You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
मलेशियाई महिला को तमिलनाडु की मंत्री समझकर ड्रेस पर किया गया ट्रोल, अब मंत्री और महिला ने क्या कहा?
- Author, नंदिनी वेलास्वामी
- पदनाम, बीबीसी न्यूज़ तमिल
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 3 मिनट
"मेरा वीडियो रिलीज़ होने के बाद जो घटनाएं हुईं, उनसे मुझे बहुत दुख हुआ है. ऑनलाइन मुझे बहुत ट्रोल किया गया. मेरा दिल टूट गया और मैं रोई." विनोशा रवि ने बीबीसी तमिल से कहा.
तमिलनाडु की उद्योग मंत्री कीर्तना को निशाना बनाकर ऑनलाइन ट्रोलिंग और मज़ाक का सिलसिला मलेशियाई तमिल महिला विनोशा रवि तक पहुंच गया है.
विनोशा रवि का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी ने उनका वीडियो पोस्ट किया और उन्हें मंत्री कीर्तना बताया.
इसके बाद उन्हें ऑनलाइन ट्रोल किया जा रहा है.
क्या है पूरा मामला
हाल ही में सोशल मीडिया, जिसमें एक्स भी शामिल है, पर एक वीडियो वायरल हुआ. इसमें एक महिला कार से बाहर निकलती दिख रही थी. दावा किया गया कि वह मंत्री कीर्तना हैं. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने मंत्री कीर्तना के पहनावे को लेकर उन्हें निशाना बनाया और ऑनलाइन हमला शुरू कर दिया.
हालांकि, मंत्री कीर्तना ने स्पष्ट किया कि वीडियो में वह नहीं थीं.
लेकिन उन्होंने अपने एक्स पेज पर पूछा, "अगर वीडियो में मैं ही होती, तो इसमें भी बड़ी बात क्या है? किसी महिला के कपड़े, उसका लुक या उसकी खुशी अब भी सार्वजनिक जांच का विषय क्यों मानी जाती है?"
मंत्री कीर्तना ने अपनी पोस्ट में कहा कि जब लोग नीतियों, शासन या कामकाज पर सवाल नहीं उठा पाते हैं, तो वे नेताओं और उनके परिवार के सदस्यों की निजी ज़िंदगी को लेकर कहानियां गढ़ने लगते हैं. उन्होंने कहा कि पितृसत्ता और महिलाओं के प्रति भेदभाव उन लोगों के सबसे पुराने हथियार हैं, जिनके पास कोई रचनात्मक और सार्थक योगदान नहीं है.
मंत्री कीर्तना ने पोस्ट किया, "सिर्फ शक्ल मिलने की वजह से इस मामले में घसीटी गई महिला से मैं माफ़ी मांगती हूं. आप बहुत खूबसूरत हैं. अपनी ज़िंदगी अपनी मर्ज़ी से जीती रहें."
वीडियो में दिख रही महिला कौन हैं?
मलेशिया की विनोशा रवि ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक वीडियो पोस्ट किया और दावा किया कि वीडियो में दिख रही महिला वही हैं.
वीडियो में उन्होंने कहा, "इसमें जो शख़्स है, वह मंत्री नहीं है. वह मैं हूं. पिछले दो दिनों से जो कुछ हो रहा है, उससे मैं बहुत परेशान हूं. मुझे नहीं पता कि उस वीडियो में क्या गलत है. यह मेरा वीडियो है, जिसमें मैं अपनी कार से निकलकर ऑफिस जा रही हूं. मैंने मलेशियाई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, ताकि पता चल सके कि यह वीडियो किसने बनाया और पोस्ट किया."
उन्होंने यह भी कहा कि उनका मज़ाक उड़ाने और उन्हें ट्रोल करने के लिए एडिट किए गए वीडियो और उन्हें मिल रही नकारात्मक प्रतिक्रियाओं ने "उन्हें नहीं तोड़ा."
उन्होंने कहा, "कुछ लोग कह रहे हैं कि मैंने ठीक से कपड़े नहीं पहने हैं. मैंने क्या पहना है? अगर मैंने कुछ और पहना होता, तब भी वे ऐसा ही करते. क्योंकि उनका निशाना कोई और है."
बीबीसी तमिल से आगे बात करते हुए विनोशा रवि ने कहा, "मैं मलेशियाई तमिल महिला हूं. मैं मलेशिया के कुआलालंपुर में एक निजी कंपनी में काम करती हूं. किसी ने रोज़ की तरह मेरे काम पर जाने का वीडियो बना लिया. मुझे लगता है कि उन्होंने यह वीडियो कुछ दिन पहले बनाया होगा और अब पोस्ट किया है."
उन्होंने कहा, "मेरे लिए यह सब बहुत नया है. मुझे समझ नहीं आ रहा कि इसे कैसे लूं. शुरुआत में मुझे लगा कि यह सामान्य बात है. लेकिन जब यह मामला बढ़ने लगा, तो मेरे परिवार ने भी मुझसे इसके बारे में सवाल पूछना शुरू कर दिया. मंत्री कीर्तना को निशाना बनाने से शुरू हुआ मामला अब मुझे ट्रोल करने तक पहुंच गया है."
विनोशा ने कहा कि इससे उन्हें बहुत तनाव हुआ और वह टूट गईं और रोने लगीं. उन्होंने कहा कि सफाई देने के बाद भी उन्हें ट्रोल करना बंद नहीं हुआ. विनोशा कहती हैं, "मेरे रूप-रंग का मज़ाक उड़ाने से मुझे बहुत परेशानी हुई. मैं एक कॉरपोरेट ऑफिस में काम करती हूं. मेरे कपड़े हमेशा ठीक होते हैं."
उन्होंने कहा, "मेरे पार्टनर, परिवार और दोस्तों ने मेरा साथ दिया. उन्होंने मुझे भरोसा दिलाया कि इसमें मेरी कोई गलती नहीं है. मैं अब भी मज़बूत हूं."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.