पश्चिम बंगाल: कई ज़िलों में मानसून की दस्तक, आंधी-तूफ़ान से दो की मौत, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए
पश्चिम बंगाल में तूफान के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने के कारण कम से कम दो लोगों की मौत हो गई. अलग-अलग जगहों पर आठ लोग घायल भी हो गए हैं.
राजधानी कोलकाता समेत कई जिलों में मंगलवार दोपहर से मौसम बदल गया.
सरकारी सूत्रों ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कूचबिहार जिले में अलग-अलग घटनाओं में बिजली गिरने से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई.
आंधी और भारी बारिश के कारण राजधानी समेत विभिन्न जिलों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया.
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण बंगाल के ज्यादातर जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है.
कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. कोलकाता, हावड़ा और दक्षिण 24-परगना जिले में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
सरकारी सूत्रों के मुताबिक़, कूचबिहार जिले के शीतलकुची ब्लाक में बिजली गिरने से मेनका बर्मन नामक एक महिला की मौत हो गई.
उसी ज़िले के सुटकाबाड़ी इलाके में खेत में काम कर रहे 20 साल अरमान हुसैन की भी बिजली गिरने से मौके पर मौत हो गई.
पुरुलिया जिले में बिजली गिरने से आठ लोग घायल हो गए. उनको पुरुलिया मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है.
मंगलवार को हुई बारिश से पेड़ गिरने और निचले इलाकों में पानी जम जाने के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई. इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
कलकत्ता हाईकोर्ट परिसर में पेड़ गिरने से वहां पार्क की गई कई कारों को नुक़सान पहुंचा. कोलकाता में बारिश दोपहर दो बजे शुरू हुई.
उसके साथ ही तेज़ हवाओं और बिजली गिरने से परिस्थिति गंभीर हो गई. पेड़ गिरने से कुछ जगह बिजली के तार भी टूट गए और कुछ इलाकों में सड़कों पर आवाजाही ठप हो गई.