You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
चीन ने दिया मसूद अज़हर पर भारत का साथ देने का संकेत- पांच बड़ी ख़बरें
चीन जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अज़हर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करने पर अपने रुख़ की समीक्षा कर सकता है. हालांकि पुलवामा में हमले की चीन ने निंदा की लेकिन अज़हर मसूद को लेकर कोई ठोस बात नहीं कही थी.
चीन अज़हर मसूद पर कोई भी निर्णय लेने से पहले सारे विकल्पों पर विचार कर रहा है. चीन के लिए यह संवेदनशील मुद्दा है क्योंकि इससे पाकिस्तान से संबंधों पर असर पड़ सकता है.
चीन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में मसूद अज़हर को वैश्विक आतंकवादी घोषित कराने में भारत की कोशिशें पहले नाकाम कर चुका है. चीन यूएन सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्य है और वो हर बार मसूद अज़हर को लेकर वीटो करता रहा है.
चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को संदेश भेजकर इस हमले की निंदा की है. दूसरी तरफ़ चीनी विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर विदेश मंत्रालय का एक बयान है जिससे संकेत मिल रहे हैं कि चीन मसूद अज़हर पर अपना रुख़ बदल सकता है.
इस बयान में कहा गया है कि चीन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में मसूद अज़हर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करने की बैठक में हिस्सा लेगा और इसमें वो वस्तुनिष्ठता, निष्पक्षता और पेशेवर रुख़ दिखाएगा.
चीन ने कहा है, ''हम इस मामले में सभी संबंधित देशों से संपर्क में हैं और इसमें भारत भी शामिल है. हालांकि ये भी कहा जा रहा है कि चीन इतनी आसानी से नहीं मान जाएगा और वो इसके लिए भारत से कुछ तोल-मोल कर सकता है.
पाकिस्तानी आयात पर भारत ने बढ़ाया 200 फ़ीसदी सीमा शुल्क
भारत प्रशासित कश्मीर के पुलवामा ज़िले में सीआरपीएफ़ के एक काफ़िले पर हमले में कम से कम 40 जवानों के मारे जाने के बाद भारत ने पाकिस्तान से आयात होने वाले सामानों पर सीमा शुल्क 200 फ़ीसदी बढ़ा दिया है. इससे पहले, भारत ने कारोबार के मामले पाकिस्तान को दिया 'मोस्ट फेवर्ड नेशन' का दर्जा भी वापस ले लिया था.
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने इसकी घोषणा ट्विटर पर की. जेटली ने ट्विटर पर लिखा है, ''भारत ने पुलवामा में हमले के बाद मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा पाकिस्तान से वापस ले लिया था अब वहां से आयात होने वाली सभी तरह की वस्तुओं पर सीमा शुल्क 200 फ़ीसदी बढ़ा दिया है. यह तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है.''
जेटली ने ये भी कहा है कि भारत पाकिस्तान को अलग-थलग करने के लिए कई स्तरों पर काम कर रहा है.
गुर्जरों का आंदोलन ख़त्म
राजस्थान में गुर्जर समुदाय के लोगों का एक हफ़्ते से जारी आंदोलन शनिवार को ख़त्म हो गया. राज्य सरकार ने गुर्जरों को लिखित आश्वासन दिया है कि वो उनकी पांच फ़ीसदी आरक्षण के मांग के साथ है और इसे देगी. इसी आश्वासन के बाद गुर्जरों ने आंदोलन वापस ले लिया. गुर्जरों को कई बार आरक्षण दिया गया लेकिन कोर्ट ने ख़ारिज कर दिया है.
इस आंदोलन में गुर्जरों ने रेलवे लाइनों को बंद कर दिया था जिससे ट्रेनों की आवाजाही बाधित थी.
सहवाग की मदद की पेशकश
पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने पुलवामा में चरमपंथियों के हमले में मारे गए सभी जवानों के बच्चों को अपने खर्च पर पढ़ाई कराने की पेशकश की है. सहवाग ने अपने स्कूल में इन जवानों के बच्चों की मुफ़्त पढ़ाई का प्रस्ताव दिया है.
सहवाग ने ट्वीट कर कहा, ''कुछ भी करना पर्याप्त नहीं होगा लेकिन मैं सीआरपीएफ़ के शहीद जवानों के बच्चों की पूरी पढ़ाई का खर्च उठा सकता हूं. अगर ये बच्चे झज्जर के सहवाग इंटरनेशनल स्कूल में आकर पढ़ाई करें तो मेरा सौभाग्य होगा.
वेनेज़ुएला में अमरीकी राहत सामग्री
राहत सामग्री से लदे अमरीकी सैन्य विमान वेनेज़ुएला की सीमा पर स्थित कोलंबिया के कूकूटा शहर पहुंचना शुरू हो गए हैं. यहां वेनेज़ुएला के लोगों में बांटने के लिए दवाइयां और खाद्य सामग्री का भंडारण किया जा रहा है.
काराकास में एक रैली को संबोधित करते हुए वेनेज़ुएला के विपक्ष के नेता ख़्वान ग्वाइदो ने कहा कि हज़ारों स्वयंसेवक इस समाग्री को अगले शनिवार को देश में लाने के लिए तैयार हैं. उन्होंने देश भर के लोगों से बड़ी तादाद में प्रदर्शन करके सेना पर इस समाग्री को देश में आने देने के लिए दबाव बनाने की अपील भी की.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो सकते हैं.)