You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ओमान तट के पास भारतीय क्रू मेंबर्स वाले जहाज़ पर हमला, विदेश मंत्रालय ने ये बताया
भारत के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि बुधवार को ओमान तट के पास एक वाणिज्यिक जहाज़ पर हमला हुआ, जिसमें 24 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार थे.
विदेश मंत्रालय ने बताया कि 24 भारतीय क्रू में से अब तक 21 को बचा लिया गया है और तीन भारतीय लापता हैं.
जिस जहाज़ पर हमला होने की जानकारी दी गई है, उसका नाम 'सेट्टेबेलो' बताया गया है.
यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब मध्य पूर्व में ईरान और इसराइल की सैन्य झड़प के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय ने बुधवार देर शाम बयान जारी करते हुए इस हमले की निंदा की.
विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम आज ओमान के तट के पास वाणिज्यिक जहाज़ सेट्टेबेलो पर हुए हमले की निंदा करते हैं. जहाज़ पर मौजूद 24 भारतीय क्रू में से अब तक 21 भारतीयों को बचा लिया गया है और 3 भारतीयों के लापता होने की ख़बर है."
"हमारा दूतावास ओमान में स्थिति पर नज़दीकी नज़र रख रहा है और ओमानी अधिकारियों के साथ मिलकर चल रहे खोज और बचाव अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहा है."
मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में जहाज़ों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और सीधे तौर पर यहां चल रहे संघर्ष का नतीजा हैं.
जारी किए गए बयान में कहा गया, "हम एक बार फिर तनाव को तुरंत कम करने और चल रही बातचीत को कूटनीतिक समाधान तक पहुंचाने की अपील करते हैं ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता वापस आ सके."
"वाणिज्यिक जहाज़ों और सिविलियन इंफ़्रास्ट्रक्चर को टारगेट करना बंद होना चाहिए. अंतरराष्ट्रीय क़ानून के अनुसार क्षेत्र के समुद्री रास्तों पर बिना रुकावट के आवागमन और व्यापार जल्द से जल्द बहाल होना चाहिए."
विदेश मंत्रालय के इस बयान से पहले ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने भी इसकी जानकारी दी थी. हालांकि, यह बहुत संक्षिप्त जानकारी थी.
दूतावास ने कहा था, "हमें ओमान के तट के पास एक जहाज़ से जुड़ी घटना के बारे में पता चला है. हम स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं. हम जल्द ही अपडेट देंगे."
दो दिन पहले एक जहाज़ हमले की ज़द में आया
इससे पहले सोमवार यानी 8 जून को भी एक जहाज़ हमले का शिकार हुआ है, जिसमें 24 भारतीय नाविक सवार थे.
हालांकि, बाद में इन्हें सुरक्षित बचा लिया गया. ओमान स्थित भारत के दूतावास ने इसकी पुष्टि की थी.
तब फ़ॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ़ इंडिया (एफ़एसयूआई) ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इस घटना की जानकारी साझा की थी.
एफ़एसयूआई ने क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके परिवारों को मदद देने के लिए अपील की थी.
इसके बाद ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा, "दूतावास को उस घटना की जानकारी है जिसमें भारतीय नाविकों वाला एक जहाज़ शामिल है. हम उनकी सुरक्षा और बचाव के लिए ओमान के अधिकारियों के संपर्क में हैं."
फिर एक अन्य पोस्ट में दूतावास ने अपडेट साझा करते हुए लिखा, "हम ओमान के अधिकारियों के आभारी हैं कि उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए एमटी मैरिवेक्स पर मौजूद सभी 24 भारतीय क्रू सदस्यों को बचाया और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)