You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
बीजेपी ने गौतम गंभीर और हंसराज हंस की जगह इन्हें बनाया है उम्मीदवार
बुधवार शाम बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी जिसमें 72 प्रत्याशियों के नाम हैं.
पार्टी ने दिल्ली की दो, गुजरात की सात, हरियाणा की छह, हिमाचल प्रदेश की दो, कर्नाटक की बीस, मध्य प्रदेश की पांच, महाराष्ट्र की बीस, तेलंगाना की छह, त्रिपुरा की एक और उत्तराखंड की दो लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का एलान किया है.
दिल्ली की दो सीटों पर पार्टी ने अपने उम्मीदवार बदले हैं और इन पर दिल्ली के दो पूर्व मेयरों को उम्मीदवार बनाने का फ़ैसला किया है.
ये दो सीटें पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिमी की हैं जिन पर हर्ष मल्होत्रा और योगेन्द्र चंदोलिया को उम्मीदवार बनाया गया है.
इससे पहले साल 2019 में हुए लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने पूर्वी दिल्ली से गौतम गंभीर और उत्तर पश्चिमी दिल्ली (जो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है) से गायक हंसराज हंस को उम्मीदवार बनाया था.
ये दोनों बाहरी चेहरे थे. कहा जा रहा है कि इस बार पार्टी ने बाहरी चेहरों की जगह पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को मौक़ा दिया है.
गौतम गंभीर से पहले पार्टी ने पूर्वी दिल्ली की सीट से 2014 में महेश गिरी को खड़ा किया था.
वहीं, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से हंसराज हंस से पहले उदित राज को उम्मीदवार बनाया गया था.
गौतम गंभीर ने पहले ही चुनाव नहीं लड़ने का एलान किया है. वहीं, पार्टी ने हंसराज हंस को टिकट नहीं देने का फ़ैसला किया है.
कौन हैं हर्ष मल्होत्रा?
हर्ष मल्होत्रा का पूरा नाम हर्ष दीप मल्होत्रा है. वह फिलहाल दिल्ली बीजेपी के महासचिव हैं. उन्हें पूर्वी दिल्ली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के पूर्व मेयर और सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर जाना जाता है.
बीते 18 सालों से वो 'दधिची देह दान समिति' नाम के एक संगठन के अध्यक्ष हैं और इसके साथ-साथ कई और चैरिटी समूहों से भी जुड़े हैं. ये संगठन अंगदान के लिए लोगों में जागरूकता फैलाते हैं.
वो पूर्वी दिल्ली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की शिक्षा समिति में भी बतौर चेयरमैन शामिल रह चुके हैं.
देहदान की वेबसाइट के अनुसार इस दौरान उन्होंने सुपोषण नाम की एक स्कीम लॉन्च की जिसमें म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के तहत 398 स्कूलों के बच्चों के बीच कुपोषण कम करने को लेकर अभियान चलाया गया था.
2015 में पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस की प्रत्याशी रेखा रानी को हराकर वो मेयर चुने गए थे.
साल 2016 में वो उस वक्त चर्चा में आए थे जब दिल्ली के दो अन्य बीजेपी के नियंत्रण वाली म्युनिसिपालिटी के मेयरों के साथ मिलकर केजरीवाल सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया था.
उन्होंने दिल्ली सरकार पर नगरनिगम को मिलने वाला फंड रोकने और दिल्ली फाइनेंस कमिशन लागू न करने का आरोप लगाया था.
नेताओं की ओर से दाख़िल हलफ़नामे में दी गई जानकारी के आधार पर उनके बारे में जानकारी देने वाली मायनेता वेबसाइट के अनुसार हर्ष मल्होत्रा के ख़िलाफ़ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है.
हर्ष मल्होत्रा दिल्ली के हंस राज कॉलेज से विज्ञान में ग्रैजुएट हैं. साथ ही उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से क़ानून की भी पढ़ाई की है.
कौन हैं योगेन्द्र चंदोलिया?
योगेन्द्र चंदोलिया दिल्ली प्रदेश से बीजेपी के महासचिव हैं और उत्तरी दिल्ली म्युनिसिपालिटी से मेयर रहे हैं.
मायनेता के अनुसार चंदोलिया ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के शिवाजी कॉलेज से पढ़ाई की है और 2015 में दिए गए उनके हलफनामे के अनुसार उनके ख़िलाफ़ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है.
चंदोलिया ने साल 2020 और 2015 में दिल्ली की करोल बाग सीट से बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था.
दोनों ही बार आम आदमी पार्टी के नेता विषेश रवि ने उन्हें बड़े अंतर के साथ हराया था.
ख़बरों के मुताबिक़, साल 2022 के दिसंबर महीने में उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं के ख़िलाफ़ एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी.
उनका कहना था कि आम आदमी पार्टी के नेताओं ने उनकी पार्टी पर उनके नेताओं को तोड़ने की कोशिश का झूठा आरोप लगाया है.
बीजेपी ने दिल्ली में बदले छह उम्मीदवार
दिल्ली में कुल सात लोकसभा सीटें हैं. दो सप्ताह पहले पार्टी ने 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी जिसमें उसने दिल्ली की पांच सीटों से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की थी.
इस लिस्ट से शेष दो सीटों को लेकर जारी कयास भी ख़त्म हो गये हैं.
इस बार मीनाक्षी लेखी, गौतम गंभीर, रमेश बिधुड़ी, हंसराज हंस, प्रवेश वर्मा और हर्षवर्धन को टिकट नहीं दिया गया है.
सीटों की बात करें तो चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी, नई दिल्ली से विदेश मंत्री रही सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज, पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत और दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधुड़ी के नामों का एलान किया था.
पार्टी ने मनोज तिवारी को छोड़कर बाक़ी सीटों पर अपने उम्मीदवारों को नहीं दोहराया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)