कोरोना वायरस: 15 अप्रैल से योगी सरकार लॉकडाउन ख़त्म करने वाली है?- प्रेस रिव्यू

प्रकाशित

द हिंदू अख़बार ने 15 अप्रैल से लॉकडाउन समाप्त होने को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर एक ख़बर प्रकाशित की है.

अख़बार के मुताबिक योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के विधायकों के साथ हुई बैठक में यह कहा है कि प्रदेश में 15 अप्रैल से लॉकडाउन समाप्त होने वाला है.

हालांकि, योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा है कि लॉकडाउन को चरणबद्ध प्रक्रिया में समाप्त किया जाना है. उन्होंने विधायकों से सुझाव मांगा है कि किन क्षेत्रों को पहले लॉकडाउन से मुक्त किया जा सके.

कोरोनो वायरस संक्रमण के लिहाज़ से ये सप्ताह सबसे अहम साबित होने वाला है.

इंडियन एक्सप्रेस अख़बार की एक ख़बर के मुताबिक भारत में कोरोना वायरस संक्रमण प्रसार में एक पैटर्न देखने को मिल रहा है.

भारत में 3500 से ज़्यादा मामलों के सामने आने के बाद यह साफ़ हो रहा है कि 80 प्रतिशत मामले 62 ज़िलों में देखने को मिल रहे हैं.

अख़बार के मुताबिक इन ज़िलों में 14 अप्रैल के बाद लॉकडाउन जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है. भारत के 700 से अधिक ज़िलों में से 274 ज़िलों में अब तक संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं.

अंग्रेजी अख़बार इकॉनामिक टाइम्स के मुताबिक इस सप्ताह कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों से पता चलेगा कि देश में कोरोना वायरस का संक्रमण स्थिर रफ़्तार को हासिल कर चुका है.

अख़बार ने सरकारी आंकड़ों के आधार पर यह अनुमान लगाया है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो मई के पहले सप्ताह से कोरोना वायरस संक्रमण के मामले कम हो सकते हैं.

लॉकडाउन के कारण स्कूलों का ऑनलाइन पाठ्यक्रम

द टाइम्स ऑफ़ इंडिया अख़बार में लॉकडाउन के दौरान होने वाली मुश्किलों पर एक ख़बर प्रकाशित की है. लॉकडाउन की स्थिति में कई स्कूलों ने ऑनलाइन पाठ्यक्रम शुरू कर दिया है.

लेकिन अख़बार की रिपोर्ट के मुताबिक इससे बच्चों के सामने नई मुश्किल आ गई है.

प्रत्येक पांच में से दो बच्चों के पास घरों में कंप्यूटर नहीं है, यानी क़रीब 43 प्रतिशत घरों में यह मुश्किल सामने आ रही है.

लॉकडाउन के चलते माता-पिता कंप्यूटर या हार्डवेयर की ख़रीददारी नहीं कर पा रहे हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)