You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कोविड-19 मरीज़ों की लाशें बड़े गड्ढे में फेंकी गईं, प्रशासन की आलोचना
- Author, इमरान कुरैशी
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
- प्रकाशित
कोरोना वायरस महामारी ने हम सभी के जीवन पर गहरा असर डाला है लेकिन इसका असर मौत के बाद भी नज़र आ रहा है. देश भर से कई ऐसी तस्वीरें, ख़बरें और वीडियो सामने आए हैं जिसमें अपने ही लोगों ने कोरोना संक्रमण के कारण मरे अपने ही परिवार के सदस्य का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया.
कुछ ऐसा ही मिलता-जुलता मामला कर्नाटक में सामने आया है.
कर्नाटक के बल्लारी ज़िले के बाहरी इलाक़े में शवों को जिस तरह से दफ़नाया जा रहा था उसे लेकर सोशल मीडिया पर काफ़ी आलोचना हो रही है.
जो कुछ वीडियो सामने आए हैं उनमें लाशों को काले रंग की पॉलीथीन में बांधकर रखा गया है जिसे पीपीई किट पहने कुछ लोग ले जा रहे हैं और कुछ दूर चलकर ये लोग लाशों वाली इस काले रंग की पॉलीथीन को एक बड़े से गड्ढे में फेंक देते हैं.
सामने आई तस्वीरों और वीडियो ने इस बहस को तेज़ कर दिया है कि क्या मरने के बाद किसी व्यक्ति का सम्मान नहीं होता? क्या अंतिम रीति-रिवाज क़ायदे से नहीं निभाए जाने चाहिए?
बल्लारी ज़िले के डिप्टी कमिश्नर एसएस नकुल ने बीबीसी को बताया, "हमें इस बात से काफ़ी दुख पहुँचा है और हमें बेहद अफ़सोस है. जिस तरह लाशों के साथ सुलूक किया गया हम उसकी निंदा करते हैं. उन्हें लाशों के साथ और अधिक इंसानियत का बर्ताव करना चाहिए था. इससे परिवार के सदस्यों की भावनाएँ तो आहत होती ही हैं, हमारी भी होती हैं."
धीरे-धीरे जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होना शुरू हुआ, एडिशनल डिप्टी कमिश्नर को कहा गया कि फौरन वीडियो की प्रमाणिकता की जाए. वीडियो में पीपीई किट पहने जो लोग लाशें पकड़े हुए हैं उनके पीछे जेसीबी खड़ा नज़र आ रहा है जो गड्ढे कर रहा है.
हर गड्ढे में अच्छी मात्रा में कीटाणुनाशक डाला हुआ है और बॉडी डिस्पोज़ेबल टीम, शवों को उसमें ले जाकर डाल दे रही है.
ऐसे ही वे एक के बाद एक शवों को गड्ढे में डालते हैं. उनके लिए जैसे ये सिर्फ़ एक काम है.
एसएस नकुल ने बताया "हमने मृतकों के परिवार वालों के लिए बिना शर्त माफी का पत्र जारी किया है. ये लाशें उन आठ लोगों की हैं जिनका विजयनगर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में निधन हो गया था."
ज़िले के अधिकारियों ने पाया है कि शवों को दफ़नाने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन किया गया.
एसएस नकुल के मुताबिक़, "उन्होंने सभी प्रोटोकॉल का पालन किया. हाँ लेकिन वे मानवता के स्तर पर चूक गए. लाशों को दफ़नाते समय और अधिक मानवीय रूप दिखाना चाहिए था."
फिलहाल उन्होंने "पूरी आउटसोर्स टीम" को हटा दिया है और अब एक नई टीम "संवेदनशीलता के साथ" अस्पताल के फोरेंसिक विभाग के लिए काम करेगी.
डिप्टी कमिश्नर एसएस नकुल ने कहा, "मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है, सिवाए इसके कि मैं परिजनों और बल्लारी के लोगों से माफी मांगता हूं."
- कोरोना वायरस के क्या हैं लक्षण और कैसे कर सकते हैं बचाव
- कोरोना महामारीः क्या है रोगियों में दिख रहे रैशेज़ का रहस्य
- कोरोना वायरसः वो शहर जिसने दुनिया को क्वारंटीन का रास्ता दिखाया
- कोरोना वायरस से संक्रमण की जांच इतनी मुश्किल क्यों है?
- कोरोना संकट: गूगल, फ़ेसबुक, ऐपल और एमेज़ॉन का धंधा कैसे चमका
- कोरोना वायरसः वो छह वैक्सीन जो दुनिया को कोविड-19 से बचा सकती हैं
- कोरोना वायरस: संक्रमण से बचने के लिए इन बातों को गाँठ बांध लीजिए
- कोरोना वायरस: सरकार का आरोग्य सेतु ऐप कितना सुरक्षित
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)