You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
एमा राडुकानू की यूएस ओपन में जीत पर चीन में जश्न क्यों
यूएस ओपन का ख़िताब जीतकर इतिहास रचने वाली ब्रिटिश टेनिस स्टार एमा राडुकानू की जीत पर चीन में सोशल मीडिया पर जश्न मनाया जा रहा है और इसकी वजह उनका चीन से संबंध होना है.
कनाडा में पैदा हुईं राडुकानू के पिता रोमानिया और मां चीन से हैं. दो वर्ष की आयु में वो लंदन आ गई थीं.
चीनी सोशल मीडिया वेबसाइट वीबो पर 10 साल की राडुकानू को कई लोग 'डोंगबे गर्ल' नाम से बुला रहे हैं. यह शब्द उनकी मां के पैतृक घर के लिए इस्तेमाल हो रहा है.
इसके अलावा उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो चीनी मेंडरिन भाषा में अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा कर रही हैं.
वीबो पर एक यूज़र ने कमेंट किया, "वो एक डोंगबे (उत्तर-पूर्वी चीन) गर्ल की तरह बोल रही हैं. कितना शानदार है."
राडुकानू अपने पुराने इंटरव्यू में अपनी मिश्रित विरासत के बारे में खुलकर बोलती रही हैं जिस पर कई चीनी सोशल मीडिया यूज़र गर्व कर रहे हैं.
एक पूर्व चीनी खिलाड़ी का ज़िक्र करते हुए एक वीबो यूज़र ने लिखा, "उन्होंने कहा कि वो लगातार चीन आती रहती हैं और उनके आदर्शों में से एक ली ना हैं. इससे मैं चकित हूँ."
वहीं कुछ लोग उनके चेहरे के ताइवान के पॉप स्टार से मिलने पर भी चर्चा कर रहे हैं.
ताइवानी टीवी शो देखने से ज़्यादा कुछ भी पसंद नहीं
वहीं कुछ यूज़र इन सबसे अलग भी जवाब दे रहे हैं. एक शख़्स ने लिखा, "वो ब्रिटिश हैं, आप सभी क्यों उसे अपना बनाने की कोशिश कर रहे हो?"
इंटरव्यू के दौरान राडुकानू अपनी मां और उनके परिवार के प्रति सम्मान प्रकट करती रही हैं.
उन्होंने कहा, "वे मानसिक रूप से बहुत मज़बूत हैं. उन्हें कोई भी किसी चीज़ के लिए मजबूर नहीं कर सकता है. मैं कहना चाहूंगी कि मुझे जो प्रेरणा मिली है उसमें एक बड़ा भाग उनका है. मेरी मां ने कठिन परिश्रम किया है."
वो कहती हैं कि उन्होंने दूसरे लोगों के लिए अनुशासन और सम्मान अपनी मां से सीखा है.
इतिहास रच चुकी यह किशोरी छुट्टियों के दौरान अपनी मां के पैतृक घर शेनयांग भी जाती हैं. वो कहती हैं कि उन्हें ताइवानी टीवी शो देखने से ज़्यादा कुछ भी पसंद नहीं है.
शनिवार को राडुकानू ने कनाडा की 19 वर्षीय खिलाड़ी लैलाह फ़र्नांडिस को सीधे सेटों में हराकर यूएस ओपन का ख़िताब जीत लिया था.
इसके साथ ही वो 44 सालों में पहली बार कोई ग्रैंड स्लेम जीतने वालीं पहली ब्रितानी महिला बन गई थीं.
लैलाह फ़र्नांडिस की कहानी भी राडुकानू की तरह
यूएस ओपन की रनर अप फ़र्नांडिस भी मिश्रित विरासत से ताल्लुक रखती हैं. उनके पिता इक्वाडोर से हैं जबकि उनकी मां फ़िलीपींस से हैं. फ़िलीपींस में भी चीन की तरह फ़र्नांडिस के कारनामे पर लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
फ़ेसबुक पर एक शख़्स ने लिखा, "यह देखकर अच्छा लग रहा है कि टेनिस की दुनिया में आख़िरकार कोई फ़िलीपींस को ले आया."
एक इंटरव्यू में उन्होंने स्वीकार किया है कि वो फ़िलीपींस की संस्कृति के बारे में अधिक नहीं जानती हैं हालांकि उन्हें फ़िलीपींस का खाना बहुत पसंद है.
मैच के बाद अपने इंटरव्यू में उन्होंने कहा, "फ़िलीपींस की संस्कृति के बारे में मैं ज़्यादा कुछ नहीं जानती हूँ लेकिन मैं जानती हूँ कि मेरे लोलो (नाना) बहुत अच्छा खाना बनाते हैं तो जब मैं वापस टोरंटो लौटूँगी तो मैं उनके पास जाऊँगी और वो ज़रूर अच्छा खाना बनाएंगे. ख़ासतौर पर फ़िलीपीनो डिश क्योंकि मुझे उसकी याद आ रही है."
उनके पिता और कोच जॉर्ज जो कि एक पूर्व फ़ुटबॉलर हैं. उन्होंने रिपोर्टर्स से कहा, "लैलाह का समर्थन करने के लिए मैं फ़िलीपींस समुदाय की वास्तव में सराहना करता हूँ. उनके अंदर फ़िलीपीनो ख़ून है. यह बहुत ख़ूबसूरत है."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)