You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
अयोध्या विवाद: सुप्रीम कोर्ट में रिपोर्ट सौंपेगा मध्यस्थता पैनलः पांच बड़ी ख़बरें
अयोध्या के राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद मामले में गठित मध्यस्थता पैनल के सुप्रीम कोर्ट में रिपोर्ट सौंपने की अंतिम तारीख़ बुधवार यानी 31 जुलाई है.
इस रिपोर्ट के आने के बाद चीफ़ जस्टिस रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संवैधानिक पीठ इस मामले के समाधान को लेकर फ़ैसला करेगी.
सुप्रीम कोर्ट में इस पर सुनवाई की तारीख़ 2 अगस्त तय की गई है, उस दिन शीर्ष अदालत यह तय करेगी कि मामले का हल मध्यस्थता से होगा या अदालती सुनवाई से.
मेडिकल काउंसिल बिल: बुधवार को डॉक्टरों की हड़ताल
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने नेशनल मेडिकल काउंसिल बिल 2019 के विरोध में बुधवार को देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की है.
यानी बुधवार को देश भर में अस्पतालों के ओपीडी में 3 लाख डॉक्टर अपनी सेवाएं नहीं देंगे.
डॉक्टरों का कहना है कि यह बिल मेडिकल क्षेत्र के लिए सही नहीं है और इससे कई चुनौतियां सामने आएंगी.
सामान्य वर्ग के 10 फ़ीसदी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट में अहम फ़ैसला
सामान्य वर्ग को 10% आरक्षण के फ़ैसले को संविधान पीठ को भेजने पर होगा विचार.
नरेंद्र मोदी की सरकार का सामान्य वर्ग को सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में 10 फ़ीसदी आरक्षण देने के फ़ैसले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है.
अदालत सबसे पहले इस पर सुनवाई करेगी कि इस मामले को संवैधानिक पीठ को भेजा जाए या नहीं.
उत्तर कोरिया ने फिर छोड़ी मिसाइलें
दक्षिण कोरिया का कहना है कि उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से एक के बाद एक कई 'अज्ञात मिसाइलें' लॉन्च की हैं.
दक्षिण कोरियाई सेना के मुताबिक़ उत्तर कोरिया ने होदो प्रायद्वीप से लगातार कई मिसाइलें प्रक्षेपित कीं.
सेना का कहना है कि वो हालात पर नज़र बनाए हुए है. इससे पहले पिछले हफ़्ते ही उत्तर कोरिया ने इसी जगह से कम दूरी वाली दो बैलिस्टिक मिसलाइलें भी दागी थीं.
आईसीसी एलीट पैनल से एकमात्र भारतीय अंपायर बाहर
आईसीसी ने भारत के एस रवि को अपने अंपायरों के एलीट पैनल से बाहर कर दिया है. अब आईसीसी के एलीट पैनल में कोई भी भारतीय अंपायर नहीं बचा है.
श्रीलंका के कुमार धर्मसेना को इस पैनल में बनाए रखा गया है. वहीं इस पैनल में इंग्लैंड के माइकल गफ और वेस्ट इंडीज़ के जो विल्सन दो नए अंपायर शामिल किए गए हैं.
53 वर्षीय एस रवि ने 33 टेस्ट, 48 एकदिवसीय और 18 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों में अंपायरिंग की है. हालांकि इस दौरान उनके कई फ़ैसलों पर सवाल भी उठे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)