ट्रंप ने किया कोरोना से इम्यून होने का दावा, ट्विटर ने छिपाया पोस्ट: आज की बड़ी ख़बरें

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट

ट्विटर ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस ट्वीट को छिपा दिया है जिसमें उन्होंने दावा किया था कि अब वो कोरोना वायरस से इम्यून हैं.

इस संबंध में किए गए उनके पोस्ट को ट्विटर ये कहते हुए छिपा दिया है कि ये पोस्ट कोविड-19 के संबंध में भ्रामक और संभवत: ख़तरनाक जानकरी देता है और इस कारण ट्विटर के नियमों का उल्लंघन है.

ट्विटर का कहना है कि जनहित में यही होगा कि लोग इसे न देख सकें.

इससे पहले फ़ॉक्स न्यूज़ को फ़ोन पर दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि अब उन्हें कोई संक्रमण नहीं है, उनकी सेहत दुरुस्त है और वो काम पर वापिस लौट सकते हैं.

ट्रंप ने कहा था, "ऐसा लग रहा है कि मैं इम्यून हो गया हूं. अब मैं बेसमेंट से निकल सकता हूं जो मैं करने वाला था. क्योंकि आपको देश चलाना है, आपको बेसमेंट से बाहर निकलना ही होगा. और ऐसा लग रहा है कि मैं इम्यून हूं.. शायद लंबे वक्त के लिए या फिर शायद कम वक्त के लिए, या फिर जीवन भर के लिए अभी किसी को नहीं पता."

उन्होंने कहा, "व्हाइट हाउस के डॉक्टरों ने कहा है कि ये वायरस मुझसे दूसरों को नहीं फैल सकता."

इससे पहले राष्ट्रपति के निजी डॉक्टर ने कहा था कि राष्ट्रपति से संक्रमण का अब कोई ख़तरा नहीं है.

बीते सप्ताह कोविड-19 के लिए अस्पताल में इलाज के दौरान ट्रंप ने अपने इलाज को लेकर कई तरह के दावे किए थे. उन्होंने दावा किया कि एक एंटीबॉडी दवा है जो इस बीमारी को ठीक कर सकती है और वो इसे जल्द से जल्द सभी नागरिकों को मुफ्त में मुहैय्या कराएंगे. सोमवार को राष्ट्रपति ट्रंप फिर से चुनाव प्रचार शुरू करने वाले हैं.

कोई धर्म या ईश्वर दिखावे की बात नहीं करता: डॉक्टर हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने 'रविवार संवाद' कार्यक्रम के तहत बताया कि महाराष्ट्र (42.5 फ़ीसद), चंडीगढ़ (47.8 फ़ीसद) और दिल्ली (75.4 फ़ीसद) कोविड-19 के तहत मिले फंड का सबसे कम उपयोग करने वाले राज्य रहे हैं.

उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने पहले चरण में 3,000 करोड़ सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आवंटित किया था. उन्होंने इस बात का भी खंडन किया कि कोरोना के टीकाकरण में बुजुर्गों के ऊपर युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी.

उन्होंने कहा, "कृपया इस तरह के दावों की पीआईबी फैक्ट चेक के पास रिपोर्ट करें. पेशेवर लोग जिन्हें संक्रमण की संभावना अधिक होगी उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी."

उन्होंने ट्वीट कर बताया कि आईसीएमआर दिल्ली की पड़ताल में पता चला है कि जिन मामलों में दोबारा से कोरोना होने की रिपोर्ट आई है, उनका ग़लत वर्गीकरण किया गया है क्योंकि आरटी-पीसीआर टेस्ट में मरे हुए वायरस भी रिकवरी के बहुत लंबे वक़्त बाद भी डिटेक्ट होते हैं. आईसीएमआर दोबारा से संक्रमण की सच्चाई का पता कर रही है.

उन्होंने आगे लिखा कि, "मेरा धर्म अपने लोगों की रक्षा करना. जीवन बचाना है और उन्हें नष्ट करना नहीं. कोई धर्म या ईश्वर दिखावा करने की बात नहीं करता है. अपनी आस्था को साबित करने के लिए बड़े पैमाने पर इकट्ठा होने की जरूरत नहीं है."

बंगाल बीजेपी की गवर्नर से अपील, पार्टी पार्षद की हत्या की जांच सीबीआई करे

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एक प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल के गवर्नर जगदीप धनखड़ से मुलाकात की है.

इस प्रतिनिधिमंडल में मुकुल रॉय, जयप्रकाश मजूमदार और सब्यसाची दत्ता शामिल थे.

प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी के पार्षद मनीष शुक्ला की हत्या की जांच सीबीआई से कराने की मांग करते हुए एक ज्ञापन राज्यपाल को सौंपा है.

4 अक्टूबर को शुक्ला की हत्या टीटागढ़ पुलिस स्टेशन के सामने कर दी गई थी.

गुजरात उपचुनाव में बीजेपी ने 5 पूर्व कांग्रेसी विधायकों को उतारा

गुजरात में इस साल जून में विधान सभा सदस्य पद से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले विधायकों को पार्टी ने उपचुनावों में उनकी संबंधित विधानसभा सीटों से टिकट दे दिया है.

गुजरात की 8 सीटों पर 3 नवंबर को उपचुनाव होने हैं. ये सीटें हैं- अब्दासा, लिमड़ी, मोर्बी, धारी, गोधाड़ा (एससी), करजन, दांग्स (एसटी) और कापराड़ा (एसटी).

