वियतनामः नाव पलटने से तमिलनाडु के 10 लोगों समेत 15 भारतीय पर्यटकों की मौत

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 5 मिनट

वियतनाम के फ़ू क्वॉक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों के एक समूह को लेकर जा रही एक नाव पलट गई. इस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तमिलनाडु के 10 लोग शामिल हैं.

वियतनाम में भारतीय दूतावास ने इस घटना की पुष्टि की है. पीएम मोदी, राजनाथ सिंह और राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने घटना पर दुख जताया है.

अधिकारियों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक़, 32 पर्यटकों और कुछ चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही एक स्पीड बोट शनिवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर क़रीब 1 बजे पलटी.

भारतीय दूतावास की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, हादसे में तमिलनाडु के 10, केरल के 2 और आंध्र प्रदेश के 3 लोगों की जान गई है.

तुओई त्रे अख़बार के मुताबिक़, 23 लोगों को किनारे लाया गया और उनका इलाज किया गया.

रजिस्ट्रेशन नंबर एजी 26751 वाली यह स्पीडबोट मिन्ह हुई फ़ू क्वॉक ट्रेडिंग एंड टूरिज़्म कंपनी लिमिटेड की है.

वियतनाम में भारतीय दूतावास ने जानकारी के लिए कंट्रोल रूम बनाए जाने की जानकारी दी है.

दूतावास ने एक्स पर लिखा, "प्रभावित परिवारों को जानकारी और सहायता उपलब्ध कराने के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है.

"इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है- +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414. हनोई में भी एक कंट्रोल रूम बनाया गया है. इससे +84 91 308 9165 पर संपर्क किया जा सकता है."

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, "तेलंगाना सरकार के सामान्य प्रशासन (एनआरआई) विभाग ने एक कंट्रोल रूम बनाया है. यह कंट्रोल रूम बचाव और सहायता प्रयासों के तालमेल के साथ-साथ प्रभावित लोगों के परिवारों को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए बनाया गया है."

"कंट्रोल रूम के नंबर हैं- 9885371189, 7997959754, 9989654807, 7997959779."

कैसे हुई दुर्घटना

होन मे रुट न्गोआई से लगभग 400 मीटर आगे बढ़ने के बाद स्पीडबोट में अचानक ख़राबी आ गई और वह पलट गई, जिससे सभी यात्री और चालक दल के सदस्य समुद्र में गिर गए.

एक वीडियो में हादसे वाली जगह पर तेज़ हवा और ऊंची लहरें दिखाई दे रही हैं, बचाव दल पानी में मौजूद लोगों की तरफ़ लाइफ़गार्ड फेंक रहा है, जबकि जेट स्की बचाए गए लोगों को किनारे तक पहुंचाने में जुटी हैं.

सीमा सुरक्षा बल ने बचाव अभियान में दो नौकाएं और 35 जवान तैनात किए.

इस अभियान में नौसेना, तटरक्षक बल और दूसरी संबंधित एजेंसियों ने साथ मिलकर काम किया.

यह हादसा होन मे रुट द्वीप पर हुआ, जो अपनी प्राकृतिक ख़ूबसूरती के लिए मशहूर है और फ़ू क्वॉक के सबसे बेहतरीन कोरल रीफ़ डाइविंग स्थलों में से एक माना जाता है.

इस जगह तक पहुंचने के लिए पर्यटक आमतौर पर नाव का इस्तेमाल करते हैं, जिसमें क़रीब 20 से 40 मिनट का समय लगता है.

भारतीय दूतावास ने क्या कहा

वियतनाम में भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा, "आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ घंटे पहले वियतनाम के फ़ू क्वॉक द्वीप के पास पलटी नाव में ये 32 भारतीय पर्यटक सवार थे."

"हम हताहतों से जुड़ी बाकी जानकारी जुटा रहे हैं. जैसे ही पुष्टि होगी, आगे की जानकारी साझा की जाएगी."

दूतावास ने उन 32 भारतीय पर्यटकों की सूची भी जारी की है.

दूतावास ने दुर्घटना में मारे गए 15 भारतीय पर्यटकों की सूची भी जारी की है.

बीबीसी वियतनामीज़ के मुताबिक़, फ़ू क्वॉक के अधिकारियों ने बताया कि, इस समय द्वीप पर पर्यटकों को ले जाने वाली 100 से ज़्यादा स्पीड बोट्स हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ़ क़रीब 70 ही संचालन के लिए योग्य हैं.

वियतनामी सरकार ने हादसे के बाद की स्थिति से निपटने के लिए ज़रूरी क़दम उठाने और दुर्घटना के कारणों की तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए हैं.

वियतनाम सरकार ने विदेश मंत्रालय से भारतीय दूतावास और दूसरी संबंधित एजेंसियों के साथ क़रीबी तालमेल बनाने को कहा है ताकि तुरंत कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई जा सके और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

हादसे में बचे व्यक्ति ने क्या बताया

इस दुर्घटना में बच गए पालनी के निर्मल कुमार ने समाचार एजेंसी पीटीआई से एक ऑडियो रिकॉर्डिंग में आपबीती बताई.

उनके मुताबिक, "इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, दो लोगों की हालत गंभीर है और बाकी बचे लोगों का मेडिकल चेकअप किया जा रहा है."

उन्होंने बताया, "समूह दोपहर का खाना खाने के लिए निकला था. इसी दौरान ऊंची लहरों और नाव में क्षमता से ज़्यादा लोगों के सवार होने की वजह से कुछ ही सेकंड में नाव पलट गई. नाव में कुल 39 लोग सवार थे, जिनमें ज़्यादातर तमिलनाडु के रहने वाले थे."

निर्मल कुमार ने कहा, "20 लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि 15 लोग नाव के अंदर फंस गए. तटरक्षक बल को सूचना मिलने के बाद बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और लोगों को बाहर निकाला."

पीएम मोदी ने क्या कहा

वियतनाम की घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, "वियतनाम के फ़ू क्वॉक के पास भारतीय नागरिकों से जुड़ी नाव दुर्घटना की दुखद ख़बर जानकर बेहद दुख हुआ."

"जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की मैं प्रार्थना करता हूं."

"हमारा दूतावास और वाणिज्य दूतावास हर संभव मदद उपलब्ध करा रहा है. हमारे अधिकारी वियतनाम के अधिकारियों के साथ भी लगातार संपर्क में हैं."

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस दुर्घटना को लेकर संवेदना ज़ाहिर की है.

उन्होंने दुख जताते हुए भारत के विदेश मंत्रालय से वियतनाम के अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने की अपील की.

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, "वियतनाम में हमारा दूतावास इस हादसे से प्रभावित भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है."

भारत के उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी इस घटना पर दुख जताया है.

उन्होंने एक्स पर लिखा, "इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. मैं हादसे में घायल लोगों के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं और इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों के लिए हिम्मत और साहस की कामना करता हूं."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)