कोरोना वायरस: सील इलाक़े में हुई हत्या, दिल्ली पुलिस के लिए नया अनुभव- प्रेस रिव्यू

प्रकाशित

हिंदुस्तान टाइम्स अख़बार के मुताबिक़, दिल्ली के पंजाबी बाग़ के नज़दीक मादीपुर से शनिवार सुबह को पुलिस ने एक व्यक्ति को पत्नी की कथित तौर पर हत्या के आरोप में गिरफ़्तार किया.

मादीपुर दिल्ली के उन 92 ज़ोन में शामिल है जिसे कंटेनमेंट ज़ोन घोषित किया गया है.

साथ ही दिल्ली के किसी कोविड-19 कंटेनमेंट ज़ोन में यह हत्या का पहला मामला है. पुलिस को इस हत्या के बारे में तब पता चला जब संदिग्ध ने पुलिस को फ़ोन कॉल करके हत्या की बात को स्वीकार किया.

पुलिस अफ़सरों ने इस मामले की जांच पर कहा कि यह मामला कंटेनमेंट ज़ोन में हुआ था इसलिए उसके लिए मानक प्रक्रिया का पालन किया गया.

एक पुलिस अफ़सर ने कहा, "इस मामले में कई चीज़ पहली बार हुई थीं. आमतौर पर हमारे अफ़सर तुरंत मौक़ा-ए-वारदात पर पहुंचते हैं लेकिन इस मामले में हमने संदिग्ध को ज़ोन से बाहर आने के लिए कहा. हमने उसका इंतज़ार किया. इसके बाद उसे गिरफ़्तार करके आइसोलेशन में भेज दिया गया."

पुलिस का कहना है कि पूरे क्राइन सीन को क्लियर करने में उसे आठ घंटे का समय लगा. घर तक जाने वाली सड़क को सैनिटाइज़ किया गया और जांच अधिकारियों ने पीपीई किट के लिए इंतज़ार किया जिसके बाद कमरे की जांच हुई.

एक फ़ॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर भी बुलाया गया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की कोविड-19 से मौत नहीं हुई थी लेकिन तब भी उसके शव को कई लेयर्स में लपेटा गया.

5 राज्यों ने लॉकडाउन बढ़ाने की मांग की

लॉकडाउन को 16 मई तक बढ़ाने की राजधानी दिल्ली की मांग के बाद महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पंजाब और ओडिशा ने शनिवार को तीन मई से आगे लॉकडाउन बढ़ाने के लिए कहा है

अंग्रेज़ी अख़बार द टाइम्स ऑफ़ इंडिया के अनुसार, छह अन्य राज्यों गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, और कर्नाटक का कहना है कि वे केंद्र के निर्देशों का पालन करेंगे.

वहीं, असम, केरल और बिहार का कहना है कि वे सोमवार को वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्र शासित प्रदेशों और राज्यों के बीच होने वाली बैठक के बाद कोई फ़ैसला लेंगे.

तेलंगाना केवल एक ऐसा राज्य है जिसने लॉकडाउन को पहले ही बढ़ा दिया है. उसका कहना है कि वो 7 मई को लॉकडाउन की समाप्ति से दो दिन पहले कोई फ़ैसला करेगा.

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने मुंबई और पुणे के कंटेनमेंट ज़ोन में लॉकडाउन बढ़ाने की मांग की है. ऐसा अनुमान है कि 18 मई तक राज्य के 92 फ़ीसदी मामले इन्हीं जगहों से होंगे.

लॉकडाउन के कारण स्कूल में रखी गई महिला के साथ रेप

लॉकडाउन में यात्रा पर पाबंदियों के कारण घर नहीं लौट पाई 40 वर्षीय महिला के साथ सवाई माधोपुर ज़िले में कथित तौर पर बलात्कार का मामला सामने आया है.

इंडियन एक्सप्रेस अख़बार के अनुसार, महिला एक महीने से दौसा से अपने घर जयपुर नहीं जा पा रही थी.

उसे लॉकाडउन का नियम तोड़ने पर स्थानीय प्रशासन ने सवाई माधोपुर ज़िले के एक स्कूल में रखा था जहां उसने 23-24 अप्रैल की रात तीन लोगों पर बलात्कार का आरोप लगाया है.

कमल खरवाल, लखन रायगर और ऋषिकेश मीणा नामक तीन आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है जबकि हवलदार लाल चंद को निलंबित कर दिया गया है.

सवाई माधोपुर पुलिस को दिए अपने बयान में महिला ने कहा है कि वो दौसा जेल में अपने बेटे से मिलने गई थी जो गैंगरेप और पोक्सो केस में जेल में बंद है.

लॉकडाउन की शुरुआत होने के बाद वो 'एक महीने से सवाई माधोपुर में फंसी हुई थी.'

वहीं, महिला भी एक गैंगरेप-पोक्सो मामले में आरोपी रह चुकी है लेकिन मार्च 2019 में उसे बरी कर दिया गया था.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)