इन सीटों पर कांग्रेसी विधायक थे जिन्होंने जून में राज्यसभा चुनावों से पहले इस्तीफा दे दिया था.

रविवार को बीजेपी ने इन आठ विधान सभा सीटों में से सात के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का एलान किया है.

इस साल जून में कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी के साथ जुड़ने वाले पांच विधायक- प्रद्युम्नसिंह जाड़ेजा, बृजेश मेरजा, जे वी काकड़िया, अक्षय पटेल और जीतू चौधरी को उनकी संबंधित विधान सभा सीटों से टिकट दिए गए हैं.

स्वामित्व योजना के तहत पीएम मोदी ने बांटे प्रॉपर्टी कार्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'स्वामित्व योजना' के तहत लोगों को प्रॉपर्टी कार्ड्स (संपत्ति पत्रक) वितरित किए. पीएम मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसि के ज़रिए प्रॉपर्टी कार्ड वितरण का शुभारंभ किया.

इसके बाद राज्य सरकारें असल कार्ड लोगों को वितरित करेंगी.

इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो के ज़रिए कार्ड लाभार्थियों से बात की.

पीएम मोदी ने उनसे पूछा कि प्रॉपर्टी कार्ड्स मिलने से और मालिकाना हक हाथ में आने से उन्हें क्या फायदा मिला है? साथ ही उन्हें इससे पहले क्या समस्याएं होती थीं.

कुछ लोगों ने बताया कि अपनी संपत्ति के पुख्ता दस्तावेज होने से उन्हें बैंक से लोन लेने में मदद मिली है.

क्या है स्वामित्व योजना?

केंद्र सरकार की स्वामित्व योजना राष्ट्रीय पंचायती दिवस (24 अप्रैल 2020) के दिन लॉन्च की गई थी. ये योजना पंचायती राज मंत्रालय के तहत लागू की गई है. इस योजना का पूरा नाम है- सर्वे ऑफ़ विलेजिस एंड मैपिंग विद इम्पोवरिश्ड टेक्नोलॉजी इन विलेज एरिया.

इसके तहत ड्रोन्स के ज़रिए ज़मीनों का सीमांकन होता है. ड्रोन से गांवों की सीमा के भीतर आने वाली हर प्रॉपर्टी का एक डिजिटल नक्‍शा तैयार होता है.

इस योजना का मकसद है कि ग्रामीण इलाक़ों में लोगों की संपत्ति के मालिकाना हक का एक रिकॉर्ड बनाया जाए. लोगों को उनके घर और ज़मीन का प्रपॉर्टी कार्ड दिया जाए. यह एक तरह से उनके मालिकाना हक़ का दस्तावेज है.

  • इसके तहत गांव के हर घर और ज़मीन का रिकॉर्ड रखा जाएगा. ये कार्ड राज्‍य सरकारें बनाएंगी.
  • लोग इसका इस्‍तेमाल बैंकों से कर्ज लेने के अलावा अन्‍य कामों में भी कर सकते हैं.
  • इस वीडियो कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र तोमर भी मौजूद थे.
  • नरेंद्र तोमर ने बताया कि योजना के पायलट फेज़ में छह राज्यों के 763 गांवों के लगभग सवा लाख से अधिक लोगों को ये कार्ड वितरित किए जाएंगे.

इन राज्यों में हरियाणा, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं. जिनके सर्वे का काम पूरा हो चुका है. स्वामित्व योजना का क्रियान्वयन 4 वर्षों में चरणबद्ध तरीक़े से किया जाएगा. इसमें 2024 तक देश के 6.62 लाख गांवों को कवर किया जाना है.

पीएम मोदी ने क्या कहा

इसके बाद प्रधामंत्री ने उन एक लाख लोगों को बधाई दी जिन्हें उनके घरों का स्वामित्व पत्र प्राप्त हुआ है.

उन्होंने कहा, ''आज आपके पास एक अधिकार है, एक क़ानूनी दस्तावेज है कि आपका घर आपका ही है, आपका ही रहेगा. ये योजना हमारे देश के गांवों में ऐतिहासिक परिवर्तन लाने वाली है.''

पीएम मोदी ने उन्होंने नानाजी देशमुख और लोकनायक जय प्रकाश नारायण की जन्मतिथि का भी जिक्र किया. पीएम मोदी ने कहा, ''गांव और गरीब की आवाज़ को बुलंद करना जेपी और नानाजी के जीवन का साझा संकल्प रहा है. मुझे विश्वास है कि स्वामित्व योजना भी हमारे गांवों में अनेकों विवादों को समाप्त करने का बहुत बड़ा माध्यम बनेगी.''

''साथ ही संपत्ति का रिकॉर्ड होने पर बैंक से कर्ज आसानी से मिलता है, रोजगार-स्वरोजगार के रास्ते बनते हैं. जब संपत्ति का रिकॉर्ड होता है तो निवेश के लिए नए रास्ते खुलते हैं.''

उन्होंने बताया कि गांव के कितने ही नौजवान हैं जो अपने दम पर कुछ करना चाहते हैं. लेकिन घर होते हुए भी उन्हें अपने घर के नाम पर बैंक से कर्ज मिलने में कई बार दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. स्वामित्व योजना के तहत बने प्रॉपर्टी कार्ड को दिखाकर बैंकों से आसानी से कर्ज मिलना सुनिश्चित हुआ है.

पीएम मोदी ने कहा कि बीते 6 सालों से पंचायती राज सिस्टम को सशक्त करने के लिए हमारे जो प्रयास चल रहे हैं, उनको भी स्वामित्व योजना मज़बूत करेगी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)