You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
टी-20 वर्ल्ड कप: भारत और बांग्लादेश के मैच में बारिश हुई, तो क्या होगा?
ऑस्ट्रेलिया में चल रहे टी-20 वर्ल्ड कप में आज का मैच भारत के लिए काफ़ी अहम है. आज एडिलेड में भारत और बांग्लादेश का मैच होना है.
इसी मैदान पर पहले ज़िम्बाब्वे और नीदरलैंड्स का मैच हो रहा है और इसके बाद भारत और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने होंगी.
अगर ग्रुप-2 की अंक तालिका के बारे में बात करें, तो भारत और बांग्लादेश दोनों के पास चार-चार अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर भारत दूसरे नंबर पर है और बांग्लादेश तीसरे नंबर पर.
इस ग्रुप में दक्षिण अफ़्रीका की टीम पहले नंबर पर है और उसका सेमी फ़ाइनल में जाना लगभग तय है.
भारत ने अभी तक तीन मैच खेले हैं, जिनमें से दो में उसे जीत मिली है और एक मैच वो हार गया है.
भारत ने अपना पहला मैच पाकिस्तान के ख़िलाफ़ खेला था. मैच काफ़ी रोमांचक था और आख़िरी गेंद पर भारत ने जीत हासिल की थी.
जबकि दूसरे मैच में भारत ने नीदरलैंड्स को आसानी से हरा दिया था.
भारत अपना तीसरा मैच दक्षिण अफ़्रीका से हार गया था. इसलिए सेमी फ़ाइनल में पहुँचने के लिए अब भी उसे इंतज़ार करना पड़ सकता है.
बांग्लादेश ने भी अभी तक तीन मैच खेले हैं और दो में उसे जीत मिली है. बांग्लादेश ने नीदरलैंड्स और ज़िम्बाब्वे को हराया है.
जबकि दक्षिण अफ़्रीका ने उसे बड़े अंतर से मात दी है.
बारिश हुई तो क्या होगा?
एडिलेड के मौसम को देखते हुए ये माना जा रहा है कि वहाँ शाम को बारिश हो सकती है.
भारत और बांग्लादेश का मैच उसी समय होना है.
ये भी उम्मीद जताई जा रही है कि भारत और बांग्लादेश का मैच कम ओवर्स का हो सकता है या फिर डकवर्थ लुइस के आधार पर भी जीत-हार का फ़ैसला हो सकता है.
लेकिन अगर मैच हुआ ही नहीं, तो क्या होगा.
ये मैच सेमी फ़ाइनल में भारत की पहुँचने की राह में काफ़ी अहम है.
दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ मैच में भारत को मिली हार के बाद समीकरण थोड़े उलझ से गए हैं.
अगर मैच नहीं हुआ, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा यानी दोनों टीमों के पाँच-पाँच अंक हो जाएँगे.
यानी इसके बाद भी भारत का सेमी फ़ाइनल में पहुँचना तय नहीं हो पाएगा. नेट रन रेट के आधार पर भारत दूसरे नंबर पर ही रहेगा.
लेकिन सेमी फ़ाइनल के लिए उसको अपने आख़िरी मैच के लिए इंतज़ार करना होगा.
भारत का आख़िरी ग्रुप मैच छह नवंबर को ज़िम्बाब्वे के साथ होना है. जबकि बांग्लादेश को अपना आख़िरी मैच पाकिस्तान के साथ खेलना है.
इस विश्व कप में कई मैच बारिश की भेंट चढ़े हैं. लेकिन ज़्यादा नुक़सान ग्रुप 1 में हुआ है.
जबकि भारत वाले ग्रुप में एक ही मैच बारिश के कारण नहीं पूरा हो सका था और वो था दक्षिण अफ़्रीका और ज़िम्बाब्वे का मैच.
ज़िम्बाब्वे की टीम भी आज नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ मैच खेल रही है और अगर ज़िम्बाब्वे की टीम नीदरलैंड्स को हरा देती है, तो ये समीकरण और रोचक हो जाएगा.
नीदरलैंड्स को हराने की स्थिति में ज़िम्बाब्वे को दो और अंक मिल जाएँगे. यानी उसके कुल पाँच अंक हो जाएँगे.
यानी ज़िम्बाब्वे की टीम अंकों के आधार पर दूसरे नंबर पर पहुँच जाएगी. अगर भारत और बांग्लादेश का मैच बारिश के कारण धुल गया, तो भारत और बांग्लादेश के भी पाँच-पाँच अंक हो जाएँगे. यानी चार टीमों के पाँच-पाँच अंक होंगे और फिर सेमी फ़ाइनल की राह और भी रोमांचक हो जाएगी.
क्या होगा पाकिस्तान का
भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तान को सबसे बड़ा झटका उस समय लगा, जब वो ज़िम्बाब्वे से हार गया.
भारत और ज़िम्बाब्वे दोनों के ख़िलाफ़ पाकिस्तान आख़िरी ओवर में मैच हारा था.
हालाँकि पाकिस्तान में अपना तीसरा मैच आसानी से जीत लिया.
उस मैच में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को हराया था.
अब पाकिस्तान का अगला मैच गुरुवार को दक्षिण अफ़्रीका से होना है.
दक्षिण अफ़्रीका की टीम इस समय ज़बरदस्त फ़ॉर्म में है.
अगर पाकिस्तान की टीम दक्षिण अफ़्रीका से हारी, तो उसका सफ़र ख़त्म हो जाएगा.
लेकिन पाकिस्तान की टीम ने अगर दक्षिण अफ़्रीका को हरा दिया, तो उसकी उम्मीदें क़ायम रहेंगी.
यानी पाकिस्तान के चार अंक हो जाएँगे और दक्षिण अफ़्रीका की टीम पाँच अंक पर ही रहेगी.
लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान को दूसरे देशों के मैच के नतीजे पर भी नज़र रखना होगा.
एक स्थिति ये भी हो सकती है कि पाकिस्तान बाक़ी के अपने दोनों मैच जीत जाए. यानी वो दक्षिण अफ़्रीका और बांग्लादेश को हरा दे.
इस स्थिति में पाकिस्तान के छह अंक हो जाएँगे.
लेकिन अगर भारत भी अपने दोनों मैच जीत जाए और दक्षिण अफ़्रीका भी अपने आख़िरी मैच में नीदरलैंड्स को हरा दे, तो पाकिस्तान अपने दोनों मैच जीतने के बाद भी सेमी फ़ाइनल में नहीं पहुँच पाएगा.
लेकिन भारत अगर अपने दोनों मैच हार जाए, तो भारत तो बाहर हो जाएगा. लेकिन पाकिस्तान को फिर भी बांग्लादेश और ज़िम्बाब्वे से चुनौती का सामना करना पड़ सकता है.
साथ ही बारिश तो हो रही है. अगर बारिश ने आने वाले मैचों में अपनी भूमिका अदा की, तो समीकरण और उलझ सकते हैं.
इस स्थिति में अंकों के साथ-साथ रन रेट भी अहम हो जाएँगे. इसलिए आने वाले मैचों में टीमें न सिर्फ़ जीतना चाहेंगी, बल्कि बड़े अंतर से जीतना चाहेंगी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)