रही है उसके बारे में हमें सूचित करेगी कि उनकी अगली कार्रवाई क्या होगी.
- गर्ल्स हॉस्टल में ग़लत प्रतिक्रिया देने वाली वॉर्डन मैडम को सस्पेंड किया जाए
- बाथरूम की खुली जगहों को बंद किया जाना चाहिए
- जितने भी फ़ोन तोड़े गए हैं, उनकी भरपाई यूनिवर्सिटी को करनी चाहिए
- विरोध प्रदर्शन के दौरान जिन लड़कों पर लाठीचार्ज किया गया, उसकी जांच होनी चाहिए कि यह आदेश किसने दिया और उनका मेडिकल ख़र्च यूनिवर्सिटी द्वारा दिया जाना चाहिए.
वीसी ने दिया आश्वासन
इस दौरान चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर आनंद अग्रवाल छात्रों से बातचीत करने पहुंचे.
आनंद अग्रवाल ने कहा, "आप न्याय चाहते हैं, हम आपके साथ हैं. हम भी न्याय चाहते हैं. हम आपको न्याय देंगे. आप हमारे छात्र हैं. आपकी जो भी मांगें हैं, आप उन्हें पेशेवर तरीके से रखें. हम प्रत्येक मांग पर ध्यान देंगे."
वीसी ने कहा, "मेरा सुझाव है कि आप हमारे साथ सहयोग करें. अगर आप न्याय चाहते हैं तो हमें सहयोग करना होगा. हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि आपके द्वारा चुने गए 10 छात्रों और डीआईजी के समक्ष हम आपकी मांगों के बारे में बात करेंगे. हम डीआईजी और पुलिस के समक्ष आपकी मांगों को पूरा करेंगे."
"मुझे पता है कि आप हमसे नाराज़ हैं, लेकिन हमें अपनी बात रखने का मौका दें."
पूरा मामला क्या है?
दरअसल, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में शनिवार को कुछ लड़कियों के कथित तौर पर ख़ुदकुशी की कोशिश करने का वीडियो सामने आया था जिसके बाद रात के समय कैंपस में ज़बर्दस्त हंगामा हुआ.
इस मामले में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी लड़की ने आत्महत्या करने की कोशिश नहीं की है और न ही किसी लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि छात्राओं के प्राइवेट वीडियो के वायरल होने से जुड़ी सभी अफ़वाहें पूरी तरह से झूठी और निराधार हैं.
इस बीच, मोहाली पुलिस ने भी कहा कि चंडीगढ़ के पास एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में सात लड़कियों द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश करने की ख़बर एक अफ़वाह है.
हालांकि पुलिस ने ये भी कहा कि कुछ लड़कियां विरोध प्रदर्शन करते हुए गर्मी के कारण बेहोश हो गई थीं.
मामले की जांच कर रही खरड़ की डीएसपी रुपिंदर कौर ने मीडिया को बताया कि प्राइवेट वीडियो बनाकर वायरल करने की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें:- 100 रेपिस्टों का इंटरव्यू करने वाली मधुमिता
घटना का संक्षिप्त विवरण
- चंडीगढ़ के पास एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में 7 लड़कियों के कथित तौर पर ख़ुदकुशी की कोशिश करने की ख़बर सामने आई.
- यूनिवर्सिटी की एक लड़की पर ये अश्लील वीडियो बनाने और वायरल करने का आरोप लगा.
- मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वायरल वीडियो में क़रीब 60 लड़कियों के प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड करने दावा किया गया है.
- छात्रों के एक बड़े समूह ने विरोध प्रदर्शन किया, इंसाफ़ के लिए नारे लगाए और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया.
- मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद खरड़ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी.
- हॉस्टल में रहने वाली अभियुक्त लड़की पर ये आरोप लगा कि उसने ये वीडियो रिकॉर्ड कर शिमला में रहने वाले एक लड़के को भेजा था.
- मामले की प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने बताया कि लड़कियों द्वारा आत्महत्या की कोशिश की ख़बर अफ़वाह है.
- पुलिस के मुताबिक़, जिन लड़कियों को एम्बुलेंस में ले जाया गया, वे वास्तव में विरोध के दौरान बेहोश हो गई थीं.
- पुलिस का दावा है कि अब तक की जांच में अन्य लड़कियों के वायरल हो रहे वीडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है.
- विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं के प्राइवेट वीडियो की सभी अफ़वाहें पूरी तरह से झूठी और निराधार हैं.
- यूनिवर्सिटी ने यह भी कहा है कि किसी भी लड़की को अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया.
ये भी पढ़ें:-
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)