You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
नेपाल: ओली को पीएम बनाए रखने में मिल रही चीन-पाक की मदद- प्रेस रिव्यू
नेपाल में प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है. इकनॉमिक टाइम्स ने नेपाल की वर्तमान सरकार के संकट को लेकर दूसरे पन्ने पर विस्तार से एक रिपोर्ट प्रकाशित की है.
इस रिपोर्ट के अनुसार नेपाली पीएम केपी शर्मा ओली अपनी कुर्सी बचाने के लिए नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी को बाँटने की कोशिश कर रहे हैं. अख़बार का कहना है इस मामले में पाकिस्तान और चीन पर भी आरोप लग रहे हैं कि दोनों ओली को सत्ता में बनाए रखना चाहते हैं.
ओली पर इस्तीफ़े का दबाव है. ओली ने दो दिन पहले ही अचानक से संसद के बजट सत्र को स्थगित करने का फ़ैसला कर लिया था. ईटी का कहना है कि ओली एक अध्यादेश के ज़रिए पार्टी को बाँटने की कोशिश कर रहे हैं.
ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक़ ओली ने नेपाल की प्रमुख विपक्षी पार्टी नेपाली कांग्रेस से भी संपर्क साधा है. ओली पॉलिटिकल पार्टी एक्ट को लेकर एक अध्यादेश फिर से लाने की तैयारी में हैं.
अख़बार का कहना है कि वो इस अध्यादेश के ज़रिए पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं ताकि सत्ता में बने रहें. इकनॉमिक टाइम्स का कहना है कि इस मामले में उन्हें चीन और पाकिस्तान का भी समर्थन मिल रहा है.
अख़बार के अनुसार, ''ओली के भारत विरोधी फ़ैसले को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान भी संपर्क में रहे हैं. इसके साथ ही नेपाल में चीन की राजदूत होउ यांकी भी कोशिश कर रही हैं कि ओली सत्ता में बने रहें. हाल के दिनों में ओली ने जो भी फ़ैसले लिए हैं उनमें काठमांडू स्थित चीनी दूतावास की राजदूत का भी हाथ रहा है. होउ नेपाल से पहले पाकिस्तान में तीन सालों तक रही हैं.''
ओली पर पार्टी प्रमुख और प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफ़ा देने का दबाव है. ओली ने गुरुवार को संसद के बजट सत्र को स्थगित करने का फ़ैसला ले लिया था और राष्ट्रपति ने इस फ़ैसले को मंज़ूरी दे दी थी.
नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी की स्टैंडिंग कमिटी में कुल 44 सदस्य हैं और इनमें से 30 सदस्य ओली से इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं. अध्यादेश के ज़रिए ओली को अपने पक्ष में समर्थन जुटाने और संसद में तत्काल अविश्वास प्रस्ताव से बचने का वक़्त मिल जाएगा.
ओली एक अध्यादेश को फिर से लाने की कोशिश कर रहे हैं जिससे पार्टी को तोड़ने में मदद मिलेगी. ओली के ख़िलाफ़ पार्टी के एक और प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री प्रचंड, सीनियर नेता बामदेव गौतम, झाला नाथ खनाल और माधव कुमार नेपाल खुलकर बोल रहे हैं. अगर ओली अध्यादेश पर आगे बढ़ते हैं तो उन्हें बहुमत साबित करने में आसानी होगी.
15 अगस्त तक भारत की कोरोना वैक्सीन
क्या भारत कोरोना वायरस की पहली वैक्सीन दुनिया को देने जा रहा है? अमर उजाला ने पहले पन्ने पर एक ख़बर को जगह दी है कि 15 अगस्त तक कोरोना की वैक्सीन आ सकती है. देश में ही निर्मित कोवैक्सीन के इंसानों पर परीक्षण का काम जल्द पूरा करने के लिए कहा गया है.
अख़बार का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर वैक्सीन की घोषणा कर सकते हैं. भारत बायोटेक की इस वैक्सीन का दिल्ली एम्स समेत कई संस्थानों में परीक्षण होना है. आईसीएमआर के निदेशक डॉ बलराम भार्गव ने 15 अगस्त तक मानव परीक्षण पूरा करने के निर्देश दिए हैं. भारत की एक और कंपनी जाइड्स कैडिला को भी कोरोना की वैक्सीन के मानव परीक्षण की अनुमति मिल गई है.
जेईई-मेन्स की प्रवेश परीक्षा सितंबर में
रांची से प्रकाशित होने वाले हिन्दी अख़बार प्रभात ख़बर जेईई-मेन की परीक्षा को लेकर एक ख़बर प्रकाशित की है. इसके अनुसार कोरोना के कारण मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षाएं नीट और जेईई सितंबर तक स्थगित कर दी है.
जुलाई में इन परीक्षाओं के होने की संभावना की समीक्षा करने के लिए गठित चार सदस्यीय समिति की सलाह पर यह फ़ैसला लिया गया है.
मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा और शिक्षा की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए यह फ़ैसला लिया गया है. जेईई-मेन्स टेस्ट एक से छह सितंबर के बीच होगा जबकि एडवांस 27 सितंबर को होगा. नीट परीक्षा 13 सितंबर को होगी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)