डोनाल्ड ट्रंप को ताज का दीदार कराने वाले नितिन सिंह

    • Author, समीरात्मज मिश्र
    • पदनाम, आगरा से बीबीसी हिंदी के लिए
  • प्रकाशित

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आगरा आने से पहले भले ही शहर में चारों ओर ट्रंप की ही चर्चा रही हो लेकिन ट्रंप के जाने के बाद यहां एक दूसरे नाम ने सुर्ख़ियां बटोरनी शुरू कर दीं. वह नाम है ताजमहल का दीदार कराने वाले गाइड नितिन सिंह का, जिन्होंने डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप को ताजमहल का भ्रमण कराया और उसके सौंदर्य और इतिहास की जानकारी दी.

कैसे हुआ नितिन का चुनाव

राष्ट्रपति ट्रंप को ताजमहल का दीदार कराने के लिए अमरीकी दूतावास ने ताजमहल में काम करने वाले गई टूरिस्ट गाइडों का साक्षात्कार लिया था. इनमें से तीन लोगों को शॉर्टलिस्ट करने के बाद पिछले बारह साल से काम कर रहे अनुभवी टूरिस्ट गाइड नितिन सिंह को अंत में चुना गया. ताजगंज आगरा के कटरा फुलेल के रहने वाले नितिन सिंह ने क़रीब एक घंटे तक ताजमहल परिसर में डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी को भ्रमण कराया और उनकी हर जिज्ञासा को शांत किया.

बीबीसी से बातचीत में नितिन सिंह कहते हैं कि उन्होंने यूं तो कई राष्ट्राध्यक्षों को ताजमहल का भ्रमण कराया है लेकिन ट्रंप का यह दौरा उनके लिए ख़ासा यादगार बन गया है. नितिन ने बताया कि ताजमहल घूमने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें एक ख़ास उपहार भी दिया जो कि उनके लिए बेहद अनमोल है.

ट्रंप के साथ तस्वीरों ने कर दिया मशहूर

नितिन सिंह ट्रंप दंपति को ताजमहल घुमाने के बाद अचानक मीडिया की सुर्ख़ियों में आ गए. उनके परिजनों में इस बात की खुशी पहले से ही थी लेकिन ट्रंप के जाने के बाद जब नितिन सिंह की तस्वीरें मीडिया में आने लगीं तो घर वालों के फ़ोन धड़ाधड़ बजने शुरू हुए और बधाइयों का तांता लग गया.

नितिन बताते हैं, "अहमदाबाद में गांधी की विरासत देखकर ट्रंप आए थे. परिवार के साथ थे और बेहद ख़ुश थे. पति-पत्नी ताजमहल की ख़ूबसूरती निहारते रह गए और हर तरफ़ से उसे देखना चाह रहे थे. दर्जनों सवाल उन्होंने पूछे होंगे ताजमहल के बारे में. किसने बनाया, कारीगर कहां से आए, पत्थर कहां से आए इत्यादि. उन्हें सबसे ज़्यादा हैरानी तब हुई जब उन्हें हमने बताया कि कब्र के पास रंगीन पच्चीकारी पेंटिंग नहीं बल्कि पत्थर के नगीने हैं जो दुनिया के तमाम देशों से मंगाए गए हैं."

नितिन बताते हैं कि ट्रंप और उनकी पत्नी को यह जानकर बड़ा दुख हुआ कि जिस शाहजहां ने इतनी ख़ूबसूरत इमारत बनवाई है, उन्हें उनके बेटे ने ही आठ साल तक क़ैदख़ाने में रखा. नितिन बताते हैं कि सुरक्षा कारणों से वो उन्हें यमुना किनारे की ओर नहीं ले जा सके लेकिन सूर्यास्त के वक़्त ताजमहल का ख़ूबसूरत नज़ारा देखकर मेहमान काफ़ी ख़ुश हुए.

नितिन की ट्रंप से क्या हुई बात

नितिन बताते हैं कि उन्होंने ट्रंप दंपति से दो अनुरोध किए जिनमें से एक उन्होंने स्वीकार कर लिया जबकि दूसरे के लिए मना कर दिया. नितिन कहते हैं, "ताजमहल घुमाते हुए जब मैंने उन्हें डायना बेंच पर बैठने को कहा तो उन्होंने मना कर दिया लेकिन फ़व्वारे के किनारे चलते हुए जब मैंने ट्रंप से पत्नी मेलानिया का हाथ पकड़कर चलने को कहा तो इसके लिए वो तुरंत तैयार हो गए और फिर ऐसा ही किया. दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़कर ही वहां चले."

अपने बारह साल के टूरिस्ट गाइड करियर के दौरान नितिन कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और कई अन्य चर्चित लोगों को को ताजमहल का भ्रमण करा चुके हैं. नितिन बताते हैं, "इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो, फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों, ब्राज़ील के राष्ट्रपति जेर बोल्सोनारो, मंगोलिया के राष्ट्रपति बाटुल्गा, डेनमार्क के प्रधानमंत्री लोक्के रासमुसेन, बेल्जियम के राजा फ़िलिप को भी मैं ताजमहल का दीदार करा चुका हूं. और भी कई नाम हैं."

डोनाल्‍ड ट्रंप ने ताजमहल भ्रमण के बाद नितिन सिंह को एक ख़ास उपहार भी दिया जिस पर डोनाल्ड ट्रंप का नाम बतौर अमरीकी राष्ट्रपति लिखा हुआ है. नितिन कहते हैं कि ये उनके लिए बेहद अहम है और जीवन भर इसे सँभालकर रखेंगे.

नितिन आगरा के ही रहने वाले हैं और यहां के ऐतिहासिक स्थलों से बचपन से परिचित रहे हैं. ताजमहल समेत आगरा के तमाम ऐतिहासिक इमारतों का इतिहास उनकी ज़ुबान पर रहता है. वो कहते हैं कि यहां के तमाम लोग गाइड के पेशे से जुड़े हैं और अच्छी ख़ासी आमदनी भी होती है, इसीलिए उन्होंने भी शुरू से ही इसे अपना करियर बनाने का फ़ैसला कर लिया था.

नितिन सिंह ने न सिर्फ़ अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया को ही ताजमहल का भ्रमण कराया जबकि ट्रंप की बेटी इवांका और उनके पति जेरेड कुश्‍नर को ताज का दीदार कराने की ज़िम्मेदारी एक अन्य टूरिस्ट गाइड कमल गुप्ता पर थी. कमल गुप्ता भी कई साल से देशी-विदेशी मेहमानों को ताजमहल का भ्रमण करा रहे हैं और यहां के अनुभवी टूरिस्ट गाइडों के तौर पर उन्हें जाना जाता है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)